Manipur: महिला की हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े; 17 तक NIA रिमांड पर
मणिपुर के जिरीबाम जिले में आदिवासी महिला की नृशंस हत्या करने के मामले में एनआईए ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी प्रतिबंधित उग्रवाली संगठनों से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों को 17 मई तक एनआईए रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
विस्तार
मणिपुर के जिरीबाम जिले में पिछले साल नवंबर में एक महिला की नृशंस हत्या और घरों को जलाने व लूटने की घटना में शामिल दो आरोपियों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं। दोनों की पहचान नोंगथोमबम मेइराबा और सागोलसेम सनतोंबा उर्फ सुरचंद्र सिंह उर्फ पीबा के रूप में हुई है।
एनआईए अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि मामले में बिष्णुपुर जिले का निवासी मेइराबा प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) का सदस्य है। उस पर जैरावन गांव में जोसांगकिम नामक महिला की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।
ये भी पढ़ें: Shashi Tharoor: शशि थरूर ने फिर की ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ, कहा- हमने बता दिया आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे
केवाईकेएल का सदस्य बताया जा रहा सागोलसेम
दूसरा आरोपी सागोलसेम थौबल जिले का रहने वाला है। वह मणिपुर के एक अन्य उग्रवादी संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) का सदस्य बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों को 17 मई तक एनआईए रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
आरोपियों ने पीड़िता को थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया था
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों ने 7 नवंबर 2024 को 31 वर्षीय आदिवासी महिला की गोली मारकर हत्या की थी। इस दौरान आरोपियों ने उसे थर्ड-डिग्री टॉर्चर दिया था। पीड़िता के शरीर के कई अंग गायब थे। उसका रासायनिक विश्लेषण के लिए विसरा तक एकत्र नहीं किया जा सका था, क्योंकि वह 99 फीसदी जल गई थी और पहचान नहीं हो पा रही थी।
ये भी पढ़ें: Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट की एमसीडी को फटकार, चांदनी चौक में घर और व्यावसायिक संपत्तियां गिराने पर लगाई रोक
एनआईए ने केसीपी-पीडब्ल्यूजी के एक कैडर को भी गिरफ्तार किया
एनआईए ने मणिपुर में 2023 के जातीय हिंसा से संबंधित हत्या और अपहरण मामले में उग्रवादी कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी-पीपुल्स वार ग्रुप ( केसीपी-पीडब्ल्यूजी) के एक कैडर को भी गिरफ्तार किया है। एनआईए की टीम ने थौबल जिले के थौबल पखांगखोंग लीराक के वैखोम रोहित सिंह को मामले में साजिश रचने और अपराध को अंजाम देने में कथित संलिप्तता के लिए हिरासत में लिया है। जांच एजेंसी ने कहा कि एनआईए के साथ अपनी रिमांड पूरी करने के बाद वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.