Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   parliament session: delimitation bill may get support from opposition parties as bjp seeks majority

संसद सत्र: परिसीमन विधेयक पर बदले वाईएसआरसीपी समेत विपक्षी दलों के सुर; क्या भाजपा को मिलेगा दो-तिहाई बहुमत?

Fri, 27 Nov 2026 11:00 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Fri, 27 Nov 2026 11:00 AM IST
सार

परिसीमन विधेयक पर समीकरण बदलते दिख रहे हैं। वाईएसआरसीपी ने क्षेत्रीय संतुलन की शर्त पर समर्थन के संकेत दिए हैं। द्रमुक और शरद पवार की पार्टी ने भी दरवाजे बंद नहीं किए हैं। अब भाजपा को दो-तिहाई बहुमत मिलने की उम्मीद बढ़ी है। संसद सत्र में क्या कोई नया उलटफेर होगा? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
parliament session: delimitation bill may get support from opposition parties as bjp seeks majority
परिसीमन पर सरकार को किसका साथ मिलेगा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के संकेत दिए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विधेयक संसद में पेश हुआ तो पार्टी इसका समर्थन करेगी। हालांकि, इसके लिए एक शर्त रखी गई है। पार्टी चाहती है कि परिसीमन में सभी क्षेत्रों के बीच संतुलन बना रहे।
विज्ञापन


इस बीच, लोकसभा सीटों के परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने की योजना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विपक्ष के कुछ दलों का साथ मिलने की उम्मीद है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि इस बार जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की स्थिति पहले से बेहतर है।
विज्ञापन


द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना से अलग हुए गुटों ने भी सरकार के प्रस्ताव पर सकारात्मक संकेत दिए हैं। सरकार को भरोसा है कि इस बार विधेयक के समर्थन में जरूरी संख्या जुटाई जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


क्या क्षेत्रीय दलों के रुख से बदलेगा सियासी गणित?
इस पूरे मामले में तमिलनाडु की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी द्रमुक की भूमिका अहम मानी जा रही है। पार्टी के नेता संकेत दे चुके हैं कि वह परिसीमन के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है। हालांकि, इसके लिए तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की गारंटी जरूरी होगी।

ये भी पढ़ें: महिला आरक्षण-परिसीमन पर फिर दांव लगाएगी सरकार: द्रमुक और शरद पवार की पार्टी ने रखीं शर्तें, क्या पास होगा बिल?

द्रमुक चाहती है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी करीब 7.2 फीसदी बनी रहे। सूत्रों के मुताबिक, सरकार सभी राज्यों में सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति बनाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए वह अपने प्रस्ताव में बदलाव करने पर भी विचार कर सकती है। हालांकि, सरकार के अंतिम प्रस्ताव का पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।

कितने सांसदों का समर्थन मिलने का दावा?
सरकार और उसके सहयोगियों के पास अभी 299 सीटें हैं। असम में उपचुनाव जीतने के बाद भाजपा को एक सीट का फायदा हुआ है। वहीं, शिरोमणि अकाली दल के सहयोगी बनने से भी एक सीट जुड़ गई है। इसके अलावा, तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए गुट के 20 सदस्य और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के छह सदस्य भी सरकार के साथ बताए जा रहे हैं।

द्रमुक ने किन शर्तों पर समर्थन के संकेत दिए?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, द्रमुक के दो वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी हर मुद्दे पर भाजपा का विरोध करने की नीति नहीं अपनाएगी। उनका कहना है कि परिसीमन के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने पर सहमति हो सकती है। लेकिन तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए।

द्रमुक के एक नेता ने कहा कि दक्षिणी राज्यों को जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम करने की सजा नहीं मिलनी चाहिए। उनके मुताबिक, इन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है। इसलिए उन्हें राजनीतिक नुकसान नहीं होना चाहिए। नेता ने कहा, 'हम सीटों की संख्या बढ़ाने के पक्ष में हैं, लेकिन प्रतिशत सुरक्षित रहना चाहिए'।

द्रमुक के एक अन्य नेता ने भी माना कि केंद्र सरकार ने पार्टी से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा से वैचारिक मतभेद होने का मतलब यह नहीं है कि उसके हर प्रस्ताव का विरोध किया जाए। उनका कहना था कि किसी भी प्रस्ताव पर फैसला उसके फायदे और नुकसान को देखकर होना चाहिए।

पहले परिसीमन के खिलाफ प्रस्ताव ला चुकी है द्रमुक
द्रमुक ने फरवरी 2024 में तमिलनाडु विधानसभा में परिसीमन के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया था। इसमें 2026 की नई जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने का विरोध किया गया था। प्रस्ताव में कहा गया था कि ऐसी प्रक्रिया नहीं होनी चाहिए। अगर किसी जरूरी कारण से सीटों की संख्या बदलनी भी पड़े, तो मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखा जाए।

यह अनुपात राज्यों के भीतर और संसद के दोनों सदनों में बनाए रखने की मांग की गई थी। इसके लिए 1971 की जनसंख्या के आधार पर तय व्यवस्था को बरकरार रखने की बात कही गई थी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) का क्या है रुख?
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी परिसीमन विधेयक पर विचार करने को तैयार है। पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने इस मुद्दे पर अपना रुख बताया।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा देश के व्यापक हित को ध्यान में रखकर फैसला करती है। सुले ने कहा कि महिला आरक्षण और वस्तु एवं सेवा कर जैसे कई विधेयक संसद में सर्वसम्मति से पारित हुए हैं। 

उनके मुताबिक, परिसीमन विधेयक पर भी सभी दलों के बीच सहमति बन सकती है। उन्होंने कहा कि पहले विधेयक सामने आने दीजिए। पार्टी उसे पढ़ेगी। इसके बाद अपना फैसला करेगी।

लोकसभा में कितने सांसदों के समर्थन की जरूरत?
लोकसभा में कुल 540 सीटें हैं। फिलहाल तीन सीटें खाली हैं। ऐसे में सदन में 537 सदस्य हैं। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए कम से कम 360 सांसदों का समर्थन जरूरी होगा। इससे पहले 16 से 18 अप्रैल के सत्र में संविधान का 131वां संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका था।

उस समय विपक्षी गठबंधन इंडिया के 230 सांसदों ने विधेयक के खिलाफ मतदान किया था। वहीं, सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 298 सांसदों ने इसके पक्ष में वोट दिया था। 11 सांसद मतदान के समय अनुपस्थित रहे थे। उस समय सदन की कुल सदस्य संख्या 528 थी। विधेयक पारित कराने के लिए 352 वोट जरूरी थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा सूत्रों को इस बार द्रमुक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार), तृणमूल कांग्रेस और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के कुछ गुटों से समर्थन मिलने की उम्मीद है। भाजपा नेतृत्व ने उन क्षेत्रीय दलों से भी संपर्क किया है, जिन्होंने पिछली बार विपक्ष के साथ मिलकर विधेयक का विरोध किया था।

भाजपा के एक नेता ने दावा किया कि छोटे दलों के कम से कम छह सांसदों का समर्थन मिल चुका है। विधेयक सामने आने के बाद कुछ और दलों का साथ मिलने की उम्मीद है।

राज्यसभा में कितने सांसदों की जरूरत पड़ेगी?
लोकसभा से विधेयक पारित होने पर इसे राज्यसभा में पेश किए जाने की उम्मीद है। राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को होनी है। राज्यसभा में कुल 245 सदस्य हैं। इनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के 142 सांसद हैं। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए 161 सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा। इस तरह सत्तारूढ़ गठबंधन को 19 और सांसदों की जरूरत पड़ेगी।

राज्यसभा में द्रमुक के आठ और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) का एक सांसद है। वहीं, गैर-राजग दलों के करीब 100 सदस्य हैं। इनमें कई क्षेत्रीय दल भी शामिल हैं। भाजपा को उम्मीद है कि उच्च सदन में भी विधेयक के लिए जरूरी समर्थन जुटाया जा सकता है।

लोकसभा और राज्यसभा की बैठक कब होगी?
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सदनों की बैठक दोबारा बुलाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए यह फैसला किया है।

किरेन रिजिजू ने 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर 2026 को होगी।

उन्होंने बताया कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। सरकार ने कामकाज की जरूरतों को देखते हुए यह कार्यक्रम तय किया है। संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी।

कांग्रेस ने सरकार पर क्या आरोप लगाया?
वहीं, विशेष सत्र बुलाने के सरकार के फैसले पर कांग्रेस ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी थी। पार्टी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा था। कांग्रेस का आरोप था कि सरकार संविधान दिवस के मौके पर संसद का विशेष सत्र बुला रही है। कांग्रेस का कहना था कि सरकार को उम्मीद है कि इस सत्र में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा। 


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 'ऑपरेशन लोटस' के 105 दिन बाद सत्र बुलाने की घोषणा की गई है। 'ऑपरेशन लोटस' के जरिये उन्होंने पिछले कुछ दिनों में विपक्षी दलों के कुछ सांसदों के पाला बदलने की ओर इशारा किया। जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि क्या संविधान का इससे बड़ा अपमान हो सकता है? क्या संविधान पर इससे बड़ा हमला हो सकता है? 

उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को अंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन से जुड़े विधेयकों को सार्वजनिक किया था। इन विधेयकों को 17 अप्रैल की रात अपने अंजाम तक पहुंचना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed