{"_id":"64ef7854380bbfc3770a85d6","slug":"nia-raids-properties-of-key-accused-in-bjp-leader-senthil-kumaran-assassination-case-2023-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"NIA: भाजपा नेता सेंथिल कुमारन हत्या मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ एनआईए ने कार्रवाई; चार परिसरों पर मारा छापा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
NIA: भाजपा नेता सेंथिल कुमारन हत्या मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ एनआईए ने कार्रवाई; चार परिसरों पर मारा छापा
Wed, 30 Aug 2023 10:45 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Wed, 30 Aug 2023 10:45 PM IST
सार
मार्च में तमिलनाडु के विल्लुपुरम में एक मिठाई की दुकान के सामने भाजपा नेता सेंथिल कुमारन की छह बाइक सवार हमलावरों द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने पहले भाजपा नेता पर पहले देशी बम से हमला किया था और फिर छुरी और चाकू से उनकी हत्या कर दी थी।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
भाजपा नेता सेंथिल कुमारन की हत्या के मुख्य आरोपी श्री नीति उर्फ नित्यानंदम के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कार्रवाई की है। केंद्रीय एजेंसी ने बुधवार को आरोपियों के चार परिसरों पर छापेमारी की। एनआईए के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया।
विज्ञापन
एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि तमिलनाडु के पुडुचेरी और कुड्डालोर जिले में मुख्य आरोपी श्री नीति उर्फ नित्यानंदम के परिसरों पर छापे मारे गए। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के जिन परिसरों पर छापा मारा गया उनमें आरोपी की अघोषित आवासीय संपत्ति भी शामिल है। छापेमारी के दौरान डिजिटल उपकरण (मोबाइल फोन), सिम कार्ड, डोंगल, एक मोटरसाइकिल और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नित्यानंदम और अन्य लोगों द्वारा हत्या की साजिश के खुलासे के लिए की जा रही जांच के क्रम में आज की कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
केंद्रीय एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि आज की छापेमारी में जब्त किए गए विभिन्न गैजेट और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में एनआईए की जांच जारी है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि मार्च में तमिलनाडु के विल्लुपुरम में एक मिठाई की दुकान के सामने भाजपा नेता सेंथिल कुमारन की छह बाइक सवार हमलावरों द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने पहले भाजपा नेता पर पहले देशी बम से हमला किया था और फिर छुरी और चाकू से उनकी हत्या कर दी थी। शुरुआत में पुडुचेरी पुलिस द्वारा विल्लियानूर पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। बाद में एनआईए ने इसे अपने हाथ में ले लिया था।