फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates: Indian Railways initiative during Navratri special fasting thali started at 150 plus stations

Updates: हेमंत सोरेन ने खरगे और राहुल से की मुलाकात; वलसाड में मेफेड्रोन ड्रग बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़

Wed, 09 Oct 2024 10:06 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 09 Oct 2024 10:06 PM IST
विज्ञापन
News Updates: Indian Railways initiative during Navratri special fasting thali started at 150 plus stations
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब कांग्रेस-झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गठबंधन इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा है। सूत्रों ने बताया कि खरगे के आवास पर सोरेन के साथ हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। कांग्रेस और झामुमो दोनों जल्द से जल्द सीट बंटवारे पर सहमति बनाने और चुनाव प्रचार शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। बैठक में सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और कांग्रेस महासचिव एवं संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे।

विज्ञापन


अपहरण और दुष्कर्म में कांग्रेस विधायक पर केस
कर्नाटक में एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता का अपहरण कर उससे दुष्कर्म का आरोप कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी पर लगा है। पुलिस ने विनय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि 34 वर्षीय पीड़ित महिला ने संजय नगर थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उसने धारवाड़ के विधायक पर उसे फोन और वीडियो कॉल कर अश्लील बातचीत करने का आरोप लगाया है। एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता 2022 में विधायक से मिली थी। आरोप है कि वह उसे देवनहल्ली में केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने कार के अंदर उसके साथ दुष्कर्म किया।  पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर विधायक के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और दुष्कर्म, अपहरण, आपराधिक धमकी, साक्ष्य मिटाना, महिला को चोट पहुंचाना और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग करने संबंधी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन


सीएमसी आंध्र में खोलेगा चिकित्सा केंद्र, अजीम प्रेमजी देंगे 500 करोड़
क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी) वेल्लूर, आंध्र प्रदेश के चित्तूर में एक नया मेडिकल कॉलेज और चिकित्सा केंद्र खोलने की योजना बना रहा है। इसके लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन 500 करोड़ रुपये का अनुदान देगा। सीएमसी ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि इस अनुदान की मदद से मौजूदा 120 बिस्तरों वाले अस्पताल को 422 बिस्तरों वाले चिकित्सा केंद्र में अपग्रेड किया जाएगा और एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


वलसाड में ड्रग्स फैक्टरी का भंडाफोड़, 25 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त, तीन गिरफ्तार
गुजरात के वलसाड जिले में मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग बनाने वाली एक फैक्टरी का भड़ाफोड़ हुआ है। 25 करोड़ का प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में बताया कि सूचना पर सूरत और वापी की डीआरआई टीमों ने उमरगाम और देहरी में जीआईडीसी (औद्योगिक एस्टेट) के विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। इस दाैरान मेसर्स सौरव क्रिएशंस को सिंथेटिक उत्तेजक दवा मेफेड्रोन के अवैध निर्माण में संलिप्त पाया गया। डीआरआई ने बताया कि फोरेंसिक साइंस लैब की टीम ने बरामद पदार्थों में मेफेड्रोन की मौजूदगी की पुष्टि की। यूनिट से तरल रूप में कुल 17.3 किलोग्राम एमडी बरामद किया गया। जब्त पदार्थों का बाजार मूल्य लगभग 25 करोड़ रुपये है। 

अहमदाबाद : क्राइम ब्रांच ने जीएसटी घोटाले में पत्रकार को किया गिरफ्तार
अहमदाबाद अपराध शाखा ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) घोटाले में मंगलवार को गुजरात के प्रमुख समाचार पत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अजीत राजियन ने कहा कि विस्तृत पूछताछ के बाद पत्रकार महेश लंगा को अपराध शाखा ने सुबह गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, जाली दस्तावेज का उपयोग करके महेश लंगा की पत्नी और पिता के नाम पर बनाई गई फर्जी फर्मों में कुछ संदिग्ध लेनदेन पाया था। अपराध शाखा ने सोमवार को कई लोगों और फर्जी फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

झारखंड सरकार ने छात्रवृत्ति योजना का कोटा 25 से बढ़ाकर 50 किया
झारखंड सरकार ने मंगलवार को 'मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति' योजना के लिए पात्र छात्रों का कोटा 25 से बढ़ाकर 50 कर दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इसे मंजूरी दी गई। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष अनुसूचित जनजाति के 20 छात्र, अनुसूचित जाति के 10 छात्र, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 14 छात्र तथा अल्पसंख्यक समुदाय के छह छात्र इस योजना से लाभान्वित होंगे।मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान कुल 81 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिसमें राज्य संचालित मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में 'मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर' की स्थापना भी शामिल है। 

असम में 11 करोड़ की ड्रग्स जब्त
असम के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग अभियानों के दाैरान करीब 11 करोड़ की नशीली दवाएं (ड्रग्स) जब्त की गई हैं और दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर बताया कि बिश्वनाथ जिले में पुलिस ने एनएच-15 पर एक वाहन को रोका और उसमें से 1.57 करोड़ का 314 किलो गांजा बरामद किया। वहीं, कछार के सिलचर और रामनगर में 572 ग्राम हेरोइन और 10 हजार याबा टैबलेट्स जब्त की गईं, जिनकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है। 

गोवा में भारी बारिश के बाद पांच उड़ानों का मार्ग बदला गया
गोवा के डाबोलिम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होने वाली पांच व्यावसायिक उड़ानों के मार्ग में बदलाव किया गया है। गोवा हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के चलते मंगलवार शाम को विमानों का मार्ग बदला गया।

उन्होंने कहा कि खराब मौसम ने हवाईअड्डा अधिकारियों को हैदराबाद और बेंगलुरु में वैकल्पिक हवाई अड्डों पर उड़ानों को फिर से निर्देशित करने के लिए मजबूर किया। दो उड़ानों को हैदराबाद भेजा गया जबकि तीन उड़ानों को बेंगलुरु भेजा गया। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात 12 बजकर 10 मिनट पर मौसम साफ हुआ और बाद में सामान्य उड़ान परिचालन बहाल हो गया। 

अधिकारी ने बताया कि डायवर्ट की गई उड़ानों में विस्तारा की एक और इंडिगो की चार उड़ानों को गोवा वापस लौटना पड़ा।
 

अरुणाचल में दीवार ढहने से चार लोगों की मौत
अरुणाचल प्रदेश राज्य परिवहन सेवा (एपीएसटीएस) के कारसिंगसा में स्थित केंद्रीय कार्यशाला की चारदीवारी बुधवार तड़के भारी बारिश के बाद ढह जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह घटना देर रात करीब डेढ़ बजे हुई जब दीवार वर्कशॉप के दूसरी तरफ कुछ झोपड़ियों पर गिर गई, जिससे लोगों की मौत हो गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। हालांकि, घायल हुए सभी लोग खतरे से बाहर हैं। मृतकों की पहचान उर्मिला बिस्वास, विकास बिस्वास, मुकीबुर रहमान और पॉल के रूप में की गई है।

नाहरलगुन के पुलिस अधीक्षक मिहिन गाम्बो ने कहा कि जिला प्रशासन को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

सीएम नायडू ने देवी कनक दुर्गा को 'पट्टू वस्त्रलु' किया भेंट

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने आज विजयवाड़ा में दुर्गा मल्लेश्वर स्वामी वरला देवस्थानम में देवी कनक दुर्गा को 'पट्टू वस्त्रलु' भेंट किया।
 

केरल की पूर्व डीजीपी आर. श्रीलेखा भाजपा में शामिल
केरल कैडर की पहली महिला आईपीएस अधिकारी पूर्व डीजीपी आर श्रीलेखा बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उन्होंने यहां अपने आवास पर शाम 4 बजे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
 

अरुणाचल: जीरो बटरफ्लाई मीट के दौरान दर्ज की गई 65 तितली, 52 पक्षी प्रजातियां

अरुणाचल प्रदेश में हाल ही में आयोजित जीरो बटरफ्लाई मीट (जेडबीएम) के दौरान कुल तितलियों की 65 और पक्षियों की 52 प्रजातियां दर्ज की गई हैं। जेडबीएम का 11वां संस्करण 5-8 अक्तूबर तक वन्यजीव अभयारण्य में आयोजित किया गया था। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, गिनती के दौरान दर्ज की गई प्रजातियों में भूटान ग्लोरी, ब्राउन गोरगन, येलो आउल और अपातानी ग्लोरी डे फ्लाइंग मोथ के साथ-साथ 52 पक्षी प्रजातियां शामिल हैं। वहीं इस कार्यक्रम के समापन समारोह में बोलते हुए हपोली प्रभागीय वन अधिकारी नानी शाह ने प्रतिभागियों को इस तरह के कार्यक्रमों में शामिल होने और संरक्षण के संदेश को फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह समारोह रूप में राज्य के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग, हापोली वन प्रभाग, जीरो के सहयोग से एनजीओ न्गुनुजीरो की ओर से आयोजित किया गया था।

पुडुचेरी: फ्रांसीसी वाणिज्य दूतावास को बम से उड़ाने की धमकी झूठी निकली

पुडुचेरी में फ्रांसीसी वाणिज्य दूतावास को बम से उड़ाने की ईमेल के जरिए मिली धमकी फर्जी निकली है। पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वॉड के कर्मी फ्रांसीसी महावाणिज्यदूत के कार्यालय पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि धमकी फर्जी थी और साइबर क्राइम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि एक दिन पहले (मंगलवार को) स्थानीय जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जेआईपीएमईआर) को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। बाद में तलाशी अभियान के दौरान कोई बम नहीं मिला था।

ट्रेन में रूसी पर्यटक से छीना गया फोन महाराष्ट्र में मिला: रेलवे

रेलवे मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस ने महाराष्ट्र में एक रूसी पर्यटक का फोन ढूंढ निकाला है, जो बिहार में ट्रेन में यात्रा करते समय उससे छीना गया था। मंत्रालय ने कहा कि फोन बरामद करने और चोर को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 17 अगस्त को गया-कामाख्या एक्सप्रेस में यात्रा करते समय फल्गु नदी का वीडियो रिकॉर्ड करते समय नीना निकोनोरोवा के हाथ पर डंडे से प्रहार किया गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। इसमें कहा गया कि निकोनोरोवा ने तुरंत गया, शेखपुरा और कामाख्या रेलवे स्टेशनों पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) से शिकायत की, जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने समन्वित तलाशी अभियान शुरू किया।

मंत्रालय ने कहा, मामले में गिरफ्तार संदिग्धों ने खुलासा किया कि मोबाइल बिहार के मानपुर निवासी साहिल पासवान के पास था, जिसने कथित तौर पर नीना पर हमला किया और उसका फोन छीन लिया। इसमें कहा गया, यात्रा के बाद नीना रूस लौट आई, लेकिन मामले ने अप्रत्याशित मोड़ तब लिया जब अक्टूबर में उसे अपने स्मार्टफोन के आईक्लाउड के माध्यम से एक सूचना मिली कि उसका चोरी हुआ फोन नागपुर, महाराष्ट्र में सक्रिय हो गया है। मंत्रालय के अनुसार, उसने तुरंत ईमेल के माध्यम से जीआरपी और आरपीएफ टीम को यह जानकारी दी, उन्हें फोन की नवीनतम लोकेशन दी और ऐप के लोकेशन डेटा की मदद से उन्होंने चोरी हुए फोन को साहिल पासवान तक पहुंचाया। मंत्रालय ने कहा, उसकी गिरफ्तारी और फोन की बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए अब और छापेमारी की जा रही है।

वलसाड में मेफेड्रोन ड्रग बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़

गुजरात के वलसाड जिले में मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग बनाने वाली एक फैक्टरी का भड़ाफोड़ हुआ है। इस दौरान 25 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बुधवार को बताया कि विशिष्ट सूचना के आधार पर सूरत और वापी की डीआरआई टीमों ने वलसाड जिले के उमरगाम और देहरी में जीआईडीसी (औद्योगिक एस्टेट) के कई स्थानों पर छापा मारा। यह कार्रवाई मंगलवार को नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत की गई और जीआईडीसी क्षेत्र में स्थित फैक्टरी मेसर्स सौरव क्रिएशंस को सिंथेटिक उत्तेजक दवा मेफेड्रोन के अवैध निर्माण में संलिप्त पाया गया।

डीआरआई ने बताया कि वलसाड की फोरेंसिक साइंस लैब की एक टीम ने फैक्टरी में पाए गए संदिग्ध साइकोट्रॉपिक पदार्थों में मेफेड्रोन की मौजूदगी की पुष्टि की। यूनिट से तरल रूप में कुल 17.3 किलोग्राम एमडी बरामद किया गया। गुजरात सीआईडी की नारकोटिक्स सेल की एक टीम ने अभियान में मदद की। यूनिट से जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का बाजार मूल्य लगभग 25 करोड़ रुपये है। बरामद पदार्थों को एनडीपीएस अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। डीआरआई ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।

पूर्व राज्यसभा सांसद धनेश्वर माझी का निधन

आदिवासी नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद धनेश्वर माझी का बुधवार को ओडिशा के कालाहांडी के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। 

कालाहांडी जिले के केसिंगा और नारला विधानसभा क्षेत्रों से पांच बार विधायक रहे माझी 1971, 1974, 2000, 2004 और 2014 में ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए। वह 1978 से 1984 तक राज्यसभा के सांसद रहे। माझी जनता दल, बीजू जनता दल के सदस्य थे। हालांकि, वह बीजद छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। 
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि केसिंगा अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने धनेश्वर माझी के निधन पर शोक व्यक्त किया। साथ ही कहा कि माझी के निधन से ओडिशा की राजनीति में एक शून्य पैदा हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं माझी के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा, 'मैं वरिष्ठ राजनेता धनेश्वर माझी के निधन के बारे में जानकर दुखी हूं। लोगों की सेवा और बेहतरी के लिए उनके काम को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं।'


नवरात्रि में भारतीय रेलवे की आम जनता के लिए पहल
भारतीय रेलवे ने नवरात्रि के दौरान सफर कर रहे यात्रियों के लिए नई पहल की है। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 150 से अधिक स्टेशन पर व्रत की विशेष थाली शुरू की है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, यात्री मोबाइल एप और वेबसाइट के जरिए इस स्वादिष्ट नवरात्रि व्रत स्पेशल थाली का ऑनलाइन ऑर्डर दे सकते हैं। व्रत की थाली तैयार करने में गुणवत्ता और पोषण का विशेष ध्यान रखा गया है।

मंत्रालय के मुताबिक, नवरात्रि उत्सव मना रहे यात्री भोजन और पेय पदार्थ के संबंध में विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हैं। इन समस्याओं से निपटने के लिए भारतीय रेलवे ने 150 से अधिक स्टेशन पर नवरात्रि विशेष थाली शुरू की है। इनमें से कुछ स्टेशन मुंबई सेंट्रल, दिल्ली जंक्शन, सूरत, जयपुर, लखनऊ, पटना जंक्शन, लुधियाना, दुर्ग, चेन्नई सेंट्रल, सिकंदराबाद, अमरावती, हैदराबाद, तिरुपति, जालंधर सिटी, उदयपुर सिटी, बेंगलुरु कैंट, नयी दिल्ली, ठाणे, पुणे, मेंगलौर सेंट्रल स्टेशन हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed