Updates: अगले हफ्ते ब्राजील दौरे पर जा सकते हैं पीएम मोदी; केरल के पूर्व CM वीएस अच्युतानंदन की हालत गंभीर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते पांच देशों की विदेश यात्रा पर जा सकते हैं। इस यात्रा के दौरान वे ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में 6 और 7 जुलाई को होने वाले ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके साथ ही वे घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, अर्जेंटीना और नामीबिया का भी दौरा करेंगे। हालांकि सरकार की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
ब्रिक्स समिट का मुख्य फोकस
ब्रिक्स समूह में अब 11 बड़े उभरते देश शामिल हैं, जिनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के साथ 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और यूएई और 2025 में इंडोनेशिया जुड़ चुके हैं। यह समूह दुनिया की लगभग 49.5% आबादी, 40% वैश्विक जीडीपी और 26% व्यापार का प्रतिनिधित्व करता है। इस बार ब्राजील की अध्यक्षता में शिखर सम्मेलन का थीम है: समावेशी और टिकाऊ वैश्विक शासन के लिए ग्लोबल साउथ सहयोग को मजबूत बनाना। शिखर सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन के वित्तपोषण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) गवर्नेंस पर दो उच्च-स्तरीय घोषणाएं होने की संभावना है।
केरल के पूर्व CM वीएस अच्युतानंदन की हालत गंभीर
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें कुछ दिन पहले दिल का दौरा पड़ा था। चिकित्सकों ने बताया कि विशेषज्ञों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन के अनुसार डॉक्टर उनकी सांस लेने, रक्तचाप और गुर्दे के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए जीवन रक्षक उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं। अच्युतानंदन हाल के वर्षों में उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और अधिकतर समय सार्वजनिक जीवन से दूर रहे हैं।
इंदिरा गांधी के खिलाफ पोस्ट करने पर एफआईआर
कर्नाटक में इंदिरा गांधी पर एक्स पोस्ट को लेकर कर्नाटक भाजपा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि एफआईआर कुछ शिकायतों के आधार पर या स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज की जाती है, अगर कुछ चीजें लोगों में दुश्मनी पैदा करती हैं। इस मामले में अगर कोई उस नेता को बदनाम करने की कोशिश करता है जिसने कई वर्षों तक देश की सेवा की और उस दौरान सकारात्मक विकास पर विचार किया, तो स्वाभाविक रूप से, कुछ लोग आपत्ति करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ता हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार हत्या मामले में अरुण डे नामक एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कार और लॉरी की टक्कर में पुलिसकर्मियों की मौत
तेलंगाना के सूर्यपेट में एनएच-65 पर दुर्गापुरम एक्स रोड पर सुबह करीब 4:30 बजे एक कार और लॉरी में टक्कर हो गई। हादसे में सब-इंस्पेक्टर अशोक, कांस्टेबल अरमुन बेन्सिन की मौके पर ही मौत हो गई। हेड कांस्टेबल सुब्रमण्यम स्वामी और रमेश नामक एक निजी ड्राइवर घायल हो गए। दुर्घटना के समय पुलिस कर्मी रावुलापलेम (आंध्र प्रदेश) से जांच के लिए हैदराबाद जा रहे थे। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
जमशेदपुर के होटल में मृत पाया गया व्यवसायी
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में बुधवार को चतरा जिले का 40 वर्षीय व्यवसायी मृत मिला। सुबोध सिंह अपने साथी और ड्राइवर के साथ मंगलवार रात को होटल में दाखिल हुए थे। जब साथी ने सुबोध को जगाने की कोशिश की तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
उसे टाटा मेन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हम मौत के कारण की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, सभी दृष्टिकोण से जांच चल रही है। अधिकारी ने कहा, हम मृतक के साथी और ड्राइवर से पूछताछ कर रहे हैं। पीड़ित के परिवार के सदस्यों ने गड़बड़ी की आशंका जताई और गहन जांच की मांग की है।
उत्तरी गोवा में केंद्रीय जेल के परिसर में गांजा फेंके जाने के आरोप में एक नाबालिग समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक (उत्तर) राहुल गुप्ता ने बताया कि कोलवले इलाके में स्थित जेल के सुरक्षा गार्डों को मंगलवार को जेल में सात गेंदें मिलीं। इनमें 1.397 ग्राम प्रतिबंधित पदार्थ था। इसकी कीमत 1.4 लाख रुपये है। ये गेंदें दो निगरानी टावरों के बीच गलियारे में पड़ी हुई पाई गईं। जांच में पता है कि एक नाबालिग लड़के सहित चार लोगों ने मंगलवार तड़के जेल परिसर की दीवार के बाहर से गांजे की गोलियां फेंकी थीं। पुलिस ने उत्तरी गोवा के मापुसा शहर से गौतम तलवार, सैमुअल पुजारी और जाफर मुल्ला को गिरफ्तार किया है तथा किशोर को भी हिरासत में लिया है।
मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार बरामद
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को मंगलवार को बिष्णुपुर जिले के लोकतक झील में तैरती झोपड़ियों में से एक से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक नौ एमएम पिस्तौल और गोलाबारूद बरामद किया गया। झील पर तैरती झोपड़ियों का इस्तेमाल आतंकवादियों द्वारा अस्थायी शिविर और छिपने के स्थान के रूप में किया जाता था। वहीं नाचौ अवांग लेइकाई क्षेत्र से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को भी इंफाल पूर्वी जिले में सोइबाम लेइकाई स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो 9 एमएम पिस्तौल और गोला-बारूद भी बरामद किया गया।
हैदराबाद में आईएसबी के प्रोफेसर निखिल मदान ने की आत्महत्या
हैदराबाद स्थित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) के प्रोफेसर निखिल मदान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। दिल्ली के रहने वाले 37 वर्षीय प्रोफेसर ने मंगलवार रात संस्थान परिसर में अपने आवासीय भवन की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार मृतक अवसाद की दवा ले रहा था। घटना के बाद उनकी पत्नी बेहोश हो गई। पुलिस ने बताया कि शव परिजनों को सौंप कर आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
वन क्षेत्र में फंसे नवनिर्वाचित विधायक आर्यादन शौकत, तीन घंटे बाद सुरक्षित रेस्क्यू
कांग्रेस नेता और नवनिर्वाचित विधायक आर्यादन शौकत गुरुवार को केरल के वनीयमपुझा के जंगलों में लगभग तीन घंटे तक फंसे रहे। वह एक डिंगी नाव (छोटी मोटरबोट) में सवार थे, जिसका इंजन रास्ते में खराब हो गया। शौकत निलांबूर उपचुनाव जीतकर केरल विधानसभा में चुने गए हैं और शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में शपथ लेंगे।
गुरुवार को वह जंगली हाथी के हमले में मारे गए एक आदिवासी व्यक्ति 'बिल्ली' के शव के साथ जंगल में गए थे। यह हादसा मुंदेरी जंगल में एक दिन पहले हुआ था। शव का पोस्टमॉर्टम मंजेरी मेडिकल कॉलेज में हुआ, जिसके बाद दोपहर 2 बजे एनडीआरएफ और फायर फोर्स की मदद से शव को चालियार नदी पार कर वनीयमपुझा ले जाया गया। लेकिन लौटते समय भारी बारिश के कारण उफनाई नदी में नाव का इंजन खराब हो गया, जिससे शौकत और अन्य अधिकारी नदी के उस पार जंगल में फंस गए।
ओडिशा में 70 लाख के धोखाधड़ी के आरोप में बैंक क्लर्क गिरफ्तार
गुरुवार को ओडिशा के गंजाम जिले के डिजापहांडी में एक बैंक क्लर्क को करीब 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले 5-6 महीनों में ग्राहकों के खातों से पैसे निकालकर उन्हें अन्य संदिग्ध खातों में ट्रांसफर कर रहा था, जिसकी जानकारी खुद ग्राहकों को भी नहीं थी।
डिजापहांडी थाने में बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। धोखाधड़ी का खुलासा बैंक की आंतरिक ऑडिट के दौरान हुआ, जिसके बाद कई ग्राहकों ने भी अपने खाते से बिना जानकारी पैसे कटने की शिकायत की। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पात्र ने बताया कि आरोपी पिछले साल जुलाई में इस शाखा में नियुक्त हुआ था और ब्रांच मैनेजर की अनुपस्थिति में असिस्टेंट मैनेजर का कार्य भी देखता था। उन्होंने कहा कि असल में कितने ग्राहकों को नुकसान हुआ है और कितनी रकम की हेराफेरी हुई है, यह पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
एयर इंडिया की फ्लाइट में मेडिकल इमरजेंसी, कोलकाता लौटानी पड़ी उड़ान
गुरुवार को एयर इंडिया की वैंकूवर-कोलकाता-दिल्ली उड़ान (AI 186) को कोलकाता से उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद मेडिकल इमरजेंसी के कारण वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट में 162 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। एयर इंडिया के अनुसार, यह फ्लाइट वैंकूवर से आई थी और पाकिस्तानी एयरस्पेस बंद होने के चलते कोलकाता में एक "तकनीकी ठहराव" के लिए रुकी थी। शाम 6.20 बजे कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना होने के करीब 25 मिनट बाद एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद पायलट ने एहतियातन विमान को वापस कोलकाता लौटाया, जहां यह शाम 7 बजे के आसपास लैंड हुआ।
इसरो के पूर्व प्रमुख एस. सोमनाथ बने स्काईरूट एयरोस्पेस के मानद तकनीकी सलाहकार
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ अब भारत की प्रमुख निजी रॉकेट निर्माण कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के मानद मुख्य तकनीकी सलाहकार बन गए हैं। यह जानकारी कंपनी ने गुरुवार को एक बयान में दी। बता दें कि एस. सोमनाथ अब स्काईरूट को तकनीकी सलाह देंगे, खासकर उस वक्त जब कंपनी अपनी अगली बड़ी लॉन्चिंग की तैयारी में जुटी है – यानी विक्रम-1 रॉकेट का प्रक्षेपण। यह रॉकेट भारत का पहला निजी रूप से विकसित उपग्रह प्रक्षेपण यान है, जो पृथ्वी की कक्षा में सैटेलाइट पहुंचाने में सक्षम है।