फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: महुआ मोइत्रा कैश फॉर क्वेरी केस में CBI ने लोकपाल को सौंपी रिपोर्ट; चेन्नई में डॉक्टर पर लगा जुर्माना

Mon, 28 Jul 2025 09:31 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Mon, 28 Jul 2025 09:31 AM IST
विज्ञापन
News Updates North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

सीबीआई ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा और व्यवसायी दर्शन हीरानंदानी के खिलाफ कथित 'कैश फॉर क्वेरी' घोटाले की अपनी रिपोर्ट लोकपाल को सौंप दी है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था और लोकपाल से मिली सिफारिश के आधार पर 21 मार्च 2023 को एफआईआर दर्ज की गई थी। TMC सांसद महुआ पर आरोप है कि उन्होंने संसद में सवाल पूछने के बदले हीरानंदानी से रिश्वत और अन्य लाभ लिए। इसके अलावा, उन पर अपने लोकसभा लॉगिन क्रेडेंशियल साझा करने का भी आरोप है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता था। लोकपाल अब सीबीआई की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई तय करेगा। यह मामला सबसे पहले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा उठाया गया था। दुबे ने आरोप लगाया था कि महुआ मोइत्रा ने दुबई स्थित व्यवसायी दर्शन हीरानंदानी से नकद और उपहार लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडानी जैसे व्यक्तियों पर हमला करने के लिए लोकसभा में सवाल पूछे। बता दें कि महुआ मोइत्रा को दिसंबर 2023 में 'अनैतिक आचरण' के आरोप में लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था। उन्होंने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इसके बावजूद, उन्होंने 2024 के आम चुनावों में बीजेपी उम्मीदवार अमृता रॉय को हराकर कृष्णानगर सीट से फिर जीत हासिल की। अब नजरें लोकपाल की कार्रवाई पर हैं कि वह सीबीआई की रिपोर्ट के आधार पर क्या कदम उठाता है।

विज्ञापन


चेन्नई में शिशु ने पांच उंगलियां गंवाईं, अस्पताल-डॉक्टर को 33.75 लाख रुपये मुआवजा देना होगा
चेन्नई नॉर्थ जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने एक अस्पताल और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर को लापरवाही का दोषी ठहराया है। आयोग ने 33.75 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। मामला समय से पूर्व जन्मे शिशु का है। 24 सप्ताह के शिशु की डिलीवरी के समय उसकी दाहिनी हाथ की पांचों उंगलियां गैंग्रीन (सड़न) के कारण काटनी पड़ी थीं। आयोग ने अस्पताल और डॉक्टर को दोषी माना और उपचार पर खर्च 23.65 लाख रुपये के अलावा मानसिक पीड़ा की एवज में 10 लाख रुपये और मुकदमे पर खर्च 10,000 रुपये चुकाने का आदेश दिया। खबर के मुताबिक शिशु की मां इलाज के दौरान 22 सप्ताह की गर्भवती थीं। डॉक्टर ने मरीज की सहमति के बिना "सर्वाइकल पेसेरी" नामक उपकरण (गर्भाशय को सहारा देने के लिए सिलिकॉन रिंग) गर्भवती महिला के शरीर में डाल दिया। इस प्रक्रिया के कारण समय से पहले प्रसव हुआ और नवजात को एनआईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। प्रसव के बाद बच्चे में गैंग्रीन के लक्षण दिखे, जिसके चलते डॉक्टरों को शिशु के दाहिने हाथ की सभी उंगलियां काटनी पड़ी। आयोग ने माना कि बिना परीक्षण और सहमति के की गई प्रक्रिया के कारण बच्चे और माता-पिता को अपूरणीय क्षति हुई।

विज्ञापन

खामियों के चलते अमेरिका से कंपनियां वापस मंगा रहीं दवा
विनिर्माण संबंधी समस्याओं और उत्पाद मिश्रण के कारण घरेलू दवा कंपनियां सन फार्मा, ल्यूपिन और डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज अमेरिकी बाजार से दवाएं वापस मंगा रही हैं। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, सन फार्मास्युटिकल अमेरिका में जेनरिक दवा की 5,448 बोतलें वापस मंगा रही है।

यूएसएफडीए ने बताया, निर्देशों में विफलता के कारण सन फार्मा लिस्डेक्सामफेटामाइन डाइमेसिलेट कैप्सूल (60 मिलीग्राम) के प्रभावित बैच को वापस मंगा रही है। मुंबई की ही कंपनी ल्यूपिन उच्च रक्तचाप के इलाज में इस्तेमाल होने वाली एक जेनरिक कॉम्बिनेशन दवा की 58,968 बोतलें वापस मंगा रही है। ल्यूपिन लिसिनोप्रिल व हाइड्रो क्लोरोथियाज़ाइड टैबलेट वापस मंगा रही है। यूएसएफडीए के अनुसार, कंपनी ने उत्पाद मिश्रण के कारण 20 जून को क्लास-2 वापस मंगाना शुरू किया था। डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज ओमेप्राजोल डिलेड रिलीज कैप्सूल की 1,476 बोतलें वापस मंगा रही है। इसका उपयोग पेट व ग्रासनली संबंधी कुछ समस्याओं के इलाज के लिए किया जाता है। 

विज्ञापन

रैनिटिडिन दवा से कैंसर की आशंका निगरानी का आदेश
केंद्र सरकार ने पेट की जलन और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली दवा रैनिटिडिन को लेकर निगरानी बढ़ाने का आदेश जारी किया। भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने सभी दवा निर्माता कंपनियों को निर्देश जारी किया है कि वे अपनी दवा में संभावित कैंसर जनक अशुद्धि एनडीएमए की निगरानी करें और गुणवत्ता को लेकर आवश्यक कदम उठाएं। डीसीजाअई के मुताबिक यह कदम एहतियातन उठाया गया है। 
 

विज्ञापन

तंबाकू उत्पाद निर्माताओं को एनजीटी का नोटिस
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 का उल्लंघन करने के आरोप में गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पाद निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। एक एनजीओ की ओर से दायर याचिका में दावा किया गया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक पैकेजिंग सामग्री का अब भी इस्तेमाल हो रहा है। याचिका में मौजूदा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की गई है। इसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले ब्रांडों को बंद करना और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की वसूली शामिल है। 
 

बांग्लादेश की सीमा पर बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस होंगे जवान
भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों के कंधे पर बॉडी-वॉर्न कैमरे लगेंगे। ये कैमरे जवानों पर अपराधियों द्वारा किए गए हमलों और अवैध बांग्लादेशियों को वापस भेजने के दृश्य और साक्ष्य रिकॉर्ड करने के लिए लगाए जा रहे हैं। जवानों को 5,000 बॉडी-वॉर्न कैमरे मिलेंगे। ये कैमरे नाइट विजन क्षमता वाले हैं। 12-14 घंटे रिकॉर्डिंग कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि 4,096 किलोमीटर सीमा पर बल की चुनिंदा सीमा चौकियों (बीओपी) को भी ऐसे उपकरणों से लैस किया जा रहा।

कर्नाटक भगदड़ मामला: सरकार चार पुलिस अधिकारियों का निलंबन वापस लिया
कर्नाटक सरकार ने सोमवार को बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर चार जून को हुई भगदड़ की घटना से जुड़े चार पुलिस अधिकारियों का निलंबन वापस ले लिया। इस घटना में 11 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विकास कुमार विकास का निलंबन अभी भी जारी है, क्योंकि उनसे संबंधित मामला फिलहाल कर्नाटक हाईकोर्ट में विचाराधीन है। यह जानकारी सरकारी सूत्रों ने दी। सरकार के आदेश के अनुसार, न्यायिक आयोग और मजिस्ट्रियल समिति ने भगदड़ की घटना की जांच पूरी कर ली है और अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। साथ ही, संबंधित अधिकारियों ने भी अपने निलंबन को रद्द करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए थे। इसके बाद यह फैसला लिया गया।

सिंगापुर दौरे पर आंध्र प्रदेश के CM, निवेशकों को करेंगे आमंत्रित
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन बंदरगाह आधारित विकास, शहरी नियोजन और खेल सहयोग पर केंद्रित बैठकों में भाग लिया। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग मंत्री तान सी लेंग से ऊर्जा, तकनीक और उद्योग सहयोग पर चर्चा की। नायडू ने एयरबस और हनीवेल के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। वे सिंगापुर स्पोर्ट्स स्कूल पहुंचे और टुअस पोर्ट का दौरा किया। सीएम ने स्किल्स टू कॉम्पिटेंसीज राउंडटेबल में हिस्सा लिया और आंध्र-सिंगापुर बिजनेस फोरम में राज्य की विकास योजना प्रस्तुत की।

बलिदानी सैनिकों की विधवाओं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मुलाकात
सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में बलिदानी सैनिकों की विधवाओं के एक समूह ने मुलाकात की। यह मुलाकात आर्मी वुमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई थी। राष्ट्रपति कार्यालय ने इस बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा कीं।

हरियाणा के राज्यपाल ने भी की मुलाकात
इससे पहले दिन में हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष अपनी पत्नी मित्रा घोष के साथ राष्ट्रपति से भेंट करने पहुंचे।

सेना ने पूर्वी सिक्किम के ऊंचाई वाले इलाकों में किया अभ्यास
भारतीय सेना ने पूर्वी सिक्किम के ऊंचाई वाले इलाकों में एक विशेष अभ्यास किया, जिसका नाम 'अभ्यास दिव्य दृष्टि' था। इस अभ्यास का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से लैस सेंसर और ड्रोन की नई तकनीकों का परीक्षण करना था। ये तकनीकें युद्ध क्षेत्र में जागरूकता, रियल टाइम निगरानी और तेज फैसलों को बेहतर बनाने के लिए तैयार की गई हैं। इस अभ्यास में त्रिशक्ति कोर के जवानों ने जमीनी तकनीकों और हवाई उपकरणों का संयुक्त रूप से इस्तेमाल किया। इनमें ड्रोन भी शामिल थे, जिनकी मदद से कठिन परिस्थिति में अभ्यास किया गया।

मणिपुर में उगाही में लिप्त पांच उग्रवादी गिरफ्तार, तीन प्रतिबंधित संगठनों से संबंध
मणिपुर के इम्फाल ईस्ट और थौबल जिलों से सुरक्षा बलों ने उगाही गतिविधियों में शामिल पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित कांगलेइपक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा सिटी मीती) के तीन सक्रिय कैडर इम्फाल ईस्ट से पकड़े गए। इनमें से दो को हुइद्रोम गांव में उस समय पकड़ा गया जब वे एक ईंट भट्ठे से उगाही करने जा रहे थे। एक अन्य को बाद में उनके खुलासे के आधार पर गिरफ्तार किया गया। थौबल से कांगलेई याओल कन्ना लुप (SOREPA) का एक सदस्य तथा इम्फाल ईस्ट से KCP (MFL) का एक कैडर भी पकड़ा गया।

दक्षिणी कोल्लम में महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़, पुलिस ने लिया एक्शन
दक्षिणी कोल्लम जिले के पठानपुरम में इलाज के बहाने एक महिला डॉक्टर के डेंटल क्लिनिक में आकर उसके साथ छेड़छाड़ व हमला करने की कोशिश करने के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला डॉक्टर के मुंह में कपड़े ठूंसकर उस पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, महिला लोगों को सूचना देने में कामयाब रही। बाद में कुछ लोग क्लिनिक पहुंचे और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला के पिता की दुकान भी क्लिनिक के पास ही है। डॉक्टर का विस्तृत बयान दर्ज किया गया और साक्ष्य जुटाने के लिए रविवार को आरोपी को क्लिनिक ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वडोदरा में टैंकर में विस्फोट से तीन लोगों की मौत
गुजरात के वडोदरा जिला अंतर्गत सावली तालुका के मोक्षी गांव में एक प्लांट के टैंकर में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गई। रविवार शाम वाहन से चिपके डामर को बैरल में डालने के लिए टैंकर को गर्म किया जा रहा था। टैंकर में गैस का दबाव बढ़ा और विस्फोट हो गया। इससे पास खड़े तीन लोगों की मौत हो गई। भद्रवा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में वाहन का चालक, क्लीनर और एक मजदूर शामिल है। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी 26 वर्षीय अरमान जियाउल्लाह, राजस्थान के अलवर निवासी 21 वर्षीय अशोक गुर्जर और वडोदरा निवासी 33 वर्षीय शाकिब अख्तर खान के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ओडिशा में नवजात को बेचने का मामला, पुलिस ने बच्ची को किया रेस्क्यू
कथित आर्थिक तंगी के कारण ओडिशा के बोलांगीर जिले में 28 दिन की बच्ची को बेचने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची को रेस्क्यू किया है। नवजात के माता-पिता ने कथित तौर पर गरीबी के कारण उसे केवल 20,000 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने बच्ची को बरगढ़ जिले के पाईकमल गांव में रहने वाले एक दंपती के घर से बरामद करने के बाद टिटलागढ़ बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में अब तक किसी को हिरासत में नहीं लिया है। कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जहां से बच्ची बरामद हुई उस दंपती ने बच्ची की "खरीद" से इनकार कर कहा कि उन्होंने उसे केवल उसके अच्छे पालन-पोषण के लिए लिया था। CWC ने कहा क, उनकी प्राथमिकता बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू करना था। अब मामले की जांच शुरू की जाएगी।

केरल में नाव पलटने के बाद एक व्यक्ति लापता
केरल के मुरिंजापुझा के पास झील में सोमवार को एक मोटर संचालित देशी नाव पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति लापता हो गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, नाव में करीब 20 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। हादसे के बाद कुछ यात्रियों को वैकोम के एक अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। हालांकि, उन्हें किसी शारीरिक चोट के कारण नहीं, बल्कि डर और घबराहट के चलते उपचार की जरूरत पड़ी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे और मदद की। पुलिस ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है। 

तमिलनाडु में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 11 गिरफ्तार, सात कॉलेज छात्र शामिल
तमिलनाडु के तांबरम में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 5,250 गांजा चॉकलेट जब्त की हैं और 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सात कॉलेज के छात्र भी शामिल हैं। यह गिरफ्तारी व्यापक तलाशी अभियान के बाद की गई। सहायक आयुक्त के नेतृत्व में करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने चेन्नई के उपनगर पोथेरी, मरईमलै नगर और कट्टनकुलतुर में एक साथ 12 जगहों पर छापेमारी की। इन जगहों में पांच अपार्टमेंट भी शामिल थे। तलाशी के दौरान 166 ग्राम गांजा, 5,250 गांजा चॉकलेट, हुक्का से जुड़ा सामान (गैर-कानूनी हुक्का केंद्रों से), अवैध तंबाकू उत्पाद और 10 मोबाइल फोन बरामदकिए गए। पुलिस ने बताया कि ये फोन गांजा बेचने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार 11 लोगों में से सात छात्र हैं, जो बी.टेक की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके खिलाफ मरईमलै नगर थाने में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 और सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के तहत सात मामले दर्ज किए गए हैं।

अरुणाचल में उपद्रवियों ने स्कूल की इमारत में आग लगाई
अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग ज़िले के लिपू बगरा गांव में अज्ञात उपद्रवियों ने अपर प्राइमरी स्कूल के सहायक भवन को आग के हवाले कर दिया। रविवार रात हुई इस घटना में नर्सरी से कक्षा दो तक की कक्षाएं चलने वाला भवन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पुलिस के अनुसार घटना रहस्यमय है क्योंकि कोई चश्मदीद नहीं है और फायर स्टेशन को भी सूचना नहीं दी गई। पास में रहने वाले एक शिक्षक को भी घटना की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय विधायक टोपिन एटे ने घटना की निंदा की और अधिकारियों को राहत कार्य तथा वैकल्पिक शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा हमारी समाज की नींव है और ऐसे कायराना हमले हमें नहीं डिगा सकते।

हावड़ा में सड़कों पर उतरे बेरोजगार शिक्षक और सरकारी कर्मचारी, नौकरी बहाली और डीए बढ़ोतरी की मांग
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में सैकड़ों बेरोजगार स्कूल शिक्षक और राज्य सरकार के कर्मचारी सोमवार को सड़कों पर उतरे। राज्य सरकार के सचिवालय- 'नबन्ना' की प्रतिकृति और तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने 26,000 शिक्षकों की बहाली और महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि की मांग की। रैली को रोकने के लिए पुलिस ने फोरशोर रोड पर स्टील की दो ऊंची बैरिकेड्स लगाईं। इसके विरोध में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नौकरी गंवाने वाले शिक्षक राज्य सरकार से बहाल किए जाने की मांग कर रहे हैं। रैली में शामिल सरकारी कर्मचारी आशीष बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद DA नहीं बढ़ाया।

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को हटने के लिए कहते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले का भी हवाला किया। पुलिस ने कहा, हावड़ा में इस तरह की भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं दी है। इस पर प्रदर्शनकारियों ने कहा, कोर्ट ने केवल यह निर्देश दिया है कि रैली मंगला हाट जैसे सार्वजनिक स्थलों को बाधित न करे। उनकी रैली उस इलाके से दूर है।

आईआईएम कलकत्ता: रेप केस में जमानत पर रिहा छात्र को कक्षाओं में शामिल होने की अनुमति
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कलकत्ता के एक छात्र परमानंद महावीर टोपन्नावर (26) को 28 जुलाई से कक्षाएं अटेंड करने की अनुमति मिल गई है। छात्र को पुस्तकालय के उपयोग की अनुमति भी मिल गई है। हालांकि, IIM प्रशासन ने बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार और अब जमानत पर रिहा इस छात्र को जांच पूरी होने तक हॉस्टल में रहने की अनुमति नहीं दी है। आईआईएम प्रशासन के मुताबिक जब तक कोलकाता पुलिस की एसआईटी जांच पूरी नहीं होती, छात्र को कैंपस के लेक व्यू छात्रावास में रहने की इजाजत नहीं दी गई है, क्योंकि वह को-एजुकेशनल हॉस्टल है और वहीं घटना होने का आरोप है। कक्षा से परमानंद की अनुपस्थिति (12-22 जुलाई) और इसकी क्षतिपूर्ति की मांग पर निर्णय बाद में लिया जाएगा। बता दें कि एक महिला ने छात्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के मुताबिक वह एक काउंसलर है और आरोपी छात्र ने उसे परामर्श देने के लिए बुलाया और ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया। हालांकि, बाद में महिला जांच में सहयोग करने नहीं पहुंची। उसके पिता ने भी आरोप को झूठा बताया।

बिहार में मतदाता सूची SIR पर टीएमसी सांसद ने सवाल उठाए, 1.26 करोड़ वोटर के नाम हटाने का आरोप
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद साकेत गोखले ने बिहार में हो रहे मतदाता सूची विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) मामले में 1.26 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग (ECI) की तरफ से साझा किए गए आंकड़ों के आधार पर कहा, कुल 7.90 करोड़ मतदाताओं में से केवल 91.69% (7.24 करोड़) से ही फॉर्म एकत्र किए गए हैं। गोखले ने दावा किया कि 22 लाख मतदाता मृत घोषित किए गए, 36 लाख को स्थानांतरित या अनुपस्थित बताया गया, और 7 लाख को डुप्लिकेट मानते हुए आधे यानी 3.5 लाख नाम हटाए गए। इसके अलावा, 65 लाख मतदाताओं से फॉर्म नहीं लिए गए हैं, ऐसे में उनके नाम भी कट सकते हैं। बकौल गोखले, चुनाव आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कितने "विदेशी नागरिक" मतदाता सूची से हटाए गए। आयोग ने SIR का मकसद "अवैध प्रवासियों को हटाना" बताया था। ऐसे में यह कदम "बैकडोर से एनआरसी लागू करने" जैसा है। उन्होंने सरकार को संसद में इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी और पूछा कि आखिर एक साल में इतने बड़े पैमाने पर मतदाता कैसे अपात्र हो गए। बता दें कि SIR विवाद पर चुनाव आयोग ने अपनी सफाई में कहा है कि बिना उचित प्रक्रिया के किसी भी नाम को नहीं हटाया जाएगा।

अभिषेक बनर्जी बोले – पाकिस्तान से किसी भी स्तर पर संबंध न रखें, केवल युद्धक्षेत्र में हो मुकाबला
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने पड़ोसी देश पाकिस्तान के साथ भारत के साथ रिश्ते को लेकर बयान दिया है। सोमवार को अभिषेक ने कहा, भारत को पाकिस्तान के साथ किसी भी क्षेत्र में संबंध नहीं रखना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पाकिस्तान से एकमात्र संवाद युद्धक्षेत्र में होना चाहिए और भारत का एकमात्र लक्ष्य पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) को वापस लेना होना चाहिए।

सोशल मीडिया हैंडल- एक्स (X) पर लिखी इस पोस्ट में अभिषेक बनर्जी ने कहा, दशकों से पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढ़ावा दिया है, जिससे भारत को भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार खेल और राजनीति को अलग रखने की बात की जाती है, लेकिन अब यह बंद होना चाहिए। उन्होंने लिखा कि जब कोई देश भारत के खिलाफ छद्म युद्ध छेड़ता है, तो कोई भी खेल का मैदान हमारे शहीदों के खून को नहीं धो सकता। उन्होंने आगामी एशिया कप में प्रस्ताविक भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबले का नाम लिए बिना कहा, हमारा तिरंगा क्रिकेट से नहीं, बल्कि सैनिकों के शौर्य से ऊंचा उड़ता है। पाकिस्तान से हाथ मिलाना कूटनीति नहीं, बल्कि शहीदों के साथ विश्वासघात है। बकौल तृणमूल सांसद, 'पाकिस्तान से अगर कोई मुकाबला हो तो वह केवल एलओसी पर हो और पीओजेके ही भारत का असली इनाम होना चाहिए। बाकी सब शहीदों का अपमान है।'

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed