फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   North East West South India Politics Crime National News updates In Hindi

Updates: केरल में ओणम के दौरान गले में फंसी इडली, शख्स की मौत; तेलंगाना में 170 किलो गांजा के साथ आठ गिरफ्तार

Sat, 14 Sep 2024 10:53 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sat, 14 Sep 2024 10:53 AM IST
विज्ञापन
North East West South India Politics Crime National News updates In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
केरल में ओणम के उत्सव के रंगों में उस समय खलल पड़ गया, जब एक शख्स की मौत इडली खाने की प्रतियोगिता के दौरान हो गई। पुलिस ने बताया कि ओणम उत्सव के दौरान शनिवार को पलक्कड़ के पास वालयार में 49 वर्षीय शख्स की इडली खाते समय दम घुटने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन एक स्थानीय क्लब ने किया था। मृतक की पहचान सुरेश के रूप में हुई है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सुरेश के गले में खाते समय इडली अटक गई। तबीयत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने सुरेश को बचाने का हरसंभव प्रयास किया। किसी तरह इडली को बाहर निकाला गया, लेकिन नजदीकी अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वालयार पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन


हैदराबाद: 170 किलोग्राम जब्त, आठ लोग गिरफ्तार
तेलंगाना के संयुक्त पुलिस आयुक्त (मादक पदार्थ नियंत्रण एवं निषेध) एस.वाई. कुरैशी ने बताया कि हैदराबाद के पेदंबरपेट इलाके से 170 किलोग्राम  गांजा बरामद किया गया है। यह गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। कुरैशी ने कहा कि इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पांच लोग महाराष्ट्र और तीन लोग मलकानगिरी के निवासी हैं। मुख्य आरोपी इस्माइल ओडिशा का निवासी है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को एक साथ गिरफ्तार किया गया है और उनके पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो वाहन, 170 किलोग्राम गांजा और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। 
विज्ञापन


दुष्कर्म मामले में प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
बंगलूरू पुलिस ने दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दर्ज एक मामले में यहां की विशेष अदालत में 1691 पन्नों का आरोपपत्र दायर किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि रेवन्ना फिलहाल यहां परप्पना अग्रहारा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। विशेष जांच दल उनके खिलाफ चार अलग-अलग मामलों की जांच कर रहा है। पुलिस के अनुसार, प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दूसरा मामला आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने 1 मई को दर्ज किया था। मामले में हसन जिला पंचायत की 44 वर्षीय पूर्व सदस्य ने रेवन्ना पर बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने एक बयान में कहा कि एसआईटी की टीम ने मामले की व्यापक जांच की। जांच के दौरान 120 से अधिक गवाहों से पूछताछ की गई और पीड़ितों व प्रमुख गवाहों के बयान दर्ज किए गए। प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दर्ज मामलों के बाद जेडीएस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

राशन घोटाला मामला:पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली राशन घोटाले की जांच के तहत शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर छापे मारे। ईडी ने कोलकाता के चक्रबेरिया के साथ-साथ बसंती, जयनगर और कल्याणी समेत विभिन्न जिलों में छह अन्य स्थानों पर तलाशी ली।ताजा छापेमारी राज्य में कथित राशन घोटाले की जांच का हिस्सा है, जिसमें पूर्व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक पहले से ही हिरासत में हैं। मलिक को अक्तूबर 2023 में घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था और वह अभी भी सलाखों के पीछे हैं। ईडी ने जुलाई में राशन घोटाले के सिलसिले में मलिक के करीबी और चावल मिल मालिक के आवास पर भी छापा मारा था। अप्रैल में ईडी ने कोलकाता में मलिक व अन्य आरोपियों की 150 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 48 अचल संपत्तियां अटैच की थीं।

वायुसेना दिवस परेड इस बार चेन्नई में होगी
इस साल वार्षिक भारतीय वायुसेना (आईएएफ) दिवस परेड चेन्नई में आयोजित की जाएगी। सेना के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि यह सरकार की नीति के अनुरूप है कि प्रमुख सैन्य कार्यक्रम दिल्ली से बाहर आयोजित किए जाएं। भारतीय वायुसेना 8 अक्तूबर को अपनी 92वीं वर्षगांठ मनाएगी। मुख्य परेड चेन्नई के वायुसेना स्टेशन तांबरम में होगी। पिछले साल यह परेड उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित की गई थी।

