फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news-updates-north-east-west-south-india-elections-2026-politics-crime-national-news-in-hindi

News Updates: तेलंगाना की फार्मा फैक्ट्री में रिएक्टर ब्लास्ट, एक मजदूर की मौत; आठ घायल

Fri, 01 May 2026 02:37 PM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Devesh Tripathi Updated Fri, 01 May 2026 02:37 PM IST
विज्ञापन
news-updates-north-east-west-south-india-elections-2026-politics-crime-national-news-in-hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

तेलंगाना की फार्मा फैक्ट्री में रिएक्टर ब्लास्ट, एक मजदूर की मौत; आठ घायल

विज्ञापन

तेलंगाना के नलगोंडा जिले में शुक्रवार को एक दवा फैक्ट्री में रिएक्टर फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें 30 वर्षीय मजदूर बोड्डू बालकृष्ण की मौत हो गई और आठ अन्य कर्मचारी घायल हो गए। यह हादसा चित्याल मंडल के वेलिमिनेडू गांव स्थित फार्मा यूनिट के तीसरे ब्लॉक में हुआ, जहां धमाके के बाद गहरा धुआं फैल गया। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

विशेष बात यह है कि इसी यूनिट में एक महीने के भीतर यह दूसरी दुर्घटना है। अब औद्योगिक सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना पर संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिदेशक सीवी आनंद ने रासायनिक फैक्ट्रियों में होने वाली आपदाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को विशेष प्रशिक्षण देने और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया है। गौरतलब है कि तेलंगाना में पिछले साल भी औद्योगिक दुर्घटनाओं में भारी जान-माल का नुकसान हुआ था।

विज्ञापन

केरल: अंंगमाली में महाविष्णु मंदिर के पास बेकाबू हाथी काबू में, एक व्यक्ति की मौत
किडंगूर महाविष्णु मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। घंटों चले तनावपूर्ण अभियान के बाद वन विभाग और हाथी संचालकों ने ट्रैंक्विलाइजर (बेहोशी के इंजेक्शन), जंजीरों और रस्सियों की मदद से हाथी को नियंत्रित कर लिया। इस घटना में कोल्लम निवासी विष्णु की मौत हो गई, जो उस वाहन का चालक था जिसमें हाथी को लाया गया था। बताया गया कि वह बेकाबू हाथी को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा था, तभी हाथी ने उसे कुचल दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना में दूसरे महावत प्रदीप भी घायल हो गए, जिन्हें लिटिल फ्लावर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। घटना में शामिल हाथी की पहचान 'मय्यनाड पार्थसारथी' के रूप में हुई है, जो कोल्लम जिले के मय्यनाड का है। यह हाथी पास के मंदिर उत्सव के लिए लाया गया था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्सव के दौरान विश्राम के समय हाथी को मंदिर परिसर के पास बांधा गया था, तभी वह अचानक उग्र हो गया। इससे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। हाथी ने पास खड़े कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। चूंकि क्षेत्र घनी आबादी वाला था, इसलिए स्थानीय लोगों और अधिकारियों को चिंता थी कि हाथी रिहायशी इलाके की ओर न बढ़ जाए। काफी प्रयासों के बाद आखिरकार डॉक्टर की मदद से ट्रैंक्विलाइज़र डार्ट लगाकर हाथी को काबू में किया गया और उसे रस्सियों से बांध दिया गया। फिलहाल हाथी मंदिर के सामने खुले मैदान में निगरानी में है।
विज्ञापन

हैदराबाद हादसा: मंदिर से लौट रहे परिवार की कार ट्रक में घुसी, छह लोगों की मौत
हैदराबाद के आउटर रिंग रोड पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शमशाबाद के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे फंस गई और परिवार के छह सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं। यह परिवार यदाद्रिगुट्टा मंदिर में दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कार ड्राइवर को झपकी आना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

आई-पैक दफ्तर में छापेमारी: अब ईडी के दो अधिकारियों को मिला सम्मान
प्रवर्तन निदेशालय के 70वें स्थापना दिवस पर सहायक निदेशक विक्रम अहलावत और प्रशांत चंदिला को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की ओर से पुरस्कृत किया गया। ये वही अधिकारी हैं जिन्होंने इस साल आठ जनवरी को कोलकाता में राजनीतिक सलाहकार फर्म आई-पैक और उसके निदेशक प्रतीक जैन के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी और हस्तक्षेप के कारण भारी राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।

कर्नाटक में आरक्षण नीति में आवश्यक संशोधनों को मंजूरी
कर्नाटक सरकार ने अनुसूचित जातियों (SC) के लिए आंतरिक आरक्षण को लेकर पहले लिए गए निर्णयों को औपचारिक मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सरकारी विभागों में लंबित भर्तियों को तेज करने के लिए भर्ती नियमों में अहम बदलाव भी किए गए हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने 16 और 24 अप्रैल को लिए गए फैसलों को दोहराते हुए आरक्षण नीति में आवश्यक संशोधनों को मंजूरी दी है। एच के पाटिल ने जानकारी दी कि सरकार एससी वर्ग के 15 प्रतिशत कोटे के भीतर आंतरिक आरक्षण को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नई व्यवस्था के तहत भर्ती प्रक्रिया में 400-पॉइंट रोस्टर प्रणाली अपनाई जाएगी, जिससे आरक्षण का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। यदि किसी भर्ती में एससी के लिए तीन से कम रोस्टर पॉइंट बनते हैं, तो सभी 101 अनुसूचित जाति समुदायों को सामान्य एससी श्रेणी के तहत प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दी जाएगी।

मणिपुर के चुराचांदपुर में प्रमुख पुल ढहा
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में एक अहम बैली ब्रिज ढह जाने से इलाके की कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई है। यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तुईवाई नदी पर बना यह बैली ब्रिज सिनजावल और खुआंगजिन गांवों को जोड़ता था, जो राष्ट्रीय राजमार्ग NH-102B पर स्थित है। बताया गया कि पुल उस समय टूट गया जब सीमेंट से लदे दो ट्रक उस पर से गुजर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, जिससे बड़ी राहत मिली है। हालांकि, पुल गिरने से इलाके की आवाजाही पर गंभीर असर पड़ा है। यह मार्ग चुराचांदपुर के लिए बेहद महत्वपूर्ण आपूर्ति लाइन माना जाता है, जिसके जरिए असम के सिलचर और मिजोरम से जरूरी सामान की सप्लाई होती है। पुल के टूटने से फिलहाल इस सप्लाई चेन में बाधा आ गई है। अधिकारियों ने बताया कि पुल की मरम्मत और बहाली का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आवागमन और सप्लाई को बहाल किया जा सके।

हैदराबाद में कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग
तेलंगाना के हैदराबाद में बहादुरपुरा क्रॉस रोड स्थित एक कबाड़ की दुकान में आग लग गई। मौके पर कुल 8 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं। अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटनास्थल पर अग्निशमन विभाग के कर्मी आग को बुझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।


केरल के मंगला देवी मंदिर के पास गिरी आकाशीय बिजली, पुलिसकर्मी सहित 11 श्रद्धालु घायल
केरल-तमिलनाडु सीमा पर स्थित ऐतिहासिक मंगला देवी मंदिर में साल में एक बार होने वाले चित्रा पूर्णिमा उत्सव के दौरान शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। दर्शन कर लौट रहे 11 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हो गए। पेरियार टाइगर रिजर्व के भीतर पहाड़ी से वाहनों के जरिए नीचे उतरते समय हुए इस हादसे में घायल होने वालों में तमिलनाडु के 10 श्रद्धालु और कुमिली का एक पुलिस अधिकारी शामिल है। जिला प्रशासन की ओर से हालिया मानसूनी बारिश के चलते बिजली गिरने की पहले ही चेतावनी दी गई थी, फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और उन्हें कुमिली तथा थेनी के अस्पतालों में उपचार दिया जा रहा है।

देश का पहला बैरियर-फ्री टोल प्लाजा सूरत में शुरू, बिना रुके गुजर रहे वाहन
देश का पहला बैरियर-फ्री टोल प्लाजा गुजरात में सूरत के पास मुंबई-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुरू हो गया है। इससे वाहन बिना रुके गुजर सकते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि एनएच 48 पर सूरत व भरूच के बीच कामरेज-चोर्यासी मार्ग पर स्थित चोर्यासी टोल प्लाजा खोल दिया गया है। इसमें ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन और फास्टैग के जरिये वाहन बिना रुके टोल जमा कर गुजर सकेंगे। दिसंबर से देश के कई राजमार्गों पर 1050 टोल प्लाजा पर बैरियर-फ्री टोलिंग लागू की जाएगी।

मिजोरम में फर्जी कोर्ट आदेश से जेल से रिहा हाे गए 16 कैदी
मिजोरम के लुंगलेई जिला जेल से फर्जी कोर्ट आदेश और नकली मुहरों का इस्तेमाल कर 16 कैदी रिहा हो गए। मामले का 25 अप्रैल को खुलासा होने पर हरकत में आई पुलिस ने इन फरार कैदियों में से 12 को पकड़ लिया। एक कैदी की फरारी के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार, इस साल के शुरू से ही यह फर्जीवाड़ा चल रहा था, पर पिछले सप्ताह तब उजागर हुआ जब कोर्ट अधिकारियों को संबंधित कैदियों की रिहाई से जुड़े रिकॉर्ड नहीं मिले। जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट लालरुआतसांगा ने बताया, जाली रिहाई आदेश असली दस्तावेज जैसे दिखते थे और शुरुआती जांच में सही प्रतीत हुए।

राजकोषीय दबाव के बावजूद 12.22 लाख करोड़ पूंजीगत व्यय का लक्ष्य
पश्चिम एशिया तनाव के बीच बढ़ते राजकोषीय दबाव के बावजूद केंद्र सरकार चालू वित्त वर्ष में 12.22 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) के लक्ष्य को बरकरार रखेगी। व्यय विभाग के सचिव वी. वुअलनाम ने कहा कि आने वाली कुछ तिमाहियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। अनिश्चित वैश्विक माहौल में राजकोषीय दबाव अब एक सच्चाई है। उधर, पेट्रोल-डीजल पर मार्च के अंत में की गई उत्पाद कर कटौती के कारण टैक्स संग्रह पर भी असर पड़ा है। अनुमान के अनुसार, एक्साइज ड्यूटी कटौती से हर 15 दिनों में लगभग 7,000 करोड़ नुकसान की आशंका है।

राजकोषीय घाटा 4.5% पहुंचने की आशंका
पश्चिम एशिया संकट ने भारत जैसे पेट्रोलियम आयातक देश के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है। सरकार ने वित्त वर्ष 26-27 के बजट में राजकोषीय घाटा जीडीपी के 4.3 फीसदी पर रखने का लक्ष्य रखा था, लेकिन नई जीडीपी सीरीज के बाद यह 4.5% तक पहुंच सकता है।

आई-पैक पर छापा मारने वाले दो अफसरों को ईडी ने किया पुरस्कृत
कोलकाता में जनवरी में राजनीतिक परामर्शदाता कंपनी आई-पैक और उसके एक निदेशक के ठिकानों पर विवादास्पद छापे में शामिल रहे प्रवर्तन निदेशालय के दो अधिकारियों को शुक्रवार को उनकी असाधारण दक्षता के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के 70वं स्थापना दिवस के मौके पर सहायक निदेशकों विक्रम अहलावत और प्रशांत चंदिला को प्रशस्ति पद प्रदान किए गए। उन्होंने यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदान किया। कोलकाता के सॉल्ट लेक में 8 जनवरी को आई-पैक कार्यालय और उसके निदेशक प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित घर पर ईडी की छापे सुर्खियों में रहे थे। जब ईडी की टीम छापा मारने पहुंची तब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वहां पहुंचीं और कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गईं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed