गुजरातः हिंसक हुआ पटेलों का आंदोलन, बढ़ाई गई सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाटीदार आंदोलन में भड़की हिंसा और सोमवार के गुजरात बंद के आह्वान को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जगह सुरक्षा बढ़ा दी है। अहमदाबाद, मेहसाणा और सूरत में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की पांच कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा स्टेट रिजर्व पुलिस (एसआरपी) की 20 कंपनियों ने पूरे सूबे में सुरक्षा की कमान संभाली हुई है।
राज्य के मुख्य सचिव जीआर अलोरिया ने रविवार देर शाम उच्च अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि अहमदाबाद और मेहसाणा में आरएएफ की दो-दो तथा सूरत में एक कंपनी भेजी गई है।
पुलिस फोर्स भी पूरी तरह मुस्तैद है। अर्धसैनिक बल और पुलिस को लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं। राज्य बंद के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
जरूरत पड़ने पर केंद्र से आरएएफ की 10 और कंपनियों की मांग की जा सकती है। अलोरिया ने दावा किया कि मेहसाणा को छोड़कर राज्य के ज्यादातर हिस्से में कोई बड़ा बवाल नहीं हुआ। पुलिस ने बल प्रयोग करने में पूरा नियंत्रण बरता।
राजनाथ ने की आनंदीबेन से बात
पटेल आंदोलन के फिर से हिंसक होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल से फोन पर बात की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सीएम ने सिंह को पूरी घटना की विस्तार से जानकारी दी है।
दूसरी ओर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि केंद्र को गुजरात से विस्तृत रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। राज्य सरकार इस पर काम कर रही है।