फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 7th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: खोजी कुत्ते सुरंग हादसे के बचाव अभियान से जुड़े; केरल में दो की मौत, लापता छात्राएं लोनावला में मिलीं

Fri, 07 Mar 2025 10:05 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Fri, 07 Mar 2025 10:05 PM IST
विज्ञापन
News Updates 7th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

केरल पुलिस के 'शव खोजी कुत्ते' शुक्रवार को तेलंगाना में आंशिक रूप से ध्वस्त श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) सुरंग के अंदर बचाव अभियान में शामिल हो गए। सुरंग के भीतर 22 फरवरी से आठ लोग फंसे हुए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुत्तों और उनके प्रशिक्षकों की टीम शुक्रवार की सुबह सुरंग के भीतर गई जिससे वहां फंसे लोगों का पता लगाया जा सके। बेल्जियन मेलिनॉयस नस्ल के ये 'शव खोजी कुत्ते' 15 फुट की गहराई तक गंध का पता लगाने में सक्षम हैं। इंजीनियरों और श्रमिकों सहित आठ लोग श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) परियोजना की सुरंग में 22 फरवरी से फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, भारतीय सेना, नौसेना और अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञ उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। बचाव अभियान कठिन परिस्थितियों, कीचड़ और पानी के रिसाव जैसी चुनौतियों के बीच चल रहा है।

विज्ञापन


सूरत में पीएम मोदी ने किया खाद्य सुरक्षा अभियान का शुभारंभ
गुजरात में पीएम नरेंद्र मोदी ने सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने 2.3 लाख लाभार्थियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभ वितरित किए। इस मौके पर गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।  
विज्ञापन

 



त्रिशूर में कार पेड़ से टकराई, पिता-पुत्री की मौत
केरल में समीपवर्ती कोराट्टी में शुक्रवार की सुबह एक कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण उसमें सवार एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान एर्नाकुलम जिले के कोठामंगलम निवासी जैमन (42) और उसकी बेटी जोयना (11) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए कोराट्टी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना सुबह करीब छह बजे उस समय हुई जब कार पलक्कड़ जा रही थी।

तनूर से लापता छात्राएं महाराष्ट्र के लोनावला के पास मिलीं
मलप्पुरम जिले के तनूर से दो दिन पहले लापता हुई दो छात्राएं गुरुवार रात महाराष्ट्र के लोनावला के पास पाई गईं और उन्हें वहां की पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तनूर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि केरल से सुबह पुलिस की एक टीम महाराष्ट्र के लिए भेजी गई, जो वहां पहुंच गई है। लड़कियों को केरल पुलिस टीम को सौंप दिया जाएगा। टीम में महिला अधिकारी शामिल हैं और टीम सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तनूर लौट आएगी।

अन्नामलाई ने स्टालिन सरकार को घेरा
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई ने गुरुवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सरकारी कंपनियों को "कमीशन के केंद्र" के रूप में चलाया है, जिसके कारण राज्य संचालित शराब निगम, टीएएसएमएसी के परिसर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। अन्नामलाई ने मुख्यमंत्री एम के स्टालिन पर हमला करते हुए कहा कि 2016 में जब वह विपक्ष के नेता थे, तब एआईएडीएमके शासन के दौरान राज्य मुख्य सचिव के आवास पर आयकर छापों को उन्होंने अपमानजनक बताया था।

 

अन्नामलाई का मुख्यमंत्री से सवाल
अब, टीएएसएमएसी में कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच में ईडी की छापेमारी को लेकर अन्नामलाई ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि वह इस पर क्या प्रतिक्रिया देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु को भ्रष्टाचार की भूमि में बदलने और सरकारी कंपनियों को कमीशन के केंद्र के रूप में चलाने का परिणाम आज टीएएसएमएसी में ईडी की तलाशी के रूप में सामने आया है।

