फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 9th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: तेलंगाना में तीन श्रमिको की मौत; असम कैबिनेट ने विदेशियों के निष्कासन पर एसओपी को दी मंजूरी

Tue, 09 Sep 2025 11:05 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 09 Sep 2025 11:05 PM IST
विज्ञापन
News Updates 9th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक के मांड्या में रविवार को गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुई सांप्रदायिक झड़पों के बाद भाजपा की तरफ से बुलाए गए बंद के मद्देनजर मंगलवार को मद्दुर कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि स्थिति शांतिपूर्ण रही। भाजपा के मांड्या जिला अध्यक्ष इंद्रेश एन.एस. ने बंद का आह्वान किया है और भगवा पार्टी की सहयोगी जनता दल (एस) भी इस बंद का समर्थन करती है। मांड्या के एसपी मल्लिकार्जुन बालादंडी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एहतियात के तौर पर चार पुलिस अधीक्षकों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और कर्नाटक राज्य रिजर्व पुलिस बल सहित लगभग 800 कर्मियों को तैनात किया गया है।

विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। कल सुबह तक निषेधाज्ञा लागू है। पर्याप्त बल तैनात किए गए हैं और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।' पुलिस ने बताया कि रविवार को राम रहीम नगर में गणेश जुलूस पर पथराव के बाद हुई झड़पों के सिलसिले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एक मामला दर्ज किया, जबकि एक घायल व्यक्ति की शिकायत पर एक और मामला दर्ज किया गया। रविवार की घटना के सिलसिले में अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, एक मस्जिद से लगभग 500 मीटर की दूरी पर शुरू हुए पथराव के बाद जुलूस में शामिल लोगों ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने आपस में भिड़ रहे दो समूहों को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। बाद में हिंदू कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाते हुए, टायर जलाते हुए और भगवा झंडे लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


 झारखंड में पंजाब का चालक गिरफ्तार
झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने पंजाब के फतेहगढ़ जिले के हरगाना गांव निवासी शेर सिंह (48) को अफीम की भूसी (पॉपी हस्क) के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने पर सिंह का ट्रक एनएच-20 पर तामार के पास रोका गया। तलाशी में ट्रक से 12 बोरी में भरी 293.67 किलो अफीम की भूसी बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई। इसके साथ ही ट्रक में 33.48 टन आयरन स्पंज भी था। आरोपी के खिलाफ ओरमांझी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


तेलंगाना में निर्माणाधीन पानी के टैंक में तीन श्रमिकों की दम घुटने से मौत
तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में निर्माणाधीन पानी के टैंक में दम घुटने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। वहीं, अन्य दो अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना चेरला मंडल में हुई जब चार श्रमिक एक जल प्रदाय योजना के तहत बनाए जा रहे टैंक में सीमेंट का काम कर रहे थे। एक श्रमिक पहले टैंक में गया और मदद के लिए पुकारा। इसके बाद तीन अन्य उसे बचाने के लिए अंदर गए, लेकिन दो ऑक्सीजन की कमी के कारण बेहोश हो गए और दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य दो को अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।

असम कैबिनेट ने विदेशियों के निष्कासन के लिए एसओपी को मंजूरी दी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने अप्रवासी (असम से निष्कासन) अधिनियम, 1950 के तहत विदेशियों को बाहर निकालने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को मंजूरी दे दी है। इसके तहत जिला आयुक्त और सह-जिले के अतिरिक्त आयुक्त को अहम जिम्मेदारी दी गई है। डीसी संदिग्ध विदेशियों को 10 दिन की नोटिस अवधि देंगे ताकि वे नागरिकता साबित करने के दस्तावेज पेश कर सकें। यदि अधिकारी संतुष्ट नहीं होते हैं तो 10वें दिन निष्कासन आदेश जारी कर दिया जाएगा।

आईएएसवी त्रिवेणी से विश्व भ्रमण पर निकलेंगी तीनों सेनाओं की 10 महिला अधिकारी
भारत की तीनों सेनाओं की 10 महिला अधिकारियों का दल गुरुवार को आईएएसवी त्रिवेणी पर सवार होकर गेटवे ऑफ इंडिया से विश्व भ्रमण के लिए रवाना होगा। दल का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल अनुजा वरुडकर करेंगी। इसमें सेना की पांच, वायु सेना की चार और नौसेना की एक अधिकारी शामिल हैं। यह अभियान 26,000 समुद्री मील से अधिक की यात्रा का होगा, जिसमें भूमध्य रेखा को दो बार पार करना, केप हॉर्न, केप लीउविन और केप ऑफ गुड होप का चक्कर लगाना शामिल है। नौ महीने चलने वाला यह मिशन मई 2026 में मुंबई में संपन्न होगा।

राजस्थान में 5 साल के बच्चे ने खुद को मारी गोली, पिता पर मामला दर्ज
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के छितौली गांव में घर में खेलने के दौरान पांच वर्षीय बालक ने गलती से खुद को पिस्तौल से गोली मार ली। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि कमरे में बक्से में देसी पिस्तौल रखी थी। रविवार शाम देवांशु ने उसे निकाला और गलती से ट्रिगर दब गया। गोली उसके सिर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो देखा कि लड़का खून से लथपथ पड़ा है। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत चंदवाजी के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पिता मुकेश पर घर में अवैध बंदूक रखने और लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया गया है। हथियार के स्रोत और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

भारत-यूरोपीय संघ व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति: गोयल
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि यूरोपीय संघ के साथ व्यापार वार्ता तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के व्यापार और कृषि आयुक्तों के भारत दौरा करने पर दोनों पक्ष व्यापार समझौते को काफी हद तक अंतिम रूप देने की स्थिति में होंगे। यूरोपीय संघ के व्यापार आयुक्त मारोस सेफकोविच और कृषि आयुक्त क्रिस्टोफ़ हेंसन के इस सप्ताह भारत आने की संभावना है। दोनों पक्षों के प्रमुख वार्ताकार इस समय प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर 13वें दौर की बातचीत कर रहे हैं। गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, दोनों पक्ष विभिन्न हिस्सों पर सक्रिय रूप से समन्वय कर रहे हैं। समझौते के लगभग 60-65 प्रतिशत अध्याय अब पूरी तरह से तैयार और अंतिम रूप दिया जा चुका हैं।

उन्होंने कहा, जब मेरे सहयोगी मारोस सेफकोविक और क्रिस्टोफ हेंसन भारत आएंगे, तब हम काफी हद तक समझौते को अंतिम रूप देने के लिए तैयार होंगे। गोयल की टिप्पणी संकेत देती है कि भारत-यूरोपीय संघ एफटीए पर वार्ता अब अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी है और जल्द ही इसे औपचारिक रूप से अंतिम रूप दिया जा सकता है।
भारत और 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ ने जून, 2022 में व्यापक एफटीए, निवेश संरक्षण समझौते और भौगोलिक संकेतक (जीआई) पर बातचीत आठ साल के अंतराल के बाद दोबारा शुरू की थी। एफटीए पर वार्ता 2013 में बाजार खोलने के स्तर पर मतभेदों के कारण रुक गई थी।

इंदौर के तेल गोदाम में लगी आग, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
मध्य प्रदेश के इंदौर में देर रात आग लगने की खबर भी सामने आई। घटना पालदा औद्योगिक क्षेत्र की है, जहां एक तेल गोदाम में आग लग गई। फायर ब्रिगेड के सब-इंस्पेक्टर शिव नारायण शर्मा ने बताया कि भीषण आग लगने की सूचना मिलने पर आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को भेजा गया। आग काबू से बाहर होती जा रही थी, लेकिन आग पर काबू पा लिया गया। 

पीठ पर कांग्रेस सांसद, भाजपा बोली- बाढ़ पीड़ितों का अपमान
बिहार के कटिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर सोमवार को अपने क्षेत्र में लोगों की पीठ पर सवार होकर बाढ़ का जायजा लेते दिखे। भाजपा ने इसे बाढ़ पीड़ितों का अपमान करार दिया है।

मानहानि मामले में राहुल के वकील ने की आत्महत्या
मानहानि से जुड़े मामले में राहुल गांधी की कानूनी टीम में रहे सूरत के एक वकील ने तापी नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। नवसारी जिले की मरोली पुलिस स्टेशन में तैनात इंस्पेक्टर धर्मेश पटेल ने बताया कि वकील फिरोज पठान अवसाद से पीड़ित थे। फिरोज ने 4 सितंबर को तापी नदी पर बने पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली। नदी का बहाव तेज होने की वजह से उनका शव बहकर नवसारी जिले के उभारात पहुंच गया। आत्महत्या से पहले फिरोज ने अपने एक जूनियर वकील को फोन किया था। फिरोज के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना के अगले दिन 5 सितंबर को पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर इसकी जांच कर रही है। फिरोज कांग्रेस की कानूनी टीम के सदस्य थे, जिसने भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी की शिकायत के बाद सूरत में राहुल के खिलाफ दर्ज मानहानि के मामले में उनका प्रतिनिधित्व किया था।

बांग्लादेश सीमा पर 5 करोड़ का सोना जब्त
भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की 194 बटालियन के जवानों ने रविवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के सुंदर सीमा चौकी के पास एक भारतीय तस्कर को पकड़ा। बल ने उसकी कमर में छिपाए गए 35 सोने के बिस्कुट बरामद किए, जिनकी कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

मस्तिष्क ज्वर से केरल में एक और महिला की मौत
केरल में अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस यानी मस्तिष्क ज्वर से सोमवार को एक और महिला की मौत हो गई। इसी के साथ ही प्रदेश में अगस्त से अब तक इस खतरनाक संक्रमण के कारण पांच लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि 54 वर्षीय पीड़िता मल्लपुरम जिले के वंदूर की निवासी थी। उसका पड़ोसी कोझिकोड जिले के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा था।

सुरक्षाबलों ने मणिपुर में 6 उग्रवादी किए गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित सगंठनों के छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये जबरन वसूली में लिप्त थे। पुलिस ने सोमवार को बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी, यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (के) और कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) के चार उग्रवादियों को चोंगजांग में गिरफ्तार किया। वहीं, थौबल से केसीपी (अपुनबा) के दो सदस्यों गिरफ्तार किए।

ओडिशा में नहीं रहे चार बार के विधायक ढोलकिया
ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजेडी) के विधायक राजेंद्र ढोलकिया का 68 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और चेन्नई के अस्पताल में इलाज करा रहे थे। ढोलकिया नुआपाड़ा सीट से चार बार विधायक रहे थे। वे 2022 से 2024 तक नवीन पटनायक के मंत्रिमंडल में मंत्री थे। उनके निधन से राज्य विधानसभा में बीजेडी विधायकों की संख्या 50 रह गई है।

महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई पर तेलंगाना के मंत्री ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट
तेलंगाना सरकार में आबकारी मंत्री जुपाली कृष्णा राव ने अधिकारियों से चेरलापल्ली में महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई पर रिपोर्ट मांगी है। राव ने पकड़ी गई मेफेड्रोन निर्माण इकाई पर 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए नशीली दवाओं की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग के मुताबिक यह इकाई एक केमिकल फैक्ट्री है, फार्मा कंपनी नहीं। बीआरएस नेता और पूर्व सीएम के चंद्रशेखर राव के बेटे केटी रामाराव ने कांग्रेस सरकार पर नशीली दवाओं पर नियंत्रण के दावों की पोल खोलने का आरोप लगाया है। महाराष्ट्र पुलिस ने छापेमारी के दौरान 12 लोगों को गिरफ्तार कर करोड़ों की सामग्री जब्त की है।

फलस्तीन समर्थक नारे लगाने वाले चार युवक बिहार में गिरफ्तार
बिहार के भागलपुर जिले में चार युवकों को फलस्तीन समर्थक नारे लगाने और विदेशी झंडा लहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। घटना भागलपुर रेलवे स्टेशन की है। सरकारी रेलवे पुलिस-भागलपुर के एसएचओ उमेश प्रसाद ने बताया कि आरोपियों (उम्र 19-20 वर्ष) की पहचान वायरल वीडियो के आधार पर तकनीकी जांच से की गई। सभी को चामेलिचक इलाके से पकड़ा गया। पूछताछ में युवकों ने किसी संगठन से जुड़ाव से इनकार किया और कहा कि उन्होंने यह वीडियो केवल सोशल मीडिया पर मज़ाक के तौर पर साझा करने के लिए बनाया था। पुलिस जांच जारी है।

26 साल से फरार थे दो आरोपी, कर्नाटक पुलिस ने किया गिरफ्तार
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में पुलिस ने 26 साल से फरार दो आरोपियों को सांप्रदायिक दंगे के मामले में गिरफ्तार किया। दिसंबर 1998 में मुल्की के हलेआंगड़ी में हुए दंगों में आगजनी और संपत्ति नुकसान की घटनाएं हुई थीं। आरोपियों लीलाधर (52) और चंद्रहास केशव शेट्टी (59) को चार्जशीट में नामजद किया गया था। हालांकि, दोनों कोर्ट में पेश नहीं हुए और फरार हो गए। कोर्ट में यह मामला बीते दो दशकों से अधिक समय से लंबित था। हाल में लीलाधर को मुल्की से पकड़ा गया, जबकि दुबई भागे चंद्रहास को मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

रांची में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम
झारखंड दौरे पर आए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने रांची में आयोजित ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक सांस्कृतिक नेता के रूप में उभर रहा है। यह आयोजन झारखंड सरकार के पर्यटन एवं कला विभाग और ईस्टर्न जोनल कल्चरल सेंटर (EZCC) ने संयुक्त रूप से किया। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गोवा और झारखंड के 80 से अधिक कलाकारों ने पारंपरिक कला और लोकनृत्य प्रस्तुत किए, जिनमें ‘छऊ’, ‘झूमर’, ‘देह्नी’, ‘समाई’ और ‘डोमकच’ शामिल थे। इस आयोजन ने दोनों राज्यों की सांस्कृतिक धरोहर को जोड़ा।

CPIM कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
केरल में सत्तारूढ़ सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने सुन्नी इस्लामिक विद्वान बहाउद्दीन नदवी के खिलाफ प्रदर्शन किया। नदवी ने कथित तौर पर सीपीआई(एम) के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ईएमएस नंबूदरीपाद की मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। यह विवाद तब शुरू हुआ जब नदवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें उन्होंने दावा किया कि नंबूदरीपाद की मां की शादी 11 साल की उम्र में हुई थी। उन्होंने आधुनिक राजनेताओं पर भी आरोप लगाया कि कई मंत्री, सांसद और विधायक अपनी वैध पत्नी के अलावा 'इन-चार्ज पत्नियां' रखते हैं। मदवूर गांव में सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने सोमवार शाम को नदवी के खिलाफ प्रदर्शन किया और उन्हें फर्जी विद्वान बताते हुए माफी की मांग की।

नदवी ने अपने भाषण में कहा, 'हमें 15वीं सदी में जाने की जरूरत नहीं, यह 20वीं सदी में हुआ।' हालांकि, उनका पूरा भाषण अभी सामने नहीं आया है। नदवी सुन्नी संगठन समस्थ केरल जेम-इय्यथुल उलेमा (ईके) से जुड़े हुए हैं। फिलहाल उन्होंने इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

पीएम मोदी के संभावित असम दौरे की तैयारियों की सीएम सरमा ने की समीक्षा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 सितंबर से राज्य के संभावित दो दिवसीय दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने यह भी कहा कि असम इस सप्ताह प्रधानमंत्री के दौरे पर उनका भव्य स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे से पहले तैयारियों की समीक्षा के लिए कई हितधारकों के साथ बैठकों की अध्यक्षता की।' अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे और इस महान व्यक्ति को समर्पित 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को प्रधानमंत्री दरांग जिले के मंगलदोई जा सकते हैं, जहाँ वे गुवाहाटी-रिंग रोड का उद्घाटन करेंगे, जो ब्रह्मपुत्र नदी पर बना एक पुल है और गुवाहाटी में कुरुवा और नारेंगी को जोड़ता है। साथ ही, वे मंगलदोई मेडिकल कॉलेज अस्पताल की आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री गोलाघाट जिले में स्थित नुमालीगढ़ रिफ़ाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) भी जा सकते हैं और 4,200 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित बायो-एथेनॉल संयंत्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

मणिपुर में तीन भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल
मणिपुर के तीन भाजपा नेताओं, जिनमें दो पूर्व विधायक शामिल हैं, ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी की ओर से मंगलवार को जारी बयान में बताया गया कि दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में ये नेता कांग्रेस में शामिल हुए। पूर्व विधायक वाई. सुर्चंद्र सिंह, एल. राधाकिशोर सिंह और भाजपा नेता उत्तमकुमार निंगथौजम ने एआईसीसी मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्यता ली। इस दौरान एआईसीसी मणिपुर प्रभारी सप्तगिरि शंकर उल्का और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के. मेघचंद्र सिंह मौजूद थे।

बयान में कहा गया कि मणिपुर संकट के गलत प्रबंधन से नाराज होकर इन नेताओं ने भाजपा छोड़ने का फैसला किया। उनका मानना है कि राज्य में शांति, स्थिरता और समावेशी शासन केवल कांग्रेस ही दे सकती है। सुर्चंद्र काकचिंग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि राधाकिशोर ओइनम सीट से विधायक रह चुके हैं। कांग्रेस का मानना है कि इन नेताओं के अनुभव से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
 

आंध्र प्रदेश में एमटेक छात्र ने प्रोफेसर पर चाकू से किया हमला
आईआईआईटी नुजविद के एमटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र ने प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होने की अनुमति न मिलने पर परिसर में एक प्रोफेसर पर चाकू से हमला कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विनय नाम के इस छात्र की उपस्थिति केवल 25 प्रतिशत थी क्योंकि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कक्षाओं से अनुपस्थित था। अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई। डीएसपी केवीवीएनवी प्रसाद ने बताया, 'आईआईआईटी नुजविद के एमटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र ने प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होने से मना करने पर परिसर के अंदर परिवहन विभाग के एक प्रोफेसर पर चाकू से हमला कर दिया।'

उन्होंने बताया कि विनय, जो परिसर के छात्रावास में रह रहा था, दो चाकू लेकर आया और उसने प्रोफेसर राजू पर एक चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि घायल प्रोफेसर को अस्पताल ले जाया गया जबकि विनय को हिरासत में ले लिया गया। डीएसपी ने बताया कि बाद में छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया और रिमांड पर ले लिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed