ओमिक्रॉन अलर्ट: एक दिन में 13 मामले, महाराष्ट्र में आठ तो दिल्ली में चार, केरल फिर बन रहा कोरोना का हॉटस्पॉट
कोरोना वायरस के नए और अधिक संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रॉन के सामने आने के बाद पूरी दुनिया एक बार फिर संकट के साए में आ गई है। भारत में भी इसके मामले रफ्तार पकड़ने लगे हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र में एक दिन में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमण के आठ और दिल्ली में मिले चार नए मामलों के साथ देश में कुल संक्रमित 57 हो गए हैं। वहीं एक दिन में ओमिक्रॉन के नौ मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। महाराष्ट्र में मंगलवार को सात मामले केवल मुंबई में सामने आए, जबकि एक मामला पड़ोसी वासी विरार में मिला है। इनमें से किसी के भी विदेश यात्रा का रिकॉर्ड नहीं है।
इसके साथ ही महाराष्ट्र में कुल मामले 28 हो गए हैं, जिनमें 12 मुंबई के, 10 पिंपड़ी चिंचवड़, दो पुणे शेष अन्य शहरों के हैं। वहीं, दिल्ली में भी आज ओमिक्रॉन के चार नए मरीज मिले। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि नए स्वरूप के कुल संक्रमितों की संख्या छह हो गई है। वहीं, तमिलनाडु में नाइजीरिया से दोहा होते हुए तमिलनाडु आया 47 वर्षीय शख्स संक्रमित पाया गया।
नए तरह के टीकों जरूरत: डॉ. वीके पॉल
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने नई उभरती महामारी को लेकर नए प्रकार के टीकों की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉव वैरिएंट के चलते उभरती महामारी के संदर्भ में हमें टीकों की नई प्रकार की आवश्यकताएं पूरी करने में सक्षम होने के लिए लचीला और त्वरित होना चाहिए। डॉ. वीके पॉल ने सीआईआई पार्टनरशिप समिट के दौरान यह बात कही।
डॉ. पॉल ने कहा कि वर्तमान रणनीति यह सुनिश्चित करने की है कि देश की पूरी वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो। उन्होंने कहा कि हमारे टीकाकरण कार्यक्रम में कोविशील्ड और कोवाक्सिन शामिल हैं और एक डीएनए आधारित टीका भी इसमें शामिल किया जा सकता है। डॉ. पॉल ने कहा कि यह एक सबसे प्रभावी कदम है जो हमें वर्तमान उठा सकते हैं और उठाना चाहिए।
देश में कोरोना के कुल 5784 नए मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 5784 नए मामले सामने आए हैं और 252 मौतें दर्ज की गई हैं। दिसंबर माह में नए मामलों की यह सबसे कम संख्या है। इसके अलावा देश में अब तक कोरोना रोधी टीके की 134 करोड़ 60 लाख 66 हजार 896 खुराकें दी जा चुकी हैं। बता दें कि ओमिक्रॉन को कोरोना के डेल्टा वैरिएंट से भी अधिक संक्रामक माना जा रहा है।
ओमिक्रॉन वैरिएंट भारत में दूसरी लहर का सबब बने डेल्टा से भी अधिक संक्रामक माना जा रहा है। दूसरी लहर की तरह ही सबसे ज्यादा संक्रमण महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। वहीं दूसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य राजस्थान है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ओमिक्रॉन से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है और कोरोना प्रोटोकॉल व उचित व्यवहार का पालन करने के लिए कहा है।
असम : 141 नए मामले
असम में मंगलवार को कोरोना वायरस के 141 नए मामले सामने आए, 110 लोग ठीक हुए और दो लोगों की मौत हुई। यहां कुल मामले 6,18,857 हैं, कुल 6,10,253 लोग ठीक हुए हैं, कुल 6,135 मौतें अब तक हुई हैं और फिलहाल 1,122 सक्रिय मामले हैं।
पश्चिम बंगाल : 552 नए मामले
पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कोरोना वायरस के 552 नए मामले सामने आए, 554 लोग ठीक हुए और 10 लोगों की मौत हुई। यहां अभी 7,505 सक्रिय मामले हैं, कुल 16,24,161 मामले अब तक सामने आ चुके हैं। प्रदेश में कुल 15,97,036 लोग ठीक हुए हैं और कुल 19,620 लोगों की अब तक मौत हुई है।
केरल : 3377 नए मामले सामने आए
केरल में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,377 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 4,073 लोग डिस्चार्ज हुए और 28 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक कुल 43,344 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में अभी कुल 35,410 सक्रिय मामले हैं।
तमिलनाडु : 649 नए मामले
तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 649 नए मामले सामने आए। 695 मरीज डिस्चार्ज हुए और नौ मरीजों की कोरोना से मौत हुई। यहां कोविड-19 के कुल 27,36,695 मामले सामने आ चुके हैं। कुल 26,92,451 लोग ठीक हुए हैं और अब तक कुल 36,633 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना के फिलहाल 7,611 सक्रिय मामले हैं।
कर्नाटक : 263 नए मामले
कर्नाटक में मंगलवार को कोरोना के 263 नए मामले सामने आए, सात लोगों की मौत हुई, 327 लोग ठीक भी हुए। अभी प्रदेश में 7,165 सक्रिय मामले हैं।