फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 8th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: तमिलनाडु में सर्पदंश अधिसूचित रोग घोषित; पीएम मोदी महाराष्ट्र के धुले में जैन संत से मिले

Fri, 08 Nov 2024 03:13 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Fri, 08 Nov 2024 03:13 PM IST
विज्ञापन
News Updates 8th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

तमिलनाडु सरकार ने राज्य में सर्पदंश को अधिसूचना योग्य रोग घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए सर्पदंश की जानकारी देना अनिवार्य हो गया है। ऐसा करने से व्यापक रोकथाम और उपचार की रणनीति बनाई जा सकेगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 4 नवंबर को एक सरकारी आदेश जारी किया। उसके बाद 6 नवंबर को एक राजपत्र अधिसूचना प्रकाशित की गई। बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने सर्पदंश से होने वाली मौतों और विकलांगताओं को नियंत्रित करने के लिए एक वैश्विक रणनीति शुरू की है।

विज्ञापन


पीएम मोदी ने जैन संत जैनाचार्य रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज से मिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धुले में प्रतिष्ठित जैन संत जैनाचार्य रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज साहब से भी मुलाकात की। सोशल मीडिया पर फोटो साझा करते हुए पीएम मोदी ने जैन संत के समाज सेवा और अध्यात्म में योगदान की प्रशंसा की। पीएम ने लिखा, धुले में मेरी मुलाक़ात जैनाचार्य रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज साहब से हुई। समाज सेवा और अध्यात्म के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है। वे अपने व्यापक लेखन के लिए भी सम्मानित हैं। जैनाचार्य रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज साहब एक प्रतिष्ठित जैन संत और विपुल लेखक हैं, जिन्होंने व्यक्तियों और समाज के सामाजिक-सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर लेखन किया है। उन्होंने संयम जीवन (दीक्षा) के 55 वर्ष पूरे कर लिए हैं और उन्हें देवी सरस्वती की दुर्लभ कृपा प्राप्त है। उन्होंने गुजराती में लगभग 425 पुस्तकें लिखी हैं और उन्हें 2017 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था।
विज्ञापन

केवल पीएम मोदी ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के नेता
पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल सेकुलर (जेडीएस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा ने कहा, 'कांग्रेस सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अधीन है।' उन्होंने सवाल किया कि सोनिया और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस में नेतृत्व कहां है? विपक्षी गठबंधन- INDIA में नेतृत्व कहां है? उन्होंने कहा कि केवल प्रधानमंत्री मोदी ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त नेता हैं।

मणिपुर के जिरीबाम में फिर भड़की हिंसा
जातीय हिंसा प्रभावित मणिपुर के जिरिबाम जिले में सशस्त्र उग्रवादियों के एक समूह ने कम से कम छह घरों में आग लगा दी और एक आदिवासी गांव के निवासियों पर हमला कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गुरुवार शाम को जैरों हमार गांव में हुई, जब आतंकवादियों के समूह ने घरों में आग लगा दी। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चला है कि कई ग्रामीण हमले के दौरान भागने में सफल रहे और उन्होंने पास के जंगल में शरण ली है। आगजनी के कारण कम से कम छह घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मामले की जांच की जा रही है। कुकी-जो संगठनों ने दावा किया कि हमले के दौरान इसी गांव की रहने वाली एक महिला की मौत हो गई, लेकिन जिला पुलिस ने मौत की पुष्टि नहीं की है। मणिपुर में पिछले साल मई से ही जातीय हिंसा भड़की हुई है और इसमें 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।

ICG के मुख्य महानिदेशक ने की अमित शाह से मुलाकात
भारतीय तटरक्षक बल के मुख्य महानिदेशक एस परमीश ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रीय समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा, समुद्र में कानून प्रवर्तन, प्रदूषण प्रतिक्रिया और एसएआर संचालन में बल द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी।

अधिकारी ने दी जानकारी
आईसीजी अधिकारी के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बैठक में आत्मनिर्भरता और स्वदेशीकरण की दिशा में आईसीजी के प्रयासों पर भी जोर दिया गया, जिसमें मजबूत तटीय सुरक्षा के लिए सशस्त्र बलों के बीच सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

तृणमूल कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सीएम ममता बनर्जी को अलग-अलग शहरों में पार्टी के संगठन में फेरबदल को लेकर एक प्रस्ताव दिया है। जिसके बारे में उन्होंने गुरुवार को कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को विभिन्न शहरों में पार्टी के संगठन में प्रदर्शन के आधार पर फेरबदल का प्रस्ताव सौंपा है जिसका उद्देश्य इसकी प्रभावशीलता को मजबूत करना और चुनावी जवाबदेही में सुधार करना है।

अभिषेक बनर्जी ने दी जानकारी
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जब यह फेरबदल होगा तो इसका असर जिला संगठनों और पार्टी द्वारा संचालित लगभग 125 नगर पालिकाओं में विभिन्न पदों पर बैठे नेताओं पर पड़ेगा। उन्होंने कालीघाट स्थित अपने आवास पर पत्रकारों के एक छोटे समूह से बातचीत करते हुए कहा इस फेरबदल के लिए प्रदर्शन ही मुख्य आधार होगा। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक नेता के प्रति सिर्फ वफादार होना ही आपकी रक्षा नहीं करेगा। 


 

पालघर जिले में नकदी जब्त
पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई-विरार इलाके में गुरुवार को एक वैन से नकदी जब्त की गई। नालासोपारा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर शेखर घाटगे ने बताया कि नकदी की गिनती की जा रही है।

इसके साथ ही सूत्रों ने दावा किया कि यह दो करोड़ रुपये से अधिक की बड़ी रकम है लेकिन अधिकारियों ने किसी भी आंकड़े की पुष्टि नहीं की। अधिकारी 20 नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले नकदी, शराब और अन्य चीजों के परिवहन की जांच करने के लिए सतर्क हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध प्रलोभन के रूप में किया जा सकता है।

लक्ष्मण हेक के काफिले में शामिल कार की तोड़फोड़
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में गुरुवार शाम को प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने ओबीसी नेता लक्ष्मण हेक के काफिले में शामिल एक कार में तोड़फोड़ की। इस विषय में कंधार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना कंधार तहसील के बछोटी गांव में हुई, जहां मराठा और ओबीसी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ। वहीं हेक मराठा नेता मनोज जरांगे की मांग का विरोध कर रहे हैं कि मराठों को ओबीसी श्रेणी के तहत आरक्षण दिया जाना चाहिए।

अधिकारी ने दी जानकारी
अधिकारी ने बताया कि ओबीसी नेता कंधार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे चंद्रसेन पाटिल के लिए एक प्रचार रैली के बाद बछोटी गांव से गुजर रहे थे। उन्होंने पीटीआई से कहा, "दोनों पक्षों के करीब 50 लोग आमने-सामने आ गए और नारेबाजी करने लगे। लक्ष्मण हेक के काफिले में शामिल एक कार का पिछला शीशा टूट गया। हम जांच कर रहे हैं।

बंगाल में सीसीटीवी निगरानी में होंगी एमबीबीएस परीक्षाएं
पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय ने फैसला किया है कि राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस परीक्षाएं अब सीसीटीवी निगरानी में होंगी। अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा तैयार की गई नई मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के तहत, विभिन्न राज्य संचालित मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस परीक्षाएं अब सीसीटीवी निगरानी में होंगी और उनका सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं पर नाम नहीं होंगे बल्कि बारकोड होंगे और परीक्षा के दौरान छात्रों को नकल से बचने के लिए सम-विषम रोल नंबर पैटर्न का पालन करना होगा। इसके साथ ही अधिकारी ने कहा प्रत्येक दिन की परीक्षा की पूरी अवधि की सीसीटीवी फुटेज एक अलग फ़ोल्डर में विश्वविद्यालय को भेजनी होगी। फुटेज को कम से कम एक साल तक संग्रहीत किया जाएगा।

सीएम ने एसओपी तैयार करने का दिया अश्वासन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारी जूनियर डॉक्टरों को उनकी मांगों पर विचार करने और एक एसओपी तैयार करने का आश्वासन दिया था, ताकि एमबीबीएस परीक्षाओं के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा सकें। बता दें कि आरजी कर की घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों ने अपने विरोध प्रदर्शन के दौरान 10 मांगें रखी थीं, जिसमें 9 अगस्त को एक महिला चिकित्सक के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई थी।

सैन्य विरासत महोत्सव के दूसरे संस्करण का उद्घाटन करेंगे अनिल चौहान
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान शुक्रवार को भारत की सैन्य विरासत का जश्न मनाने वाले दूसरे महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि इस अवसर पर तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। भारतीय सैन्य विरासत महोत्सव (आईएमएचएफ) के उद्घाटन के अवसर पर परियोजना 'शौर्य गाथा' का शुभारंभ भी होगा।

