फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: कर्नाटक में फूड पॉइजनिंग के कारण 10 छात्र बीमार; प्रज्वल रेवन्ना की दूसरी जमानत याचिका खारिज

Fri, 25 Jul 2025 03:03 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 25 Jul 2025 03:03 PM IST
विज्ञापन
News Updates North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने शनिवार को बताया कि पाकिस्तान से सुरक्षा की तलाश में भारत आए 185 लोगों को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पाकिस्तान में बेहद कठिन हालात का सामना किया, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद सुनी। मंत्री ने सभी को शुभकामनाएं दीं और बताया कि सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए एक योजना भी बनाई है कि इन लोगों को अधिकतम सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। यह कदम उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।

विज्ञापन


कर्नाटक: संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण 10 छात्र बीमार, अस्पताल में भर्ती
कर्नाटक के मांड्या जिले में एक आवासीय विद्यालय के दस छात्र कथित तौर पर खाद्य विषाक्त (फूड पॉइजनिंग) के कारण बीमार पड़ गए। छात्रों ने पेट में दर्द और अन्य लक्षणों की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 
विज्ञापन


घटना जिले की मदुर तालुका के के.एम. डोड्डी में हुई। पुलिस के मुताबिक, दस छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संदिग्ध फूडपॉइजनिंग के कारण उन्होंने शुक्रवार की सुबह पेट में दर्द और उलटी की शिकायत की थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


कर्नाटक: प्रज्वल रेवन्ना को झटका, दूसरी बार जमानत याचिका खारिज
जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष अदालत ने शुक्रवार को जेडी(एस) नेता प्रज्वल रेवन्ना की दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी। यह याचिका रेवन्ना ने उनके खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामलों में से एक के संबंध में दायर की थी। 
 
रेवन्ना ने मुकदमे की कार्यवाही में देरी का हवाला देते हुए राहत मांगी थी। लेकिन जज संतोष गजानन भट ने उनकी याचिका खारिज कर दी। निचली कोर्ट से जमानत पाने का यह उनका दूसरा प्रयास था। इससे पहले भी उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। रेवन्ना ने हाल ही में कर्नाटक हाईकोर्ट में मुकदमे की लंबी अवधि के कारण बदली परिस्थितियों के आधार पर जमानत मांगी थी। 


मिजोरम: दो दिनों में आठ किलोग्राम से ज्यादा ड्रग्स बरामद, म्यांमार के नागरिक सहित पांच गिरफ्तार
मिजोरम आबकारी और मादक पदार्थ विभाग और असम राइफल्स ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग अभियानों में 8.63 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन टैबलेट जब्त की हैं। इसी अवधि में म्यांमार का एक नागरिक समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

विभाग के प्रवक्ता पीटर जोहमिंगथांगा ने बताया कि अधिकारियों ने गुरुवार को पूर्वी मिजोरम के चंपाई जिले के टुअलते गांव में एक अभियान के दौरान 5.5 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन टैबलेट जब्त कीं और एक स्थानीय निवासी को गिरफ्तार किया। उसी दिन एक अन्य अभियान में विभाग ने असम राइफल्स के साथ मिलकर आइजोल के तुइखुआतलांग इलाके से असम के दो निवासियों और एक त्रिपुरा निवासी के कब्जे से 1.9 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन टैबलेट बरामद कीं। एक अन्य जब्ती में आबकारी विभाग और असम राइफल्स ने बुधवार को चंपाई जिले के जोटे गांव में (जो म्यांमार सीमा के पास है) संयुक्त अभियान के दौरान 1.1 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन टैबलेट जब्त कीं और एक म्यांमार नागरिक को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें संबंधित जिलों के मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया है।

कर्नाटक में सीएम ने यूरिया की आपूर्ति बढ़ाने की मांग की
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट कर बताया कि राज्य के किसानों को यूरिया की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। अप्रैल से जुलाई तक 6.8 लाख मीट्रिक टन की आवश्यकता के मुकाबले केंद्र सरकार ने केवल 5.1 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराया है। समय से पहले मानसून और फसलों के क्षेत्रफल में वृद्धि के कारण मांग बढ़ी है, जिससे किसानों में बेचैनी है। मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से तत्काल 1.65 लाख मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है।

वनतारा गजसेवक सम्मेलन में हाथियों के संरक्षकों के लिए प्रशिक्षण शुरू
वनतारा और प्रोजेक्ट एलीफेंट के सहयोग से ‘वनतारा गजसेवक सम्मेलन’ का आयोजन किया गया है, जिसमें देशभर से 100 से अधिक महावत और हाथी संरक्षक हिस्सा ले रहे हैं। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हाथियों की देखभाल और कल्याण से जुड़ी नई तकनीकों और व्यवहारिक ज्ञान पर केंद्रित है। आयोजन का उद्देश्य हाथी संरक्षण को मजबूती देना है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। सम्मेलन को देश में हाथियों की देखभाल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन छह महीने और बढ़ेगा
केंद्र सरकार मणिपुर में राष्ट्रपति शासन छह महीने और बढ़ाने जा रही है। सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्य में राष्ट्रपति शासन बढ़ाने का प्रस्ताव राज्यसभा में पेश किया। केंद्र ने फरवरी में मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य विधानसभा को भंग कर दिया था और संविधान के अनुच्छेद 356 के तहत राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन के छह महीने 13 अगस्त को पूरे हो रहे हैं। विशेष परिस्थिति में राष्ट्रपति शासन छह महीने के लिए लगाया जाता है और संसद की मंजूरी से हर छह महीने में तीन साल तक के लिए बढ़ाया जा सकता है।

 केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी
हैदराबाद की एक विशेष अदालत ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में पेश न होने पर गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया। इस मामले की अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी। केंद्रीय मंत्री के करीबी सूत्रों ने बताया कि अदालत में एक रिकॉल याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि संसद सत्र के कारण वह (संजय कुमार) अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। संजय कुमार के खिलाफ यह मामला 2021 में हुजूराबाद विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव से पहले दर्ज किया गया था।
 

रामेश्वरम कैफे को 'ब्लैकमेल' करने की कोशिश
केम्पेगौड़ा हवाई अड्डे पर स्थित रामेश्वरम कैफे के आउटलेट पर खाने में कीड़े होने के दावे को लेकर रामेश्वरम कैफे को 'ब्लैकमेल' करने की कोशिश के बाद मामला दर्ज किया गया है। केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पुलिस ने रामेश्वरम कैफे के संचालन प्रमुख की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की।
शिकायत के अनुसार, यह घटना 24 जुलाई की सुबह की है जब पांच से सात व्यक्तियों के समूह ने सार्वजनिक रूप से हंगामा खड़ा कर दिया और झूठा आरोप लगाया कि परोसे गए भोजन में कीड़ा है। इसके बाद उन लोगों ने धमकी दी कि यदि उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया तो वे वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर देंगे। इसके तुरंत बाद टीम को एक फोन आया जिसमें ब्रांड की प्रतिष्ठा को नुकसान से बचाने के लिए 25 लाख रुपये नकद की मांग की गई।

मामले में रामेश्वरम कैफे प्रबंधन ने पुलिस को कॉल रिकॉर्ड, मैसेज के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेज सौंपे हैं। साथ ही ब्लैकमेल के प्रयास के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है।

 

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल कार्यकर्ता की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घटना बुधवार रात हुई। षष्ठी घोष जब घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया। घोष को खून में लथपथ अवस्था में सड़क पर पड़ा पाया गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि संपत्ति विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है।  
 

