Updates सावरकर पर टिप्पणी- राहुल गांधी को 25000 के मुचलके पर जमानत; KTR के खिलाफ सड़क जाम करने का मामला दर्ज
वीडी सावरकर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मामले में पुणे की कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शुक्रवार को जमानत दे दी। एमपी-एमएलए अदालत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश होने के बाद उन्हें 25,000 रुपये के बॉण्ड पर जमानत दे दी। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहन जोशी अदालत में बतौर जमानतदार पेश हुए। मामले की सुनवाई अब 18 फरवरी को होगी। राहुल गांधी की तरफ से पेश अधिवक्ता मिलिंद पवार ने बताया कि कोर्ट ने कांग्रेस नेता को व्यक्तिगत तौर पर पेश होने से स्थायी छूट भी प्रदान की है। मामला सावरकर के पोते की शिकायत पर दर्ज किया गया था और मार्च 2023 में लंदन में राहुल गांधी के भाषण से संबंधित है, जिसमें उन्होंने एक किताब का हवाला देते हुए सावरकर पर कुछ टिप्पणियां की थीं।
#WATCH | Pune, Maharashtra: On Savarkar defamation case, Advocate Sangram Kolhatkar, counsel of complainant Satyaki Savarkar says, "The case was regarding defamatory words used by Rahul Gandhi on one occasion. Till today several court proceedings were conducted but Rahul Gandhi… pic.twitter.com/ClUPewLhNg
— ANI (@ANI) January 10, 2025
हेमंत सोरेन ने केंद्र से कहा- राज्य का 1.36 लाख करोड़ रुपये का कोयला बकाया चुकाएं
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी से राज्य के कोयला बकाए के 1.36 लाख करोड़ रुपये चुकाने की अपील की है। इस अपील पर जी किशन रेड्डी ने उन्हें आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार बकाया भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
इससे पहले दिन में, सोरेन और रेड्डी की उपस्थिति में राज्य सरकार, कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच एक बैठक हुई थी। इस बैठक में झारखंड सरकार ने केंद्रीय मंत्री के सामने बकाया खनिज रॉयल्टी भुगतान का विस्तृत आकलन पेश किया था। साथ ही सीएम ने यह भी कहा कि जिन जमीनों पर खनन कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें झारखंड सरकार को वापस कर दिया जाना चाहिए।
तेलंगाना में हो सकती है शराब की कमी, शराब कंपनियों ने सरकार से मांगे 4,003 करोड़ रुपये
भुगतान विवाद के चलते तेलंगाना में शराब की कमी हो सकती है। तीन बड़ी वैश्विक शराब कंपनियों डियाजियो, पेरनोड रिकार्ड और कार्ल्सबर्ग ने तेलंगाना सरकार से 46.6 करोड़ डॉलर (4003.37 करोड़ या 40 अरब रुपये) की मांग की है। सूत्रों का कहना है कि बड़ा कदम उठाते हुए एक अन्य शराब कंपनी हेनेकेन ने राज्य को दी जाने वाली शराब की आपूर्ति इस हफ्ते निलंबित कर दी है। तेलंगाना उन राज्यों में एक है, जहां शराब की सबसे अधिक खपत होती है। भारत दुनिया का आठवां सबसे बड़ा शराब बाजार है।
कंपनी जांच के घेरे में
देश की सबसे बड़ी बीयर कंपनी की ओर से बुधवार को उठाए गए अप्रत्याशित कदम से उसके शेयरों में 7 फीसदी की गिरावट आई। कंपनी ने ऐसे समय में यह फैसला लिया है जब कंपनी देशभर में गहन जांच का सामना कर रही है। एंटीट्रस्ट वॉचडॉग अलग-अलग तरीके से एन्हेसर-बुश इनबेव और फ्रांस की पेरनोड की ओर से बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए मिलीभगत के आरोपों की जांच कर रहा है। इस मामले में दिसंबर में उनके कार्यालयों पर छापा भी मारा गया था। दोनों ही कंपनियां का कहना है कि वे भारतीय अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं।
झारखंड: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने अस्पताल में करिया मुंडा से मुलाकात की
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सूबे के सीएम हेमंत सोरेन ने रांची के एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किए गए लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा से बृहस्पतिवार को मुलाकात की। गौरतलब है कि लोकसभा के आठ बार सदस्य रहे मुंडा को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कांग्रेस विधायक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
केरल में कांग्रेस विधायक आईसी बालाकृष्णन के खिलाफ पार्टी के पदाधिकारी एनएम विजयन को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में वायनाड जिला कांग्रेस अध्यक्ष एनडी अप्पाचन समेत तीन के नाम भी शामिल हैं। विजयन, वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष थे। पिछले महीने विजयन (78) और उनके बेटे जिजेश (38) ने आत्महत्या का प्रयास किया था। 27 दिसंबर को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई थी।
विजयन के सुसाइड नोट के आधार पर बालाकृष्णन और अप्पाचन समेत तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है। विजयन ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया था कि बालाकृष्णन के कहने पर उन्होंने पार्टी पदाधिकारी के तौर पर कांग्रेस नियंत्रित सहकारी बैंक में नौकरी की इच्छा रखने वाले लोगों से रिश्वत ली थी। अप्पाचन ने कहा कि विजयन ने कभी नहीं बताया कि क्या हो रहा है और अब मुझे इस मामले में फंसाया जा रहा है। मैंने कभी किसी से पैसे नहीं लिए। मेरे पास बहुत अधिक संपत्ति नहीं है। मैंने ईमानदारी से जीवन जिया है। मैं कानूनी रूप से मामले का सामना करूंगा।
अंतरिक्ष विज्ञान सिर्फ खगोलशास्त्री बनने का जरिया नहींः सोमनाथ
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान सिर्फ खगोलशास्त्री बनने के उत्साह के बारे में नहीं है, बल्कि इसमें जटिल और समय लेने वाला विज्ञान भी शामिल है। सालों के लगातार प्रयास से ही इस क्षेत्र में में विशेषज्ञता विकसित की जा सकती है।
सोमनाथ अंतरिक्ष विभाग के सचिव भी हैं। वह बृहस्पतिवार को इसरो के स्पेस ट्रेनिंग एंड टेक्नोलॉजी प्रोग्राम (स्टार्ट-2025) के तीसरे संस्करण को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। सोमनाथ ने कहा कि इस साल 560 से ज्यादा संस्थानों के 20 हजार छात्रों ने स्टार्ट कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मांड के रहस्य स्वाभाविक रूप से ध्यान का प्राथमिक केंद्र बन जाते हैं, इसलिए छात्र इस ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं।
पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक लॉज में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यहां से चार महिलाओं को बचाया। महिलाओं को अवैध धंधे में धकेलने के आरोप में गैराज संचालक रंजीत वैष्णव (42) को गिरफ्तार किया गया है। जबकि लॉज मालिक अशोक शेट्टी फरार है। कासरवडावली पुलिस ने बुधवार को एक लॉज पर छापा मारा और दो कमरों से 26 से 30 वर्ष की आयु की चार महिलाओं को बचाया। वैष्णव और शेट्टी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 (मानव तस्करी) और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
केरल के कोझिकोड और कन्नूर जिलों के प्रसिद्ध कप्पड़ और चाल समुद्र तटों को पर्यावरण और सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए वैश्विक ब्लू फ्लैग प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया है। डेनमार्क स्थित फाउंडेशन फॉर एनवायर्नमेंटल एजुकेशन (एफईई) के प्रतिष्ठित ब्लू फ्लैग प्रमाणन से सम्मानित होने पर राज्य के पर्यटन मंत्री पी ए मोहम्मद रियास ने इसे मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि ब्लू फ्लैग का दर्जा न केवल इन समुद्र तटों की वैश्विक अपील को बढ़ाता है बल्कि एक प्रमुख टिकाऊ पर्यटन स्थल के रूप में केरल की प्रतिष्ठा को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि यह पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यावरण के प्रति जागरूक यात्रियों को राज्य में आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पशु अधिकार संगठन ने उत्तर केरल जिले की एक मस्जिद को पत्र भेजा है। पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) इंडिया ने धार्मिक समारोहों में उपयोग के लिए यांत्रिक हाथी दान करने की पेशकश की है। हाल ही में तिरूर के पास एक मस्जिद में धार्मिक समारोह के दौरान एक बंदी हाथी के उत्पात मचाने से 23 लोग घायल हो गए थे। पेटा ने कहा कि इसका उद्देश्य सामुदायिक सुरक्षा और दयालु उत्सव दोनों को प्राथमिकता देना है। 2023 में उसने यांत्रिक हाथी दान करने का फैसला किया था। इसके बाद दक्षिण भारत के 12 मंदिरों में यांत्रिक हाथी दिए गए हैं। केरल और कर्नाटक के मंदिरों के लिए सात यांत्रिक हाथी देने की पेशकश की गई है।
भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से मुलाकात की। एरिक गार्सेटी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि मैंने मुकेश अंबानी के साथ एक बेहतरीन बैठक की। इसमें महत्वपूर्ण और उभरती तकनीक के साथ अमेरिका-भारत साझेदारी के लिए नए रास्ते तलाशे गए। हम साथ मिलकर सुलभ और किफायती समाधान विकसित कर रहे हैं और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा दे रहे हैं।
US Ambassador to India Eric Garcetti meets Reliance Industries Chairman Mukesh Ambani
— ANI (@ANI) January 10, 2025
"I had a productive meeting with Mukesh Ambani exploring new avenues for the US-India partnership in critical and emerging technologies. Together, we are developing accessible and affordable… pic.twitter.com/31QCWgmk29
केरल की एक अदालत ने पुलिस को वायनाड जिले में कांग्रेस के पदाधिकारी एनएम विजयन और उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दो नेताओं आईसी बालाकृष्णन व एनडी अप्पाचन को 15 जनवरी तक गिरफ्तार नहीं करने का शुक्रवार को निर्देश दिया। कांग्रेस विधायक के वकील ने बताया कि अदालत ने मौखिक रूप से पुलिस को विधायक आईसी बालाकृष्णन को 15 जनवरी तक गिरफ्तार नहीं करने को कहा है और केस डायरी मांगी है। यह मौखिक निर्देश विधायक की अग्रिम जमानत याचिका पर दिया गया है। वकील ने कहा कि यह आदेश अप्पाचन पर भी लागू होगा। वकील ने यह भी कहा कि इन याचिकाओं पर विस्तृत सुनवाई 15 जनवरी को होगी।
कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हमारी सरकार के बारे में चिंतित नहीं होना चाहिए। हमारी सरकार पूरे पांच साल तक रहेगी। सीटी रवि और पार्टी के अन्य नेताओं को अपना होमवर्क ठीक से करना चाहिए।
#WATCH | Bengaluru | Karnataka Minister Priyank Kharge says, "BJP should not be worried about our government, our government is about to complete five years...CT Ravi and other leaders of the party don't do their homework properly..." pic.twitter.com/4i5HQHIhhK
— ANI (@ANI) January 10, 2025
हैदराबाद में बंजारा हिल्स पुलिस ने शुक्रवार को बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कार्यालय में सड़क अवरोध और सार्वजनिक उपद्रव करने के आरोप में मामला दर्ज किया। उनसे 9 जनवरी को फॉर्मूला-ई रेस मामले में पूछताछ की गई थी। यातायात पुलिस की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने मल्टी-लेयर क्लोथिंग प्रणाली 'हिमकवच' का सफल परीक्षण किया है। इसे विशेष रूप से अत्यधिक ठंडे मौसम की स्थिति में जवानों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। डीआरडीओ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, हिमकवच मल्टी-लेयर क्लोथिंग प्रणाली जिसे +20 डिग्री सेल्सियस से -60 डिग्री सेल्सियस के तापमान रेंज के लिए डिजाइन किया गया है। उसके सभी परीक्षण सफल रहे हैं। इससे सेना के जवान हिमालयी क्षेत्र में अत्यधिक ठंडे मौसम में सैन्य अभियानों को आसानी से अंजाम दे पाएंगे।
चेन्नई से सिंगापुर जा रहे एअर इंडिया के विमान में शुक्रवार को खराबी आ गई। पायलट ने विमान को वापस चेन्नई हवाई अड्डे पर उतार लिया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि खराबी का पता लगने के बाद पायलट ने वापस लौटने के लिए हवाई अड्डे से संपर्क किया और विमान को सुरक्षित तरीके से उतार लिया। विमान में लगभग 170 यात्री सवार थे। अफसरों ने बताया कि चेन्नई से सिंगापुर जाने वाली उड़ान संख्या एआई 346 तकनीकी समस्या के कारण वापस लौट आई। जांच के लिए विमान को सुरक्षित तरीके से उतारा गया। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।