क्या है उद्देश्य
जानकारी के अनुसार यह परियोजना सैन्य मामलों के विभाग और थिंक-टैंक यूएसआई की एक पहल है, जिसका उद्देश्य शिक्षा और पर्यटन के माध्यम से भारत की सैन्य विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देना है। दो दिवसीय महोत्सव का दूसरा संस्करण शुक्रवार को नई दिल्ली में शुरू होने वाला है।

इसके साथ ही बयान में कहा गया है कि इसका उद्देश्य भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति, सैन्य इतिहास और सैन्य विरासत पर ध्यान केंद्रित करते हुए वैश्विक और भारतीय थिंक-टैंक, निगमों, सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के उपक्रमों, गैर-लाभकारी संगठनों, शिक्षाविदों और शोध विद्वानों को शामिल करना है।

जोधपुर में महिला की हत्या के आरोपी को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
राजस्थान के जोधपुर में 50 वर्षीय महिला की हत्या मामले में मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिसका शव आरोपी ने एक गड्ढे में दफना दिया था। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि पिछले नौ दिनों से फरार गुलामुद्दीन फारूकी को वी पी रोड पुलिस थाने के अधिकारियों ने राजस्थान पुलिस के अधिकारियों की एक टीम के साथ गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि आरोपी के दक्षिण मुंबई में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को आगे की जांच के लिए जोधपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।
 

सीएम भूपेंद्र पटेल ने महंत स्वामी महराज से की मुलाकात
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गांधीनगर में बीएपीएस अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया और महंत स्वामी महाराज से मुलाकात की।

भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे छह बांग्लादेशी गिरफ्तार
जिरानिया रेलवे स्टेशन पर छह बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। कथित तौर पर बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले तीन पुरुषों और तीन तीसरे लिंग के सदस्यों सहित व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। उन्हें दूसरे राज्यों में जाने के लिए ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय पकड़ा गया। बता दें कि इस अभियान में अगरतला सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बीच सहयोग शामिल था।

इस मामले में अधिकारियों को संदेह है कि इस मामले से और भी लोग जुड़े हो सकते हैं और जाँच के आगे बढ़ने पर और भी गिरफ़्तारियाँ होने की उम्मीद है। अगरतला जीआरपी स्टेशन पर मामला दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों को नवंबर में अदालत में पेश किया जाना है।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड : पुणे से दो और आरोपी गिरफ्तार
राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुंबई अपराध शाखा ने पुणे से दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आदित्य गुलनकर और रफीक नियाज शेख साजिशकर्ताओं में से एक प्रवीण लोनकर और दूसरे आरोपी रूपेश मोहोल के संपर्क में थे। लोनकर और मोहोल ने इन दोनों को 9 एमएम की पिस्तौल सौंपी थी, जिसका इस्तेमाल अपराध में किया जाना था। मामले में अब तक 18 की गिरफ्तारी हो चुकी है। 

तेलंगाना में रेस्त्रां में चिकन खाने से महिला की मौत, चार बीमार
तेलंगाना के आदिलाबाद में एक रेस्त्रां में चिकन खाने से मध्य प्रदेश की एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके चार अन्य साथी बीमार हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि 19 वर्षीय महिला यहां बोथ मंडल में स्कूल की रसोई में काम करती थी।

जानकारी के अनुसार उसने चार अन्य स्कूल स्टाफ सदस्यों के साथ 2 नवंबर को होटल में चिकन खाया था। उल्टी और दस्त की शिकायत पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला ने दम तोड़ दिया। एजेंसी
डॉक्टरों के अनुसार, पांचों लोग खाद्य विषाक्तता के शिकार हो गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जलवायु सम्मेलन के लिए अजरबैजान नहीं जाएंगे पीएम मोदी
अजरबैजान की राजधानी बाकू में 12-13 नवंबर को होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप 29) में पीएम नरेंद्र मोदी शामिल नहीं हो पाएंगे। सूत्रों ने कहा, इस सम्मलेन में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के भी शामिल होने के संभावना नहीं है, क्योंकि वे महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में व्यस्त रहेंगे। उनके स्थान पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह वक्तव्य देंगे।

ठाणे में रेलवे ट्रेक पर लोहे की छड़ से भरा बैग फेंकने पर तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भयंदर और मीरा रोड रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे पटरियों पर लोहे की छड़ों से भरा बैग फेंकने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ऐसा करके लोगों की जान को खतरा पैदा हुआ है। उन्होंने बताया कि तीनों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह घटना 5 नवंबर को हुई, जब कुछ लोगों ने रेलवे पटरियों पर लोहे की सात छड़ों से भरा बैग फेंका।

पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि पुलिस को तोड़फोड़ की कोशिश का संदेह है, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई होगी। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125, (2), 126 (2), 329 (3) और भारतीय रेलवे अधिनियम की धारा 152 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच दल ने आरोपियों पर ध्यान केंद्रित किया, जिन्होंने निर्माण स्थलों से छड़ें चुराई थीं और उन्हें पटरियों पर फेंक दिया था।

कनाडा में हिंदू मंदिरों पर हो रहे हमलों को लेकर चेन्नई में विरोध

तमिलनाडू के चेन्नई में हिंदू मक्कल काची (एचएमके) के सदस्यों ने कनाडा में हिंदू मंदिरों में हिंसा के खिलाफ चिंता जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के चलते बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस ने कुछ प्रदर्शनाकारियों को हिरासत में लिया। हिंदू मक्कल पार्टी के अध्यक्ष अर्जुन संपत ने कहा, 'जस्टिन ट्रूडो के नेतृत्व वाली कनाडा सरकार हिंदुओं के खिलाफ काम कर रही है और हम इसकी निंदा करते हैं।'
 
पीपी दिव्या को मिली जमानत
केरल  के थालास्सेरी के पूर्व एडीएम नवीन बाबू की मौत के मामले में कन्नूर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष पीपी दिव्या को जमानत दे दी गई।
 

कर्नाटक के बंगारापेट शहर में तीन मंजिला इमारत ढही; कोई हताहत नहीं
कोलार जिले के बंगारापेट शहर में दांडू रोड के पास शुक्रवार को एक तीन मंजिला इमारत ढह गई। बंगारापेट पुलिस के अनुसार, 'ग्राउंड फ्लोर के नवीनीकरण के कारण राज कुमार नामक व्यक्ति की तीन मंजिला इमारत ढह गई। घर में रहने वाले तीन परिवारों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।' 

अधिकारियों ने आगे बताया कि इमारत गिरने से इलाके में स्थित निजी स्कूल के परिसर को नुकसान पहुंचा है। मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटना में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। मामले पर आगे की जानकारी का इंतजार है।

केरल: एडीएम आत्महत्या मामले में माकपा नेता जेल से रिहा
केरल के कन्नूर की एक अदालत से जमानत मिलने के कुछ ही घंटों बाद माकपा नेता पी.पी. दिव्या को शुक्रवार शाम रिहा कर दिया गया। वह पूर्व अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) नवीन बाबू  को आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत में थीं। उन्हें 29 अक्तूबर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। जेल से रिहा होते समय दिव्या ने कहा कि वह पूर्व एडीएम की मौत से बहुत दुखी हैं और जैसे उनके परिजन चाहते हैं कि इस मामले की सही जांच हो, वैसे ही वह भी चाहती हैं। 

मणिपुर: केवाईकेएल के चार उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के कंगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) संगठन के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इन उग्रवादियों ने कथित तौर पर इंफाल पूर्व जिले में एक तेईस वर्षीय रेलवे चालक का अपहरण किया था और उसे मारा-पीटा था। पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। 

ठाणे: पुलिस की हिरासत से युवक फरार
महाराष्ट्र के ठाणे में एक 19 वर्षीय युवक पुलिस की हिरासत से फरार हो गया। उसे आयुध अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ का निवासी प्रिंस कैलाश विश्वकर्मा को पांच नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। वह अपनी हथकड़ी को खोलने में सफल रहा और फरार हो गया। उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।  

अनुच्छेद 370 को लेकर केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता संविधान की प्रति लेकर चलते हैं। लेकिन वे अनुच्छेद  370 को जम्मू-कश्मीर में फिर से लागू करने के समर्थन में हैं। पाटिल ने यह टिप्पणी उस समय की है, जब जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बुधवार को एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें केंद्र से जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-170 की बहाली की मांग की गई। अनुच्छेद 370 को 5 अगस्त 2019 को निरस्त किया गया था। 
 

अर्चना पटनायक तमिलनाडु की नई मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त
चुनाव आयोग ने अर्चना पटनायक को तमिलनाडु का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वह सत्यब्रत साहू की जगह लेंगी, जो अब तक इस पद पर कार्यरत थे। अर्चना पटनायक की नियुक्ति तमिलनाडु में आगामी विधानसभा और अन्य चुनावों को ध्यान में रखते हुए की गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed