Odisha: एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाई गई बदमाशों द्वारा जलाई गई किशोरी, एम्स में भर्ती; डॉक्टरों ने दिया हेल्थ अपडेट
ओडिशा के पुरी जिले के बालंगा में कुछ बदमाशों द्वारा जलाई गई 15 साल की किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। एम्स भुवनेश्वर में इलाज के बाद अब उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एयर एंबुलेंस से एम्स दिल्ली लाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओडिशा में आग से झुलसी किशोरी को एम्स भुनवेश्वर से एयरलिफ्ट कर राष्ट्रीय राजधानी लाया गया और दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। बालंगा थाना क्षेत्र में तीन बदमाशों ने शनिवार को 15 वर्षीय लड़की के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया था, जिससे वह 75 फीसदी झुलस गई थी।
एम्स दिल्ली ने बयान में कहा, पीड़िता को रविवार शाम 4.20 बजे एम्स दिल्ली पहुंचाया गया। वह फिलहाल बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों की एक टीम उसकी स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है।
हवाई अड्डे तक जाने के लिए बनाया ग्रीन कॉरिडोर
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने पत्रकारों को बताया कि पीड़िता को एम्स भुवनेश्वर से बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक ले जाने के लिए हरित गलियारा (ग्रीन कॉरिडोर)बनाया गया और पुलिस बल की एक प्लाटून तैनात की गई थी। हवाईअड्डा पहुंचने के बाद पीड़िता को राष्ट्रीय राजधानी जाने वाली एक एयर एम्बुलेंस से ले जाया गया और फिर एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर दुख जताया। सोशल मीडिया में माझी ने लिखा, पीड़िता को सर्वोत्तम उपचार के लिए दिल्ली के एम्स में एयरलिफ्ट किया गया है। राज्य सरकार इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करेगी। मैं भगवान जगन्नाथ से लड़की के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
डीजीपी ने किया घटनास्थल का दौरा
वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद ओडिशा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने खुद घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद अमानवीय कृत्य है। डीजीपी खुरानिया ने कहा कि यहां एक अमानवीय घटना हुई है। मामला संवेदनशील है, इसलिए मैंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य फॉरेंसिक साइंस टीम और एम्स भुवनेश्वर की टीम ने भी मौके का मुआयना किया है। जांच जारी है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
एम्स भुवनेश्वर के बर्न सेंटर विभाग के प्रमुख संजय गिरि ने बताया था कि नाबालिग लड़की 75 प्रतिशत तक झुलस चुकी है लेकिन उसकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया था कि पीड़िता एक्स भुवनेश्वर के आईसीयू में थी और उसे कृत्रिम तरीके से ऑक्सीजन दी जा रही थी तथा उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
पीड़ित परिवार ने फांसी की सजी की मांग
मामले में लड़की के परिवार वालों के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे वह अपने दोस्तों से मिलने जा रही थी, लेकिन रास्ते में किसी ने उसे अगवा कर लिया और नदी किनारे ले जाकर आग लगा दी। किसी तरह लड़की वहां से भागकर एक घर पहुंची, जहां लोगों ने उसे कपड़े दिए और परिवार को सूचना दी। इसके बाद परिवार ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता के चचेरे भाई ने बताया कि हमने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है, जांच जारी है। हमें नहीं पता किसने यह किया, लेकिन लड़की ने देखा होगा, वह बेहतर बता पाएगी। हम चाहते हैं कि दोषियों को फांसी की सजा मिले।