Updates: कल जम्मू-कश्मीर के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, अंजी ब्रिज और 46 हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जम्मू और कश्मीर का दौरा करेंगे। इसे लेकर उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- 'कल, 6 जून वास्तव में जम्मू और कश्मीर के मेरे भाइयों और बहनों के लिए एक विशेष दिन है। 46,000 करोड़ रुपये की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है, जिसका लोगों के जीवन पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वास्तुकला की एक असाधारण उपलब्धि होने के अलावा, चिनाब रेल पुल जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क में सुधार करेगा। अंजी ब्रिज चुनौतीपूर्ण भूभाग में भारत का पहला केबल-स्टेड रेल पुल है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) परियोजना सभी मौसम में संपर्क सुनिश्चित करती है और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेनें आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगी और आजीविका के अवसर पैदा करेंगी।'
Tomorrow, 6th June is indeed a special day for my sisters and brothers of Jammu and Kashmir. Key infrastructure projects worth Rs. 46,000 crores are being inaugurated which will have a very positive impact on people’s lives.
विज्ञापन
In addition to being an extraordinary feat of… https://t.co/cPJ15HqOTb — Narendra Modi (@narendramodi) June 5, 2025
इंदौरी पर्यटक के हत्यारों को सजा दिलाएगी मेघालय सरकार
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने कहा कि उनकी सरकार इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या के पीछे जो लोग हैं, उन्हें सजा दिलाएगी। उन्होंने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि हम यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। रघुवंशी परिवार की सीबीआई जांच की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उचित निर्णय लेगी। बता दें कि 29 वर्षीय रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को सोहरा इलाके के नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे। उनका शव सोमवार को गांव से 20 किलोमीटर दूर एक खाई में मिला, जबकि उनकी पत्नी की तलाश जारी है।
त्रिपुरा ने सीप्लेन सेवा के लिए केंद्र से मदद मांगी
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने केंद्र सरकार से सीप्लेन सेवा शुरू करने के लिए मदद मांगी है, ताकि धलाई जिले के डंबूर झील में नारिकेल कुंजा द्वीप रिसॉर्ट तक पहुंचा जा सके। यह मांग उन्होंने मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा की अध्यक्षता में पूर्वोत्तर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हुई उच्च स्तरीय टास्क फोर्स की दूसरी बैठक के दौरान की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री साहा ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ खास जगहों और परियोजनाओं की पहचान करके देश और विदेश से निवेश लाने के लिए एक अच्छी रणनीति बनानी चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद के लिए चुना गया भारत
भारत को संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक परिषद के लिए चुना गया है। भारत वर्ष 2026 से 28 तक इस परिषद का सदस्य रहेगा। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने भारत के चयन के लिए संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत के प्रति भरोसा और समर्थन दिखाने के लिए वह सदस्य देशों का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने इस सफलता के लिए न्यूयॉर्क में मौजूद भारतीय राजनयिकों की तारीफ की। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत इस परिषद को मजबूत करने के लिए काम करेगा और विकास से जुड़े मुद्दों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
नक्सलियों ने लूटा चार टन विस्फोटक, 3.6 टन बरामद
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में 27 मई को नक्सलियों द्वारा लूटा गया चार टन विस्फोटक में से पुलिस ने अब तक 3.6 टन बरामद कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि 25-30 नक्सलियों के एक समूह ने बालंग इलाके में बैंको पत्थर खदान में विस्फोटक ले जा रहे एक ट्रक को लूट लिया था। इसमें ज्यादा जिलेटिन की छड़ें थीं। डीआईजी (पश्चिमी रेंज) बृजेश राय ने बुधवार को बताया कि सुरक्षाबलों ने मंगलवार की रात लूटा गया लगभग एक टन विस्फोटक बरामद किया।
बांग्लादेशियों ने घुसपैठ रोक रहे बीएसएफ जवान को किया अगवा
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बांग्लादेशी नागरिकों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान का अपहरण कर लिया गया और उसे अंतरराष्ट्रीय सीमा पार ले गए। हालांकि कुछ घंटों बाद उसे रिहा कर दिया गया। यह जवान बांग्लादेश की तरफ से घुसपैठ को रोक रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जिले के नूरपुर के सुतियार में सीमा सुरक्षा बल शिविर के नजदीक चांदनी चौक के पास बुधवार तड़के हुई। सूत्रों के अनुसार, जवान कथलिया गांव के पास घुसपैठ की कोशिश को रोकने का प्रयास कर रहा था, तभी उसे बांग्लादेश के चपई नवाबगंज जिले के बदमाशों ने पकड़ लिया। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के वरिष्ठ बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद जवान को भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। जवान अब हमारे साथ है और ठीक है। एक वायरल वीडियो में कथित तौर पर जवान को सीमा पार एक सुदूर इलाके में केले के पेड़ से करीब चार घंटे तक बंधा हुआ दिखाया गया है।
विशेष सत्र से बचने के लिए 47 दिन पहले मानसून सत्र की घोषणा : विपक्ष
विपक्ष दल कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पहलगाम पर विशेष सत्र से बचने के लिए केंद्र सरकार ने 47 दिन पहले ही मानसून सत्र की घोषणा कर दी, क्योंकि सरकार डरी हुई है। कांग्रेस पार्टी के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि अमूमन संसद सत्र की तारीख, कुछ दिन पहले घोषित की जाती हैं, लेकिन कभी भी सत्र शुरू होने से 47 दिन पहले तारीखों की घोषणा नहीं की गई। यह पहली बार होगा, जब सरकार ने मानसून सत्र को निर्धारित समय से करीब डेढ़ महीने पूर्व घोषित कर दिया है।
असम कैबिनेट ने शोधार्थियों को 25,000 रुपये के अनुदान को मंजूरी दी
असम की हिमंत बिस्वा सरकार ने राज्य द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों के शोधार्थियों को 25,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह अनुदान राज्य के पात्र पूर्णकालिक शोधार्थियों को भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रेस वार्ता में इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांग शोधार्थियों के मामले में, यदि वे किसी सरकारी विश्वविद्यालय में शोध कर रहे हैं तो उन्हें 40,000 रुपये की राशि अनुदान के रूप में मिलेगी।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कैबिनेट ने दीमा हसाओ जिले में 348 किलोमीटर आपदा-रोधी सड़कों के विकास के लिए 3,875 करोड़ रुपये को भी मंजूरी दी है।
प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ शोभा चक्रवर्ती का निधन
प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभा चक्रवर्ती का बुधवार को रांची में निधन हो गया। आईएमए के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि वह 85 वर्ष की थीं और उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
भारत के दो और स्थलों को अंतरराष्ट्रीय महत्व की दलदली भूमियों की सूची में शामिल कर लिया गया है। इसके साथ ही देश में ऐसे स्थलों की संख्या बढ़कर 91 हो गई है। भारत में रामसर स्थलों की सूची में शामिल होने वाले दोनों नवीनतम स्थल राजस्थान के फलौदी में खीचन और उदयपुर में मेनार हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, बहुत अच्छी खबर! पर्यावरण संरक्षण में भारत की प्रगति बहुत तेजी से हो रही है और इसमें जन भागीदारी भी शामिल है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, इससे हमारी संख्या 91 हो गई है। यह उपलब्धि इस बात का एक और प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान भारत को एक हरित भविष्य बनाने में सफलतापूर्वक मदद कर रहा है।
रामसर सूची का उद्देश्य दलदली भूमियों का एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क विकसित करना और उसका रखरखाव करना है, जो वैश्विक जैव विविधता के संरक्षण और उनके पारिस्थितिकी तंत्र घटकों, प्रक्रियाओं और लाभों के रखरखाव के माध्यम से मानव जीवन को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण हैं। रामसर कन्वेंशन दलदली भूमि के संरक्षण और बुद्धिमानी से उपयोग के लिए एक अंतरराष्ट्रीय संधि है। इसका नाम कैस्पियन सागर पर स्थित ईरानी शहर रामसर के नाम पर रखा गया है, जहां 2 फरवरी, 1971 को इस संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे। भारत ने 1 फरवरी, 1982 को इस कन्वेंशन की पुष्टि की।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष आलोक जोशी ने गुरुवार को बेहतर परिणामों के लिए सरकारी एजेंसियों के बीच खुफिया जानकारी साझा करने की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एजेंसियों के सामने एक चुनौती यह है कि वे जिस परिपाटी से काम करती हैं उनसे उन्हें बाहर आना होगा। आलोक जोशी गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में ‘पुलिस प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन 2025’ में शामिल हुए प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। वह एनएसएबी का नेतृत्व करने से पहले, देश की खुफिया व्यवस्था में शीर्ष स्तर की एजेंसियों ‘रिसर्च एंड एनालिसिस विंग’ (रॉ) और राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन (एनटीआरओ) के प्रमुख थे।
आलोक जोशी ने अपने संबोधन में कहा, 'भारत एक ऐसे महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है, जहां प्रौद्योगिकी कानून प्रवर्तन में क्रांति ला सकती है। हालांकि, इस क्रांति की सफलता आंकड़े एकत्र करने और उनका विश्लेषण करने, एजेंसियों के भीतर और सभी एजेंसियों के बीच इसे तेजी से साझा करने और फीडबैक के माध्यम से प्रणालियों को पुनः व्यवस्थित करने पर निर्भर करती है, साथ ही हमारे प्रयासों के केंद्र में मानवीय पहलू को रखना भी आवश्यक है।'
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी आलोक जोशी ने कहा, 'भारत के सामने एक चुनौती यह है कि ‘जानने की जरूरत’ के सिद्धांत पर समझौता किए बिना परिपाटी को तोड़ा जाए। मुझे लगता है कि यह ऐसी चीज है जो हमारी प्रणाली के लिए केंद्रीय है और यह खत्म नहीं होगी।' आलोक जोशी ने उदाहरण देते हुए बताया कि जब वह रॉ के प्रमुख थे, तब एनटीआरओ ने खुफिया जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा, 'जब मैं रॉ का नेतृत्व कर रहा था, तो हमने विरोधी देश में एक ऑपरेशन किया और यह ऑपरेशन सफल रहा, और हमें पता था कि हमें किस तरह की चुनौतियों का सामना करना होगा। सुरक्षा स्तर बढ़ा दिया गया था और सावधानियां बरती गई थीं।' आलोक जोशी ने कहा कि उस समय एनटीआरओ ने रॉ को जानकारी दी थी, जिससे संकेत मिला था कि ‘कुछ चल रहा है’।
असम मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि अप्रैल में पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक पोस्ट करने और पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति रखने के आरोप में गुरुवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ ही राज्य में इस संबंध में अब तक कुल 88 गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस ने कामरूप से अमीर हमजा, हैलाकांडी से मुस्तफा अहमद, दरांग से सुबाहान अली और बारपेटा से मेहर अली को गिरफ्तार किया। सरमा ने कहा, इन सभी लोगों ने हमारे देवताओं, देवियों और भारत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट में कहा, हमने पाकिस्तान समर्थकों पर कार्रवाई में तेजी की है। साथ ही सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक पोस्ट करने वाले अपराधियों को पकड़ने के लिए दायरा बढ़ाया गया है।