फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5th January Politics Crime News North East West South India Latest National Hindi News

News Updates: बंगलूरू में शोभायात्रा पर पथराव, दो महिलाएं घायल; कर्नाटक में नौ बंदरों की संदिग्ध मौत

Mon, 05 Jan 2026 10:47 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Mon, 05 Jan 2026 10:47 PM IST
विज्ञापन
News Updates 5th January Politics Crime News North East West South India Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में धार्मिक शोभायात्रा के दौरान पथराव की घटना सामने आई है। ओम शक्ति की शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने से दो महिला श्रद्धालु घायल हो गईं, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। घटना रविवार रात जेजे नगर इलाके में हुई। पुलिस ने हालात को काबू में करते हुए तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जिनकी उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है। उनसे पूछताछ जारी है। घटना के विरोध में लोगों ने जगजीवन राम नगर थाने के सामने प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कोई जवाबी हिंसा न हो। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

विज्ञापन


कर्नाटक में बंदरों की संदिग्ध मौत, जहर दिए जाने की आशंका
कर्नाटक के तुमकुर जिले में देवरायणदुर्गा वन क्षेत्र के पास नौ बंदर और दो लंगूर मृत पाए गए हैं। वन अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम में उनके पेट में खाद्य पदार्थ मिले हैं, जिससे ज़हर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन

2 जनवरी की शाम सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पोस्टमॉर्टम के बाद नमूने बंगलूरू के पशु चिकित्सा महाविद्यालय भेजे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मंकीपॉक्स से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग ने कहा कि यह कृत्य वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अपराध है। इस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले हफ्ते भारत दौरे पर आएंगे
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले सप्ताह दो दिवसीय भारत दौरे पर आएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनकी यह यात्रा भारत-जर्मनी संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में जर्मन चांसलर का स्वागत करेंगे। इसके अलावा मर्ज बंगलूरू भी जाएंगे। दौरे के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद को आगे बढ़ाएगी और जनता के हित में भविष्य उन्मुख साझेदारी को मजबूती देगी। यह फ्रेडरिक मर्ज की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

दिल्ली रिज में पेड़ कटाई पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, अनुपालन के बाद ही अनुमति
उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली रिज क्षेत्र में और पेड़ काटने को लेकर दिल्ली विकास प्राधिकरण की याचिका पर सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि वनीकरण और पारिस्थितिकी बहाली से जुड़े पुराने निर्देशों के पूर्ण अनुपालन की समीक्षा के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ डीडीए की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें सीएपीएफआईएमएस को जोड़ने वाली सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए 473 पेड़ काटने की अनुमति मांगी गई है। अदालत ने कहा कि पर्यावरण संतुलन से समझौता नहीं किया जा सकता और पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्देशों का सही ढंग से पालन हुआ है।

चुनाव आयोग के वरिष्ठ अफसरों ने राज्यों के सीईओ संग की बैठक
चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के सीईओ ने हिस्सा लिया। उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और मतदान कर्मियों की आवश्यकता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। चारों राज्यों और पुद्दुचेरी की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तिथियों पर समाप्त हो रहा है। आयोग जहां तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल और पुद्दुचेरी में मतदाता सूचियों का विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) कर रहा है, वहीं असम में मतदाता सूचियों का एक अलग विशेष संशोधन चल रहा है। एसआईआर के तहत, चुनाव आयोग ने इन राज्यों में मतदान केंद्रों में सुधार किया है। अब, प्रति मतदान केंद्र मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,500 से घटाकर 1,200 कर दी गई है। इसका मतलब होगा कि मतदान के दिन मतदाताओं की कतारें छोटी होंगी। इससे पोलिंग स्टेशनों की संख्या और उन्हें चलाने के लिए जरूरी कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ी है।

