फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 7th Sept North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: क्रोएशिया में भारत के नए राजदूत बने अरुण गोयल; त्रिपुरा: पुलिस ने बाढ़ पीड़ितों के लिए दिए 23 लाख

Sat, 07 Sep 2024 08:26 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 07 Sep 2024 08:26 PM IST
विज्ञापन
News Updates 7th Sept North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
13 अप्रैल की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

तेलंगाना में अधिकारियों ने व्हिस्की में आइसक्रीम मिलाकर बेचने वाले कथित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मामले की जानकारी मिली। आइसक्रीम पार्लर की जांच के बाद रैकेट में कथित रूप से शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के मुताबिक शराब मिलाकर आइसक्रीम बेचना अपराध है। 

विज्ञापन
व्हिस्की मिली हुई आइसक्रीम के विवाद पर क्या बोले अधिकारी
इस मामले में तेलंगाना के मद्य निषेध एवं आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त एसवाई कुरैशी ने बताया, "कल एसटीएफ बी टीम ने आइसक्रीम में व्हिस्की मिलाकर बच्चों को बेचे जाने का मामला पकड़ा। आइसक्रीम पार्लर हैदराबाद के जुबली हिल्स रोड पर है। उन्होंने कहा कि आइसक्रीम का सेवन ज्यादातर बच्चे करते हैं। ऐसे में शराब या व्हिस्की मिलाकर आइसक्रीम बेचना खतरनाक चलन है। इससे पहले हमने चॉकलेट में गांजा मिलाते देखा है। अब आइसक्रीम का मामला सामने आया है। हमने 11.5 किलो आइसक्रीम जब्त की है...दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

ओडिशा में बनेगा देश का ऐसा पहला संयंत्र
भारत का पहला सिलिकॉन कार्बाइड विनिर्माण संयंत्र ओडिशा में स्थापित किया जाएगा। इसका निर्माण 620 करोड़ रुपये के निवेश से होगा। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को  संयंत्र के शिलान्यास समारोह में भाग लिया। इस परियोजना का विकास भारत की सेमीकंडक्टर पावर इलेक्ट्रॉनिक्स प्रौद्योगिकी में अग्रणी कंपनी- आरआईआर पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की तरफ से किया जाना है। ईएमसी पार्क, इन्फोवैली, भुवनेश्वर में बन रहे संयंत्र के बारे में एक अधिकारी ने कहा कि यह विकास भारत और ओडिशा राज्य को वैश्विक विद्युत इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में अग्रणी बनाने में मददगार साबित होगा।

 

धींग बलात्कार मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
असम के नागांव जिले के धींग में नाबालिग से बलात्कार के दो आरोपियों को वारदात के 15 दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को एक आरोपी पड़ोसी राज्य नागालैंड के दीमापुर से, जबकि दूसरे को असम के मोरीगांव जिले से गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि असम पुलिस ने धींग बलात्कार के दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को पूछताछ के लिए नागांव सदर पुलिस थाने लाया गया है। 22 अगस्त की घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।

आरजी कर मामले में ममता बनर्जी पर बरसे गुजरात के गृह मंत्री
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षा प्रदान करना सरकार का कर्तव्य है। खासकर मुख्यमंत्री जब एक महिला हों, तब हर कोई उनसे उम्मीद करता है। बंगाल में आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल के बलात्कार-हत्या मामले में जिस तरह की राजनीति हो रही है, वह स्वीकार्य नहीं है। सख्त कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। सांघवी ने कहा कि एक महिला होने के नाते ममता बनर्जी अन्य महिलाओं के दर्द को समझने में सक्षम नहीं हैं, यह बहुत दुखद है।

सीबीआई का दावा- गोवा के दो पूर्व विधायकों को AAP ने नकद भुगतान किया, चुनाव संबंधी खर्च का मामला
दिल्ली आबकारी नीति ‘घोटाले’ की जांच कर रही सीबीआई ने सत्ताधारी दल- आम आदमी पार्टी (AAP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपपत्र में कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के टिकट पर 2022 का गोवा विधानसभा चुनाव लड़ने वाले दो पूर्व विधायकों ने पार्टी के एक स्वयंसेवक की तरफ से नकद भुगतान लेने की बात स्वीकार की है। सीबीआई के मुताबिक दोनों को पैसे प्रचार अभियान संबंधी खर्चों के लिए दिए गए। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि आबकारी नीति को AAP अपने पक्ष में कराना चाहती थी। इसके लिए ‘साउथ ग्रुप’ की तरफ से कुल 90-100 करोड़ रुपये की अवैध धनराशि भुगतान की गई। इसमें से 44.5 करोड़ रुपये की नकदी चुनाव संबंधी खर्चों के लिए आम आदमी पार्टी ने गोवा भेजी थी।

US: सीएम स्टालिन ने बीएनवाई मेलन के अधिकारियों से की मुलाकात

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने अपने अमेरिका दौरे के दौरान बीएनवाई मेलन (बैंक ऑफ न्यूयॉर्क मेलन कॉर्पोरेशन) के वरिष्ठ अधिकारियों को तमिलनाडु में नए निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने शनिवार को कहा कि संभावित एआई निवेश अवसरों की खोज पर बीएनवाई मेलन के साथ एक उपयोगी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा "आइए प्रौद्योगिकी के माध्यम से भविष्य को गले लगाते हैं, एआई की परिवर्तनकारी शक्ति का उपयोग करते हैं!" यह बताते हुए कि मुख्यमंत्री ने बीएनवाई मेलन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें तमिलनाडु में नए निवेश करने के लिए आमंत्रित किया, यहां एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि सरकार ने स्टालिन के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों में औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न मील के पत्थर हासिल किए हैं।

केरल के पूर्व शासक की मूर्ति बनवाएंगे केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने शनिवार को खुद के खर्चे पर केरल के पूर्व शासक और त्रिशूर शहर के वास्तुकार कहे जाने वाले राजा शक्तिन थंपुरन की आदमकद मूर्ति बनवाने की इच्छा जाहिर की। इसके लिए उन्हें बस शहर के नागरिक अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार है। इस साल जून में शहर के शक्तिन नगर में मौजूद राजा शक्तिन की मूर्ति केएसआरटीसी बस के टकराने से गिर गई थी।

केंद्रीय मंत्री गोपी ने कहा कि सांसद निधि में मूर्ति बनाने के लिए पैसे खर्च करने का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन वह त्रिशूर के सम्मान में यह खर्च वहन करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आगे बताया कि मूर्ति गिरने के तुरंत बाद उन्होंने निगम के मेयर एम के वर्गीस को फोन कर कहा कि वह शक्तिन थंपुरन की आदमकद कांस्य मूर्ति बनाने के लिए तैयार है। निगम अपना फैसला बताए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मूर्ति को बनने में कम छह महीने लगेंगे। बता दें कि कोचीन के महाराजा शक्तिन थंपुरन (1790-1805) ने लोगों को एकजुट करने के उद्देश्य से प्रतिष्ठित मंदिर उत्सव त्रिशूर पूरम मनाना शुरू किया था।

गुजरात- एलपीजी टैंकर वैगन से लीक हुआ गैस

गुजरात के खेड़ा में कनीज रेलवे स्टेशन के पास एलपीजी टैंकर वैगन से गैस लीक होने की घटना की सूचना मिली है। इसकी सूचना पर नाडियाड फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, मालगाड़ी को रोका गया। वहीं इस वजह से डाउन लाइन प्रभावित हुई है। फिलहाल एलपीजी टैंकर पर कूलिंग ऑपरेशन चल रहा है। जबकि रेलवे पीआरओ प्रदीप शर्मा ने बताया, एचपीसीएल वैगन से गैस लीक होने की घटना हुई है। डाउन लाइन चालू है, वडोदरा से अहमदाबाद आने वाली ट्रेनें चालू हैं।
 

असम कांग्रेस ने राज्य मंत्रिमंडल के अधिकार पर उठाए सवाल 

असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने शनिवार को असम समझौते के खंड छह पर न्यायमूर्ति बिप्लब सरमा समिति की सिफारिशों को लागू करने के राज्य मंत्रिमंडल के फैसले पर सवाल उठाया और दावा किया कि इन सुझावों पर कार्रवाई करने का अधिकार केवल केंद्र के पास है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने छह समुदायों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने में बाधा डाली थी। असम समझौते के खंड छह में कहा गया है कि असमिया लोगों की सांस्कृतिक, सामाजिक और भाषाई पहचान और विरासत की रक्षा के लिए उचित संवैधानिक, विधायी और प्रशासनिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

भूपेन कुमार बोरा ने कहा, लखीमपुर में पिछली कैबिनेट मीटिंग के बाद सीएम ने मीडिया को बताया कि उन्होंने बिप्लब सरमा समिति की सिफारिशों के 57 खंडों को लागू करने का फैसला किया है। हमें यह भी नहीं पता कि वे 10 खंड कौन से हैं जिन्हें बाहर रखा गया है। उन्होंने कैबिनेट के फैसले के समय पर सवाल उठाया और कहा, समिति का गठन 2019 में हुआ था और फरवरी 2020 में रिपोर्ट सौंपी गई थी। इतने लंबे समय तक धूल खाने के बाद, अचानक सरकार इस बारे में बात कर रही है।

अरुण गोयल क्रोएशिया में भारत के अगले राजदूत नियुक्त

भारत सरकार ने क्रोएशिया गणराज्य में भारत के अगले राजदूत के रूप में अरुण गोयल की नियुक्ति की घोषणा की है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गोयल के जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। पंजाब कैडर के 1985 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गोयल ने इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के चर्चिल कॉलेज से स्नातकोत्तर किया है। बता दें कि अरुण गोयल ने 21 नवंबर, 2022 को भारत के नए चुनाव आयुक्त (ईसी) के रूप में पदभार ग्रहण किया था। उन्होंने 2020 से 2022 तक भारत सरकार के तहत भारी उद्योग मंत्रालय में सचिव के रूप में भी कार्य किया।

कर्नाटक में ट्रैकमैन की सतर्कता से टला ट्रेन हादसा

कर्नाटक में एक सतर्क ट्रैकमैन की सूझबूझ से कुमता और होन्नावर के बीच कोंकण रेलवे लाइन पर एक बड़ी दुर्घटना टल गई। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार तड़के ड्यूटी के दौरान ट्रैकमैन महादेव ने पाया कि इलाके में ट्रैक के जोड़ पर वेल्डिंग अधूरी है और उस वक्त तिरुवनंतपुरम- दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस उस ओर बढ़ती चली आ रही थी। खतरे की भयावहता को भांपते हुए महादेव ने ट्रेन को रोकने के लिए तुरंत कुमता स्टेशन संपर्क किया, लेकिन तब तक ट्रेन वहां से निकल चुकी थी। जब लोको पायलट से संपर्क साधने की कोशिश की तो कई प्रयासों के बाद भी यह संभव न हो सका।
उन्होंने बताया कि इसके बाद महादेव ने आव देखा न ताव पटरियों के साथ दौड़ने का फैसला किया और पांच मिनट में आधा किमीटर की दूरी तय करते हुए समय रहते ट्रेन को रोकने में कामयाबी हासिल की, जिससे संभावित तबाही टल गई। एक अधिकारी ने बताया कि वेल्डिंग पूरी होने के बाद राजधानी एक्सप्रेस ने सुरक्षित रूप से कारवाड़ की ओर रवाना हुई।

त्रिपुरा: पुलिस ने बाढ़ पीड़ितों के लिए दिए 23 लाख

त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक अमिताभ रंजन ने राज्य पुलिस के सभी रैंकों की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 23,48,693 रुपये की धनराशि सौंपी। एक बयान में उन्होंने इस मानवीय कार्य में सहयोग करने के लिए विभाग के सभी कर्मियों के प्रति हार्दिक आभार और प्रशंसा व्यक्त की।

असम: हैलाकांडी में सड़क हादसा, चार की मौत

असम के हैलाकांडी जिले में शनिवार को तेज रफ्तार से आ रही दो कारों की भीषण टक्कर में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर कटखाल इलाके के पास वाहनों की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान ब्रजगोपाल दास, गोपा दास, रोमेंद्र नारायण दास और अजीत देवनाथ के रूप में हुई है।

ट्रेन हादसे में कैप्टन पति को खोने वाली उषा रानी भी बनीं सैन्य अधिकारी

वर्ष 2020 में एक ट्रेन हादसे में आर्मी एजुकेशनल कॉर्प्स में तैनात पति कैप्टन जगतार सिंह को खोने वालीं उषा रानी का ऑलिव ग्रीन रंग की वर्दी पहनने का सपना साकार हो गया है। उषा रानी को ट्रेन दुर्घटना ने हिलाकर रख दिया था, लेकिन उन्होंने अपने दुख से उबरने के लिए सैन्य प्रशिक्षण को चुना। तीन वर्षीय जुड़वां बच्चों की युवा मां उषा ने अपनी स्नातक शिक्षा पूरी की और आर्मी पब्लिक स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम शुरू किया। बाद में पति के पदचिह्नों पर चलते हुए भारतीय सेना में शामिल होने के लिए एसएसबी की तैयारी की। संयोग से ऊषा अपनी शादी की सालगिरह के दिन ही ओटीए में शामिल हुई थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed