Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Cyclone Akvan Impact: Indian Navy Reschedules Sea Vigil-2026 Maritime Security Exercise to November 25-26

समुद्री सुरक्षा: चक्रवात अक्वान के कारण बदली नौसेना के बड़े अभ्यास की तारीख, कब होगा सी विजिल-2026 का आयोजन?

Tue, 17 Nov 2026 06:36 AM IST
एन अर्जुन अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता।
अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता। Published by: एन अर्जुन Updated Tue, 17 Nov 2026 06:36 AM IST
सार

भारतीय नौसेना के देशव्यापी समुद्री सुरक्षा अभ्यास ‘सी विजिल-2026’ पर चक्रवात अक्वान का असर पड़ा है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के खतरे को देखते हुए समुद्री चरण की तारीख बदलकर 25 और 26 नवंबर कर दी गई है। हालांकि, बीएसएफ और एनएसजी के साथ संयुक्त अभ्यास पहले से तय तारीख पर होंगे। आखिर इस अभ्यास में देश की समुद्री सुरक्षा कैसे परखी जाएगी? क्या काल्पनिक हमलों से सुरक्षा की कमजोरियां सामने आएंगी? आइए, विस्तार से पूरे मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
Cyclone Akvan Impact: Indian Navy Reschedules Sea Vigil-2026 Maritime Security Exercise to November 25-26
चक्रवात अक्वान के कारण बदली नौसेना के अभ्यास की तारीख - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

देश की समुद्री और तटीय सुरक्षा को परखने के लिए भारतीय नौसेना की ओर से आयोजित होने वाले बड़े अभ्यास ‘सी विजिल-2026’ पर चक्रवात अक्वान का असर पड़ा है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में चक्रवात के प्रभाव और उसके उत्तर आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने के पूर्वानुमान को देखते हुए नौसेना ने अभ्यास के समुद्री चरण की तारीख बदल दी है। पहले यह अभ्यास 18 और 19 नवंबर को होना था, लेकिन अब 25 और 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के समुद्री इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

विज्ञापन


क्यों बदली गई समुद्री अभ्यास की तारीख?
नौसेना के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अक्वान के प्रभाव को देखते हुए समुद्री चरण की तारीख आगे बढ़ाई गई है। हालांकि, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के साथ होने वाले संयुक्त अभ्यास में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बीएसएफ के साथ 18 नवंबर और एनएसजी के साथ 19 नवंबर को पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार मॉक ड्रिल होगी। यानी चक्रवात के कारण केवल समुद्री चरण की तारीख बदली गई है।
विज्ञापन


कौन-कौन सी एजेंसियां होंगी अभ्यास में शामिल?
कोलकाता के हेस्टिंग्स स्थित नौसेना प्रतिष्ठान नेताजी सुभाष में आयोजित मीडिया वार्ता में कमोडोर अजय यादव ने अभ्यास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसमें नौसेना, तटरक्षक बल, थल सेना, वायु सेना, बीएसएफ, समुद्री पुलिस, एनएसजी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सीमा शुल्क विभाग और नागरिक एजेंसियां हिस्सा लेंगी। इन सभी का उद्देश्य किसी भी समुद्री खतरे के समय मिलकर और तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता को परखना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


देश की कितनी लंबी तटरेखा की होगी सुरक्षा जांच?
‘सी विजिल-2026’ के तहत भारत की करीब 11,098 किलोमीटर लंबी तटरेखा और लगभग 24 लाख वर्ग किलोमीटर के विशेष आर्थिक क्षेत्र की सुरक्षा तैयारियों का परीक्षण होगा। इसमें प्रमुख बंदरगाहों, तेल प्रतिष्ठानों, समुद्र में बने तेल मंचों, एकल-बिंदु नौबंध और तटीय आबादी की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नौसेना के जहाजों और विमानों की मदद से समुद्र में निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और संभावित खतरों से निपटने की क्षमता जांची जाएगी।

काल्पनिक हमले से कैसे परखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था?
अभ्यास में रेड फोर्स नाम की टीम संवेदनशील प्रतिष्ठानों और तटीय ठिकानों पर काल्पनिक हमले की स्थिति तैयार करेगी। इसके जरिए जांचा जाएगा कि समुद्र के रास्ते घुसपैठ या आतंकी हमले की आशंका होने पर सुरक्षा एजेंसियां कितनी जल्दी कार्रवाई करती हैं। इसके लिए कोलकाता स्थित नौसेना केंद्र में संयुक्त समन्वय केंद्र बनाया गया है। यहां सभी एजेंसियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान और कार्रवाई का तालमेल सुनिश्चित किया जाएगा।

26/11 हमले के बाद क्यों शुरू हुआ यह अभ्यास?
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के बाद देश की तटीय सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई थी। इसी के तहत वर्ष 2019 में ‘सी विजिल’ अभ्यास शुरू किया गया। समुद्री सुरक्षा की व्यापक जिम्मेदारी नौसेना की है, जबकि प्रादेशिक जलक्षेत्र में तटीय सुरक्षा की जिम्मेदारी तटरक्षक बल निभाता है। इस अभ्यास का मकसद दोनों के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाना और सुरक्षा की कमियों को पहचानना है।


मछुआरों और आम लोगों को भी क्यों जोड़ा गया?
इस अभ्यास में केवल सुरक्षा बल ही नहीं, बल्कि मछुआरों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को भी भागीदार बनाया गया है। पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से जागरूकता गतिविधियां चल रही हैं। विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटों और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों को भी जोड़ा गया है। विद्यार्थियों को प्रकाश स्तंभों का भ्रमण कराया गया है। कोलकाता में हुगली नदी पर तेज गति वाली अवरोधक नौकाओं का प्रदर्शन भी होगा। सुंदरवन और बंगाल की खाड़ी की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पश्चिम बंगाल में इन गतिविधियों का विशेष महत्व है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed