फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Parliament Budget Session Updates Nirmala Sitharaman Ashwini Vaishnav

Parliament Diary: 'ट्रेनों में बढ़ाई जा रही हैं जनरल कोचों की संख्या'; सीतारमण ने मेक इन इंडिया पर दिया जोर

Tue, 18 Mar 2025 10:22 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 18 Mar 2025 10:22 PM IST
विज्ञापन
Parliament Budget Session Updates Nirmala Sitharaman Ashwini Vaishnav
नया संसद भवन - फोटो : अमर उजाला

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को लोकसभा में अपने मंत्रालय से जुड़े विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। एक दिन पहले सोमवार को राज्यसभा में वैष्णव ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए रेल मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदानों की मांगों पर बहस का उत्तर दिया था।

विज्ञापन


जनरल और नॉन-एसी कोच कम करने के आरोपों का जवाब देते हुए वैष्णव ने कहा, जनरल कोचों की संख्या एसी कोचों की तुलना में 2.5 गुना बढ़ाई जा रही है। मौजूदा उत्पादन योजना के तहत 17,000 नॉन-एसी कोचों का निर्माण किया जाना है। मैं बताना चाहता हूं कि पहले नॉन-एसी और एसी कोच का अनुपात दो-तिहाई और एक-तिहाई (2:1) था। अब यह अनुपात बदलकर 70:30 हो गया है।रेल मंत्री ने कहा, जनरल कोच कम नहीं हो रहे हैं, बल्कि उनकी संख्या में पहले की तुलना में बढ़ोतरी हुई है। मोदी सरकार और भाजपा का मूल मंत्र अंत्योदय है। यानी समाज के सबसे गरीब और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम करना।
विज्ञापन

 
महाकुंभ में चलाई गईं 17,330 स्पेशल ट्रेनें
वैष्णव ने कहा, पिछले साल होली के मौके पर रेलवे ने 604 स्पेशल ट्रेनें चलाई। पिछले साल गर्मियों में 13 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। इसी तरह दिवाली और छठ के सीजन में करीब में 8 हजार ट्रेनों को संचालन किया गया। इस साल महाकुंभ में रेलवे ने 17,330 स्पेशल ट्रेनों को संचालन किया। पिछले हफ्ते बीती होली के दौरान 1,107 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन


मेक इन इंडिया पर भरोसा रखें, दे रहा अच्छे परिणाम: सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मेक इन इंडिया अभियान के विफल होने के विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। राज्यसभा में सीतारमण ने कहा कि यह अभियान सफल रहा है और देश में विनिर्माण को गति दिया है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के बल पर ही रक्षा उत्पादों से देश को 13 हजार करोड़ रुपये की शुद्ध आय हुई है। 'मेड इन बिहार' बूट अब रूसी सेना के साजो-समान का हिस्सा बन गए हैं।

वित्त मंत्री ने कहा, उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। इस योजना के माध्यम से 1.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित हुआ और करीब 9.5 लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर अपनी सरकारों के समय राष्ट्रीय विनिर्माण नीति बनाने में बहुत समय लगाने और कई देशों के साथ जल्दबाजी में मुक्त व्यापार समझौते करने को लेकर हमला बोला। सीतारमण ने कहा, ऐसे कई समझौतों पर फिर से चर्चा कर इनमें सुधार किया जा रहा है। कांग्रेस भ्रमित है, क्योंकि मेक इन इंडिया में राष्ट्रीय विनिर्माण नीति को शामिल कर लिया गया है, जिसे यूपीए सरकार ने बनाया था।

 महाकुंभ भगदड़ का आंकड़ा केंद्र के पास नहीं
 केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि केंद्र के पास महाकुंभ में हुई भगदड़ में मरने वालों की संख्या की जानकारी नहीं है। गृह राज्य मंत्री राय ने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और किरसन नामदेव के सवालों का जवाब देते हुए यह जानकार दी। राय ने कहा, महाकुंभ भगदड़ की जांच उत्तर प्रदेश सरकार ने की थी। भगदड़ में मृतकों और घायलों से संबंधित कोई आंकड़ा केंद्र सरकार के पास नहीं है। संविधान की सातवीं अनुसूची के अनुसार, सार्वजनिक व्यवस्था और पुलिस राज्य के विषय हैं।
 
2024 में बीएसएफ ने पंजाब में जब्त की 294 ड्रोन
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पिछले साल पंजाब में 294 ड्रोन जब्त किए थे। सीमा पार ड्रोनों का मुकाबला करने के लिए पंजाब सीमा पर ड्रोन रोधी प्रणालियां तैनात की गई हैं। मंत्री ने कहा कि ड्रोन आधारित तस्करी के खतरे से निपटने के लिए ड्रोन रोधी प्रणालियां लगाने, ड्रोन के बारे में प्राप्त सूचनाओं को तुरंत बीएसएफ मुख्यालय, वायुसेना और स्थानीय पुलिस स्टेशन के साथ साझा करने जैसे कई कदम उठाए गए हैं।
 
सभी दलों को मिले अपनी बात कहने की अनुमति: गोगोई
 कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि संसद भारत के लोगों की है और सभी दलों को अपनी बात कहने की अनुमति दी जानी चाहिए। जिस संसद में केवल प्रधानमंत्री और उनके मंत्री ही बोलते हों, वह संसद काम नहीं कर रही है। गोगोई ने यह भी कहा कि अगर विपक्षी दलों को महाकुंभ पर बोलने की अनुमति दी जाती तो लोकसभा की कार्यवाही स्थगित नहीं करनी पड़ती। यह संसद में विपक्ष को चुप कराने का एक और दिन था। गंगा जी के प्रति हमारी भक्ति के बारे में बोलने से चुप करा दिया गया।
 
समाचार पोर्टलों के लिए नियामक प्राधिकरण बनाने की मांग
 भाजपा सांसद दिलीप सैकिया ने सरकार से डिजिटल क्षेत्र में जवाबदेही, पारदर्शिता और नैतिक पत्रकारिता सुनिश्चित करने के लिए समाचार पोर्टलों के लिए एक नियामक प्राधिकरण बनाने का आग्रह किया। असम के दर्रांग-उदलगुरी से सांसद सैकिया ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वाले संदिग्ध डिजिटल समाचार चैनलों के अनियंत्रित उदय के मुद्दे पर प्रकाश डाला उन्होंने कहा कि असम और देश के अन्य हिस्सों में ऐसे कई संदिग्ध डिजिटल समाचार चैनल हैं, जो व्यावसायिक उपक्रम के रूप में चल रहे हैं।
 
भाकपा के संदोश ने बैंक यूनियनों की मांगों को सदन में उठाया
भाकपा के संदोश कुमार पी. ने बैंक यूनियनों के सप्ताह में पांच दिन काम और रिक्त पदों को भरने की उचित मांगों पर सरकार से विचार करने का आग्रह किया है। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान संदोश ने कहा, नौ यूनियनों के संयुक्त संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने अपनी मांगों को लेकर 24-25 मार्च को 48 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है। सरकारी बैंकों के कर्मचारी ढेरों समस्याओं का सामना कर रहे हैं। बैंक यूनियन की हड़ताल से बैंकिंग क्षेत्र प्रभावित होगा।
 

एआई के इस्तेमाल से हर भारतीय भाषा में उपलब्ध होगी संसद की चर्चा : वैष्णव

 इंडिया एआई मिशन ने स्वदेशी कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी के विकास के लिए संसद के डाटा का इस्तेमाल करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे अब संसद में होने वाली चर्चा हर भारतीय भाषा में आसानी से मिल सकेगी, जिसका शोधकर्ताओं, सांसदों और अन्य लोगों को फायदा होगा।

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को यह जानकारी देते कहा कि अपना खुद का एलएलएम (व्यापक भाषा मॉडल) विकसित करना महत्वपूर्ण है क्योंकि वर्तमान में उपलब्ध ओपनएआई जैसी मुक्त-स्रोत प्रौद्योगिकी भविष्य में भी मुक्त नहीं रह सकती है। उन्होंने बताया कि इंडियाएआई मिशन और लोकसभा के बीच हुए एमओयू के एआई का उपयोग करके संसद में होने वाली बहस का हर भारतीय भाषा में एआईकोष के नाम से डेटासेट बनाया जाएगा। इससे संसद में होने वाली चर्चाओं का ट्रांसक्रिप्शन किसी भी भाषा में उपलब्ध हो सकेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed