फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates Today North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Update: उपग्रह ASSAMSAT को लेकर CM सरमा ने ISRO प्रमुख से की मुलाकात; एक परिवार के तीन लोगों ने की आत्महत्या

Mon, 07 Apr 2025 02:59 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Mon, 07 Apr 2025 02:59 PM IST
विज्ञापन
News Updates Today North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी नारायणन से मुलाकात की और राज्य के अपने उपग्रह को लॉन्च करने के लिए उनके दृष्टिकोण पर चर्चा की।मुख्यमंत्री ने इस दौरान ASSAMSAT नामक उपग्रह बनाने का प्रस्ताव रखा, जो खासकर कृषि, आपदा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे के विकास, सीमा प्रबंधन और पुलिस संचालन के लिए डेटा प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपग्रह सामाजिक-आर्थिक परियोजनाओं के कार्यान्वयन में मदद करेगा और इन क्षेत्रों में सेवाओं का निरंतर डेटा प्रवाह सुनिश्चित करेगा।

इसरो अध्यक्ष ने सीएम को दिया आश्वसन
इस बैठक में, इसरो अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि उनका संगठन इस महत्वाकांक्षी योजना को साकार करने में पूरी सहायता प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने ISRO के कार्यों की सराहना करते हुए इसके वैज्ञानिकों को भारतीयों के लिए प्रेरणा बताया। यह पहल असम सरकार के IN-SPACe (भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र) के सहयोग से की जाएगी।

विज्ञापन

 

हाथी के हमले में युवक की मौत की होगी जांच
केरल के वन मंत्री एके ससीन्द्रन ने कहा कि मुंदूर में हाथी के हमले में युवक की मौत के मामले की जांच कराई जाएगी। इसमें देखा जाएगा कि क्या वन अधिकारियों की ओर से कोई चूक हुई थी। ससीन्द्रन ने कहा कि यदि कोई चूक पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में निवारक उपाय पहले से ही लागू हैं, लेकिन हाथी ने सौर बाड़ को तोड़ दिया और जंगली हाथी आवासीय क्षेत्र में घुस आए। स्थिति का आकलन करने के लिए जिला कलेक्टर और वन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई तथा कलेक्टर से रिपोर्ट मांगी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

वन अधिकारियों ने उन स्थानों की पहचान कर ली है जहां हाथी फिलहाल डेरा डाले हुए हैं। क्षेत्र में और अधिक त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) तैनात किए जाएंगे। जनता की चिंताओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

एक परिवार के तीन लोगों ने दी जान
ओडिशा के गंजम जिले में कीटनाशक मिले चावल खाकर 45 वर्षीय एक महिला, उसके बेटे और बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि गंजाम थाना क्षेत्र के पालीबांधा गांव में मृतकों की पहचान एस मामा रेड्डी (45), उनके बेटे राकेश (21) और बेटी मीना (18) के रूप में हुई है। महिला के पति एस रवींद्र कुमार रेड्डी की लगभग तीन वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घर से कीटनाशक के पैकेट जब्त किए हैं। संदेह है कि इनका इस्तेमाल चावल में किया गया था। पुलिस अधीक्षक सुवेन्दु कुमार पात्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि महिला और उसका बेटा किसी बात पर अक्सर झगड़ते रहते थे। ग्रामीणों ने तीनों व्यक्तियों को छत्रपुर उप-मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की रात में ही मौत हो गई, जबकि बेटी की सोमवार सुबह मौत हो गई।
 

भारत-यूएस ने संयुक्त सैन्य अभ्यास 'टाइगर ट्रायम्फ' में लिया भाग
भारत और अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'टाइगर ट्रायम्फ 2025' का समापन हो गया। 2 से 4 अप्रैल तक दुव्वाडा फायरिंग रेंज में आयोजित इस सैन्य अभ्यास का मकसद दोनों सेनाओं के बीच तालमेल, युद्ध रणनीति, मानवीय सहायता परिदृश्यों में अंतर-संचालन, सामरिक समन्वय और परिचालन तैयारियों को बढ़ाना था। प्रशिक्षण का एक मुख्य आकर्षण रियर एडमिरल ग्रेग न्यूकिर्क, यूएसएन की भागीदारी थी, जिन्होंने 8 गोरखा राइफल्स इन्फैंट्री बटालियन समूह के कमांडिंग ऑफिसर के साथ लाइव-फायरिंग अभ्यास और जंगल लेन शूटिंग अभ्यास में भाग लिया। इस अभ्यास में मुख्यालय पूर्वी नौसेना कमान और मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ (आईडीएस) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया, जिससे द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के लिए उच्च स्तरीय प्रतिबद्धता को और मजबूती मिली।

मिजोरम: हथियार और विस्फोटक बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार
असम राइफल्स ने रविवार को मिजोरम के सैहा जिले में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। असम राइफल्स ने 122 डेटोनेटर, 94 जिलेटिन छड़ें, आठ मीटर सेफ्टी फ्यूज, एक 12 बोर राइफल और गोला-बारूद बरामद किया।

आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि छह अप्रैल को एक अभियान के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद हथियारों को मिजोरम पुलिस को सौंप दिया गया । इससे पूर्व 2 अप्रैल को असम राइफल्स ने मिजोरम के लॉन्गतलाई जिले में 12.54 करोड़ रुपये की 42,000 मेथमफेटामाइन गोलियां बरामद कीं। 31 मार्च को मिजोरम के चंफाई जिले में एक संयुक्त अभियान में 39 लाख रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन बरामद की गई। 
 

डब्ल्यूटीओ समझौतों से भारत को भारी नुकसान, बाहर निकलने पर हो विचार : एसजेएम
स्वदेशी जागरण मंच (एसजेएम) ने कहा कि अमेरिका के जवाबी टैरिफ लगाए जाने के साथ भारत को अपनी अंतरराष्ट्रीय व्यापार रणनीति नए सिरे से तय करनी चाहिए। इससे कई क्षेत्रों को लाभ हो सकता है। साथ ही, विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में ट्रिप्स और ट्रिम्स जैसे शोषणकारी समझौतों से बाहर निकलने पर विचार करना चाहिए।

एसजेएम ने रविवार को कहा, बौद्धिक संपदा अधिकारों के व्यापार से जुड़े पहलुओं (ट्रिप्स) पर समझौते से भारत को रॉयल्टी खर्च में भारी नुकसान हुआ है। इसका सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। भारत का रॉयल्टी खर्च 1990 के दशक में एक अरब डॉलर से कम था, जो अब सालाना 17 अरब डॉलर से अधिक हो गया है।

संगठन के राष्ट्रीय सह-संयोजक अश्विनी महाजन ने कहा, ट्रंप प्रशासन की ओर से एकतरफा टैरिफ डब्ल्यूटीओ के नियमों का पूर्ण उल्लंघन है। यह साबित हो चुका है कि डब्ल्यूटीओ जैसे बहुपक्षीय समझौते भारत जैसे विकासशील देशों के लिए अच्छे नहीं हैं। द्विपक्षीय समझौते भारत के लिए सबसे उपयुक्त हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में रखी राममंदिर की आधारशिला
प. बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को रामनवमी के अवसर पर पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में राममंदिर की आधारशिला रखी। यह क्षेत्र 2007 में तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व में हुए भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के लिए चर्चित रहा है। सोनाचुरा गांव में आयोजित कार्यक्रम  में अधिकारी ने जय श्री राम के जयघोष के बीच मंदिर का शिलान्यास किया।  

अनुमति नहीं फिर भी एबीवीपी ने जादवपुर विवि में मनाई रामनवमी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने रविवार को जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में रामनवमी उत्सव का आयोजन किया। हालांकि, प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी गई थी। छात्रों ने अस्थायी मंच पर भगवान राम की मिट्टी की मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पिछले साल राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान एबीवीपी व वामपंथी छात्रों में झड़पों के मद्देनजर विवि प्रशासन ने आयोजन की अनुमति नहीं दी थी।  

पूर्वोत्तर की विशेष यात्रा के लिए 22 से शुरू होगी भारत गौरव डीलक्स ट्रेन
पूर्वोत्तर की विशेष यात्रा के लिए आईआरसीटीसी ने ‘भारत गौरव डीलक्स' एसी ट्रेन के कार्यक्रम की घोषणा की कर दी है। यह ट्रेन 22 अप्रैल से दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह 14 रात और 15 दिन की यात्रा 5 पूर्वोत्तर राज्यों (असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय) को कवर करेगी। इस विशेष ट्रेन यात्रा में कुल 156 पर्यटक सफर कर सकेंगे। मॉडर्न डीलक्स एसी ट्रेन में 5,800 किमी लंबी यात्रा का किराया एसी फर्स्ट (कूपे) के लिए 1,67,845 प्रति व्यक्ति, एसी फर्स्ट (केबिन) के लिए 1,49,815, एसी सेकंड के लिए 1,29,915 और एसी थर्ड के लिए 1,16,905 तय किया गया है। इस टूर पैकेज में ट्रेन यात्रा, एसी होटलों में रात्रि विश्राम, ट्रैवल इंश्योरेंस, गाइड व अन्य सेवाएं शामिल हैं।  

 

मनी लॉन्ड्रिंग में कर्नाटक भोवी विकास निगम के पूर्व जीएम गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कर्नाटक भोवी विकास निगम (केबीडीसी) के पूर्व महाप्रबंधक (जीएम) बीके नागराजप्पा को गिरफ्तार किया है। मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला केबीडीसी में वित्तीय अनियमितता से जुड़ा है, जिसमें ईडी ने 4 अप्रैल को विभिन्न आरोपियों के खिलाफ और बंगलूरू में वीवी टॉवर स्थित केबीडीसी के कार्यालय में तलाशी ली थी।ढईडी की तरफ से रविवार को जारी बयान में कहा गया है कि नागराप्पा को 5 अप्रैल को हिरासत में लिया गया था। उन्हें बंगलूरू में एक विशेष मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया।  


 

 

मणिपुर : रेबीज से एक की मौत के बाद न्यू जोवेंग गांव में घर-घर सर्वे
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के न्यू जोवेंग गांव में रेबीज के प्रकोप के बाद अधिकारियों ने गांव में घर-घर सर्वेक्षण किया गया। रेबीज के कई मामले सामने आने के बाद गांव को शुक्रवार को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। मणिपुर सरकार के पशु चिकित्सा विभाग की एक त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) ने गांव के लगभग 30 घरों का दौरा किया।  

बंगलूरू में युवक ने किया महिला का उत्पीड़न
बंगलूरु में सड़क पर जा रही एक महिला का अज्ञात व्यक्ति ने यौन उत्पीड़न किया। आरोपी घटना के तुरंत बाद मौके से भाग गया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।सीसीटीवी में दिखा कि बीटीएम लेआउट इलाके में एक व्यक्ति संकरी गली में दो महिलाओं के पास जाता हुआ दिखाई देता है। सड़क सुनसान है और सड़क के एक तरफ कई दोपहिया वाहन खड़े हैं। वह व्यक्ति पीछे से दो महिलाओं के पास आता है और एक महिला को छूता नजर आ रहा है। पुलिस ने कहा कि मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। अगर पीड़िता खुद आगे नहीं आती है तो वह हम औपचारिक शिकायत दर्ज कर लेंगे। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी। आगे की जांच जारी है। 

पश्चिम बंगाल SSC भर्ती मामले में बोले केंद्रीय मंत्री मजूमदार
पश्चिम बंगाल SSC भर्ती मामले पर केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने ममता सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों की नौकरी चली गई। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? ममता बनर्जी और उनका मंत्रिमंडल जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि क्या उन्होंने कभी स्वीकार किया कि उनके नेता ही भ्रष्टाचार कर रहे थे? अगर वे ईमानदार होतीं तो उन्हें भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को बाहर निकाल देना चाहिए था। मैं ममता बनर्जी से अनुरोध करता हूं कि वे बताएं कि अब उनकी क्या योजना है।

मणिपुर में भाजपा नेता का घर जलाने के बाद निषेधाज्ञा लागू
वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मणिपुर अध्यक्ष मोहम्मद असकर अली के घर में गुस्साई भीड़ ने आग लगाई। इसके बाद थौबल जिला प्रशासन ने सोमवार को पूरे लिलोंग विधानसभा क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। जिला मजिस्ट्रेट ने पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने तथा आम जनता द्वारा हथियार, तलवार, लाठी, पत्थर या अन्य घातक हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लिलोंग विधानसभा क्षेत्र और उसके आसपास का मामला बहुत संवेदनशील है तथा आगे भी अशांति की संभावना है, जिससे निर्वाचन क्षेत्र में शांति और सार्वजनिक शांति को खतरा पैदा हो सकता है।  रविवार को इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों में इस अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। 5,000 से अधिक लोगों ने रैली में भाग लिया। इससे लिलोंग में एनएच-102 पर यातायात बाधित हो गया, जबकि प्रदर्शनकारियों ने थौबल में इरोंग चेसाबा सहित कुछ क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के साथ हाथापाई की।

इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरण व विमान संशोधन किट के लिए बीईएल के साथ 2,385 करोड़ का करार
रक्षा मंत्रालय ने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड बंगलूरू के साथ लगभग 2,385 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। इस करार के तहत भारतीय वायुसेना के लिए अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर (ईडब्ल्यू) सूट और एयरक्राफ्ट मॉडिफिकेशन किट खरीदी जाएगी। एमआई-17 वी5 हेलिकॉप्टरों में उनकी स्थापना के लिए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह महत्वपूर्ण सूट प्रतिकूल वातावरण में हेलिकॉप्टरों की परिचालन क्षमता को काफी हद तक बढ़ाएगा। खरीद (भारतीय-स्वदेशी रूप से डिजाइन, विकसित और निर्मित) श्रेणी के अंतर्गत अनुबंध पर नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। मंत्रालय ने कहा कि अधिकांश सब-असेंबली और पुर्जे स्वदेशी निर्माताओं से प्राप्त किए जाएंगे। यह परियोजना एमएसएमई समेत भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स और संबद्ध उद्योगों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देगी और प्रोत्साहित करेगी। एमआई-17 वी5 स्वदेशी ईडब्ल्यू क्षमताओं को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण छलांग है। यह देश को मेक-इन-इंडिया पहल के अनुरूप आत्मनिर्भर बनाता है।

पीएम मोदी नवकार महामंत्र समारोह में लेंगे भाग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 अप्रैल को सुबह करीब 8 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली में नवकार महामंत्र दिवस समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस बारे में जानकारी दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed