हल्की हो जाएगी अब वीआईपी ट्रेनों की थाली, इलाहाबाद-मुंबई दुरंतो से हो रही शुरुआत
इलाहाबाद से मुंबई जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस समेत देश भर में चल रही तमाम वीआईपी ट्रेनों में मिलने वाली थाली का वजन अब पहले से कम होगा। ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता को लेकर बढ़ रही शिकायतों को देखते हुए रेलवे अब एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। इसके लिए यात्रियों को जहां अब खाने के कई विकल्प उपलब्ध कराएं जाएंगे वहीं मौसमी सब्जियां भी परोसी जाएंगी। इलाहाबाद से मुंबई जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस में शनिवार से यह बदलाव देखने को मिलेगा।
रेलवे की ओर से राजधानी और दुरंतो ट्रेनों में दिए जाने वाले खाने का वजन तकरीबन 900 ग्राम होता है, लेकिन अब यह वजन 700 ग्राम के आसपास रहेगा। पहले राजधानी और दुरंतो में भोजन के साथ दी जाने वाली दाल की मात्रा 150 ग्राम होती थी, जो अब 30 ग्राम घटाकर 120 ग्राम की जा रही है। इसके अलावा दही की मात्रा भी 100 ग्राम से घटाकर 90 ग्राम होगी। वहीं सूप, मक्खन आदि में 90 ग्राम की कमी की जाएगी। मांसाहारी खाने वाले यात्रियों को बिना हड्डी का चिकन (बोनलेस) दिया जाएगा। भोजन में यात्रियों को सूप की जगह एक और अतिरिक्त मौसमी सब्जी परोसी जाएगी।
पनीर के स्थान पर कोफ्ता और कढ़ी का विकल्प
सफर के दौरान बहुत से यात्री पनीर से परहेज करते हैं। इसे देखते हुए रेलवे ने राजधानी और दुरंतो में कोफ्ता और कढ़ी का विकल्प यात्रियों को दिया है। सफर की शुरुआत में यात्रियों को पेंट्रीकार वाले कर्मचारी को बताना होगा कि वह पनीर, कोफ्ता और कढ़ी में क्या खाना पसंद करेंगे। साथ ही थाली में परोसी जाने वाली दाल भी पहले के मुकाबले गाढ़ी होगी।
खाना परोसने वाले करेंगे सैनिटाइजर का प्रयोग
खाना परोसने वाले करेंगे सैनिटाइजर का प्रयोग
ट्रेनों में खाना परोसने वाले वेंडर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, इसके लिए उन्हें सैनिटाइजर दिया जाएगा। सैनिटाइजर से हाथ साफ करने के बाद ही वे खाना परोसेंगे।
खाने की गुणवत्ता सुधारने के लिए दुरंतो और राजधानी एक्सप्रेस में दिए जाने वाले खाने का वजन कम किया जा रहा है। इस माह सभी राजधानी और दुरंतो एक्सप्रेस में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
सिद्धार्थ सिंह, पीआरओ, आईआरसीटीसी
उत्तरी क्षेत्र की ट्रेनों का मेन्यू ये रहेगा
वजन आइटम
100 ग्राम प्लेन राइस/जीरा राइस/मटर पुलाव
100 ग्राम पराठा/रोटी
120 ग्राम दाल तड़का अरहर/दाल मखानी/उर्द चना/राजमा/छोले
120 ग्राम (वेज) कढ़ाई पनीर/मटर पनीर/पनीर दो प्याजा (पनीर की मात्रा 50 ग्राम)
120 ग्राम (नॉनवेज) चिकन मसाला/चिकन दो प्याजा/कढ़ाई चिकन/चिकन करी (बोनलेस चिकन की मात्रा 50 ग्राम)
40 ग्राम मौसमी सब्जी
90 ग्राम ब्रांडेड दही
15 ग्राम अचार
90 ग्राम ब्रांडेड आइस्क्रीम/ब्रांडेड मिठाई