फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 8th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: भारत दौरे पर पहुंचे सऊदी के विदेश राज्य मंत्री; बंगाल सरकार ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कीं

Thu, 08 May 2025 09:52 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 08 May 2025 09:52 PM IST
विज्ञापन
News Updates 8th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

सऊदी अरब के विदेश राज्य मंत्री आदेल अल-जुबैर भारत की गोपनीय (अघोषित) यात्रा पर गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की और दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय रिश्तों और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत हुई। हालांकि इस यात्रा की पहले से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी, लेकिन इसे भारत-सऊदी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम क़दम माना जा रहा है।
 

 

जानकारी के अनुसार बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा सहयोग, रणनीतिक साझेदारी और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। भारत और सऊदी अरब के बीच हाल के वर्षों में संबंध लगातार बेहतर हुए हैं और इस तरह की उच्च स्तरीय बातचीत को उस दिशा में एक और सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन


बंगाल सरकार ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कीं
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने अगले आदेश तक सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। राज्य वित्त विभाग ने जारी आदेश में निर्णय के पीछे का कारण वर्तमान स्थिति बताया है। वित्त विभाग ने कहा कि आदेश राज्य सरकार के सभी श्रेणी के कर्मचारियों पर लागू होगा और यहां तक कि जिन लोगों को पहले छुट्टी मंजूर की गई थी, उन्हें भी अब वापस ड्यूटी पर आना होगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि केवल चिकित्सा अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों को ही इस निर्देश से छूट दी जाएगी।

आदेश में कहा गया है कि कोई भी अधिकारी अपने विभागाध्यक्ष की लिखित अनुमति के बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। राज्य सरकार के निर्देश के बाद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने अपने आपदा प्रतिक्रिया दलों को किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए विशेष रूप से रात के समय हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। केएमसी ने विभागों से आपातकालीन आपूर्ति जैसे तिरपाल शीट, चावल, दाल और सूखे खाद्य पदार्थों का स्टॉक रखने को भी कहा है।

बंगलूरू के रेवा विश्वविद्यालय में भारत-ताइवान में द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा
रेवा विश्वविद्यालय में पिछले दिनों विश्व संवाद के तहत भारत-ताइवान संवाद का आयोजन किया गया। ताइवान के प्रॉस्पेक्ट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में भारत और ताइवान के प्रतिनिधियों ने आपसी प्राथमिकताओं और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।


रेवा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी श्यामा राजू ने अपने संबोधन में कहा, विश्व संवाद 2025 भारत और ताइवान के बीच गहरे संबंध और सहयोग के अवसरों को बढ़ावा देने का मंच है। यह दीर्घकालिक साझेदारी की राह प्रशस्त करेगा। प्रॉस्पेक्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. आई-चुंग लाई ने भारत-ताइवान की मजबूत दोस्ती और भू-राजनीति व भू-अर्थशास्त्र में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया। प्रोफेसर एमडी नलपत ने भारत-ताइवान साझेदारी को सूचना प्रौद्योगिकी में तालमेल का प्रतीक बताया। उन्होंने ट्रंप-लाई-मोदी सिद्धांत का उल्लेख करते हुए डिजिटल भविष्य में भारत, ताइवान और अमेरिका की रणनीतिक भूमिका पर प्रकाश डाला। भारत-ताइपे एसोसिएशन के महानिदेशक मनहरसिंह यादव ने प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, ड्रोन और एआई स्टार्टअप में सहयोग की संभावनाओं पर रेवा की भूमिका की सराहना की। दो दिवसीय संवाद में महाशक्ति प्रतिस्पर्धा, क्षेत्रीय सुरक्षा, साइबर खतरे, व्यापार, अर्थव्यवस्था और आपसी संबंधों जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

दिल का दौरा पड़ने से मद्रास हाईकोर्ट के जज का निधन
 मद्रास हाईकोर्ट के सेवारत जज न्यायमूर्ति जे सत्य नारायण प्रसाद (56) का दिल का दौरा पड़ने से मंगलवार देर रात चेन्नई में निधन हो गया। तंजावुर जिले में 15 मार्च, 1969 को जन्मे न्यायमूर्ति सत्य नारायण प्रसाद वेल्लोर जिले के मूल निवासी थे। न्यायमूर्ति प्रसाद ने दिल्ली विवि से कानून की पढ़ाई पूरी की। प्रसाद ने 29 जनवरी, 1997 को तमिलनाडु और पुडुचेरी की बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था। उन्हें 2021 में मद्रास हाईकोर्ट के जज के रूप में पदोन्नत किया गया था।

फोन यूजर्स का डाटा हिस्ट्रीशीटर को बेचा, दो कांस्टेबल गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने दो कांस्टेबलों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही इन्हें फोन यूजर्स (उपयोगकर्ताओं) के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित गोपनीय मोबाइल डाटा चोरी करने और हिस्ट्रीशीटर को बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान आकाश सोपान सुर्वे (36) और हर्षद लक्ष्मण परब (31) के रूप में हुई है।

दोनों ने अवैध रूप से मोबाइल फोन उपयोगकर्ताओं के संवेदनशील सीडीआर, सब्सक्राइबर डिटेल रिकॉर्ड (एसडीआर) और लोकेशन डाटा हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद सोहेल मोहम्मद शब्बीर राजपूत (28) को बेचते थे। लोक सेवकों के इस विश्वासघात का संज्ञान लेते हुए ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने दोनों कांस्टेबलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया। आदेश के अनुसार, सुर्वे और परब को 3 मई को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उनकी बर्खास्तगी के बाद, इस संबंध में 5 मई को साइबर पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई। दो कांस्टेबलों के अलावा, पुलिस ने राजपूत को भी गिरफ्तार किया, जिसे उन्होंने फोन उपयोगकर्ताओं का डाटा बेचा था। तीनों को 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।  



 

चंडीगढ़ से मुंबई जा रही इंडिगो की उड़ान में बम की धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग
चंडीगढ़ से मुंबई आ रही एक इंडिगो की उड़ान को बम की धमकी के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि हवाई अड्डे के हॉटलाइन नंबर पर मंगलवार को यह धमकी भरा कॉल आया था। मुंबई एयरपोर्ट के एक सूत्र ने बताया, मंगलवार दोपहर 2.32 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने धमकी मिलने के बाद इंडिगो की उड़ान (6ई-6382) के लिए पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया।

उड़ान ने सुरक्षित लैंडिंग की। उसे दोपहर 2:57 बजे एक आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत इसकी जांच की गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान की पूरी तरह से जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।  

गैस पाइप लाइन में लगी आग, तीन की मौत, छह लोग घायल
गुजरात के जूनागढ़ शहर में बुधवार को भूमिगत गैस पाइपलाइन में आग लगने से एक महिला, उसकी तीन साल की बेटी और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुदाई के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन में दरार आने से आग लग गई, जिससे छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।  

नौकरी घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पार्थ चटर्जी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने का आदेश दिया
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को निर्देश दिया है कि वह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता पार्थ चटर्जी और अन्य आरोपियों के खिलाफ 'नौकरी के बदले नकद' घोटाले में मुकदमा चलाने की अनुमति दे। न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने यह भी कहा कि पार्थ चटर्जी द्वारा दायर जमानत याचिका को इसी मामले से जुड़ी दूसरी याचिकाओं के साथ जोड़ा जाए और सभी पर एक साथ सुनवाई 17 जुलाई को की जाएगी। बता दें कि यह घोटाला सरकारी नौकरियों के बदले पैसे लेने से जुड़ा है, जिसमें कई लोगों पर भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं।

केरल में मिला निपाह वायरस का केस
केरल के मलप्पुरम जिले में निपाह वायरस के मामले की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि वलंचेरी नगरपालिका  के वार्ड दो की 42 वर्षीय महिला  में संक्रमण पाया गया। फिलहाल उसका इलाज पेरिन्थालमन्ना के एक अस्पताल में चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed