07:55 PM, 23-Mar-2023
दावा बिलों की कमी के कारण फेलोशिप वितरण में देरी हुई
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि शोधार्थियों को फेलोशिप के वितरण में देरी हुई क्योंकि मेजबान संस्थानों ने समय पर दावा बिल और प्रासंगिक प्रमाण पत्र जमा नहीं किए। जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा को बताया कि सरकार को शोधार्थियों के एक समूह से फेलोशिप राशि को संशोधित करने के लिए कुछ अनुरोध प्राप्त हुए थे, लेकिन हर चार साल में स्वत: संशोधन की मांग नहीं की गई थी।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने शैक्षणिक और अनुसंधान संस्थानों में अनुसंधान के बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए कई कदम उठाए हैं और देश में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण सक्षम नीतिगत ढांचा तैयार किया गया है।
06:45 PM, 23-Mar-2023
संसद में 'विनियोग विधेयक, 2023' लोकसभा में पारित हो गया। वहीं आज का दिन संसद में काफी हंगामे भरा रहा। सदन 24 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद पीएम मोदी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आदि बड़े नेता थे।
05:40 PM, 23-Mar-2023
छत्तीसगढ़, बंगाल, राजस्थान समेत नौ राज्य सीबीआई से सामान्य सहमति वापस लेंगे
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित नौ राज्यों ने मामलों की जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को दी गई सामान्य सहमति वापस ले ली है। उन्होंने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को सूचित किया कि दिल्ली विशेष पुलिस स्थापन (डीएसपीई) अधिनियम, 1946 की धारा 6 के अनुसार, सीबीआई को संबंधित राज्य सरकार से उसके अधिकार क्षेत्र में जांच करने के लिए सहमति की आवश्यकता होती है।
11:22 AM, 23-Mar-2023
राज्यसभा भी दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित
हंगामे के चलते राज्यसभा को भी दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
11:15 AM, 23-Mar-2023
लोकसभा दोपहर दो बजे तक स्थगित
लोकसभा में आज फिर राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान और अदाणी मामले को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। इसके चलते लोकसभा को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
10:50 AM, 23-Mar-2023
संसद में रणनीति को लेकर पीएम मोदी की बैठक
संसद में सरकार की रणनीति को लेकर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक बुलाई है। बताया गया है कि इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कानून मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद हैं।
10:43 AM, 23-Mar-2023
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों की एक बैठक हुई।
10:39 AM, 23-Mar-2023
Parliament Live: संसद की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, ओम बिरला से मिले पीएम मोदी
संसद के दोनों सदनों में आज भी हंगामे के आसार हैं। राहुल गांधी के लंदन में दिए बयानों और अदाणी मामले में हिंडनबर्ग के खुलासों को लेकर सरकार और विपक्ष में टकराव बना हुआ है। इस बीच राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को अपने चैंबर में बैठक के लिए बुलाया है। बताया गया है कि बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, प्रह्लाद जोशी, अर्जुन राम मेघवाल, वी मुरलीधरन मौजूद रहे। इसके अलावा कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बैठक में हिस्सा लिया।