Puja Khedkar: अब पूजा खेड़कर के माता-पिता के तलाक की भी होगी जांच, केंद्र ने दिए हकीकत का पता लगाने के आदेश
पुणे पुलिस को दिए आदेश में केंद्र ने कहा है कि पता लगाया जाए कि क्या पूजा खेड़कर के माता-पिता मनोरमा खेड़कर और दिलीप खेड़कर का वास्तव में तलाक हुआ था। केंद्र ने उनकी वैवाहिक स्थिति से अवगत कराने का आदेश दिया है।
विस्तार
विवादित प्रशिक्षु आईएएस अफसर पूजा खेड़कर के मामले में नया विवाद सामने आया है। उन्होंने आईएएस बनने के लिए ओबीसी आरक्षण का लाभ लिया। इसके लिए उन्होंने नॉन क्रीमीलेयर प्रमाणपत्र जमा किया था। उन्होंने कहा था कि उनके माता-पिता के बीच तलाक हो गया है। अब इस तलाक पर भी शक की सूई घूमी है। पूजा के इस नए विवाद के सामने आने के बाद केंद्र ने जांच के आदेश दिए हैं। केंद्र ने पुणे पुलिस को वास्तविकता पता लगाने को कहा है।
पुणे पुलिस को दिए आदेश में केंद्र ने कहा है कि पता लगाया जाए कि क्या पूजा खेड़कर के माता-पिता मनोरमा खेड़कर और दिलीप खेड़कर का वास्तव में तलाक हुआ था। केंद्र ने उनकी वैवाहिक स्थिति से अवगत कराने का आदेश दिया है। पूजा पर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा पास करने के लिए शारीरिक विकलांगता और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कोटा में हेरफेर और धोखाधड़ी करने का आरोप है।
लापता हुईं ट्रेनी आईएएस
वहीं, आईएएस बनने के लिए फर्जीवाड़ा करने के मामले में सुर्खियों में आई प्रशिक्षु आईएएस अफसर पूजा खेड़कर का बीते पांच दिनों से कुछ अता पता नहीं है। दिल्ली पुलिस की एफआईआर के बाद से पूजा लापता हैं। उत्तराखंड के मसूरी स्थित लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी ने उन्हें 23 जुलाई को तलब किया था लेकिन न तो उनके मसूरी पहुंचने की सूचना है और न ही पुणे पुलिस को ही उनके बारे में कोई जानकारी है।
पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि फिलहाल, उन्हें पूजा के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वह कहां हैं। उनका फोन भी बंद है। स्थानीय लोगों के अनुसार, 20-21 जुलाई को पूजा के पुणे स्थित घर पर हलचल दिखी थी। लेकिन यह जानकारी नहीं मिल पाई कि पूजा अपने घर में हैं या नहीं। पूजा ने पुणे के जिलाधिकारी सुहास दिवसे पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इस मामले में उनका बयान दर्ज करने के लिए पुणे पुलिस ने दो बार नोटिस दिया लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। सूत्रों का कहना है कि वह पुणे में नहीं हैं। दिल्ली पुलिस भी जल्द ही जांच में शामिल होने के लिए पूजा को नोटिस जारी कर सकती है।
लोकोमोटर दिव्यांगता प्रमाणपत्र देने वाले डॉक्टरों को क्लीनचिट
पूजा को लोकोमोटर दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी करने वाले डॉक्टरों को क्लीनचिट दे दी गई है। आंतरिक जांच में पूजा को सात फीसदी लोकोमोटर विकलांगता प्रमाणपत्र देने में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है।