Updates: कोलकाता पुलिस STF ने हथियार-गोलाबारूद के साथ तीन को दबोचा; मणिपुर में पुलिस को मिली बड़ी सफलता
झारखंड में 10 फरवरी से 68वां अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट
68वें अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन 10 से 15 फरवरी तक रांची में होगा। इसमें 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की टीमों के साथ अर्धसैनिक बल भी भाग लेंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 15 फरवरी को समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन हर साल अखिल भारतीय पुलिस खेल प्राधिकरण करता है। इस साल इसकी जिम्मेदारी झारखंड पुलिस को दी गई है। एक अधिकारी ने बताया कि यह आयोजन तीन हिस्सों में राइफल रिवॉल्वर शूटिंग प्रतियोगिता, बैंड प्रतियोगिता और वैज्ञानिक सहायता से जांच- में होगा। प्रतियोगिता में फॉरेंसिक साइंस लिखित परीक्षा, मेडिको-लीगल मौखिक परीक्षा, पुलिस फोटोग्राफी परीक्षा, अपराध जांच कानून नियम और न्यायालय के निर्णय, फिंगरप्रिंट साइंस प्रैक्टिकल और मौखिक परीक्षा सहित 13 विषय शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और अर्धसैनिक संगठनों के कुल 1,228 प्रतिभागी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।
पॉक्सो मामले में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को अग्रिम जमानत
कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की याचिका को स्वीकार करते हुए अग्रिम जमानत दे दी और मामले को ट्रायल कोर्ट में वापस भेज दिया। 81 वर्षीय येदियुरप्पा पर भारतीय दंड संहिता के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। उन्होंने ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को रद्द करने की मांग की थी। मामला पिछले साल 14 मार्च को 17 वर्षीय लड़की की मां की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था, जिसने आरोप लगाया था कि येदियुरप्पा ने दो फरवरी को डॉलर्स कॉलोनी में अपने आवास पर एक बैठक के दौरान उसकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया था।
सैन्य बलों के बीच एकजुटता और आत्मनिर्भरता के लिए बंगलूरू में एयरो इंडिया-2025 एयर शो की शुरुआत 10 फरवरी से होगी। इससे एक दिन पहले सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह बंगलूरू के येलहंका स्थित वायुसेना स्टेशन पर तेजस लड़ाकू विमान में एक साथ उड़ान भरेंगे। हवाई प्रदर्शनों के अलावा एयरो इंडिया में 15 से अधिक देशों के 800 से अधिक सैन्य उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
- इस शो में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लि. (एचएएल) मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। एचएएल अपने पैवेलियन में स्वदेशी उत्पादों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन करेगी। इसमें उसके लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (एलयूएच) और कैट वॉरियर मुख्य आकर्षण होंगे।
आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने कहा, पूर्व सीएम जगन भाजपा के विरोधी थे। फिर भी उन्होंने भाजपा के साथ गुप्त गठबंधन बना लिया है। जब वाईएसआर ने सिंचाई परियोजनाएं शुरू कीं, तो जगन ने उन्हें छह महीने के भीतर पूरा करने का वादा किया। अगर उनकी विश्वसनीयता थी, तो उन्होंने उन्हें पूरा क्यों नहीं किया? घटिया शराब बेचना और लोगों की जान से खेलना उनकी विश्वसनीयता की कमी को दर्शाता है। अपने ही चाचा की हत्या के आरोपी अविनाश रेड्डी को शरण देना उनकी ईमानदारी की कमी को दर्शाता है। रुशिकोंडा को ध्वस्त करना और 500 करोड़ रुपये का महल बनाना उनकी असली पहचान को उजागर करता है। पारिवारिक संपत्तियों को जब्त करने का प्रयास उनके लालच को दर्शाता है। अपनी ही माँ का अपमान करना उनके असली चरित्र को दर्शाता है।
Vijayawada, Andhra Pradesh | State Congress president YS Sharmila says, "YSR was an opponent of the BJP. Yet, Jagan (former CM YS Jagan Mohan Reddy) has now formed a secret alliance with the BJP. When YSR initiated irrigation projects, Jagan promised to complete them within six… pic.twitter.com/09oSyRLVNN
— ANI (@ANI) February 7, 2025
ओडिशा में सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोप में वाटरशेड विभाग के उप निदेशक शांतनु महापात्रा और उनके चार सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। शांतनु के घर छापे में दो करोड़ की नकदी, 91 लाख रुपये की जमा राशि, 422 ग्राम भार के सोने के आभूषण, चार फ्लैट और एक इमारत मिली थी। गिरफ्तार महापात्रा के चार सहयोगियों में से एक सहायक कृषि अभियंता और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर हैं। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने बुधवार और बृहस्पतिवार को एक खुफिया सूचना के आधार पर इस तलाशी अभियान को अंजाम दिया था। सतर्कता विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने झूठ-मूठ कुछ परियोजनाओं को पूरा हुआ दिखाकर मजदूरों के बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर किया। इसके बाद आरोपियों खुद इस पैसे को निकाल लिया। इस तरह से ये लोग सरकारी धन की चोरी करते थे। आरोपी अपना काम आसान बनाने के लिए खुद ही मजदूरों के बैंक खाते चला रहे थे।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का कार्यकाल 31 मार्च 2025 के बाद तीन साल तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगा दी। इस फैसले से सरकार पर लगभग 50.91 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। सरकार के इस फैसले से सफाई कर्मचारियों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान में मदद मिलेगी, सफाई क्षेत्र में काम करने की स्थिति में सुधार होगा और खतरनाक सफाई करते समय शून्य मृत्यु दर का लक्ष्य हासिल होगा।
मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (मुडा) मामले में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को बड़ी राहत मिली है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण एजेंसी (सीबीआई) से कराए जाने की मांग वाली स्नेहमयी कृष्णा की याचिका खारिज कर दी। याचिका में स्नेहमयी कृष्णा ने तर्क दिया था कि सिद्धरमैया मुख्यमंत्री होने के नाते जांच प्रभावित कर सकते हैं। जस्टिस एम नागप्रसन्ना ने कहा कि रिकॉर्ड में लाए गए दस्तावेजों से नहीं लगता कि लोकायुक्त जांच में कोई लापरवाही बरती जा रही है।
गुजरात सरकार ने 2015 के पाटीदार आरक्षण आंदोलन के संबंध में दर्ज नौ मामलों को वापस लेने का फैसला किया है। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पाटीदार आरक्षण आंदोलन से जुड़े नौ मामलों को वापस लेने का फैसला किया है। इन मामलों की जांच पूरी हो चुकी है और आरोपपत्र भी दाखिल किए गए हैं।
प्रवर्तन निदेशालय ने 2 हजार करोड़ रुपये के फेमा उल्लंघन मामले में इरोस इंटरनेशनल मीडिया लि. के ठिकानों पर छापे मारे। ईडी ने बताया कि 5 फरवरी को मुंबई में पांच जगहों पर ईडी की टीम ने छापा मारा। इस दौरान विदेशी संस्थाओं, अचल संपत्तियों, विदेशी बैंक खातों और डिजिटल उपकरणों से जुड़े अपराध की ओर इशारा करने वाले दस्तावेज जब्त किए गए। ईडी प्रवक्ता ने बताया कि ये छापे इरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड और इरोस समूह की अन्य संस्थाओं की ओर से रकम को ठिकाने लगाने के मामले से जुड़ी जांच का हिस्सा हैं। इरोस समूह की मुख्य इकाई इरोस इंटरनेशनल मीडिया लि. है, जो एक भारतीय मोशन पिक्चर प्रोडक्शन और वितरण कंपनी है। ईडी के मुताबिक इरोस दुनियाभर में कई प्रारूपों में भारतीय फिल्मों का सह-निर्माण, अधिग्रहण और वितरण करता है। इरोस ने 2012-13 से 2020-21 के बीच कुछ संस्थाओं को कंटेंट एडवांस के रूप में लगभग 2,000 करोड़ का भुगतान किया।
रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को कहा कि वंदे भारत ट्रेनों के यात्री टिकट बुकिंग के समय भोजन का कोई विकल्प न चुनने पर भी ट्रेन में भोजन खरीद सकते हैं। रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को आईआरसीटीसी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक को संबोधित पत्र में कहा कि बहुत से यात्री अक्सर शिकायत करते थे कि आईआरसीटीसी स्टाफ उन्हें खाना नहीं देते, क्योंकि उन्होंने टिकट बुकिंग के दौरान भोजन का विकल्प नहीं चुना था। यात्रियों की शिकायत है कि वे खाना के बदले तुरंत भुगतान करने के लिए तैयार रहते हैं बावजूद स्टाफ उन्हें खाना नहीं देता।
इंफाल पुलिस ने शनिवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने मणिपुर के बिष्णुपुर जिले से हथियारों और गोलाबारूद का भारी जखीरा जब्त किया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जिले के ऐगेजांग इलाके में तलाशी अभियान के दौरान हथियार और गोला-बारूद जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए हथियारों और गोला-बारूद में एक .303 राइफल, एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक .22 पिस्तौल और मैगजीन, एक 9 एमएम पिस्तौल, दो एसबीबीएल राइफल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पांच हैंड ग्रेनेड, एक चीनी हैंड ग्रेनेड, चार 40 एमएम लेथोड ग्रेनेड, एक लंबी दूरी का संशोधित मोर्टार शेल, दो 2 इंच के मोर्टार शेल और एक स्मोक ग्रेनेड भी जब्त किया गया।
तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने वारंगल जिले के उप परिवहन आयुक्त के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (डीए) का मामला दर्ज किया और कथित तौर पर उनके और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़ी 4 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति पाई। एसीबी की एक विज्ञप्ति में यहां कहा गया है कि अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था क्योंकि उन्होंने अपनी सेवा के दौरान भ्रष्ट आचरण और संदिग्ध तरीकों से कथित तौर पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की थी। चूंकि यह भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, इसलिए शुक्रवार को उनके घर और उनके तथा उनके रिश्तेदारों से संबंधित विभिन्न स्थानों पर प्रारंभिक तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान अधिकारी के नाम और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर मकान, खुले भूखंड और कृषि भूमि से संबंधित संपत्ति के दस्तावेज मिले। इसके अलावा बैंक बैलेंस राशि, घरेलू सामान, वाहन (चार पहिया वाहन-3, दो पहिया वाहन-1), सोने और चांदी के आभूषण और 23 विदेशी शराब की बोतलें मिलीं। संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 4,04,78,767 रुपये होने का अनुमान है। एसीबी ने कहा कि अन्य संपत्तियों का सत्यापन चल रहा है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि शंकरपल्ली आबकारी पुलिस को 23 विदेशी शराब की बोतलों के बारे में सूचना दी गई, जिन्होंने अधिकारी के खिलाफ तेलंगाना आबकारी अधिनियम, 1968 के तहत सीओआर (अपराध घटना रिपोर्ट) के तहत एक अलग आबकारी मामला दर्ज किया।
बंगलूरू मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बूरी खबर है। जहां बंगलूरू मेट्रो के किराए में 50% की बढ़ोतरी किया गया है। शनिवार को बंगलूरू मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने ये घोषणा की। बता दें कि यह बढ़ोतरी रविवार से लागू होगी। बीएमआरसीएल ने किराया निर्धारण समिति की सिफारिश पर यह कदम उठाया है, जिसके तहत पीक और नॉन-पीक घंटों के लिए अलग-अलग किराए तय किए गए हैं।
नए किराए का पूरा विवरण
बीएमआरसीएल द्वारा नए किराए को लेकर किए गए एलान के अनुसार, 0-2 किलोमीटर की यात्रा का किराया 10 रुपये, 2-4 किलोमीटर का किराया 20 रुपये, 4-6 किलोमीटर का किराया 30 रुपये, 6-8 किलोमीटर का किराया 40 रुपये, और 25-30 किलोमीटर या उससे अधिक की यात्रा का किराया 90 रुपये होगा। वहीं, पहले यह अधिकतम किराया 60 रुपये था।
पीक और नॉन-पीक घंटों के दौरान स्मार्ट कार्ड पर 5% छूट
इसके अलावा, बीएमआरसीएल ने पीक और नॉन-पीक घंटों के दौरान स्मार्ट कार्ड पर 5% छूट की घोषणा की है। नॉन-पीक घंटों में यह छूट 10% होगी। इसके अलावा, सभी रविवार और राष्ट्रीय छुट्टियों पर भी 10% की छूट दी जाएगी।
बसों के किराए के बाद लिया गया फैसला
बता दें कि यह किराया वृद्धि कर्नाटक सरकार द्वारा बसों के किराए में 15% बढ़ोतरी के तुरंत बाद लागू की गई है। हालांकि, पिछले महीने बेंगलुरु सेंट्रल के सांसद पी सी मोहन ने एक पोस्ट में कहा था कि मेट्रो किराए में प्रस्तावित 45% बढ़ोतरी को रोक दिया गया था, और मोदी सरकार ने बीएमआरसीएल से एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।
दिल्ली में हार के बाद राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली के जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि दिल्ली की प्रगति और प्रदूषण, महंगाई, और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
राहुल गांधी ने कहा, "हम दिल्ली के जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। राज्य के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके समर्पण और सभी मतदाताओं को उनके समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद। हालांकि, कांग्रेस को दिल्ली में तीसरी बार चुनावी हार का सामना करना पड़ा और पार्टी 70 सदस्यीय विधानसभा में एक भी सीट नहीं जीत सकी। पार्टी ने प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में भी करारी हार झेली। इसके अलावा, कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दिल्ली में कोई सीट नहीं जीती, जिसे उसने आप (AAP) के साथ गठबंधन में लड़ा था।
मणिपुर विधानसभा अध्यक्ष के ट्रिब्यूनल ने साल 2022 में विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद भाजपा में शामिल हुए पांच एनपीपी और एक जदयू विधायक को अयोग्य ठहराने के अनुरोध वाली याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
यह याचिका प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हरेश्वर गोस्वामी की ओर से दायर की गई है। दल बदल विरोधी कानून के तहत इन विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है। भाजपा में शामिल हुए इन विधायकों को पद से अयोग्य ठहराए जाने के मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है। विधानसभा अध्यक्ष टी सत्यब्रत सिंह ने कहा कि जल्द ही फैसला सुनाया जाएगा। मणिपुर में जारी राजनीति उठापटक के बीच मुख्यमंत्री एन बीरेने सिंह शनिवार शाम एक चार्टर्ड विमान से दिल्ली रवाना हुए। हालांकि, मुख्यमंत्री सचिवालय ने दिल्ली जाने के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है। ऐसा माना जा रहा है कि राज्य में जारी राजनीतिक उठापटक पर चर्चा के लिए बीरेन दिल्ली रवाना हुए हैं।