मनसे कार्यकर्ताओं ने गुजराती साइन बोर्ड हटाए
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को ठाणे और पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर कई होटलों के गुजराती साइन बोर्ड जबरन हटा दिए। वे मराठी साइन बोर्ड लगाने की मांग कर रहे थे। महाराष्ट्र का पालघर जिला गुजरात की सीमा से लगा है। यह आंदोलन राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में हिंदी अनिवार्य किए जाने को लेकर उठे विवाद के बाद हुआ।  

सूत्रों ने बताया कि मनसे समर्थकों ने हलोली गांव के पास एक होटल के गुजराती बोर्ड को तोड़ दिया। कई होटलों ने अपने गुजराती बोर्ड काले कपड़े से ढक दिए। मनसे ने इससे पहले मुंबई और ठाणे में अंग्रेजी साइन बोर्ड के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था।

वायुसेना पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के 2-3 स्क्वाड्रन खरीदेगी
वायुसेना पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के दो से तीन स्क्वाड्रन हासिल करने पर विचार कर रही है। एक स्क्वाड्रन में आमतौर पर 18 से 20 जेट होते हैं।

रक्षा सूत्रों ने बताया कि वायुसेना ने सरकार के समक्ष दी प्रस्तुति में दुश्मनों पर बढ़त बनाए रखने के लिए भावी जरूरतों को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा, स्वदेशी उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (एएमसीए) परियोजना के चालू होने तक सैन्य क्षमताओं की मजबूती के लिए दो से तीन स्क्वाड्रन (40-60) विमान विदेशी कंपनियों से खरीदने पर विचार किया जा रहा है। रक्षा सचिव आरके सिंह की अध्यक्षता वाली समिति ने लड़ाकू विमान खरीदने की सिफारिश की थी। सूत्र ने बताया कि भारत रूस व अमेरिका से 5वीं पीढ़ी के विमान खरीद सकता है। 

राष्ट्रपति मुर्मू के कार्यकाल के 3 वर्ष पूरे, महिला नेतृत्व को बढ़ाया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यकाल का तीसरा वर्ष शुक्रवार को पूरा हो रहा है। इस दौरान 67 वर्षीय मुर्मू ने कई उपलब्धियां हासिल कीं। इनमें विभिन्न देशों की यात्रा करके वैश्विक संबंध बनाने से लेकर पूरे राष्ट्रपति भवन परिसर को दिव्यांगजनों के लिए सुलभ बनाने तक शामिल हैं। राष्ट्रपति ने देश के विभिन्न क्षेत्रों और विभिन्न क्षेत्रों के आदिवासी नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने आदिवासी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से बातचीत करके महिला-नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा दिया।

राष्ट्रपति की उप प्रेस सचिव नविका गुप्ता ने बृहस्पतिवार को उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि मुर्मू ने 25 जुलाई, 2022 को 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्राध्यक्ष बनीं हैं। मुर्मू 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल थीं।

इन देशों का दौरा करने वाली पहली राष्ट्राध्यक्ष
राष्ट्रपति ने अपने कार्यकाल के तीसरे वर्ष में न्यूजीलैंड, फिजी, तिमोर-लेस्ते, अल्जीरिया, मॉरिटानिया, मलावी, पुर्तगाल, स्लोवाक गणराज्य और रोम का दौरा किया। वह फिजी, अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी का दौरा करने वाली पहली भारतीय राष्ट्राध्यक्ष हैं। राष्ट्रपति को यात्रा के दौरान फिजी और तिमोर-लेस्ते का सर्वोच्च पुरस्कार और अल्जीरिया एवं स्लोवाक गणराज्य में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।

कर्नाटक में कार और ट्रक की टक्कर, चार लोगों की मौत
कर्नाटक के कोडागु जिले के मडिकेरी तालुक के देवराकोल्ली इलाके में शुक्रवार को एक कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक गोणिकोप्पल (कोडागु जिले) के रहने वाले है। ये लोग दक्षिण कन्नड़ जिले के उल्लाल से कोडागु की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी दो ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed