News Updates: बंगाल में नाबालिग से घर में घुसकर दुष्कर्म; घरेलू एयरपोर्ट पर एक लाख करोड़ का होगा निवेश
पश्चिम बंगाल के पूरबा मेदिनीपुर जिले में अभया जैसा मामला सामने आया है। दुष्कर्मी ने पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया और उसके निजी अंग में कटीला चम्मच डाल दिया। नाबालिग का ऑपरेशन किया गया है। बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। मामले में मंताज हुसैन नामक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता पूरबा मेदिनीपुर के कोलाघाट विधानसभा क्षेत्र गोपालनगर इलाके की रहने वाली है। मंताज नाबालिग की बड़ी बहन से एकतरफा प्यार करता था। जब उसने उसका प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया तो वह अपने कई साथियों के साथ दो अप्रैल को उसके घर पहुंचा, लेकिन घर पर बड़ी बहन नहीं थी। सूत्रों के मुताबिक घर पर नाबालिग थी, उसे कुछ सुंघाकर मुंताज ने उसके साथ बर्बरता की।
इस बारे में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष फाल्गुनी पात्र ने कहा, अब बंगाल में महिलाएं और बेटियां घरों में ही सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश की मुख्यमंत्री खुद एक महिला हैं। इससे शर्म की बात और नहीं हो सकती। एक नाबालिग बच्ची जीवन और मरण के बीच झूल रही है। यह बड़ा दर्दनाक है। आज अस्पताल में नाबालिग से मिलने के बाद पात्र ने कहा, मामले में पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा घटना 2 अप्रैल की है और उसके तीन दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई। इसके छह दिन पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। हमें पता चला है कि उसके साथ अन्य लड़के भी थे। जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, हम शांत नहीं बैठेंगे। हम आने वाले दिनों में इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे।
घरेलू एयरपोर्ट पर एक लाख करोड़ का होगा निवेश
देश के हवाई अड्डों को बेहतर बनाने के लिए अगले चार से पांच वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। रेटिंग एजेंसी इक्रा के अनुसार, कई हवाई अड्डों पर क्षमता बढ़ाने के लिए पर्याप्त निवेश जारी रहेगा। अनुमानित निवेश ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों के विकास और मौजूदा हवाई अड्डों के विस्तार में किया जाएगा। इक्रा के मुताबिक, ग्रीनफील्ड परियोजनाओं में जेवर (नोएडा), नवी मुंबई, भोगापुरम और परंदूर (चेन्नई) में बनने वाले हवाई अड्डे शामिल हैं। बंगलूरू हैदराबाद, कोचीन, मुंबई और नागपुर जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर ब्राउनफील्ड विस्तार की योजना बनाई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हवाई यात्रियों की संख्या सालाना सात फीसदी बढ़कर चालू वित्त वर्ष में 44 से 45 करोड़ तक हो सकती है। 2024-25 में कुल 41 से 42 करोड़ यात्रियों का अनुमान है।
झारखंड में सुरक्षाबलों ने तबाह किए नक्सलियों के पांच बंकर
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षाबलों ने बृहस्पतिवार को नक्सलियों के पांच बंकरों को तबाह कर दिया। ये बंकर जराईकेला थाना क्षेत्र के कुलपाबुरू वन क्षेत्र में एक अभियान के दौरान खोज गए थे। इससे पहले, बुधवार को क्षेत्र में पांच-पांच किलो के दो शक्तिशाली आईईडी बरामद किए गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स में एक अधिकारी के हवाले से कहा गया कि खुफिया सूचना मिली थी कि एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा अपने दस्ते के साथ जंगल में घूम रहा है और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में है। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा यूनिट, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के जवानों की एक संयुक्त टीम अभियान पर निकली। इस दौरान सुरक्षाबलों ने पांच बंकरों को ध्वस्त कर दिया। खबर लिखे जाने तक सुरक्षाबलों का अभियान जारी था।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की पायलट की बिगड़ी तबीयत, मौत
एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट की बुधवार को श्रीनगर से उड़ान भरने के तुरंत बाद तबीयत बिगड़ गई। 30 वर्षीय पायलट ने श्रीनगर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी और दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि हमें अपने सहकर्मी की चिकित्सा स्थिति के कारण हुई क्षति पर गहरा दुख है। हम उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
बंगाल : मुर्शिदाबाद में वक्फ अधिनियम को लेकर हुई हिंसा मामले में 22 गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। जिले में कहीं से भी एक भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। 10 अप्रैल को शाम 6 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। 11 अप्रैल को शाम 6 बजे तक इंटरनेट भी बंद रहेगा।
कर्नाटक : 63 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में सहकारी बैंक का पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक के एक सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष को 63 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया। संघीय जांच एजेंसी ने बताया कि आर एम मंजूनाथ गौड़ा को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार कर बंगलूरू की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया।
ईडी ने आरोप लगाया कि शिमोगा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (सिटी शाखा) में बड़े पैमाने पर धन की हेराफेरी हुई, जिसे मुख्य रूप से गौड़ा के निर्देश पर शाखा प्रबंधक बी शोभा ने अंजाम दिया। कर्नाटक पुलिस के लोकायुक्त पुलिस के दायर आरोपपत्र के अनुसार, ईडी ने कहा, शोभा ने अन्य सह-आरोपियों के साथ षड्यंत्र करके 62.77 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। एजेंसी ने कहा कि कार्यप्रणाली में व्यक्तिगत खाताधारकों की जानकारी के बिना धोखाधड़ी वाले गोल्ड लोन खाते खोलना और जाली दस्तावेजों का उपयोग करना शामिल था। एजेंसी ने कहा कि भ्रष्टाचार के रुपयों से गौड़ा ने कई चल और अचल संपत्तियां अर्जित कीं।
झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार को एक सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से नेपाल की यात्रा पर निकले थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दिवाकर चक्रवर्ती (41 वर्षीय) के रूप में हुई है, जो उत्तर 24 परगना जिले के बड़ानगर इलाके के रहने वाले थे। वह मंगलवार को घर से निकले थे। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर पुबई गांव के पास हुआ, जो हजारीबाग शहर से करीब 75 किलोमीटर दूर है। चौपारण थाना प्रभारी ए. पांडेय ने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हेलमेट में रखे ड्राइविंग लाइसेंस के जरिए उनकी पहचान की गई और परिवार को सूचना दे दी गई है। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
बड़बोले नेताओं को भाजपा नेतृत्व का सख्त निर्देश
नई दिल्ली। राजस्थान में पार्टी के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के बयान पर घिरी भाजपा ने दलित मुद्दों, आरक्षण और संविधान से जुड़े मसलों पर कड़ा संदेश दिया है। मंगलवार को भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान की राष्ट्रीय कार्यशाला के समापन सत्र में पार्टी महासचिव बीएल संतोष ने पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को ऐसे मुद्दों पर सावधानी बरतने और बयानबाजी नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
लोकसभा चुनाव में संविधान, आरक्षण खत्म होने की विपक्षी धारणा का नुकसान उठा चुकी पार्टी नहीं चाहती कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उसे बैकफुट पर आना पड़े। संतोष ने कहा कि किसी भी गंभीर मामले में पार्टी के अधिकृत लोग ही टिप्पणी करेंगे और अन्य सभी को हर हाल में पार्टीलाइन का ख्याल रखना होगा। महासचिव की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब पार्टी कांग्रेस के दलित नेता जुली के अलवर स्थित राम मंदिर में दर्शन के बाद पूर्व विधायक आहूजा के द्वारा मंदिर के शुद्धिकरण के मुद्दे पर बुरी तरह घिरी हुई है।
केरल : आईयूएमएल के पूर्व विधायक, कंपनी निदेशक को ईडी ने किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने निवेशकों से धोखाधड़ी से जुड़े 20 करोड़ रुपये के धन शोधन मामले में केरल के एक पूर्व विधायक और उनकी कंपनी के प्रबंध निदेशक को गिरफ्तार किया है।
ईडी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि मंजेश्वरम सीट से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के पूर्व विधायक और फैशन गोल्ड ग्रुप कंपनियों के अध्यक्ष एमसी कमरुद्दीन और कंपनी के प्रबंध निदेशक टीके पूकोया थंगल को 7 अप्रैल को पकड़ा था। कोझिकोड स्थित एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया। पीएमएलए मामला कन्नूर और कासरगोड जिला पुलिस द्वारा फैशन गोल्ड कंपनियों, कमरुद्दीन, पूकोया थंगल और अन्य के खिलाफ दर्ज 168 एफआईआर प आधारित है।
वक्फ संपत्तियों पर जिन्होंने जमा रखा कब्जा वो ही कर रहे विरोध में प्रदर्शन : सिद्दीकी
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने बुधवार को वक्फ कानून को एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह अल्लाह की इच्छा के अनुरूप है और इससे मुस्लिम समुदाय को काफी लाभ होगा।
मीडिया से बातचीत में सिद्दीकी ने दावा किया कि चल रहे विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व वे लोग कर रहे हैं, जिन्होंने वक्फ संपत्तियों पर अपना कब्जा जमा रखा है। जमाल ने कहा, वक्फ मामला अल्लाह की संपत्ति के बारे में था और अल्लाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से यह काम करवाया। देश भर के लोग इससे बहुत खुश हैं।
केरल : वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन, लाठीचार्ज
वक्फ कानून के खिलाफ केरल के करीपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक इस्लामी संगठन ने विरोध मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, जब प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया। यह घटना सॉलिडैरिटी यूथ मूवमेंट और स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन (एसआईओ) के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित मार्च के दौरान हुई, जो जमात-ए-इस्लामी से जुड़े हैं।
गृह मंत्री शाह कल चेन्नई जाएंगे टटोलेंगे गठबंधन की संभावना
गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को चेन्नई का दौरा करेंगे। इस दौरान शाह पार्टी की प्रगति की अनौपचारिक समीक्षा के अलावा तमिलनाडु में गठबंधन की संभावना भी टटोलेंगे। बता दें कि तमिलनाडु में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, शाह का एक दिवसीय दौरा महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वह पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
जस्टिस संजीव जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त
जस्टिस संजीव कुमार को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। विधि एवं न्याय मंत्रालय ने जस्टिस कुमार की नियुक्ति को लेकर बुधवार को अधिसूचना जारी की। उनकी नियुक्ति 10 अप्रैल से प्रभावी होगी। अधिसचूना के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश ताशी रबस्तान बुधवार को सेवानिवृत्त हुए।
सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने चार अप्रैल को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश अरुण पल्ली को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की है। किसी हाईकोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश की सेवानिवृत्ति और नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के बीच अंतरिम व्यवस्था के रूप में एक कार्यवाहक या कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की जाती है।
पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के लिए निष्कासित भाजपा विधायक पर केस
कर्नाटक पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणी करने के लिए निष्कासित भाजपा विधायक बसनगौड़ा यतनाल पर दो समुदायों को बीच वैमनस्य पैदा करने का मामला दर्ज किया है। 7 अप्रैल को रामनवमी पर विधायक बसनगौड़ा ने कहा था कि कुछ हिंदू, मुसलमानों से भी अधिक मुसलमान होने का दिखावा करते हैं। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा था।
सबसे बड़ा इको फ्रेंडली कंटेनर शिप पहुंचा भारत
दुनिया का सबसे बड़ा इको फ्रेंडली कंटेनर शिप एमएससी तुर्किये देश के पहले सेमी ऑटोमैटिक बंदरगाह विंझिजम पर पहुंचा है। इस शिप का अदाणी समूह के तिरुवनंतपुरम में विंझिजम बंदरगाह पर स्वागत किया गया। ऐसा पहली बार है जब इतना बड़ा जहाज दक्षिण एशिया के किसी बंदरगाह पर पहुंचा है।
इसे भारत के शिपिंग और लॉजिस्टिक्स के लिए एक मील का पत्थर माना जा रहा है। इस जहाज की लंबाई 399.9 मीटर, चौड़ाई 61.3 मीटर और गहराई 33.5 मीटर है। यह एक साथ 24,346 कंटेनर ले जा सकता है।
नाबालिग छात्रा के यौन शोषण के दोषी मौलाना को 187 साल जेल की सजा
केरल के कन्नूर में नाबालिग छात्रा का यौन शोषण करने के लिए मदरसा शिक्षक को 187 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। मंगलवार को तलिपरम्बा पॉक्सो कोर्ट ने यह फैसला सुनाया।
आरोपी मदरसा शिक्षक का नाम मोहम्मद रफी (41) है। रफी ने कोविड के दौरान 16 साल की छात्रा का दो साल से अधिक समय तक यौन शोषण किया। जज आर राजेश ने रफी को पॉक्सो एक्ट और आईपीसी की धाराओं के तहत दोषी पाया। उस पर 9 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने कहा कि ऐसे अपराधी समाज में रहने लायक नहीं। सरकारी वकील शेरिमोल जोस ने बताया कि अदालत ने मौलाना मोहम्मद रफी को अलग-अलग अपराधों के लिए अलग-अलग सजा सुनाई है। दोषी रफी ने अपनी पिछली सजा के दौरान जमानत पर बाहर रहते हुए इस नए अपराध को अंजाम दिया।
संसद में तमिल भाषा की आवाज बुलंद करने वाले अनंतन नहीं रहे
संसद में तमिल भाषा के इस्तेमाल की वकालत करने वाले कांग्रेस के दिग्गज नेता तिरु कुमारी अनंतन (93) का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। अनंतन वरिष्ठ भाजपा नेता और तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन के पिता थे। उनके परिवार में अब एक बेटा और चार बेटियां हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता के निधन पर दुख जताया। कहा, तिरु कुमारी अनंतन को समाज के प्रति उनकी उल्लेखनीय सेवा और तमिलनाडु की प्रगति के प्रति जुनून के लिए याद किया जाएगा।
जबरन वसूली के आरोप में दो उग्रवादी सहित तीन गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व और कंगपोकपी जिलों से जबरन वसूली में संलिप्त दो उग्रवादियों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के लोइटांग खुलेन क्षेत्र से प्रतिबंधित केसीपी (पीजीडब्ल्यू) और इंफाल पूर्व जिले के सगोलमंग बाजार से प्रतिबंधित संगठन पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक-एक कैडर को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने मंगलवार को ही कंगपोकपी जिले के खामेनलोक से एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया। ये तीनों ट्रक ड्राइवरों से पैसे उगाही कर करते थे।
अनाथ बच्चों के घर गोलीबारी लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
इंफाल पश्चिम जिले के सगोलबंद क्षेत्र में अनाथ बच्चों के घर पर अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की। इसके विरोध में बुधवार को स्थानीय लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां पकड़कर गोलीबारी की निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के मुताबिक, करीब दो बदमाशों ने रात करीब 1:40 बजे गोलियां चलाईं। गोलीबारी की गई। गोलीबारी के कारण का पता अभी तक नहीं चल पाया है।
एनसीपी (शरद) के विधायक रोहित पवार ने गुरुवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के शिरडी में भीख मांगने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 51 लोगों में से चार की अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने मौतों की गहन जांच की मांग की। साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। रोहित पवार ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि शिरडी में भीख मांगने के आरोप में 51 लोगों को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उनमें से कुछ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और चार की मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि इन मरीजों को पानी न देने और उन्हें एक कमरे में बंद रखने जैसे कई अमानवीय कृत्य सामने आ रहे हैं। सरकार को तुरंत इस मामले की गहन जांच करानी चाहिए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
संजय सेठ ने कामजोंग में जिला अस्पताल और मिनी सचिवालय का निरीक्षण किया
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बृहस्पतिवार को मणिपुर के कामजोंग जिले का दौरा किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने जिला अस्पताल, नवनिर्मित मिनी सचिवालय, एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, शिक्षकों और छात्रों से बातचीत की। सेठ ने अपने दौरे की जानकारी एक्स पर पोस्ट कर दी। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट और एसपी के साथ नवनिर्मित मिनी सचिवालय भवनों, सुरक्षा बैरकों और आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया। जिसके बाद, सेठ ने कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को गति देने में इन अधिकारियों की भूमिका सराहनीय है।
फिर गुजरात का दौरा करेंगे राहुल गांधी, बूथ स्तर पर पार्टी को देंगे मजबूती
कांग्रेस ने गुजरात के अहमदाबाद अधिवेशन से 2017 के बाद सियासी मैदान में वापसी की रूपरेखा तैयार कर ली है। हालांकि, पार्टी के सामने अभी भी भितरघात और गुटबाजी की समस्या यथावत है। इससे निपटने का जिम्मा राहुल गांधी ने स्वयं उठाया है और वह इसके लिए अप्रैल के तीसरे सप्ताह फिर से गुजरात दौरे की तैयारी में हैं। यहां इस बार वे जिलाध्यक्षों से बैठक कर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। सफल अधिवेशन ने कांग्रेस को एक नई ऊर्जा दी ही। मिशन गुजरात को लेकर पार्टी ने अधिवेशन में प्रस्ताव पारित कर त्रिसूत्रीय फार्मूला तय किया है। इसके लिए स्थानीय नेतृत्व को छूट दी गई है कि वह संगठन की मजबूती के लिए काम करे। इसके अलावा कांग्रेस ने आजादी के बाद से सूती उद्योग की स्थापना व एशियाई शेर के संवर्धन समेत गुजरात के विकास के लिए किए कार्यों का प्रचार, भाजपा शासन की कमियां, गुजरात में अटका पड़ा मेट्रो और बुलेट ट्रेन का काम, उद्योगों की बदहाल स्थिति के मुद्दों जोर-शोर से उठाने का संकल्प लिया है। राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। उसके पहले कांग्रेस गुजरात में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए, रणनीति का एलान कांग्रेस ने 8 अप्रैल और 9 अप्रैल को अहमदाबाद में 64 साल बाद हुए पार्टी के 86 वे राष्ट्रीय अधिवेशन में कर दिया है।
तमिलनाडु अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने आमंत्रित किए आवेदन
भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु राज्य अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी ने एक बयान जारी कर इस पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। तमिलनाडु भाजपा के उपाध्यक्ष और राज्य चुनाव अधिकारी एम. चक्रवर्ती ने बृहस्पतिवार को बयान जारी कर पार्टी नेताओं से शुक्रवार को पद के लिए नामांकन जमा करने को कहा। बयान में कहा गया कि जो लोग राज्य अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे राज्य पार्टी की वेबसाइट से इच्छा पत्र डाउनलोड कर, उसे भरकर शुक्रवार दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चेन्नई के कमलालयम स्थित राज्य भाजपा मुख्यालय में जमा करें। उम्मीदवार को कम से कम 10 साल तक भाजपा का सदस्य होना चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय सामान्य समिति के सदस्य पद के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं। वर्तमान भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह इस बार राज्य इकाई के प्रमुख बनने की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा, तमिलनाडु भाजपा में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है; हम सर्वसम्मति से नेता चुनेंगे। पार्टी नियमों के अनुसार अन्नामलाई का कार्यकाल कुछ महीने पहले खत्म हो चुका है, और वे अगले अध्यक्ष के चयन तक पद पर बने हुए हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नोएडा के रियल्टी समूह के ठिकानों पर ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा में एक मॉल और कुछ अन्य ठिकानों पर छापे मारे। ये छापे नोएडा स्थित एक ‘रियल्टी समूह’ के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत मारे गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया, इस समूह पर घर खरीदारों से करीब 40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘भसीन इन्फोटेक एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड’, इसके निदेशक और प्रवर्तक सतिंदर सिंह भसीन और कुछ अन्य के खिलाफ की गई। ईडी के अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा में ‘ग्रांड वेनिस मॉल’ सहित नोएडा, दिल्ली और गोवा में कुछ परिसरों में धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तलाशी ली। ईडी की यह जांच कंपनी और उसके प्रमोटरों के खिलाफ घर खरीदारों की ओर से दर्ज कराई गई लगभग 40 प्राथमिकियों से जुड़ी है।
कोलकाता: वक्फ अधिनियम के खिलाफ जमीयत-ए-उलमा हिंद का प्रदर्शन
वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ बृहस्पतिवार को कोलकाता के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली निकाली गई। पश्चिम बंगाल के मंत्री और जमीयत-ए-उलमा हिंद के प्रदेश अध्यक्ष सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने घोषणा की कि वह वक्फ कानून को निरस्त करने की मांग करते है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक करोड़ हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपेंगे। जमीयत की राज्य इकाई की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और ईसाइयों और सिखों ने भी इसमें भाग लिया। चौधरी ने सभा को बताया, 2014 में सरकार बनाने के बाद, भाजपा ने 1,159 अधिनियमों को निरस्त कर दिया। इसलिए, वक्फ (संशोधन) अधिनियम को निरस्त करना पूरी तरह से संभव है। उन्होंने कहा कि हम जिले-दर-जिले, शहर-दर-शहर जाएंगे और हस्ताक्षर एकत्र करेंगे और उन्हें पीएम मोदी को सौंपेंगे।
मेघालय में फर्जी आधार कार्ड के साथ पांच बांग्लादेशी घुसपैठिये गिरफ्तार
मेघालय के रि-भोई जिले में पांच बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी बिना वैध दस्तावेज के यहां घूम रहे थे और गुवाहाटी के रास्ते बंगलूरू जाने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके पास से फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि ये गिरफ्तारियां बुधवार शाम को एनएच-6 पर चेकिंग के दौरान की गईं। जिस वाहन से घुसपैठिये गुवाहाटी जा रहे थे, उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार बांग्लादेशियों की पहचान भोला जिले के साहिन अख्तर और मोजिबोर रहमान और मैमनसिंग के प्रशांतो दास, मामादुर रहमान और उसकी पत्नी सुमा अख्तर के रूप में हुई। गिरफ्तार चालक मुकद्दस अली असम के कामरूप मेट्रो जिले का निवासी है। उन्होंने बताया कि ये बांग्लादेशी पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा थाना क्षेत्र के चेरागांव के रास्ते भारत में दाखिल हुए। पूछताछ में पता चला कि इन घुसपैठियों ने एक बांग्लादेशी दलाल को 16-16हजार रुपये दिए, जिसने इन्हें बंगलूरू तक की यात्रा का इंतजाम करने का वादा किया था।
लंदन का इंपीरियल कॉलेज बंगलूरू में खोलेगा सेंटर: अध्यक्ष ह्यूग ब्रैडी
लंदन का इंपीरियल कॉलेज भारत और ब्रिटेन के बीच वैज्ञानिक, शिक्षा और नवाचार साझेदारी को मजबूत करने के लिए बंगलूरू में अपना केंद्र स्थापित करेगा। कॉलेज के अध्यक्ष ह्यूग ब्रैडी ने कहा कि 'इंपीरियल ग्लोबल इंडिया' नामक सेंटर को संपर्क कार्यालय के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके जरिये भारत में अग्रणी विश्वविद्यालयों और संस्थानों के बीच नई शोध साझेदारी को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उद्योग और नीति निर्माताओं के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने और भारत और ब्रिटेन के बीच नवाचार में अधिक सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करने का भी कार्य करेगा। ब्रैडी ने कहा कि सिंगापुर, अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को और घाना के बाद बंगलूरू इंपीरियल ग्लोबल नेटवर्क हब की स्थापना एक अहम पड़ाव है।
नौकरी जाने और पुलिस कार्रवाई के विरोध में शिक्षकों ने शुरू की भूख हड़ताल
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों ने गुरुवार से भूख हड़ताल शुरू की। शिक्षकों और कर्मचारियों ने दक्षिण कोलकाता में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआई) कार्यालय में अपने साथियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया। पश्चिम बंगाल विद्यालय सेवा आयोग (एसएससी) कार्यालय के बाहर शिक्षकों ने कहा कि उन्होंने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की है। वे जल्द ही इस मुद्दे पर विरोध जताने के लिए आगे का कार्यक्रम तय करेंगे। वहीं पुलिस कार्रवाई के विरोध में शिक्षकों ने एसएससी कार्यालय भवन आचार्य सदन के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि डीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान उन पर लाठीचार्ज किया गया तथा पुलिस कर्मियों ने उन्हें लात-घूसों से पीटा।
गुजरात के सूरत में एक हीरा इकाई में दूषित पानी पीने के संदेह में 110 श्रमिकों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। श्रमिकों ने परिसर में लगे कूलर से पानी पिया था, जिसमें कीटनाशक मिले होने का संदेह था। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आलोक कुमार ने बताया कि कपोद्रा इलाके में मिलेनियम कॉम्प्लेक्स स्थित अनभ जेम्स के श्रमिकों को एहतियात के तौर पर मेडिकल जांच के लिए यूनिट मालिक की तरफ से दो अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। श्रमिकों में से किसी को भी जहर से संबंधित कोई बीमारी नहीं है, लेकिन उन्हें अस्पतालों में निगरानी में रखा गया है। कुमार ने बताया कि कीटनाशक से भरा एक फटा हुआ प्लास्टिक बैग कूलर के पानी में मिला था। हालांकि, प्लास्टिक बैग कागज के जिस बैग में रखा था वह सही था। चूंकि यह एक कागज का थैला था, इसलिए आशंका जताई गई कि कुछ मात्रा में कीटनाशक पानी में गया होगा, जिसे श्रमिकों ने पी लिया। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।