फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates Today North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: अश्लीलता मामले में यूट्यूबर जसप्रीत सिंह असम पुलिस के समक्ष पेश; देवघर में 13 साइबर अपराधी गिरफ्तार

Sat, 12 Apr 2025 09:35 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sat, 12 Apr 2025 09:35 PM IST
विज्ञापन
News Updates Today North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

अश्लीलता मामले में यूट्यूबर जसप्रीत सिंह असम पुलिस के समक्ष हुए पेश

विज्ञापन

सार्वजनिक रूप से ऑनलाइन शो पर अश्लीलता को बढ़ावा देने के मामले में यूट्यूबर जसप्रीत सिंह शनिवार को असम पुलिस के समक्ष पेश हुए। वे10 फरवरी को दर्ज मामले के संबंध में पूछताछ के लिए जांच अधिकारी (आईओ) के पास पहुंचे। पुलिस ने बताया कि उनसे पूछताछ की गई और आईओ ने उनका बयान दर्ज कर लिया है। 5 अप्रैल को एक अन्य यूट्यूबर समय रैना भी इसी मामले के संबंध में गुवाहाटी पुलिस की अपराध शाखा के समक्ष पेश हुए थे। अब, केवल अपूर्वा मखीजा को पुलिस के समक्ष पेश होना बाकी है। पुलिस ने जसप्रीत सिंह और अपूर्वा मखीजा को फिर से समन भेजा था, क्योंकि उन्होंने ईमेल भेजकर कहा था कि वे देश से बाहर हैं। बता दें कि गुवाहाटी पुलिस ने समय रैना, रणवीर अल्लाहाबादिया, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्वा मखीजा और अन्य के खिलाफ सार्वजनिक रूप से ऑनलाइन शो पर अश्लीलता बढ़ाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत आईटी एक्ट, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952 और महिलाओं का अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धाराओं के साथ मामला दर्ज किया था।

केरल में कोविड मरीज से दुष्कर्म मामले में एंबुलेंस चालक को आजीवन कारावास
केरल में पथनमथिट्टा की एक अदालत ने कोविड मरीज (19) के साथ दुष्कर्म करने के अपराध में शुक्रवार को एक व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। दोषी ने इस कृत्य को तब अंजाम दिया था, जब पीड़िता को कोरोना वायरस संक्रमण के चलते 2020 में एक प्राथमिक उपचार केंद्र ले जाया जा रहा था।
सजा की अवधि मुख्य सत्र न्यायालय ने घोषित की। न्यायालय ने कयामकुलम निवासी नौफाल (29) को बृहस्पतिवार को दोषी ठहराया था। अदालत ने दोषी पर 2,12,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह घटना पांच सितंबर, 2020 की आधी रात को हुई, जब देशभर के लोग कोविड-19 के डर में जी रहे थे।

तेलंगाना के वृक्ष पुरुष पद्मश्री रामैया का निधन
पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित वनजीवी दरिपल्ली रामैया का शनिवार को तेलंगाना के खम्मम जिले में निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि रेड्डीपल्ली गांव स्थित अपने घर में उन्हें दिल का दौरा पड़ा। वह 87 वर्ष के थे। दरिपल्ली रामैया को जिन्हें खम्मम जिले में हरित योद्धा, वृक्ष रामैया या वनजीवी के नाम से जाना जाता है। एक करोड़ से अधिक पौधे लगाने के लिए उनको 2017 के पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रामैया के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दरिपल्ली रामैया का दृढ़ विश्वास था कि प्रकृति और पर्यावरण के बिना मानव जाति का अस्तित्व असंभव है।रामैया ने एक व्यक्ति के रूप में वृक्षारोपण की शुरुआत की और पूरे समाज को प्रभावित किया। पद्मश्री पुरस्कार विजेता ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करके युवाओं को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

ओडिशा: पंचायती राज संस्थाओं में 1,134 रिक्त पदों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू  
राज्य चुनाव आयोग ने ओडिशा में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई) में 1,134 रिक्त पदों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य चुनाव आयोग ने इस बाबत एक बयान जारी किया है। बयान के अनुसार, पांच जिला परिषद (जेडपी) सदस्यों, 41 पंचायत समिति सदस्यों, 45 सरपंचों और 272 वार्ड सदस्यों के लिए उपचुनाव होंगे, जबकि विभिन्न पंचायतों में 771 वार्डों में नए सिरे से चुनाव कराए जाएंगे।

वर्ष 2022 में हुए पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में आरक्षित श्रेणी के लिए निर्धारित इन 771 वार्डों में कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया था। इसलिए संबंधित जिला कलेक्टरों द्वारा इन वार्डों को अनारक्षित करने के बाद नए सिरे से चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।   

विज्ञापन

गर्मी के कारण बंगाल के स्कूलों में सरकार ने गर्मी की छुट्टियां समय से पहले की
मौजूदा गर्मी और उमस भरे मौसम को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने शुक्रवार को दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों को छोड़कर बाकी सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 30 अप्रैल से आगे बढ़ा दी हैं। आमतौर पर पश्चिम बंगाल के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां मई के दूसरे हफ्ते में शुरू होती हैं। शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी की वजह से पिछले सालों में भी गर्मी की छुट्टियां पहले कर दी गई थीं। हम उचित समय पर स्थिति का आकलन करने के बाद (छुट्टियों की) अवधि तय करेंगे।
 

सात घंटे से अधिक समय तक ट्रेन सेवाएं बाधित  
वहीं, पश्चिम बंगाल में धुलियानडांगा और निमतिता स्टेशनों के बीच आंदोलनकारियों द्वारा अवरोध पैदा करने और तोड़फोड़ करने के कारण शुक्रवार को पूर्वी रेलवे के न्यू फरक्का-अजीमगंज सेक्शन में सात घंटे से अधिक समय तक ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गैर-रेलवे कारणों से दोपहर 2.46 बजे शुरू हुई नाकाबंदी के कारण चार एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग मार्गों से रवाना किया गया। साथ ही दो अन्य यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि एक लेवल क्रॉसिंग गेट पर करीब 5000 लोग रेलवे ट्रैक पर बैठे थे। वहीं, धुलियान गंगा और निमतिता स्टेशनों के बीच आंदोलनकारियों ने एक दूसरी लेवल क्रॉसिंग गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया। अधिकारी ने बताया कि रात करीब 20.30 बजे नाकाबंदी हटा ली गई। इसके बाद, पूरी तरह जांच के बाद रात करीब 21:50 बजे सेक्शन में ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू की गईं।

अधिकारी ने बताया कि आंदोलन के कारण, 13465 हावड़ा-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस, 13141 सियालदह-न्यू अलीपुरद्वार तीस्ता तोरसा एक्सप्रेस, 15644 कामाख्या-पुरी एक्सप्रेस और 13432 बालुरघाट-नबद्वीप धाम एक्सप्रेस को रामपुरहाट के रास्ते डायवर्ट किया गया। वहीं, 53029 अजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर और 53435 कटवा-अजीमगंज पैसेंजर को रद्द कर दिया गया।

कर्नाटक कैबिनेट में जाति गणना की रिपोर्ट पेश
बहुप्रतीक्षित सामाजिक-आर्थिक व शिक्षा सर्वेक्षण रिपोर्ट शुक्रवार को कर्नाटक कैबिनेट के समक्ष पेश की गई। इस रिपोर्ट को जाति गणना के नाम से भी जाना जाता है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, कुछ मंत्रियों ने कहा कि वे पहले सिफारिशों पर विचार करना चाहते हैं। कर्नाटक के कानून मंत्री एचके पाटिल ने कहा कि 17 अप्रैल को एक विशेष कैबिनेट बैठक में जाति जनगणना पर चर्चा की जाएगी। 

आय से अधिक संपत्ति...केरल सीएम के पूर्व मुख्य प्रधान सचिव के खिलाफ होगी सीबीआई जांच
केरल हाईकोर्ट ने केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन के पूर्व मुख्य प्रधान सचिव केएम अब्राहम के खिलाफ सीबीआई को एफआईआर दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है। यह आदेश सेवानिवृत्त अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में दिया गया। जस्टिस के बाबू ने शिकायतकर्ता कोट्टायम निवासी जोमन पुथेनपुरकल की याचिका पर हाईकोर्ट ने कहा कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट, उसके समक्ष पेश अन्य सामग्री तथा जांच के दौरान अब्राहम की ओर से बचाव में पेश दलीलों का सावधानीपूर्वक विश्लेषण के आधार पर प्रथमदृष्टया यह स्थापित होता है कि अब्राहम के पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक चल एवं अचल संपत्ति है।

झारखंड के देवघर में 13 साइबर अपराधी गिरफ्तार
झारखंड के देवघर जिले में 13 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को सरवन थाना क्षेत्र के घोरपारा जंगल से इन्हें गिरफ्तार किया गया। देवघर के डीएसपी और जिला पुलिस प्रवक्ता लक्ष्मण प्रसाद ने बताया, 'ये साइबर अपराधी ऑनलाइन धोखाधड़ी में शामिल थे। इन्होंने बैंक अधिकारी और कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर भोले-भाले लोगों को धोखा दिया और उनके खातों से पैसे निकाल लिए।' उन्होंने बताया कि इनके पास से कुल 13 मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

कोलकाता में झुग्गी बस्ती में लगी आग
पूर्वी कोलकाता के मेट्रोपॉलिटन इलाके में शनिवार तड़के एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई। पुलिस ने बताया कि आग में कम से कम 10 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। चार दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में आग पर काबू पा लिया। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आशंका है कि आग गैस सिलिंडर में विस्फोट के कारण लगी। फॉरेंसिक जांच से कारण की पुष्टि होगी।

TDP पर महिलाओं को निशाना बनाने वालों को संरक्षण देने का आरोप
विपक्षी वाईएसआरसीपी ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ टीडीपी पर महिलाओं को निशाना बनाने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। वाईएसआरसीपी प्रवक्ता श्यामला ने पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की पत्नी के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने के आरोप में टीडीपी कार्यकर्ता सी किरण कुमार की गिरफ्तारी के मद्देनजर लगाए।

श्यामला ने कहा कि कुमार की गिरफ्तारी एक नाटक है। भले ही उन्होंने एन चंद्रबाबू नायडू और नारा लोकेश को भड़काने वालों के रूप में नामित किया हो, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्या कानून चुनिंदा रूप से लागू किया जाता है? उन्होंने रेड्डी के परिवार पर टिप्पणी के लिए आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वी अनीता की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर नफरत फैलाने वाले लोगों को क्यों संरक्षण दिया जा रहा है। वाईएसआरसीपी नेताओं की शिकायतों के बावजूद पुलिस कथित तौर पर चुप है और उन्होंने सवाल किया कि गृह मंत्री ने पीड़िता के लिए क्या किया? श्यामला ने कहा कि राज्य अराजकता, अवैधता और अत्याचार से ग्रस्त है।

केरल में घर में आग लगने से तीन की मौत
केरल के कोट्टायम जिले के एरुमेली में शुक्रवार को एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सत्यपालन (56), उनकी पत्नी श्रीजा (48) और उनकी बेटी अंजलि (26) के रूप में हुई है। वे एरुमेली के कनकप्पलम के निवासी थे। यह जानकारी कोट्टायम सरकारी मेडिकल कॉलेज के सूत्रों ने दी।

पुलिस के अनुसार, आग दोपहर करीब एक बजे लगी, जिसमें श्रीजा की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। सत्यपालन और अंजलि को गंभीर हालत में कोट्टायम सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान शाम को दोनों ने दम तोड़ दिया। उनका बेटा अखिलेश उर्फ उन्नीकुट्टन (24) भी गंभीर रूप से जल गया है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी पता नहीं चला है और जांच जारी है। एक केस दर्ज कर लिया गया है।

असम कांग्रेस नेता रीतम सिंह जमानत के बाद फिर गिरफ्तार
असम कांग्रेस के प्रवक्ता रीतम सिंह को शनिवार को मोरिगांव पुलिस ने एक मामले में जमानत मिलने के बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया। उस समय वे जेल से रिहा हो रहे थे। यह पिछले एक महीने में उनकी तीसरी गिरफ्तारी है। पुलिस ने नए मामले का विवरण देने से इन्कार किया और कहा कि मामला जांच के अधीन है। रीतम को इस महीने की शुरुआत में लखीमपुर से मोरिगांव पुलिस ने हिरासत में लिया था, जब गुवाहाटी हाईकोर्ट ने लखीमपुर में दर्ज एक मामले में उन्हें जमानत दी थी। मोरिगांव पुलिस स्टेशन में एक स्थानीय भाजपा नेता ने उनके खिलाफ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) कानून के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया था।

मोरिगांव के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने शुक्रवार को इस मामले में रीतम को जमानत दे दी, लेकिन शनिवार को जेल से औपचारिकताएं पूरी कर बाहर निकलते समय उन्हें जगीरोड पुलिस स्टेशन में दर्ज एक नए मामले में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जगीरोड मामले का विवरण साझा करने से मना कर दिया। रीतम के पिता और कांग्रेस समर्थकों ने जगीरोड पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शन किया और पुलिस के काफिले को रोकने की कोशिश की। उनके पिता सड़क पर लेट गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटा दिया। रीतम की पहली गिरफ्तारी 15 मार्च को गुवाहाटी में उनके घर से हुई थी। उन्होंने दो मौजूदा विधायकों समेत तीन वरिष्ठ भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों की स्थिति पर सवाल उठाने वाला सोशल मीडिया पोस्ट किया था।

सहपाठी संग दुष्कर्म के लिए उकसाने वाली युवती को 20 साल कैद की सजा
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले की एक अदालत ने 2023 में अपनी सहपाठी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के लिए उकसाने के आरोप में एक युवती को 20 साल कैद की सजा सुनाई। केंद्रपाड़ा के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश प्रज्ञान परमिता राउल की अदालत ने शुक्रवार को फैसला सुनाया और दोषी पर 18,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। विशेष सरकारी वकील मनोज कुमार साहू ने बताया कि जुर्माना न भरने पर एक साल की अतिरिक्त जेल की सजा होगी। उन्होंने बताया कि अदालत ने ओडिशा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (ओएसएलएसए) को पीड़िता को 7.50 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी निर्देश दिया है। घटना के समय पीड़िता 12वीं कक्षा की छात्रा थी।

मामले के रिकॉर्ड के अनुसार, पीड़िता (17) को उसकी दोषी सहपाठी ने 17 अक्तूबर, 2023 को नशीला पदार्थ मिलाकर शीतल पेय पिला दिया था। बाद में दोषी के दो साथी लड़की को कार में कटक के एक होटल में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में पुलिस ने युवती सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद दोषी को केंद्रपाड़ा स्थित किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष पेश किया गया क्योंकि उस समय वह नाबालिग थी। जेजेबी ने कहा था कि कानून का उल्लंघन करने वाली युवती को उन परिस्थितियों की पूरी जानकारी थी जिनमें अपराध किए गए थे और उसने मामले के रिकॉर्ड को उसकी सुनवाई के लिए केंद्रपाड़ा अदालत को स्थानांतरित कर दिया था। साहू ने बताया कि अन्य दो आरोपियों का मुकदमा अभी चल रहा है।

तेलंगाना सरकार ने 400 एकड़ जमीन को ‘प्री कोलेटरल दिखाकर बांड से जुटाए 10 हजार करोड़- मंत्री
तेलंगाना औद्योगिक अवसंरचना निगम ने हैदराबाद विश्वविद्यालय से सटी 400 एकड़ भूमि को ‘प्री कोलेटरल’ के रूप में दिखाकर बांड से 10 हजार करोड़ रुपये जुटाए। उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि यह राशि कर योग डिडिमेबल, गैर परिवर्तनीय डिबेंचर के निजी प्लेसमेंट के जरिये जुटाई गई है। मंत्री ने कहा कि इन बांड की रेटिंग की गई है और एक्सचेंजों में सूचीबद्ध हैं तथा इनकी कूपन दर 9.35 प्रतिशत है। साथ ही कहा कि बांड की बिक्री के माध्यम से टीजीआईआईसी खाते में 8,476 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। यह राशि कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च की गई।

इसमें कृषि ऋण माफी (2,146 करोड़ रुपये), रायथु भरोसा (5,443 करोड़ रुपये) और चावल की अच्छी किस्म की खेती के लिए बोनस (947 करोड़ रुपये) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अंतरराष्ट्रीय और म्यूचुअल फंड समेत 37 संगठनों ने उन बॉन्ड में निवेश किया है। आईसीआईसीआई बैंक में एक एस्क्रो खाता था, जिसमें 9.35 प्रतिशत ब्याज के साथ 9,995 करोड़ रुपये जुटाए गए। उन्होंने कहा कि बैंक ने हमें कोई ऋण नहीं दिया। दरअसल, विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने हैदराबाद विश्वविद्यालय से सटी 400 एकड़ जमीन को एक निजी बैंक को कथित तौर पर गिरवी रखने में हुईं ‘अनियमितताओं’ की सीबीआई या गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) जैसी केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की थी।

माकपा नेता की प्रतिमा के स्थान पर लगाई भगवान राम की मूर्ति
त्रिपुरा के उनाकोटि जिले में कुछ अज्ञात लोगों ने प्रमुख माकपा नेता बैद्यनाथ मजूमदार की प्रतिमा के स्थान पर भगवान राम की मूर्ति स्थापित कर दी। दरअसल 2018 में राज्य में वाम मोर्चा की पराजय के कुछ समय बाद ही माकपा नेता मजूमदार की प्रतिमा को ध्वस्त कर दिया गया था। माकपा नेता कृष्णेंदु चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में पार्टी उसी स्थान पर मजूमदार की प्रतिमा को पुन: स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के कुछ ही समय बाद कैलाशहर के श्रीरामपुर जंक्शन पर उस मजूमदार की प्रतिमा को ध्वस्त कर दिया गया था, जिन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया था।

उन्होंने कहा कि पार्टी विरोध दर्ज करने के लिए रविवार को एक रैली निकालेगी। चौधरी ने कहा कि पार्टी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उसी स्थान पर दिवंगत माकपा नेता की नई प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। माकपा नेता ने कहा कि उन्होंने शनिवार की सुबह देखा कि उस स्थान पर भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापित कर दी गई। उन्होंने कहा, एक हिंदू होने के नाते मुझे श्रीराम की मूर्ति स्थापित करने में कोई आपत्ति नहीं है। वह किसी अन्य स्थान पर चाहें तो उनका मंदिर बनवा दें और पूरे सम्मान के साथ उनकी मूर्ति स्थापित करें। चौधरी ने कहा कि उन्होंने जो भी किया है वह सनातन धर्म का अपमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed