संसद की सुरक्षा में सेंध मामले में दोषी पाए गए आप सांसद भगवंत मान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉमेडियन और आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान को बड़ा झटका लगा है संसद के अंदरूनी हिस्सों की वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट करने के मामले में लोकसभा समिति ने सांसद को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।
एएनआई की खबर के अनुसार लोकसभा समिति ने जांच के बाद इस मुद्दे पर अपनी रिपोर्ट में भगवंत मान को दोषी पाया है। समिति ने अपनी रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंप दी है जिस पर उन्हें निर्णय लेना है। माना जा रहा है आप सांसद के खिलाफ कुछ दिन के निलंबन की कार्रवाई हो सकती है।
बता दें कि संसद के बीते सत्र में आप सांसद भगवंत मान उस समय सुर्खियों में आ गए थे जब सत्र के दौरान संसद के कई रास्तों की वीडियो बनाकर उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर दी थी।
Parliament security breach video: Bhagwant Mann found guilty by the Lok Sabha Committee. Committee to submit report to LS Speaker tomorrow.
— ANI (@ANI_news) November 29, 2016
मीडिया में मामला आने के बाद मान ने दी थी और वीडियो डालने की धमकी
मीडिया में यह मामला सामने आने के बाद उन पर संसद की सुरक्षा से खिलवाड़ करने के आरोप लगे थे। कई सांसदों ने भी मान के इस कृत्य पर आपत्ति जताई थी। वहीं आप सांसद ने इस मामले में गलती मानने के बजाय संसद की और वीडियो बनाकर फेसबुक पर डालने की धमकी दी थी।
मान ने इसे अपना अधिकार बताते हुए कहा था कि उसमें कुछ भी गलत नहीं है उन्होंने केवल लोगों की जानकारी के लिए इसे पोस्ट किया था। उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री मोदी को भी लपेट लिया था। सांसद की दलील थी कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों को पठानकोट एयरपोर्ट और तमाम संवेदनशील जगहों पर आने की अनुमति दी थी उससे भी तो देश की सुरक्षा में सेंध लगी थी।
हालांकि चौतरफा आलोचना के बाद मान बैकफुट पर आ गए थे और बिना शर्त गलती मानते हुए पोस्ट को फेसबुक से डिलीट कर दिया था। इस मामले में उनके खिलाफ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में केस भी दर्ज हुआ था। दूसरी ओर सांसदों की शिकायत पर यह मामला लोकसभा अध्यक्ष तक पहुंचा तो उन्होंने कुछ दिनों के लिए सांसद के लोकसभा आने पर बैन लगा दिया था। जिसके बाद मान ने लोकसभा अध्यक्ष को बिना शर्त माफी वाला खत भी लिखा था।
मामला सामने आने पर लोकसभा अध्यक्ष ने लगाई थी फटकार
लेकिन अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मान के इस कृत्य को संगीन मानते हुए सत्र के बीच में ही उन्हें इसके लिए फटकार लगाई थी। इसके अलावा उन्होंने मामले में एक समिति का गठन कर मामले की पूरी जांच का जिम्मा सौंप दिया था। कमेटी ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंप दी, जिसमें आप सांसद को संसद की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दोषी पाया गया है।
माना जा रहा है कमेटी की रिपोर्ट के बाद आप सांसद के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसकी एक बड़ी वजह ये भी है कि आप सांसद के उक्त कृत्य पर उनके खिलाफ कई दलों के सांसदों ने नाराजगी जाहिर करते हुए हुए पूर्व में भी कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
बता दें कि पूर्व में आप सांसद के खिलाफ कई सांसदों ने शराब पीकर सदन में आने की शिकायत भी की थी।