रेवंत रेड्डी ने अमित शाह को किया आमंत्रित
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को 17 सितंबर को 'पीपुल्स गवर्नेंस डे' समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। शाह के अलावा तीन अन्य केंद्रीय मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार शामिल हैं।

 गणपति उत्सव को देखते हुए मध्य रेलवे 14 से 18 सितंबर के बीच विशेष रात्रि उपनगरीय ट्रेनें चलाएगा। मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार से रात में 22 विशेष उपनगरीय ट्रेनें चलाई जाएंगी।  इनमें से बीस सेवाएं मुख्य लाइन पर और दो हार्बर लाइन पर संचालित की जाएंगी।

अमृत मोहन प्रसाद बने एसएसबी के नए प्रमुख
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमृत मोहन प्रसाद को शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल का महानिदेशक नियुक्त किया गया। ओडिशा कैडर के 1989 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी प्रसाद वर्तमान में सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने प्रसाद को एसएसबी के महानिदेशक के पद पर 31 अगस्त, 2025 तक के लिए नियुक्ति को मंजूरी दी है। एसएसबी प्रमुख दलजीत सिंह चौधरी को 28 अगस्त को बीएसएफ का महानिदेशक नियुक्त किए जाने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। एसएसबी नेपाल और भूटान के साथ देश की सीमाओं की रक्षा करती है।

जुलाई में ईएसआईसी से जुड़े 22.53 लाख नए सदस्य
 इस साल जुलाई में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) से 22.53 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। एक साल पहले की तुलना में यह 13.32 फीसदी अधिक है। श्रम मंत्रालय की तरफ से जारी नवीनतम पेरोल डाटा के मुताबिक जुलाई 2023 में 19.88 लाख नए सदस्य जुड़े थे।

मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक, जुलाई के महीने में 56,476 नए प्रतिष्ठानों को ईएसआई योजना के सामाजिक सुरक्षा दायरे में लाया गया। आंकड़ों से पता चला है कि जुलाई में जोड़े गए कुल 22.53 लाख कर्मचारियों में से 10.84 लाख कर्मचारी, जो कुल पंजीकरण का लगभग 48 प्रतिशत है, 25 वर्ष तक की आयु वर्ग के थे। कुल कर्मचारियों में महिला सदस्यों की 4.65 लाख रहा। इस दौरान 71 ट्रांसजेंडर भी इस योजना के तहत सदस्य बने।

मुंबई में बिल्डिंग में लगी आग

मुंबई के घाटकोपर इलाके में स्थित एक इमारत में आग लग गई। हालांकि आग की सूचना पर अग्निशमन दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर नियंत्रण पा लिया। इमारत में फंसे 90 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना में 13 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
 

मुंबई में बदली गई ईद-उल-मिलाद की छुट्टी

मुंबई में सरकार ने ईद-उल-मिलाद की छुट्टी बदलने का फैसला किया है। मुंबई में अब ईद की छुट्टी 16 सितंबर की बजाय 18 सितंबर को होगी। दरअसल कई जनप्रतिनिधियों और मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा छुट्टी बदलने की मांग की जा रही थी। दरअसल 16 सितंबर को गणेश विसर्जन को देखते हुए मुस्लिम समाज ने किसी परेशानी से बचने के लिए ईद उल मिलाद का जुलूस 18 सितंबर को निकालने का फैसला किया था। ऐसे में अब प्रशासन ने भी ईद की छुट्टी 18 सितंबर करने का फैसला किया है। 

श्रीलंका से 19 मछुआरे चेन्नई पहुंचे

श्रीलंका की कैद से रिहा हुए 19 भारतीय मछुआरे आज चेन्नई पहुंच गए। इन मछुआरों को सीमापार मछली पकड़ने के आरोप में श्रीलंकाई नौसेना ने पकड़ लिया था। अब रिहाई के बाद सभी 19 मछुआरे चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे, जहां तमिलनाडु के मतस्य विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें उनके गांव भेज दिया गया। 
 
गोवा में पत्रकार पर हमला, अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
गोवा के केपेम इलाके में एक स्थानीय पत्रकार पर हमला हुआ है। पुलिस के मुताबिक, पत्रकार अमित नाइक पर यह हमला शुक्रवार की रात करीब आठ बजे हुआ, जब वह नेत्रावली स्थित घर पर लौट रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि घटना रिवोना गांव में हुई, जब चार लोगों ने नाइक और उनके ड्राइवर पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर पास के जंगल में भाग गए। नाइक की कार को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत हत्या की कोशिश, गलत तरीके से रोकना, हमला करने, सार्वजनिक संपत्ति की नुकसान पहुंचाना और अन्य अपराधों का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। 

भगवान राम भारत को एकजुट करने वाले तत्व: तमिलनाडु के राज्यपाल
तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने कहा कि सनातन धर्म सर्वसमावेशी है। भगवान राम आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से भारत को एकीकृत करने वाले हैं। डीके हरि और डीके हेमा हरि की पुस्तक 'श्री राम इन तमिलगम: एन इनसेपरेबल बॉन्ड' के विमोचन के अवसर पर राजभवन में आयोजित एक समारोह में उन्होंने कहा यह गलत कहानी गढ़ी जा रही है कि भगवान राम उत्तर भारत के देवता हैं। 

राज्यपाल ने कहा, भारत के सबसे पूजनीय राष्ट्रीय प्रतीक श्री राम तमिलनाडु के लोगों के दिलों में भी बसते हैं। इस पवित्र भूमि के हर इंच पर उनके पदचिह्न हैं। वे वह गोंद हैं, जो भारत को एकजुट करते हैं और वसुधैव कुटुम्बकम के विश्व दृष्टिकोण सहित इसकी संस्कृति और दर्शन को आकार देते हैं। उन्होंने कहा कि श्री राम के आदर्शों पर एक आत्मनिर्भर और पूर्ण विकसित भारत का निर्माण किया जाएगा।

कोलकाता एयरपोर्ट पर एक चाय की कीमत 340 रु देख दंग रह गए चिदंबरम
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कोलकाता एयर पोर्ट पर 340 रुपये एक चाय की कीमत देखकर दंग रह गए। इस पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि पश्चिम बंगाल में महंगाई तमिलनाडु से अधिक है। वाकया शुक्रवार कोलकाता एयर पोर्ट की है। 

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मुझे अभी पता चला है कि गर्म पानी और टी बैग से बनने वाली चाय की कीमत कोलकाता एयरपोर्ट पर 340 रुपए है। कुछ समय पहले तक मुझे पता थी कि गर्म पानी और टी बैग से बनने वाली चाय की कीमत चेन्नई एयरपोर्ट पर 80 रुपए है। मैंने उस सयम भी इस बारे में ट्वीट किया था। एएआई (एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने उसका संज्ञान लिया था और जरूरी कदम उठाए थे। ऐसा लगता है जैसे पश्चिम बंगाल में तमिलनाडु से ज्यादा महंगाई है। चिदंबरम का यह पोस्ट वायरल हो गया है।

झारखंड में भी होनी चाहिए एनआरसी: हिमंत बिस्व सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, झारखंड सरकार को एनआरसी के लिए हां कहनी चाहिए और हमें झारखंड को घुसपैठियों से मुक्त कराना है। राज्य सरकार को इस संबंध में सख्त कदम उठाने चाहिए। घुसपैठियों के कारण आदिवासियों का अस्तित्व और उनकी पहचान खतरे में है। यह एक बहुत बड़ा मुद्दा है और झारखंड के भविष्य के लिए हम सभी को मिलकर इस मुद्दे को उठाना होगा।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड दौरे को लेकर उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री कल झारखंड आ रहे हैं। वह वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही हमने चुनाव के दौरान वादा किया है कि अगर हमारी सरकार आएगी तो देशभर के तीन करोड़ परिवारों को आवास मिलेगा, प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन कल झारखंड की इस महान धरती से करेंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed