एआई: बेकाबू एआई को रोकने के लिए ओपनएआई ने तैयार किया खास सिस्टम, जानिए क्या है कंट्रोल रूम और कैसे करता है काम
एआई एजेंट्स अब खुद कई काम करने में सक्षम हो रहे हैं। वहीं इनके बेकाबू होने का खतरा भी बढ़ रहा है। इसी से निपटने के लिए ओपनएआई ने कंट्रोल रूम बनाया है, जो 35 सेकंड में एआई का काम रोक सकता है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
एआई सिर्फ चैटबॉट तक सीमित नहीं रहा है। वह अब ऐसे डिजिटल एजेंट्स के रूप में बदल रहा है, जो खुद फैसले ले सकता है और बिना इंसानी मदद के कई काम पूरे कर सकता है। हालांकि, ये एआई एजेंट्स अपने शुरुआती विकास के दौर में ही हैं लेकिन इनसे जुड़ी कई ऐसी चिंताएं सामने आने लगी हैं, जिनको लेकर तकनीकी विशषज्ञ अभी से डरने लगे हैं।
बीते कुछ महीनों पहले हुई हगिंग फेस की घटना इनमें से एक है। ओपनएआई अपने एजेंट्स की एक खास तरह की टेस्टिंग ले रहा था। इन एआई एजेंट्स को डिजिटल सैंडबॉक्स में कैद करके रखा गया था, जहां इंटरनेट का कोई एक्सेस इन्हें नहीं दिया गया था। इसके बावजूद इन्होंने सिस्टम में तकनीकी खामियां ढूंढ निकाली और इंटरनेट तक पहुंच हासिल कर ली। इसके बाद इन एजेंट्स ने मिलकर हगिंग फेस के सिस्टम को हैक कर लिया।
इसी तरह के खतरे से निपटने के लिए ओपनएआई ने एक नया सुरक्षा सिस्टम तैयार किया है। इसका नाम कंट्रोल रूम रखा गया है। इसे एआई के लिए एक तरह का इमरजेंसी ब्रेक या किल स्विच कहा जा सकता है। ओपनएआई ने अपने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि कंट्रोल रूम उसके रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर में लागू किया जा चुका है। यह सिस्टम कंपनी के एआई मॉडल्स द्वारा किए जा रहे कामों पर नजर रखता है। अगर रिसर्चर्स को किसी मॉडल की गतिविधि संदिग्ध लगती है या वह तय सीमाओं से बाहर जाने लगता है, तो वे उसके काम को रोक सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक किसी टास्क को रोकने का फैसला लेने के बाद कंट्रोल रूम अधिकतम 35 सेकंड के भीतर मॉडल का आउटपुट बंद कर सकता है। इसमें एक फेल-सेफ सिस्टम भी मौजूद है, जो यह सुनिश्चित करता है कि दूसरे सिस्टम फेल हो जाने या खुद कंट्रोल रूम के बंद पड़ जाने की स्थिति में भी यह काम करता रहे। आपको बता दें कि ओपनएआई का यह कदम उन घटनाओं के बाद आया है, जिनमें उसके कुछ टेस्टिंग एआई एजेंट्स सुरक्षा सीमाएं पार कर गए थे। इन एजेंट्स ने बिना अनुमति इंटरनेट तक पहुंच बनाई और हगिंग फेस समेत भारत, अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया की सरकारी वेबसाइटों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। ऐसे में यह कंट्रोल रूम एआई को ज्यादा सुरक्षित तरीके से विकसित करने की दिशा में ओपनएआई का अच्छा कदम है।
सितंबर 2026 में एंथ्रोपिक के रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने अपनी नौकरी छोड़ते हुए एआई को लेकर एक बड़ी बात कह थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ओपनएआई और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियां सुरक्षित एआई बनाने से ज्यादा एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी हैं। कॉक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेतावनी दी थी कि कंपनियां तेजी से ऐसे एआई मॉडल विकसित कर रही हैं, जो खुद को बेहतर बनाने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा था कि आने वाले समय में ये सिस्टम इतने ताकतवर हो सकते हैं कि किसी भी कंप्यूटर सिस्टम को हैक कर सकें। सबसे चिंताजनक बात उन्होंने यह कही थी कि एआई विकसित करने वाले कई लोग निजी तौर पर मानते हैं कि अगर इसका विकास इसी रफ्तार से जारी रहा, तो दशक खत्म होने से पहले यह इंसानों के अस्तित्व के लिए खतरा बन सकता है।
एआई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच अब बड़ी टेक कंपनियां भी ऐसे सिस्टम तैयार करने में जुट गई हैं, जिनसे एडवांस एआई मॉडल्स पर इंसानों का कंट्रोल बना रहे। एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट और क्राउडस्ट्राइक जैसी कंपनियों ने इसके लिए अलग-अलग तरह के सेफ्टी मैकेनिज्म को विकसित करने का काम कर रही हैं। इनका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि अगर कोई एआई सिस्टम गलत दिशा में काम करने लगे, तो इंसान समय रहते उसके काम में दखल दे सकें और जरूरत पड़ने पर उसे रोक सकें।
दरअसल, एआई मॉडल अब सिर्फ सवालों के जवाब देने या जानकारी जुटाने तक सीमित नहीं रह गए हैं। नए एआई एजेंट्स खुद फैसले लेने, इंटरनेट पर काम करने, कोड लिखने और कई डिजिटल टास्क पूरे करने में सक्षम हो रहे हैं। ऐसे में अगर कोई मॉडल गलत निर्देशों का पालन करने लगे या अपने तय दायरे से बाहर जाकर काम करे, तो उसके नतीजे काफी गंभीर हो सकते हैं। ओपनएआई का भी मानना है कि जैसे-जैसे एआई मॉडल ज्यादा ताकतवर होते जाएंगे उनसे जुड़े सुरक्षा जोखिम भी बढ़ेंगे। कंपनी के मुताबिक इसलिए ऐसे सिस्टम का होना जरूरी है जो एआई की गतिविधियों में किसी गड़बड़ी को तुरंत पहचान सकें और जरूरत पड़ने पर उसके काम को तेजी से रोक सकें। अब चुनौती सिर्फ ज्यादा सक्षम एआई बनाने की नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने की भी है कि उसका नियंत्रण इंसानों के हाथों में बना रहे।
एआई की दुनिया में आज के समय सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इस तकनीक को सुरक्षित और इंसानों के नियंत्रण में कैसे रखा जाए। क्योंकि जिस एआई को आज हम अपने काम आसान करने के लिए तैयार कर रहे हैं वही कल अपनी क्षमताओं के दम पर ऐसे फैसले ले सकता है, जिसकी उम्मीद उसको बनाने वालों ने भी नहीं की हो। ऐसी स्थिति काफी मुश्किल हो सकती है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि एआई का भविष्य उसकी रफ्तार से नहीं बल्कि इस बात से भी तय होगा कि इंसान उस पर अपना नियंत्रण कितना बनाए रख पाते हैं।