पीएम मोदी को मिला बारबाडोस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
कैरेबियाई देश बारबाडोस ने कोरोना महामारी के समय रणनीतिक नेतृत्व और सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस’ से सम्मानित किया। बारबाडोस के ब्रिजटाउन में आयोजित समारोह में भारत के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया।
विदेश मंत्रालय ने कहा, पिछले साल 20 नवंबर को गुयाना में बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली ने कोरोना महामारी में सहयोग और समर्थन देने पर प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका को सराहते हुए उन्हें बारबाडोस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने की घोषणा की थी। विदेश राज्यमंत्री मार्गेरिटा ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, यह भारत और बारबाडोस के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों को रेखांकित करता है। 

कर्नाटक सरकार नए विश्वविद्यालयों का मूल संस्था में विलय करेगी
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में बताया कि सरकार भाजपा कार्यकाल के दौरान स्थापित नए विश्वविद्यालयों को बंद करने के बजाय उन्हें उनके मूल संस्थानों में विलय करने का इरादा रखती है। यह बयान उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान दिया।

डिप्टी सीएम का बयान
शिवकुमार ने कहा कि विश्वविद्यालयों का विलय इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वे आर्थिक और शैक्षिक दृष्टिकोण से व्यवहार्य नहीं हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मैसूर और चामराजनगर विश्वविद्यालयों से डिग्री प्राप्त करने में अंतर साफ दिखता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नए विश्वविद्यालयों में व्याख्याता काम करने के लिए तैयार नहीं हैं, इसलिए इन विश्वविद्यालयों का विलय ही एकमात्र विकल्प है।

एक नजर रिपोर्ट पर
वहीं बात रिपोर्ट की करें तो राज्य में कम से कम नौ नए विश्वविद्यालयों को विलय के लिए चिन्हित किया गया है, जिनमें कोप्पल, बागलकोट, हावेरी, कोडागु, हसन, चामराजनगर, नृपथुंगा, मांड्या और महारानी क्लस्टर विश्वविद्यालय शामिल हैं।

 

पश्चिम बंगाल में मदरसे के छात्रों द्वारा निरीक्षकों पर हमला
पश्चिम बंगाल उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गुरुवार को कहा कि वह मालदा जिले के एक मदरसे के प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगेगी, जहां के छात्रों ने एक अन्य स्कूल के सात निरीक्षकों पर हमला किया। यह हमला कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान हुआ, जब निरीक्षकों ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले छात्रों की तलाशी ली थी।

परिषद के अध्यक्ष ने दी जानकारी
परिषद के अध्यक्ष चिरंजीव भट्टाचार्य ने बताया कि कामदीटोला उच्च मदरसा के अधिकारियों से उन छात्रों की पहचान करने को कहा जाएगा जो इस हमले में शामिल थे। अगर आरोप साबित होते हैं, तो उन छात्रों को परीक्षा में अयोग्य घोषित किया जाएगा। मामले में भट्टाचार्य ने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लिया गया है और यदि हमलावर छात्रों की पहचान हो जाती है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि यह घटना बुधवार को मालदा जिले के बैष्णबनगर क्षेत्र में चामग्राम हाई स्कूल के बाहर हुई, जब सात निरीक्षकों पर हमला किया गया। इन निरीक्षकों ने परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण लाने से रोकने के लिए छात्रों की तलाशी ली थी। हमले में चार निरीक्षक घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

ओडिशा पुलिस भर्ती परीक्षा स्थगित
ओडिशा सरकार ने गुरुवार को पुलिस विभाग में ग्रुप-बी पदों की भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा को "अपरिहार्य परिस्थितियों" के कारण स्थगित कर दिया। यह परीक्षा ओडिशा पुलिस भर्ती बोर्ड (ओपीआरबी) द्वारा 8-9 मार्च को विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। जनवरी में ओपीआरबी ने पुलिस विभाग में 933 रिक्तियों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया था, जिसमें 609 सब-इंस्पेक्टर, 253 एसआई (सशस्त्र), 47 स्टेशन अधिकारी (अग्निशमन सेवा) और 24 सहायक जेलर पद शामिल थे।

हालांकि, कई उम्मीदवारों ने 9 मार्च को पुलिस विभाग में सहायक कृषि अधिकारी (एएओ) और ग्रुप-बी पदों के लिए दो लिखित परीक्षाओं के आयोजन पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कम से कम एक परीक्षा को स्थगित करने की मांग की थी।

कर्नाटक के शिक्षाविद् एमआर दोरेस्वामी का निधन
कर्नाटक के पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) और प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान पीईएस ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष एमआर दोरेस्वामी (85) का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। शिक्षाविद् दोरैस्वामी पिछले तीन महीने से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने शाम करीब 6 बजे अपने निवास पर अंतिम सांस ली।

दोरैस्वामी के भतीजे ने दी जानकारी
दोरैस्वामी के भतीजे हरि बाबू ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से परिवार और शिक्षा जगत में शोक की लहर है। दोरैस्वामी ने 1972 में पीईएस संस्थान की स्थापना की थी। यह आज बंगलूरू समेत कर्नाटक के कई शहरों में इंजीनियरिंग, मेडिकल और प्रबंधन शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। वह पीईएस यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति भी रहे। 2016 से 2022 तक वह कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य भी थे। भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, देश ने एक महान शिक्षाविद खो दिया। मेरा एक प्रिय मित्र चला गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। उन्होंने दोरैस्वामी के परिवार के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

केंद्र उठाए जॉर्डन से भारतीय का शव लाने का खर्च : कांग्रेस
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीसन ने केंद्र सरकार से जॉर्डन में मारे गए भारतीय के शव की स्वदेश वापसी का खर्च उठाने की अपील की है। इसके लिए बृहस्पतिवार को सतीसन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा है।  उन्होंने पर्यटक वीजा पर जॉर्डन गए गेब्रियल की मौत की जांच की भी मांग की है।

सतीशन ने सरकार से किया आग्रह
सतीशन ने सरकार से आग्रह किया कि वह जॉर्डन में भारतीय दूतावास को गेब्रियल के शव की वक्त पर वापसी के लिए जरूरी कदम उठाने के साथ ही वित्तीय मदद का निर्देश दे। मछुआरों के गांव थुंबा के रहने वाले गेब्रियल को यहां एनी थॉमस गेब्रियल के नाम से भी जाना जाता है। 

टैरिफ का भारत पर होगा असर : वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ का असर भारत में भी महसूस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल वहां की सरकार के साथ बात करने अभी अमेरिका में हैं और हमें यह देखना होगा कि भारत के हितों को संरक्षित रखने के लिए आगे किस तरह की बातचीत हो पाती है। विशाखापत्तनम में एक कार्यक्रम में सीतारमण ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के फैसले के बाद टैरिफ बढ़ने की आशंका है। वित्त मंत्री ने इस मौके पर बजट 2025 में टैक्स छूटों पर भी बात की। उन्होंने कहा, नए तरीकों से आयकर भुगतान व्यवस्था करदाताओं के लिए आसान हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में सिर्फ 3 करोड़ लोग आयकर भरते हैं और करों में नई राहत दिए जाने के बाद यह संख्या और कम हो जाएगी। निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार केंद्रीय बजट को लेकर देश भर में चर्चा का आयोजन कर रही है और मुंबई और विशाखापत्तनम में ऐसी चर्चा हो चुकी है। 

तिरुपति मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद में मिलेगा मसाला वड़ा
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को मिलने वाले अन्नप्रसादम मेन्यू में बृहस्पतिवार से मसाला वड़ा को शामिल किया। इस नए प्रसाद की शुरुआत टीटीडी चेयरमैन बीआर नायडू ने तिरुमला स्थित तारिगोंडा वेंगमांबा अन्नप्रसादम भवन में की। टीटीडी के अनुसार, यह मसाला वड़ा दाल, हरी मिर्च, अदरक, करी पत्ता, धनिया और पुदीना जैसी सामग्रियों से तैयार किया गया है। इसे रोजाना सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक अन्नप्रसाद केंद्र पर परोसा जाएगा।

सिक्किम बैंक धोखाधड़ी : ईडी ने 65.46 करोड़ की संपत्ति अटैच की
प्रवर्तन निदेशालय के गंगटोक उप क्षेत्रीय कार्यालय ने स्टेट बैंक ऑफ सिक्किम से धन की हेरफेरी में 65.46 करोड़ की संपत्ति अटैच कर ली है। ईडी ने पूर्व महाप्रबंधक (ऑपरेशन) दोरजी शेरिंग लेप्चा के खिलाफ यह कार्रवाई धनशोधन मामले के तहत की। संघीय एजेंसी की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अटैच की गई संपत्तियों में सिक्किम के देवराली, सियारी, रानीपूल और पेनलोंग में स्थित आवासीय भवन और भूमि खंड शामिल हैं। 

भारत-बांग्लादेश के बीच गंगा जल संधि को लेकर कोलकाता में मंथन
भारत और बांग्लादेश के संयुक्त नदी आयोग के तकनीकी दलों की गंगा जल संधि को लेकर बृहस्पतिवार को यहां बैठक शुरू हुई। इस संधि का नवीनीकरण 2026 में होना है। एक अधिकारी ने बताया, संयुक्त नदी आयोग का बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल सोमवार सुबह कोलकाता पहुंचा और तुरंत फरक्का में गंगा पर संयुक्त निरीक्षण स्थल के लिए रवाना हो गया। आयोग के सदस्य पांच मार्च तक फरक्का में रहे। यहां बांग्लादेश उप उच्चायोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त नदी आयोग के सदस्य मोहम्मद अबुल हुसैन कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल सरकार के अधिकारियों के अनुसार संयुक्त नदी आयोग में भारत, बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल की सरकारों के सदस्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सीमा पार की नदियों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए वर्ष में एक बार आयोग की बैठक होती है। संधि के प्रावधानों के अनुसार संयुक्त समिति की 86वीं बैठक और भारत-बांग्लादेश संयुक्त नदी आयोग रूपरेखा के अंतर्गत तकनीकी बैठक छह और सात मार्च को कोलकाता में निर्धारित की गई है।

जनसंख्या वृद्धि देश की सबसे बड़ी ताकत : नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अपने पिछले रुख से हटते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अब वे जनसंख्या वृद्धि को बढ़ावा दे रहे हैं। आबादी भारत के भविष्य के लिए एक परिसंपत्ति है। उन्होंने भारत के जनसांख्यिकीय लाभांश को एक प्रमुख ताकत बताया और देश के विकास को सुनिश्चित करने के लिए इसके प्रभावी प्रबंधन की वकालत की। नायडू ने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा, भारत एक ऐसा देश है जिसके पास जनसांख्यिकीय लाभांश में सबसे बड़ा लाभ है। अगर हम भविष्य के लिए जनसांख्यिकीय लाभांश का प्रबंधन कर सकते हैं, तो भारत और भारतीय महान होंगे। वैश्विक समुदाय वैश्विक सेवाओं के लिए हम भारतीयों पर निर्भर हैं। 

ओडिशा में भगवा रंग में रंगे जाएंगे सभी सरकारी स्कूल
ओडिशा में भाजपा सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों की इमारतों को भगवा रंग में रंगने का फैसला किया है। ओडिशा स्कूल शिक्षा कार्यक्रम प्राधिकरण ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस पर विपक्षी बीजद ने आरोप लगाया कि यह शिक्षा के भगवाकरण के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के प्रयास का हिस्सा है। हालांकि, भाजपा ने इसका खंडन किया। कहा कि बीजद ने जून 2024 तक अपने 24 साल के शासन के दौरान स्कूल यूनिफॉर्म से लेकर इमारतों तक का रंग बदल कर अपनी पार्टी के रंग कोड के समान हरा और सफेद कर दिया था।

मणिपुर में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों पर जबरन वसूली के आरोप थे। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों की पहचान नगैरंगबाम अजीत सिंह (59) और लैशराम बिजॉय सिंह (56) के रूप में हुई। इन्हें बुधवार को योरबंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों निजी कंपनियों, सरकारी अधिकारियों, मंत्रिपुखरी और इंफाल के अन्य क्षेत्रों में गोदामों से जबरन उगाही में संलिप्त थे।

परिवहन अधिकारी 3 बहुमंजिला इमारत फार्म हाउस और 11 प्लॉट का मालिक
ओडिशा में एक सामान्य से परिवहन अधिकारी ने भ्रष्टाचार के जरिये 50 करोड़ से अधिक की संपत्ति बटोर ली। राज्य सतर्कता विभाग ने परिवहन अधिकारी के कब्जे में तीन बहुमंजिला इमारतों, तीन फ्लैटों, 11 भूखंडों और एक फार्म हाउस सहित बड़ी संपत्ति का पता लगाया है। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिकारियों ने खुर्दा, नयागढ़, पुरी और कटक जिलों में नौ स्थानों पर अधिकारी प्रदीप कुमार मोहंती की संपत्तियों और कार्यालय पर एक साथ छापे मारे। मोहंती ओडिशा राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) के कार्यालय में संयुक्त आयुक्त (सड़क सुरक्षा) हैं। अधिकारी ने कहा कि छापामारी के दौरान सतर्कता अधिकारियों ने भुवनेश्वर, पुरी व खुर्दा में तीन बहुमंजिला इमारतों, पुरी में दो 'बेनामी' फ्लैटों, नयागढ़ में 14.78 एकड़ में फैले एक फार्म हाउस, भुवनेश्वर, खुर्दा, राणापुर और नयागढ़ में 11 उच्च मूल्य के भूखंडों और 11 एकड़ से अधिक की एक कृषि भूमि का पता लगाया है। अधिकारी ने बताया कि 300 ग्राम वजन के तीन सोने के बिस्कुट और 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण, भुवनेश्वर में एक आलीशान फ्लैट खरीदने के लिए भुगतान किए गए एक करोड़ रुपये, 17 लाख रुपये की बैंक जमा राशि, दो चार पहिया वाहन और 15.55 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारी संपत्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए मोहंती से पूछताछ कर रहे हैं। 

दोषपूर्ण डीपीआर है बढ़ते हादसों की वजह : गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उससे होने वाली मौतों के लिए सिविल इंजीनियरों और सलाहकारों की ओर से तैयार की गई दोषपूर्ण विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को जिम्मेदार ठहराया। ग्लोबल रोड इंफ्राटेक शिखर सम्मेलन और एक्सपो को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ज्यादातर दुर्घटनाएं लोगों की छोटी-छोटी गलतियों और दोषपूर्ण डीपीआर की वजह से हो रही हैं। 

आकाश आनंद को कांग्रेस में शामिल होने का न्याेता
कांग्रेस नेता उदित राज ने बृहस्पतिवार को कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से निष्कासित किए गए आकाश आनंद और कांशीराम के आंदोलन से जुड़े सभी लोगों को कांग्रेस में शामिल होकर संविधान बचाने की लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद को दो बार बसपा का राष्ट्रीय समन्वयक बनाना और फिर पार्टी से निकालना, इस बात को दर्शाता है कि बसपा का संचालन भाजपा कर रही है। 

इंडियाज गॉट लैटेंट विवाद : रणवीर अपूर्वा एनसीडब्ल्यू के समक्ष पेश
कॉमेडियन समय रैना के शो इंडियाज गॉट लैटेंट के दौरान की गई अपमानजनक टिप्पणियों के सिलसिले में रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मखीजा बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष पेश हुए। सूत्रों ने बताया कि शो के निर्माता सौरभ बोथरा और तुषार पुजारी व कमेडियन जसप्रीत सिंह और यूट्यूबर आशीष चंचलानी के वकील भी आयोग के समक्ष पेश हुए। आयोग ने शो में अल्लाहबादिया, मखीजा, रैना, जसप्रीत सिंह और आशीष चंचलानी की आपत्तिजनक टिप्पणियों को गंभीरता से लिया। 

बस और लॉरी की टक्कर में पांच की मौत
तमिलनाडु के केजी कंडीगई इलाके में थिरुट्टानी के पास टिपर लॉरी और सरकारी बस की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि 10 लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को को थिरुट्टानी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
 

कर्नाटक हाईकोर्ट ने रद्द किए ईडी के समन
कर्नाटक उच्च न्यायलय ने मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (मुडा) मामले में प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की पत्नी पार्वती बी एम और नगर विकास मंत्री बी एस सुरेश (बैरथी सुरेश) को भेजे गए समन को शुक्रवार को रद्द कर दिया। हालांकि, सुरेश इस मामले में आरोपी नहीं है, लेकिन ईडी ने उनसे पूछताछ करने को लेकर उन्हें समन जारी किया था। यह फैसला न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्ना ने पार्वती और सुरेश की दायर याचिकाओं की सुनवाई के बाद दिया। इससे पहले अदालत ने 27 जनवरी को समन पर अस्थायी रोक लगा दी थी। पार्वती के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता संदेश चौटा ने दलील दी कि ईडी एक अलग जांच कर रही है, जबकि इस मामले की जांच पहले से ही लोकायुक्त पुलिस और विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहे हैं। दूसरी तरफ, ईडी का प्रतिनिधित्व कर रहे भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) अरविंद कामथ ने अदालत को तर्क दिया कि पार्वती इस मामले में दूसरी आरोपी हैं और उन्हें अपराध से मिला धन मिला था। वहीं, मंत्री सुरेश के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता सीवी नागेश ने अदालत से कहा कि उनके मुवक्किल इस मामले में आरोपी नहीं हैं, इसलिए उन्हें समन नहीं भेजा जाना चाहिए था। लेकिन, एएसजी कामथ ने जवाब दिया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ईडी को किसी भी व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाने का अधिकार है,चाहे वह आधिकारिक रूप से आरोपी न हो।

रक्षा मंत्री ने नौसेना की दो महिला अधिकारियों से की बात
महिला दिवस की पूर्व संध्या पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आईएनएसवी तारिणी से विश्व भ्रमण अभियान नाविका सागर परिक्रमा II पर निकली भारतीय नौसेना की दो महिला अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए और लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के से वर्चुअल बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैं आप दोनों को इस अभियान के लिए बधाई देता हूं। हर भारतीय को आप दोनों पर गर्व है। आप दोनों मेरे बच्चों, मेरी बेटी जैसी हैं। प्रधानमंत्री ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं। जब आप वापस आएंगी तो वे आपसे मिलेंगे। मैं आपके लौटने का इंतजार कर रहा हूं, मैं व्यक्तिगत रूप से आपका स्वागत करूंगा।

एफसीआई के महाप्रबंधक के खिलाफ मुकदमा
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार भारतीय खाद्य निगम के पूर्व महाप्रबंधक बनोथ प्रेम सिंह के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि सिंह को एक व्यवसायी से कथित तौर पर 3 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध राशि बरामद हुई है। रिश्वतखोरी मामले में पूछताछ के दौरान सीबीआई अधिकारियों को उनके व्हाट्सएप मैसेज की जांच में पैसों के लेनदेन की जानकारी मिली। सीबीआई एफआईआर के मुताबिक, व्हाॅट्सएप चैट, बैंक आकउंट स्टेटमेंट की जांच में बनोथ प्रेम सिंह के 3.47 करोड़ रुपये के गैरकानूनी लेनदेन का खुलासा हुआ। सिंह को समय समय पर एक कारोबारी जी सत्यनारायण की ओर से पैसे मिल रहे थे। सत्यनारायण अलग अलग खातों और लोगों को इस रकम का भुगतान करता था।
 

बागडोगरा में वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त
बागडोगरा एयरपोर्ट पर वायुसेना के AN-32 परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि विमान को घटनास्थल से बरामद किया जा रहा है। विमान का चालक दल सुरक्षित है। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed