मानसून सत्र के दौरान बदला बदला होगा संसद का नजारा
हालिया मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल के कारण सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में संसद का नजारा बदला-बदला होगा। इस दौरान सरकार के पुराने दिग्गज चेहरे नई जिम्मेदारी के कारण नए अवतार में नजर आएंगे। सदन बतौर मंत्री न सिर्फ 19 नए चेहरों का दीदार करेगा बल्कि एक दर्जन मंत्रियों को नई भूमिका में भी देखेगा।
सत्र में मंत्रिमंडल से हटाए गए और इस्तीफा देने वाले 7 मंत्री सांसदों के बीच नजर आएंगे। इस बीच मोदी सरकार को उत्तरखंड के बाद अरुणाचल प्रदेश मामले में शीर्ष अदालत से मिले झटके ने विपक्ष को सरकार पर बड़ा सियासी हमला बोलने का मौका दे दिया है।
19 नए मंत्री से सदस्यों का परिचय कराया जाएगा
गौरतलब है कि शीर्ष अदालत ने मई महीने में उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने को अवैध करार देने के बाद बुधवार को अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने को असंवैधानिक करार दिया। इस मामले में विपक्ष ने सत्र के दौरान सरकार पर हमला बोलने की तैयारी शुरू कर दी है।
मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार और बड़े फेरबदल के कारण सत्र का पहला दिन नए मंत्रियों के परिचय से शुरू होगा। इस क्रम में जहां 19 नए मंत्री से सदस्यों का परिचय कराया जाएगा, वहीं करीब एक दर्जन मंत्रियों को मिली नई जिम्मेदारी से भी अवगत कराया जाएगा।
गौरतलब है कि फेरबदल और विस्तार में संसदीय कार्य मंत्रालय का जिम्मा वैंकेया नायडू की जगह अनंत कुमार को दिया गया है। इसके अलावा इस मंत्रालय में एसएस आहलुवालिया बतौर राज्य मंत्री नई जिम्मेदारी दी गई है।