मणिपुर हमला : असम राइफल्स पर हुए आतंकी हमला मामले में एनआईए ने मामला किया दर्ज, पढ़ें देश की पांच महत्वपूर्ण खबरें
केंद्रीय जांच एजेंसी ने आतंकी हमला मामले में मणिपुर पुलिस को सूचना भेज दी है। मिली जानकारी के मुताबिक एजेंसी द्वारा गृह मंत्रालय को मामला दर्ज करने का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले एनआईए को हरी झंडी दे दी थी। एनआईए ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं।
विस्तार
मणिपुर में असम राइफल्स पर हुए आतंकी हमला मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मामला दर्ज किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस संबंध में मणिपुर पुलिस को सूचना भेज दी है। मिली जानकारी के मुताबिक एजेंसी द्वारा गृह मंत्रालय को मामला दर्ज करने का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले एनआईए को हरी झंडी दे दी थी। एनआईए ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं।
उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को चुराचांदपुर जिले के सुंघट इलाके में पहले से घात लगाए बैठे आतंकवादियों ने अचानक हमला कर दिया था। इसमें हमले में 46 असम राइफल्स के कमांडिंग अफसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी और बच्चे समेत चार जवान शहीद हो गए।
हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी, तीन गिरफ्तार इंफाल। पूर्वी इंफाल जिले में पुलिस ने गायों के बाड़े में छिपाया गया हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इस संबंध में यूएनएलएफ एक एक आतंकी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आइए जानते हैं देश की अन्य महत्वपूर्ण खबरें...
वैश्विक कीमतों में स्थायी गिरावट के बाद ही तेल के दाम कम होंगे
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी तभी संभव हो पाएगी, जब अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में स्थायी गिरावट आएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कच्चे तेल की वैश्विक कीमत नवंबर के दौरान 80 से 82 डॉलर प्रति बैरल के करीब रही। 26 नवंबर को एशियाई समय के कारोबार तक कच्चे तेल की कीमतों में करीब 4 डॉलर की गिरावट आई थी।
उसके बाद अमेरिकी बाजार खुलने के बाद ब्रेंट कच्चे तेल में जबर्दस्त बिकवाली के बाद तेल की कीमतें करीब 6 डॉलर और कम होकर 72.91 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। सूत्रों के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट का पता चलने के बाद के डर के कारण कीमतों में यह तेज उतार-चढ़ाव आया। उन्होंने बताया कि इससे मांग में और कमी आ सकती है, आर्थिक विकास को झटका लग सकता है।
पूर्व राजनयिक, साहित्यकार लालथलामुओंग का निधन
पूर्व भारतीय राजनयिक और मिजोरम के प्रसिद्ध लेखक और गीतकार लालथलामुओंग उर्फ एल कीवोम का रविवार को दिल्ली के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। कीवोम, जिन्हें उनकी उत्कृष्ट कृति ‘ज़ोरम खवेल’ (विशाल पुस्तक) के बाद ‘ज़ोरम ख़्वावेल पा’ के रूप में उपनाम दिया गया था। वह 1967 में भारतीय राजस्व सेवा में शामिल हुए।
मुंबई पुलिस ने नशा कारोबारी अजमल तोतला को पकड़ा
मुंबई पुलिस ने कुख्यात नशा विक्रेता अजमल तोतला (39) को सियोन इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने ड्रग्स से संबंधित एक केस में अजमल तोतला और एक महिला रुबीना नियाजु शेख का नाम लिया था। तोतला को उसके साथी हामिद शेख उर्फ इटली के साथ पकड़कर उनके कब्जे से 13 ग्राम मेफेड्रोन और 4.13 लाख रुपये बरामद किए गए थे।
मनीष तिवारी ने अधीर पर किया जवाबी हमला
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने रविवार को अपने उन ट्वीट्स के स्क्रीन शॉट साझा किए, जिनमें उन्होंने चीन मामले पर केंद्र सरकार की आलोचना की है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने उन्हें अपनी किताब ‘10 फ्लैश पॉइंट्स : 20 ईयर्स - नेशनल सिक्यूरिटी सिचुएशन दैट इंपैक्टेड इंडिया’ में मुंबई हमले में यूपीए सरकार की प्रतिक्रिया की आलोचना पर फटकारा था। साथ ही कहा था कि उन्हें चीन द्वारा घुसपैठ के आरोपों पर केंद्रित रहना चाहिए।