कश्मीर का सपना देखना छोड़ दे पाकिस्तान: अमित शाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उड़ी आतंकी हमला मामले में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पाकिस्तान को दिए गए सख्त संदेश के बाद रविवार को भाजपा ने पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोला। राष्ट्रीय परिषद की बैठक के अंतिम दिन पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पाकिस्तान की कश्मीर हासिल करने की इच्छा को दिवा स्वप्न करार दिया। कश्मीर हासिल करने का सपना छोड़ने की सलाह देते हुए शाह ने उड़ी हमला मामले में पाकिस्तान को हर हाल में सबक सिखाने की बात कही।
इस दौरान दो टूक शब्दों में अलगाववादियों को भी कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिनका संविधान में विश्वास नहीं है, उनसे कश्मीर मामले में कोई चर्चा नहीं होगी। बैठक में प्रस्ताव पारित कर हमले की न सिर्फ निंदा की गई, बल्कि कहा गया कि इस मोर्चे पर पार्टी सेना और सरकार के साथ है।
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि पाकिस्तान के लिए कश्मीर हासिल करना दिन में सपना देखने की तरह है। इस हमले के बाद सरकार की कूटनीतिक पहल के कारण पाकिस्तान दुनिया भर में अलग-थलग पड़ गया है। उन्होंने पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए लंबी लड़ाई लडने की घोषणा की और कहा कि दुनिया की कोई ताकत भारत से कश्मीर को अलग नहीं कर सकती।
अलगाववादियों को भी निशाने पर लिया
शाह ने इस दौरान अलगाववादियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार का स्टैंड साफ है। कश्मीर पर संविधान के दायरे में बातचीत होगी। जिनकी संविधान में आस्था नहीं है उनसे कोई बातचीत नहीं होगी। इस दौरान शाह ने कश्मीर की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताया, मगर कहा कि स्थिति में जल्द बदलाव आएगा।
रविवार से शुरू हुई जनसंघ के पूर्व अध्यक्ष दीनदयाल उपाध्याय का जन्मशताब्दी वर्ष को भाजपा और सरकार गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाएगी। प्रधानमंत्री द्वारा शताब्दी वर्ष समारोह की शुरुआत के बाद शाह ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य और सपना महज कुर्सी हासिल करना नहीं है। हम दीनदयाल के अंत्योदय के सपने को जमीन पर उतार कर उन्हें सच्ची श्रद्घांजलि देना चाहते हैं।
शाह ने कहा कि चाहे केंद्र का शासन हो या भाजपाशासित राज्यों का शासन। इन सरकारों पर अब तक भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। यही कारण है कि भाजपा की सरकारें बार बार चुन कर आती हैं।