फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 6th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi

News Update: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का गुजरात दौरा आज; दिग्गज कलाकार कुंबले श्रीधर राव का कर्नाटक में निधन

Sat, 06 Jul 2024 07:26 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 06 Jul 2024 07:26 AM IST
विज्ञापन
News Updates 6th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने बताया है कि पार्टी सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज गुजरात दौरे पर आएंगे। गोहिल ने अहमदाबाद में बताया कि राहुल गांधी 6 जुलाई को अहमदाबाद में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय आ रहे हैं। वे कांग्रेस परिवार के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे और उनसे संवाद करेंगे। बकौल शक्तिसिंह गोहिल, 'मुझे गुजरात भर से कई लोगों के फोन आए हैं, जिनके साथ भाजपा शासन में अन्याय हुआ है, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न्याय के लिए लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा पर भरोसा था, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला है और वे अपनी बात राहुल गांधी के सामने रखना चाहते हैं। प्रदेश कांग्रेस ने राहुल से अनुरोध किया है कि वे उनसे भी बात करें।'

विज्ञापन
दिग्गज कलाकार कुंबले श्रीधर राव का कर्नाटक में निधन
बीते छह दशक से लोकनृत्य की यक्षगान कला का अभ्यास कर रहे कुंबले श्रीधर राव (76) का शुक्रवार को कर्नाटक के मंगलुरू में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे यक्षगान की थेनकुथिट्टू शैली के विशेषज्ञ थे। वे कुंबले कमलाक्ष नायक और शेनी गोपालकृष्ण भट्ट के शिष्य थे। उन्होंने 13 साल की उम्र में एक यक्षगान कलाकार के रूप में अपना जीवन शुरू किया था। इसके अलावा कुंडवु, कुडलू, मुल्की और कर्नाटक जैसे कई यक्षगान समूहों में काम किया था। वे बीते चार दशकों से धर्मस्थल यक्षगान मेले से जुड़े रहे। राव को यक्षगान में उनके असाधारण करियर के लिए राष्ट्रपति पदक मिल चुका है। वे यक्षगान बैले को पश्चिम एशियाई देशों में ले जाने वाले पहले प्रतिपादकों में से एक थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


ड्रग तस्कर और दो मेडिकल छात्रों को तेलंगाना पुलिस ने गिरफ्तार किया
तेलंगाना एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो (टीजीएएनबी) और पुलिस ने एक ड्रग तस्कर और गांजा खरीदने वाले दो मेडिकल छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने बताया, सुरेश सिंह आदतन मादक पदार्थ अपराधी है और कई मेडिकल छात्र उससे गांजा खरीदते थे। उसके पास से गांजे की 10 पुड़िया (वजन 80 ग्राम) और दो मोबाइल फोन बरामद किए। दोनों मेडिकल छात्रों के मूत्र में गांजा पाए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपियों पर एनडीपीएस कानून, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

केशव राव का इस्तीफा स्वीकार राज्यसभा में एक और सीट खाली
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के केशव राव का इस्तीफा स्वीकार करने के साथ ही राज्यसभा में शुक्रवार को एक और सीट खाली हो गई। राव ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी सदस्यता छोड़ दी थी। राव 2020 से तेलंगाना से बीआरएस के राज्यसभा सदस्य थे। वह बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को संसद के ऊपरी सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। राव के इस्तीफे के बाद सदन में 16 सीटें खाली हो गई हैं। इससे पहले राज्यसभा में जम्मू एवं कश्मीर से चार, महाराष्ट्र से तीन, असम और बिहार से दो-दो और हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और त्रिपुरा से एक-एक सीट खाली हुई है।

बिहार: दो सड़क दुर्घटनाओं में सब-इंस्पेक्टर समेत 4 की मौत
अधिकारियों ने बताया कि पटना और गोपालगंज जिलों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बिहार पुलिस के एक उप-निरीक्षक सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कहा, गोपालगंज जिले के फुटनीगंज इलाके के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3 बजे एक भारी ट्रक पलटकर बिहार पुलिस की एक कार पर गिर गया, जिससे महिला सब-इंस्पेक्टर सतीभा कुमारी और उनके ड्राइवर मनंजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब एसआई ड्यूटी पर थीं। ट्रक चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। एक अन्य घटना में पटना के बाहरी पुनपुन इलाके में एक बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की सुबह उस वक्त घटी जब बब्लू प्रसाद यादव अपने बच्चों को लेकर मसौढ़ी जा रहे थे।

कैंसर के इलाज में कर्ज से दबे केरल के दंपती ने की आत्महत्या
कैंसर के इलाज के कारण बढ़ते कर्ज से जूझ रहे केरल के रिजु विजयन उर्फ विजय नायर (42) और उनकी पत्नी प्रिया नायर (40) ने नागपुर में अपनी जान दे दी। मृतक तिरुवनंतपुरम के रहने वाले थे। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने बुधवार को जहर मिला हुआ शीतल पेय पी लिया। उस वक्त उनकी बेटी सो रही थी। वे गजानन नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। प्रिया को कुछ समय पहले ब्रेन कैंसर का पता चला था और वे इलाज के लिए यहां आए थे। उन्हें अपनी पत्नी के कैंसर के इलाज के लिए प्रति सप्ताह कम से कम 20,000 रुपये खर्च करने पड़ते थे, इसलिए उन्हें लोगों से कर्ज लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्हें एक जुलाई को ऋण की रकम चुकानी थी। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है।

आंध्र प्रदेश: वाईएसआरसीपी का पूर्व विधायक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश पुलिस ने वाईएसआरसीपी के पूर्व विधायक जे सुधाकर को एक नाबालिग लड़की के साथ चार साल से अधिक समय तक कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 50 वर्षीय पूर्व विधायक सुधाकर को 17 वर्षीय लड़की की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को 'वीडियो साक्ष्य' पेश किए। कुरनूल उप-विभागीय पुलिस अधिकारी विजय शेखर रेड्डी ने बताया कि आरोपी ने नाबालिग लड़की के साथ वर्ष 2019 से 2023 तक कई बार पीड़िता से दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता सुधाकर के घर में सहायिका के रूप में काम करती थी।

केंद्र सरकार पर छठी कक्षा की नई पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन में देरी पर कांग्रेस हमलावर
कांग्रेस छठी कक्षा की नई पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन में देरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है। विपक्षी पार्टी ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि शिक्षा मंत्रालय बच्चों की शिक्षा को नुकसान पहुंचा रहा है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि यह वैसे ही जैसा एनटीए ने नीट की परीक्षा के साथ किया था।

उन्होंने आगे कहा कि तो परेशानी अंदर तक है या फिर अक्षमता हर दिन नई ऊंचाइयां छू रही है। राष्ट्रीय परीक्षण प्राधिकरण के जरिए परीक्षा प्रणाली को खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री का शिक्षा मंत्रालय अब हमारे बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहा है। स्कूल वर्ष शुरू हो गया है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ( एनसीईआरटी नागपुर) कक्षा छठी के बच्चों का गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की किताबों को प्रकाशित नहीं कर पाया है।

तेलंगाना : बीआरएस के छह एमएलसी कांग्रेस में शामिल
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के छह विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कांग्रेस में शामिल हो गए। विपक्षी दल बीआरएस के विधान पार्षद दांडे विट्ठल, भानु प्रसाद राव, एमएस प्रभाकर, बोग्गरापु दयानंद, येग्गे मल्लेशम और बसवाराजू सरैया मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। बीआरएस सदस्य कांग्रेस में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार देर रात को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के आवास पर पहुंचे। बीआरएस के छह सदस्यों के शामिल होने से विधान परिषद में कांग्रेस सदस्यों की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।

झारखंड: 10 लाख के इनामी दो माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
झारखंड के लातेहार जिले में शुक्रवार को माओवादियों के दो जोनल कमांडरों नीरज सिंह खरवार उर्फ संजय खरवार और सलमान उर्फ लोकेश ने आत्मसमर्पण कर दिया। उनके सिर पर 10 लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने डीआइजी (पलामू) वाईएस रमेश, उपायुक्त गरिमा सिंह, एसपी अंजनी अंजन की मौजूदगी में अपने हथियार डाल दिए। इस दौरान दोनों माओवादियों को 10-10 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। जोनल कमांडर नीरज सिंह 2004 में प्रतिबंंधित संगठन में शामिल हुआ था। उसने बुडापहाड़ के साथ पलामू जिले के पांकी, मेनका और हरेहंज क्षेत्रों में कई अराजक गतिविधियों में शामिल रहा था। 

जस्टिस विद्युत रंजन सारंगी झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने 
जस्टिस विद्युत रंजन सारंगी ने शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट के 15वें मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो भी शामिल हुए। जस्टिस संजय कुमार मिश्रा के 28 दिसंबर, 2023 को सेवानिवृत्त होने के बाद से झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद खाली था।

त्रिशूर में अफ्रीकी स्वाइन फीवर 310 सूअरों को मारने का आदेश
केरल के त्रिशूर जिले के एक गांव में अफ्रीकी स्वाइन फीवर फैलने के मामले सामने आए हैं। इस जानलेवा संक्रामक रोग को और फैलने से रोकने के लिए त्रिशूर के जिलाधिकारी ने मदक्कथारा गांव स्थित एक निजी फार्म के 310 सूअरों को मारने का आदेश दिया। वेलियंथारा के वार्ड 14 में कुट्टालपुझा बाबू के फार्म में पाले जा रहे सूअरों में इस बीमारी की पुष्टि हुई है। फार्म के एक किमी के दायरे को रोग प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है और करीब 10 किलोमीटर का दायरा रोग निगरानी क्षेत्र घोषित है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed