फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news-updates-north-east-west-south-india-elections-2026-politics-crime-national-news-in-hindi

News Updates: बंगाल में बच्ची से दुष्कर्म व हत्या के मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार, जांच के लिए एसआईटी बनी

Mon, 06 Jul 2026 06:19 AM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Devesh Tripathi Updated Mon, 06 Jul 2026 06:19 AM IST
विज्ञापन
news-updates-north-east-west-south-india-elections-2026-politics-crime-national-news-in-hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी आनंद सरदार को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। वहीं, तीन अन्य लोगों को आरोपियों को शरण देने के मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही एहतियातन कई क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले की जांच के लिए छह सदस्यों का विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया गया है। मामले में सामूहिक दुष्कर्म तथा पॉक्सो की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी आनंद सरदार की गिरफ्तारी बारुईपुर के बाजार से दोपहर में चलाए गए तलाशी अभियान में की गई। वहीं, मामले में एक आरोपी को रविवार रात और दूसरे को सोमवार सुबह गिरफ्तार किया गया। प्रशासन ने क्षेत्र में तनाव को देखते हुए दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर इलाकों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
विज्ञापन


हब्बे टेरोन बने असम विधानसभा के उपाध्यक्ष
सोमवार को भाजपा विधायक हब्बे टेरोन को 16वीं असम विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने बताया कि टेरोन के पक्ष में तीन नामांकन थे। किसी ने उनका विरोध नहीं किया। टेरोन नवगठित अमरी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। 2023 के परिसीमन के बाद यह निर्वाचन क्षेत्र अस्तित्व में आया। उनके चुनाव के बाद, सभी राजनीतिक दलों ने उन्हें बधाई दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


धार्मिक आजादी दूसरों की आस्था को ठेस पहुंचाने का लाइसेंस नहीं : कलकत्ता हाईकोर्ट
कलकत्ता हाईकोर्ट ने अपने एक फैसले में कहा कि हर एक व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है लेकिन यह दूसरों की आस्था को ठेस पहुंचाने का लाइसेंस या बहाना नहीं हो सकता है। इसके साथ कोर्ट ने सोशल मीडिया पर अन्य धर्मों और संस्थाओं के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति की सहायक प्रोफेसर के पद पर की गई नियुक्ति को रद्द करने के कॉलेज के फैसले को सही ठहराया। यह फैसला पश्चिम बंगाल के नरेंद्रपुर स्थित रामकृष्ण मिशन कॉलेज की एक याचिका पर आया है। इसमें कॉलेज ने एकल पीठ के 4 सितंबर, 2025 के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें संस्थान को तमाल दासगुप्ता को अंग्रेजी का सहायक प्रोफेसर नियुक्त करने का निर्देश दिया था। जस्टिस देबांग्सु बसाक और जस्टिस मोहम्मद शब्बार रशीदी की डिवीजन पीठ ने माना कि उम्मीदवार के सोशल मीडिया पोस्ट से दूसरे धर्मों को मानने वालों की भावनाएं आहत हो सकती थीं। पीठ ने पाया कि दासगुप्ता ने अपने धर्म के अलावा दूसरे धर्मों के बारे में आपत्तिजनक विचार प्रकट किए थे। इस आधार पर कोर्ट ने उम्मीदवार के इस तर्क को स्वीकार नहीं किया कि कॉलेज की ओर से उन्हें नौकरी न देने के फैसले से उनके बोलने की आजादी और धर्म का पालन करने के मौलिक अधिकारों पर असर पड़ा है।

वरिष्ठ IPS अमित गर्ग बने एनसीआरबी के प्रमुख, आलोक मित्तल संभालेंगे बीपीआरएंडडी
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित गर्ग और आलोक कुमार मित्तल को सोमवार को क्रमशः राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) और पुलिस अनुसंधान व विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी) का प्रमुख नियुक्त किया गया। आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के अधिकारी अमित गर्ग फिलहाल हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) के निदेशक हैं। आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने गर्ग को 31 अक्तूबर 2027 को उनकी सेवानिवृत्ति तक एनसीआरबी का निदेशक बनाया है। वहीं, हरियाणा कैडर के उनके सहपाठी आलोक मित्तल को 30 जून 2029 को उनकी सेवानिवृत्ति तक बीपीआरएंडडी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। साथ ही उत्तर प्रदेश कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडेय 31 जुलाई 2028 को अपनी सेवानिवृत्ति तक सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के नए निदेशक होंगे।

दक्षिण गुजरात में भारी बारिश, IMD ने दी चेतावनी
सोमवार को दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। सूरत जिले के कामरेज तालुका में सुबह 6 बजे से रात 8 बजे के बीच राज्य में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार से कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, कामरेज तालुका में 154 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद सूरत शहर (122 मिलीमीटर), वलसाड में पारडी (115 मिलीमीटर), वापी (111 मिलीमीटर), नानापोंधा (110 मिलीमीटर), पाटन में राधनपुर (107 मिलीमीटर) और महीसागर जिले में खानपुर (98 मिलीमीटर) बारिश दर्ज की गई। दिन के दौरान दक्षिण, मध्य और उत्तर गुजरात के कई अन्य हिस्सों में भी भारी वर्षा हुई। IMD ने 7 जुलाई को उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। मौसम कार्यालय ने मंगलवार को सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, दादरा और नगर हवेली, दमन और भावनगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नर्मदा, भरूच और अमरेली में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पंचमहाल, दाहोद, वडोदरा, छोटा उदयपुर और गिर सोमनाथ में भारी बारिश की संभावना है। IMD ने मंगलवार को उत्तर गुजरात, दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की सतही हवाओं के साथ मध्यम गरज-चमक की भी चेतावनी दी है। 8 जुलाई को डांग, नवसारी, वलसाड, दादरा और नगर हवेली तथा दमन में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। सूरत, तापी, अमरेली और भावनगर में भारी बारिश की उम्मीद है।

यूजीसी ने चेताया, कहा- दाखिले से पहले मान्यता जांचें, नौकरी के लिए मान्य डिग्री का होना आवश्यक
देशभर में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू हो चुके हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने छात्रों और अभिभावकों को चेताया कि वे दाखिले से पहले उच्च शिक्षण संस्थानों की मान्यता, संबंधित कोर्स और डिग्री को मंजूरी की जांच कर लें। नौकरी के लिए मान्य डिग्री होना जरूरी है। यूजीसी की वेबसाइट पर सभी मान्यता प्राप्त केंद्रीय, स्टेट, डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी  व निजी यूनिवर्सिटी की सूची दी गई है।  

आयोग ने सभी राज्यों व विश्वविद्यालयों को पत्र लिखकर कहा है कि डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी और निजी यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों की डिग्री मान्य नहीं होगी। निजी व मानित विश्वविद्यालयों (डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालयों) को अन्य कॉलेजों या संस्थानों को इस प्रकार से संबद्ध  या मान्यता प्रदान करने की अनुमति नहीं है। ऐसे संबद्ध कॉलेज डिग्री, डिप्लोमा या अन्य शैक्षणिक योग्यता प्रदान करने वाले पाठ्यक्रम नहीं चला सकते हैं। इसलिए ऐसे किसी भी अनधिकृत केंद्रों या संबद्ध संस्थानों के माध्यम से प्रदान की गई डिग्रियां या योग्यता अवैध मानी जाएंगी। यूजीसी अधिनियम, 1956 के प्रावधानों के अनुसार, केंद्रीय अधिनियम, राज्य अधिनियम या प्रांतीय अधिनियम के तहत स्थापित विश्वविद्यालय ही डिग्री दे सकते हैं। इसके अलावा, यूजीसी अधिनियम, 1956 की धारा 3 के तहत मानित विश्वविद्यालय   का दर्जा प्राप्त है, वे भी डिग्री दे सकते हैं। आयोग की अनुमति के बिना निजी विश्वविद्यालय ऑफ कैंपस, अध्ययन केंद्र या फिर विस्तार केंद्र नहीं खोल सकते हैं। निजी विश्वविद्यालय सिर्फ अपने मुख्य कैंपस से ही डिग्री प्रोग्राम की पढ़ाई ऑफर कर सकते हैं।

ओडिशा की मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए 20 लाख से अधिक नाम
ओडिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से 20 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एस गोपालन ने रविवार को बताया कि संशोधित मसौदा मतदाता सूची में अब 3 करोड़ 13 लाख 87 हजार 34 मतदाता शामिल हैं। एसआईआर शुरू होने के समय राज्य में 3.33 करोड़ मतदाता थे। अब सूची में 1 करोड़ 60 लाख 19 हजार 176 पुरुष, 1 करोड़ 53 लाख 65 हजार 83 महिला और 2,775 थर्ड जेंडर के मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कुल 20,12,557 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए। इनमें 10.07 लाख मतदाता स्थानांतरण या अनुपस्थिति के कारण हटाए गए। जबकि 1.58 लाख नाम एक से अधिक स्थानों पर पंजीकरण होने के कारण हटाए गए। वहीं, 14 हजार मतदाताओं ने निर्धारित प्रपत्र जमा नहीं किया। मसौदा मतदाता सूची पर आपत्तियां और दावे दर्ज कराने के लिए मतदाताओं को 4 अगस्त तक एक महीने का समय दिया गया है। इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

केरल में युवक की चाकू मारकर हत्या; चार हिरासत में
केरल के कोट्टुकल में बाइक स्टार्ट करने के दौरान हुए तेज शोर को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में 22 वर्षीय मनु की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे दो युवक कथित तौर पर बाइक रेसिंग के बाद मनु के घर के पास पहुंचे। पेट्रोल खत्म होने के कारण बाइक बंद हो गई। पेट्रोल भरवाने के बाद जब उन्होंने बाइक स्टार्ट की तो तेज आवाज सुनकर मनु बाहर आया और इसका विरोध किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस हो गई। बाद में मनु आरोपियों के घर के पास पहुंचा, जहां चारों ने उस पर हमला कर दिया और चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल मनु की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मणिपुर में सशस्त्र समूहों की फायरिंग

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सशस्त्र समूहों की कथित फायरिंग में 8 वर्षीय बच्ची समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम थिंगखोंगजंग गांव में हुई। घायलों की पहचान 56 वर्षीय नेन्गनेइचोंग किपगेन और 8 वर्षीय लामनेइंगाह किपगेन के रूप में हुई है। दोनों को पहले असम राइफल्स के कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए इम्फाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) भेजा गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच, कुकी इंपी मणिपुर (KIM) ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि इसके पीछे एनएससीएन (आईएम) और जेडयूएफ (कामसन) का हाथ है। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विशाखापत्तनम तट से लापता छह मछुआरों की तलाश जारी

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तट से लापता छह मछुआरों की तलाश दूसरे दिन भी जारी है। राज्य के कृषि मंत्री किंजरापु अच्चन्नायडू ने सोमवार को बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इस अभियान में नौसेना का एक युद्धपोत, एक रेस्क्यू बोट और हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। दरअसल, 1 जुलाई को विशाखापत्तनम तट से समुद्र में गए सात मछुआरे खराब मौसम के कारण लापता हो गए थे। आशंका है कि ऊंची लहरों के बीच उनकी नाव पलट गई। इनमें से एक मछुआरे को गुजर रहे एक जहाज ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि बाकी छह अब भी लापता हैं। कृषि मंत्री ने नौसेना और कोस्ट गार्ड के अधिकारियों के साथ अभियान की समीक्षा की और तलाश अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बचाए गए मछुआरे से मिली जानकारी के आधार पर छह अन्य मछुआरों की खोज लगातार जारी है।

ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक आज से, आधी आबादी से जुड़े मुद्दों पर होगा मंथन
केरल के कोच्चि में ब्रिक्स महिला कार्य समूह (डब्ल्यूडब्ल्यूजी) की दो दिवसीय बैठक छह जुलाई से शुरू होगी। ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी सभी क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण और महिला नेतृत्व वाले विकास से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एकसाथ आएंगे। भारत इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। इस बैठक के बाद 8-9 जुलाई को होने वाली ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए एक मजबूत आधार तैयार होने की उम्मीद है, जो व्यावहारिक सहयोग और महिला-नेतृत्व वाले विकास के प्रति ब्रिक्स सदस्य देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी। 11 देश करेंगे सहभागिता...ब्रिक्स में भारत, ब्राजील, चीन और रूस के साथ 11 देश शामिल हैं। ये देश मिलकर वैश्विक जीडीपी का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा बनाते हैं। यह समूह वैश्विक आबादी के लगभग 49.5 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed