फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news-updates-north-east-west-south-india-elections-2026-politics-crime-national-news-in-hindi

News Updates: कर्नाटक में एससी आंतरिक आरक्षण फॉर्मूले को मंजूरी, कल से शुरू होगी भर्ती

Fri, 24 Apr 2026 12:58 AM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Devesh Tripathi Updated Fri, 24 Apr 2026 12:58 AM IST
विज्ञापन
news-updates-north-east-west-south-india-elections-2026-politics-crime-national-news-in-hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
कर्नाटक से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक विशेष कैबिनेट बैठक हुई। कैबिनेट बैठक में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 15 प्रतिशत के कुल कोटे के भीतर आंतरिक आरक्षण के फॉर्मूले पर मुहर लगा दी गई है।
विज्ञापन


इस नए निर्णय के तहत, वामपंथी समूह को 5.25%, दक्षिणपंथी समूह को 5.25% और खानाबदोश समुदायों सहित अन्य अनुसूचित जातियों के लिए 4.5% आरक्षण निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हालांकि सरकार की मंशा एससी के लिए 17% आरक्षण देने की थी, लेकिन अदालती आदेशों के कारण वर्तमान में इसे 15% की सीमा के भीतर ही लागू किया गया है।
विज्ञापन


कैबिनेट के इस फैसले के साथ ही राज्य में सरकारी नौकरियों की भर्तियों का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घोषणा की है कि शनिवार से ही विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए अधिसूचनाएं जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

बंगलूरू: फॉक्सकॉन प्लांट के शौचालय में भ्रूण मिला, एफआईआर दर्ज
ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी फॉक्सकॉन के देवनहल्ली स्थित कार्यालय में महिलाओं के शौचालय में भ्रूण मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फॉक्सकॉन हॉन हाई टेक्नोलॉजी इंडिया मेगा प्राइवेट लिमिटेड ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
पुलिस के अनुसार, भ्रूण मंगलवार रात को विश्वनाथपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोड्डागोल्लाहल्ली गांव में फॉक्सकॉन सुविधा के भवन ए41 में मिला था।

कंपनी के एक कर्मचारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 93 (बच्चे के शव को गुप्त रूप से ठिकाने लगाकर जन्म छुपाना) और 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया। कंपनी के सुरक्षा विभाग में वरिष्ठ अभियंता वीएस कृष्णराज द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मामला शुरू में एक सामान्य साफ-सफाई संबंधी समस्या प्रतीत हुआ।

21 अप्रैल को रात करीब 9.15 बजे, सफाई कर्मचारी ने महिला शौचालय में रुकावट देखी और इसकी सूचना सुपरवाइजर को दी, जिसने फिर एक तकनीशियन को सूचित किया। चूंकि तकनीशियन की शिफ्ट समाप्त हो चुकी थी, इसलिए रुकावट को अगली सुबह दूर करने का निर्णय लिया गया। शिकायत के अनुसार, इस मामले की जानकारी आंतरिक रूप से परियोजना प्रबंधक और केंद्रीय सुरक्षा कर्मियों को भी दी गई थी।
 

बंगाल में ड्यूटी में लापरवाही पर पुलिस अधिकारी निलंबित, चुनाव आयोग की कार्रवाई
पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों के बीच चुनाव आयोग ने उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज थाने के प्रभारी (ओसी) संदीप सरकार को निलंबित कर दिया है। गुरुवार रात जारी आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि आदेश में निलंबन का विस्तृत कारण नहीं दिया गया है, लेकिन आयोग के सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही के चलते की गई है।

राज्य के मुख्य सचिव दुश्यंत नारियाला को आयोग के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई करने को कहा गया है। आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि उनकी जगह तत्काल किसी अन्य अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाए। निलंबन के साथ-साथ संदीप सरकार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को हिंगलगंज में एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इससे पहले ही चुनाव आयोग ने हिंगलगंज थाने के ओसी को उनके पद से हटा दिया है। राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। हिंगलगंज में भी दूसरे चरण में ही वोटिंग होनी है। 

UNGA अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक का भारत दौरा, AI और वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक 28 अप्रैल को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रही हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान वह विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ आपसी हित के प्रमुख बहुपक्षीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगी। विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बेयरबॉक राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगी। जर्मनी की पूर्व विदेश मंत्री रहीं बेयरबॉक को पिछले साल जून में इस प्रतिष्ठित पद के लिए चुना गया था। बेयरबॉक इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ एक संवादात्मक सत्र में भाग लेंगी, जहां उभरती प्रौद्योगिकियों के वैश्विक प्रबंधन पर मंथन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री का सिक्किम दौरा: पर्यटकों को सुबह 6 बजे तक गंगटोक छोड़ने की सलाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम के दौरे पर रहेंगे, जहां वे राज्य की स्थापना के 50 साल पूरे होने के जश्न में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था और भारी ट्रैफिक को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। जो लोग 28 अप्रैल को गंगटोक से बाहर जाना चाहते हैं, उन्हें सुबह 6 बजे से पहले निकलने को कहा गया है ताकि उन्हें जाम या वीआईपी मूवमेंट की वजह से किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

आंध्र प्रदेश शराब घोटाला: पूर्व विधायक और करीबियों समेत 12 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय ने हैदराबाद और तिरुपति में 12 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह जांच पूर्व वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार से जुड़ी है, जिसमें एजेंसी ने पूर्व विधायक चेविरेड्डी भास्कर रेड्डी, पूर्व सलाहकार कासिरेड्डी राजा शेखर रेड्डी और कई पूर्व अधिकारियों के परिसरों की तलाशी ली। सितंबर 2025 में दर्ज हुए इस मामले में ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब कारोबार में नियमों की अनदेखी कर किन लोगों को अवैध फायदा पहुंचाया गया। यह पूरा मामला आंध्र प्रदेश के कथित शराब घोटाले से जुड़ा है।  

गुजरात: मेहसाणा में नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या, नोट में लिखा- जिंदगी से तंग आ चुकी हूं
गुजरात के मेहसाणा जिले में मर्चेंट नर्सिंग कॉलेज की 21 वर्षीय छात्रा अस्मिताकुमारी पटेल ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से वलसाड की रहने वाली अस्मिता बीएससी नर्सिंग के तीसरे वर्ष में पढ़ रही थी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने लिखा कि वह अपनी जिंदगी से तंग आ चुकी है। अब उसे कोई उम्मीद नहीं बची है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ओडिशा: स्कूल का गेट गिरने से दो छात्राओं की मौत, मानवाधिकार आयोग ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा के गजपति जिले में एक दर्दनाक हादसे का स्वतः संज्ञान लिया है, 15 अप्रैल को एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय का भारी लोहे का गेट गिरने से दो छात्राओं की दबकर मौत हो गई थी। आयोग ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव और गजपति के एसपी को नोटिस जारी किया है। प्रशासन से इस घटना पर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। स्थानीय लोगों ने बच्चियों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

तमिलनाडु: 5 बच्चियों के यौन उत्पीड़न मामले में दोषी को फांसी की सजा, कोर्ट ने बताया दुर्लभतम अपराध
तमिलनाडु की एक विशेष अदालत ने पांच नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने वाले 45 वर्षीय चंद्रन को मौत की सजा सुनाई है। शिवगंगा पॉस्को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने इस कृत्य को दुर्लभतम अपराध करार देते हुए दोषी पर 11,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। घटना फरवरी 2024 की है। आरोपी ने पड़ोस में रहने वाली 10 साल की बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उनके साथ घिनौनी हरकत की। कोर्ट ने राज्य सरकार को प्रत्येक पीड़िता को 7-7 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।

असम : भीड़ हिंसा के 20 दोषियों को उम्रकैद  
असम के बहुचर्चित अभि-नील मॉब लिंचिंग मामले में आठ साल के इंतजार के बाद शुक्रवार को न्याय हुआ। नगांव जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश डीजे महंता ने इस जघन्य हत्याकांड में दोषी ठहराए गए 20 लोगों को उम्रकैद और 20,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस कृत्य को बेहद क्रूर और अमानवीय करार दिया।

यह घटना 8 जून, 2018 की है। गुवाहाटी के रहने वाले अभिजीत नाथ और नीलोत्पल दास, कार्बी आंगलोंग जिले के पांजुरी कछारी गांव घूमने गए थे। सोशल मीडिया पर फैली बच्चा चोरी की अफवाह के कारण ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। युवकों ने अपनी पहचान बताते हुए जान की गुहार लगाई, लेकिन भीड़ ने उनकी नहीं सुनी और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। मामले में 48 लोग गिरफ्तार हुए थे। उनमें 3 नाबालिग थे। सोमवार को अदालत ने 45 आरोपियों में से 20 को हत्या (धारा 302) और दंगा फैलाने समेत अन्य धाराओं में दोषी पाया था। 25 अन्य को संदेह के लाभ के आधार पर बरी कर दिया।

खनन सुधारों के लिए राज्यों को मिलेंगे 5,000 करोड़
केंद्र सरकार ने देश में खनन सुधारों को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्यों को पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) के तहत 5,000 करोड़ की प्रोत्साहन राशि को मंजूरी दी गई। खान मंत्रालय के अनुसार इसका मुख्य उद्देश्य खदानों के संचालन में तेजी लाना, खनिज उत्पादन बढ़ाना और राज्यों के राजस्व में वृद्धि करना है।

इस योजना के तहत राज्यों को तीन मुख्य क्षेत्रों में सुधार करने पर वित्तीय सहायता दी जाएगी। इनमें पहला प्रशासनिक सुधार है। जो राज्य 15 दिसंबर तक खनन पोर्टल का एकीकरण, नीलामी पूर्व समिति का गठन और तकनीकी निगरानी जैसे अहम सुधार लागू करेंगे, उन्हें 100 करोड़ रुपये मिलेंगे। दूसरे स्तर का सुधार नीलामी और परिचालन में करना है।

सबरीमला मंदिर के  ऊपर उड़ा कोस्ट गार्ड का हेलिकॉप्टर, एफआईआर
सबरीमला मंदिर के प्रतिबंधित सुरक्षा क्षेत्र में कम ऊंचाई पर हेलिकॉप्टर उड़ाने के आरोप में कोस्ट गार्ड (सीजी-821) के खिलाफ पम्पा पुलिस ने केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(ई) के तहत मामला दर्ज किया है। त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) ने कहा कि बुधवार सुबह हेलिकॉप्टर ने बिना अनुमति सन्निधानम के ऊपर चार बार उड़ान भरी। इससे श्रद्धालुओं और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। दूसरी ओर रक्षा पीआरओ ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि विमान कोच्चि से नियमित प्रशिक्षण पर था और खराब मौसम के कारण रास्ता भटक गया था। बयान के अनुसार हेलिकॉप्टर 6,000 फीट की ऊंचाई पर था। फिलहाल एडीजीपी एस. श्रीजित मामले की जांच कर रहे हैं।

आंध्र : शराब घोटाले में पूर्व विधायक व उनके रिश्तेदारों के 12 ठिकानों पर ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश शराब घोटाले की चल रही जांच के सिलसिले में कई जगह छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि यह घोटाला कथित तौर पर राज्य की पूर्व वाईएसआरसीपी सरकार के कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने बताया कि पीएमएलए के प्रावधानों के तहत हैदराबाद में 11 और तिरुपति में एक जगह छापे मारे गए।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के यहां तलाशी ली गई उनमें वाईएसआरसीपी के पूर्व विधायक चेविरेड्डी भास्कर रेड्डी, उनके बेटे चेविरेड्डी मोहित रेड्डी (तिरुपति में), वाईएसआरसीपी सरकार के पूर्व सलाहकार और घोटाले के कथित सरगना कासिरेड्डी राजा शेखर रेड्डी और आंध्र प्रदेश स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन लि. (एपीएसबीसीएल) के पूर्व प्रमुख वासुदेव रेड्डी शामिल हैं। इनके अलावा वाईएसआरसीपी के पूर्व राज्यसभा सांसद विजयसाई रेड्डी, पूर्व नौकरशाह धनंजय रेड्डी, पूर्व सरकारी अधिकारी कृष्ण मोहन रेड्डी और एक निजी कंपनी के कार्यकारी बालाजी गोविंदाप्पा भी शामिल थे। वाईएसआरसीपी सांसद पीवी मिधुन रेड्डी से जुड़ी पीएलआर प्रोजेक्ट्स प्रालि. के कार्यालयों और बूनेटी चाणक्य नामक व्यक्ति के आवासों पर भी तलाशी ली गई। ब्यूरो

केंद्रीय जांच एजेंसी ने आंध्र प्रदेश पुलिस की एसआईटी की शिकायत का संज्ञान लेते हुए सितंबर 2025 में कथित घोटाले की जांच के लिए पीएमएलए का मामला दर्ज किया था। ईडी ने पहले भी इस मामले में कई छापे मारे हैं।

मणिपुर: दो समुदायों के बीच गोलीबारी, तीन लोगों की मौत
मणिपुर के उखरुल में शुक्रवार सुबह गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। मुल्लम गांव में सशस्त्र समूहों के बीच तड़के 5:30 बजे जमकर गोलीबारी हुई। इसमें एल. सितल्हो और पी. हाओलाई मारे गए। सितल्हो ने सुरक्षाबल जैसी वर्दी पहनी थी। वहीं, सिनाकेइथेई गांव के पास हमले में एच. जमांग (29) की मौत हो गई। इन दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव है।

कुकी ऑर्गेनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स ट्रस्ट ने मुल्लम और सोंगफाल में घरों को जलाने व ग्राम स्वयंसेवकों की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज कर गहन जांच की मांग की। तांगखुल नगा लॉन्ग ने जमांग की हत्या पर गहरा दुख जताया। संगठन ने आरोप लगाया कि कुकी उग्रवादियों ने नगा ग्राम रक्षकों पर गश्त के दौरान हमला किया। तांगखुल नगा संगठनों ने हालिया हत्याओं के पीछे कुकी उग्रवादियों का हाथ बताया है। कुकी संगठनों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed