दोषी चाहे पहले परिवार से हो या अंतिम से, बख्शा नहीं जाएगा: परिकर
- परिकर ने अप्रत्यक्ष रूप से गांधी परिवार पर बोला हमला
- केजरीवाल पर भी किया पलटवार, बोले 10 दिनों से अलग-थलग पड़े हैं केजरीवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने शनिवार को अगस्ता वेस्टलैंड मुद्दे को लेकर गांधी परिवार पर अपना हमला तेज कर दिया। उन्होंने कहा कि दोषी साबित होने पर सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगी। कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है चाहे वह पहले परिवार से हो या अंतिम परिवार से। वह गांधी परिवार से जुड़े एक सवाल का जवाब दे रहे थे जिन्हें भारतीय राजनीति में अक्सर ‘पहला परिवार’कहा जाता है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें केजरीवाल ने कहा था कि सरकार में सोनिया गांधी को गिरफ्तार करने का पर्याप्त साहस नहीं है।
परिकर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अलग-थलग महसूस कर रहे हैं क्योंकि पिछले दस दिनों से उन्हें मीडिया में जगह नहीं मिली है। मीडिया का पूरा ध्यान वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले पर है। परिकर ने लोकसभा में दिए अपने बयान का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई थी कि हेलीकॉप्टर घोटाले में वह सब होगा जो बोफोर्स मामले में नहीं हो सका।
उन्होंने कहा, ‘हममें इच्छाशक्ति और गंभीरता है और मैं सुनिश्चित करूंगा कि उचित और अच्छे प्रयास इस मामले में किए जाएं। ’परिकर ने कहा कि वायुसेना के पूर्व प्रमुख और गौतम खेतान ‘छोटे लोग’हैं जिन्होंने सिर्फ (भ्रष्टाचार की) बहती गंगा में हाथ धोया और सरकार इस बात का पता लगाएगी कि यह नदी आखिर जाती कहां थी।
सीबीआई ने त्यागी बंधुओं और खेतान से की पूछताछ
शनिवार को सीबीआई ने अगस्ता वेस्टलैंड मामले में वायुसेना के पूर्व प्रमुख एसपी त्यागी के भाइयों संजीव, राजीव और संदीप के साथ-साथ एडवोकेट गौतम खेतान से आठ घंटे पूछताछ की।
सीबीआई ने इनसे पैसों अलावा उनके तथा उनके संबंधियों द्वारा स्थापित कंपनियों और यूरोपीय बिचौलिए के साथ और उनके संबंधों के बारे में सवाल किए। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ आईडीएस ट्यूनीशिया और उसके द्वारा प्रेषित पैसों के इर्दगिर्द घूमती रही। उन्होंने कहा कि कुछ दस्तावेज जो खेतान शुक्रवार को नहीं लाए थे, शनिवार को लेकर आए।
सीबीआई ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान खेतान गुमराह कर रहे थे और सूचनाएं छुपा रहे थे। सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि शनिवार की पूछताछ में कुछ नए तथ्य सामने आने पर आईडीएस इंफोटेक के प्रबंध निदेशक प्रताप के अग्रवाल और एयरोमैट्रिक्स इंफो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ प्रवीण बख्शी को भी जांच के लिए बुलाया गया है। माना जाता है कि रिश्वत के पैसे भारत पहुंचाने में इन कंपनियों का भी हाथ था। एसपी त्यागी से सोमवार को सीबीआई फिर से पूछताछ करेगी।