Updates: हत्या मामले में PFI सदस्य की संपत्ति कुर्क; शांति सम्मेलन में भारत की मौजूदगी पर बोले यूक्रेनी राजदूत
एआईए ने कोयंबटूर में 2016 में एक हिंदू नेता की हत्या में शामिल पॉपुलर फंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक सदस्य की संपत्ति कुर्क की है। वहीं, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने शुक्रवार को जर्मनी के एक एयरबेस पर यूरो लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। पढ़ें आज की बड़ी खबरें
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एआईए) ने कोयंबटूर में 2016 में एक हिंदू नेता की हत्या में शामिल पॉपुलर फंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक सदस्य की संपत्ति कुर्क की है। एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चेन्नई के पूनमल्ली में एनआईए की विशेष अदालत के आदेश पर आरोपी सुबैर की संपत्ति कुर्क की गई। एनआईए के मुताबिक, सुबैर अन्य सह-आरोपियों (प्रतिबंधित पीएफआई के सदस्य) के साथ कोयंबटूर के हिंदू फ्रंट के प्रवक्ता सी शशिकुमार की नृशंस हत्या में शामिल थे। शशिकुमार पर 22 सितंबर 2016 को घातक हथियारों से उस समय जानलेवा हमला किया गया था, जब वह पार्टी कार्यालय से दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे।
आरोपी सद्दाम हुसैन, सुबैर, मुबारक और रफीकुल हसन ने कोयंबटूर के थुडियालुर पुलिस थाने के अंतर्गत चक्र विनायक मंदिर के सामने शशिकुमार हमला किया था। शशिकुमार को गंभीर चोटें आईं थीं और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया था।
वायुसेना प्रमुख ने यूरो लड़ाकू विमान में भरी उड़ान
वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने शुक्रवार को जर्मनी के एक एयरबेस पर यूरो लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एयर चीफ मार्शल चौधरी इस समय जर्मनी के दौरे पर हैं। वायुसेना ने बाद में उनकी आधिकारिक यात्रा की कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं। वायुसेना ने एक बयान में कहा, एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी जर्मन वायु सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल इंगो गेरहार्ट्स के निमंत्रण की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने आईएलए 2024 का भी दौरा किया।
तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू 12 जून को तीसरी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। वहीं सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में पीएस तमांग का शपथ ग्रहण समारोह एक दिन के लिए टाल दिया गया है। एसकेएम प्रमुख अब 10 जून को दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेंगे। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह को टालने का निर्णय सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) विधायक दल की बैठक में लिया गया। दरअसल तमांग रविवार को प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली में होंगे।
हाईकोर्ट के निर्देश पर एसआईटी के सामने पेश हुईं प्रज्वल रेवन्ना की मां
हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मां भवानी रेवन्ना शुक्रवार को कर्नाटक हाईकोर्ट के निर्देश के बाद विशेष जांच दल के सामने पेश हुईं। इसके पहले भवानी रेवन्ना को उनके बेटे के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों से जुड़े अपहरण के एक मामले में हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी थी।
भवानी पर अपने बेटे की मदद करने के लिए एक महिला का अपहरण करने का आरोप है, वहीं दूसरी ओर प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप है। वह वर्तमान में एसआईटी की हिरासत में है।
न्यायमूर्ति कृष्ण एस दीक्षित ने उन्हें अंतरिम अग्रिम जमानत देते हुए शर्त लगाई थी कि वह शुक्रवार दोपहर एक बजे तक एसआईटी के जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होगीं और जांच में सहयोग करेंगी। हाईकोर्ट ने उन्हें मैसूरू जिले के केआर नगर तालुक और हासन जिले में प्रवेश करने पर रोक लगा दी है। आरोप है कि यहां पर प्रज्वल ने महिला का अपहरण और यौन उत्पीड़न किया था। सूत्रों ने बताया कि एसआईटी ने अपहरण मामले में भवानी के कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
चेन्नई एयरपोर्ट पर 3.91 करोड़ का सोना जब्त, 5 गिरफ्तार
सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को चेन्नई एयरपोर्ट पर 3.91 करोड़ का 6,000 ग्राम से अधिक सोना जब्त किया। अधिकारियों ने सोना तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया है। चेन्नई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के सीमा शुल्क के प्रधान आयुक्त आर. श्रीनिवास नाइक ने बताया कि आरोपियों से 6,168 ग्राम वजन की सोने की चेन और सिल्लियां बरामद की गईं।
जनसंख्या विस्फोट व मुस्लिम महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों पर केंद्रित फिल्म हमारे बारह के महाराष्ट्र में रिलीज पर लगी रोक को शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने हटा दिया, लेकिन अब कर्नाटक सरकार ने फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म को 7 जून को रिलीज किए जाने से रोक दिया था। हालांकि, शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म के कुछ डायलॉग को बदलने की शर्त पर रिलीज किए जाने की इजाजत दे दी है।
दूसरी तरफ कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को फिल्म को राज्य में रिलीज किए जाने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। राज्य में अब फिल्म तभी रिलीज होगी, जब सरकार प्रतिबंध हटाए या फिर कर्नाटक हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट सरकार के फैसले को खारिज कर दे। कर्नाटक सरकार ने राज्य में फिल्म को रिलीज किए जाने से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने और दंगे भड़कने की आशंका जताई है। सरकार ने अपने आदेश में कहा कि राज्य के कई अल्पसंख्यक संगठनों ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद आपत्ति जताई, जिसके आधार पर हमने इसे प्रतिबंधित किया है।
अरुणाचल में पेमा खांडू सरकार को समर्थन देगी नेशनल पीपुल्स पार्टी
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा के नेतृत्व वाली नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) अरुणाचल प्रदेश में पेमा खांडू सरकार को अपना समर्थन देगी। एनपीपी अरुणाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष थांगवांग वांगहम ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी ने हाल ही में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में लोगों के जनादेश को स्वीकार कर लिया है।
नेशनल पीपुल्स पार्टी ने 19 अप्रैल को हुए राज्य विधानसभा चुनाव में 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था और पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। सत्तारूढ़ भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीटें जीती थीं, जबकि एनपीपी ने 5, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने तीन, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) ने दो सीटें जीती थीं। वहीं, कांग्रेस ने एक सीट और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन सीटों पर जीत हासिल की थी। अरुणाचल प्रदेश की दोनों लोकसभा सीटों पर भी भाजपा ने जीत हासिल की है।
शांति सम्मेलन में भारत की मौजूदगी महत्वपूर्ण: यूक्रेनी राजदूत
यूक्रेन के राजदूत ओलेक्जेंडर पोलिशचुक ने स्विट्जरलैंड में होने वाले शांति सम्मेलन से पहले वैश्विक दक्षिण के नेता के रूप में भारत की वैश्विक स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने का कि युद्धग्रस्त देश में शांति की प्रक्रिया में भारत की आवश्यकता है। राजदूत ने कहा, हमें यूक्रेन में शांति निर्माण प्रक्रिया में भारत की जरूरत है। शिखर सम्मेलन में भारत की मौजूदगी दुनियाभर के सभी राजनयनिक बलों को मजबूत करेगी। हमें एक शांतिपूर्ण समाधान ढूंढने की जरूरत है और हमें यूक्रेन में स्थिर और समृद्धि स्थिति बनाने की जरूरत है।