गुजरात में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ट्रैकर की मौत
गुजरात के अमरेली जिले में शेरनी को बेहोश करने के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक ट्रैकर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अशरफ चौहान के रूप में हुई है, जो वन विभाग के लिए अनुबंध पर ट्रैकर का काम कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, यह अभियान उस शेरनी को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा था, जिसने एक चार साल के बच्चे की जान ले ली थी। रेस्क्यू टीम ने शेरनी पर ट्रैंक्विलाइजर डार्ट दागा, लेकिन वह गलती से पास खड़े अशरफ चौहान को लग गया। उन्हें पहले विसावदर और फिर जूनागढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। यह इलाका गिर वन क्षेत्र के पास स्थित है, जहां मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की शुभकानाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी को उनके 91वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. जोशी का सार्वजनिक जीवन में योगदान, विशेषकर शिक्षा, संस्कृति और भारत की सभ्यतागत मूल्यों के प्रसार के क्षेत्र में, अतुलनीय रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में लिखा कि डॉ. मुरली मनोहर जोशी एक सम्मानित राजनेता, प्रखर बुद्धिजीवी और दृढ़ राष्ट्रवादी हैं। उन्होंने कहा कि देश सेवा के प्रति उनका आजीवन समर्पण सार्वजनिक जीवन को समृद्ध करता रहा है और वह उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करते हैं।

अमित शाह ने पोंगल सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मन्नारपुरम में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित एक बड़े पोंगल फेस्टिवल सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया। मन्नारपुरम पहुंचने पर शाह का स्वागत किया गया, और वे पार्टी सदस्यों के साथ पोंगल डिश बनाने में शामिल हुए। इससे पहले, तमिलनाडु के अपने दो दिन के दौरे के आखिरी दिन, शाह ने थिरुवनाइकवल में पुराने श्री जम्बूकेश्वर अकिलंदेश्वरी मंदिर और श्रीरंगम में श्री रंगनाथ स्वामी मंदिर भी गए।

भाजपा ने अरुणाचल में  जिला परिषद चेयरपर्सन के लिए 26 कैंडिडेट के नाम पर मुहर लगाई
अरुणाचल प्रदेश भाजपा ने राज्य के सभी जिलों में जिला परिषद चेयरपर्सन के पद के लिए 26 जिला परिषद मेंबर को अपने आधिकारिक उम्मीदवारों के तौर पर मंजूरी दे दी है, जिससे आने वाले चुनावों की तैयारी पूरी हो गई है, पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।

असम में भाजपा मजबूत, 50 सीटों के उम्मीदवार आज घोषित कर सकते हैं- सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य में भाजपा की स्थिति बहुत मजबूत है और पार्टी के पास लगभग 50 फीसदी विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवार तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व निर्देश दे, तो 50 सीटों के उम्मीदवारों की सूची आज शाम तक जारी की जा सकती है।

सीएम सरमा ने साफ किया कि बीजेपी में उम्मीदवार बनने के लिए न तो आवेदन लिए जाएंगे और न ही कोई फीस ली जाती है। उम्मीदवारों के नाम जनता और पार्टी कार्यकर्ता सुझाते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह 22-23 सीटों पर उम्मीदवारों से 3 से 5 करोड़ रुपये तक वसूल रही है।

 गणतंत्र दिवस परेड के टिकट आज से
रक्षा मंत्रालय ने कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड और अन्य समारोहों के लिए रविवार को टिकटों की बिक्री का एलान किया। 26 जनवरी की मुख्य परेड, बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और मुख्य बीटिंग रिट्रीट समारोह के टिकटों की बिक्री पांच जनवरी से शुरू होगी। यह बिक्री 14 जनवरी तक जारी रहेगी। टिकट  सुबह नौ बजे से खरीदे जा सकते हैं।  उनकी कीमत 20 से 100 रुपये के बीच तय की गई है। 28 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के टिकट 20 रुपये में मिलेंगे, जबकि 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह के  टिकट की कीमत 100 रुपये है। टिकट ऑनलाइन आमंत्रण पोर्टल www.aamantran.mod.gov.in से खरीदे जा सकते हैं। 

उत्तर भारत के दो राज्यों में भूकंप के झटके
आज सुबह उत्तर-पूर्व भारत के दो राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक तरफ असम के मोरीगांव में 5.1 की तीव्रता का भूकंप सुबह 04:17 बजे आया, दूसरी ओर त्रिपूरा के गोमती में सुबह 03:33 बजे 3.9 की तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि मोरीगांव में आए तेज झटकों के बाद भी अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। त्रिपुरा में हल्के झटके महसूस किए गए, लेकिन कोई गंभीर घटना सामने नहीं आई। स्थानीय लोग झटकों से सहमे दिखे, हालांकि अधिकतर लोग अपने घरों और सुरक्षित स्थानों पर थे। वैज्ञानिकों ने कहा कि यह सामान्य भूकंपीय गतिविधि है और लोग घबराएं नहीं।

ओम शक्ति भक्तों के जुलूस पर पथराव के बाद हालात तनावपूर्ण, लेकिन काबू में
जगजीवन राम नगर इलाके में ओम शक्ति भक्तों के जुलूस पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि पुलिस के मुताबिक स्थिति अब नियंत्रण में है। यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है। पथराव की इस घटना में दो महिलाएं घायल हुईं, जिनमें से एक को सिर में गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जेजे नगर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम करीब 8:15 से 9 बजे के बीच हुई, जब ओम शक्ति और अयप्पा स्वामी के भक्त परंपरागत रूप से जुलूस निकाल रहे थे। शिकायतकर्ता शशिकुमार एन ने बताया कि वह पिछले 23 वर्षों से ओम शक्ति और अयप्पा स्वामी की पूजा में शामिल होते रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे पहले भी इलाके में धार्मिक आयोजनों के दौरान ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं ने इस घटना को धार्मिक भावनाओं पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फ्रांस और लक्जमबर्ग की छह दिवसीय दौरे पर विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को फ्रांस और लक्जमबर्ग की छह दिवसीय आधिकारिक यात्रा शुरू की। इस दौरान वह दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ आपसी हितों से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर उच्चस्तरीय बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, पेरिस में जयशंकर फ्रांस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और फ्रांस के विदेश मंत्री जां नोएल बारो के साथ वार्ता करेंगे। इन चर्चाओं में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर विचार किया जाएगा। जयशंकर की फ्रांस यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका की ओर से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य अभियान में पकड़े जाने को लेकर चिंता जताई जा रही है। जयशंकर अगले महीने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रपति मैक्रों एआई शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आने वाले हैं।

फ्रांस में जयशंकर फ्रेंच एंबेसडर्स कॉन्फ्रेंस को भी करेंगे संबोधित
फ्रांस प्रवास के दौरान विदेश मंत्री 31वें फ्रेंच एंबेसडर्स कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। इस मंच से वह अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और वैश्विक सहयोग पर भारत का दृष्टिकोण साझा करेंगे। फ्रांस के बाद जयशंकर लक्जमबर्ग जाएंगे। वहां वह ग्रैंड डची ऑफ लक्जमबर्ग के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री जेवियर बेटेल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

असम चुनाव के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष बनीं प्रियंका
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को आगामी असम विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार रात पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए समितियों के गठन का एलान किया। अन्य राज्यों में, मधुसूदन मिस्त्री केरल, टीएस सिंह देव तमिलनाडु एवं पुडुचेरी और बीके हरिप्रसाद पश्चिम बंगाल की स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख होंगे। गौरतलब है कि असम में चुनाव मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है।

जुलूस के दौरान रथ पर पथराव, इलाके में तनाव
बंगलूरू में रविवार रात यहां के जगजीवन राम नगर इलाके में उस समय तनाव फैल गया, जब स्थानीय ओम शक्ति मंदिर से निकल रहे धार्मिक जुलूस के दौरान देवी के रथ पर कथित तौर पर पत्थर फेंके गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है कि जुलूस के दौरान रथ पर पत्थरबाजी की गई। आरोप है कि यह पथराव दूसरे समुदाय के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया।

सूत्रों के अनुसार, इस घटना में एक बच्चे के सिर में चोट आई है, जबकि एक युवती को भी सिर पर चोट लगी है। घटना के बाद गुस्साए श्रद्धालु जगजीवन राम नगर पुलिस थाने के सामने इकट्ठा हो गए और प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। प्रदर्शनकारियों ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए: सौगत रॉय
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद सौगत रॉय ने कहा है कि खेल और राजनीति को आपस में नहीं मिलाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक कारणों से किसी खिलाड़ी को बाहर करने के विचार का विरोध किया है। यह बयान कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेकर चल रहे विवाद के बीच आया है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज कर दिया है। बताया गया है कि भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऐसा करने का निर्देश दिया था।

इस मामले में जब सौगत रॉय से पूछा गया कि कुछ लोग मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए केकेआर की तरफ से बांग्लादेशी खिलाड़ियों को चुनने का विरोध कर रहे हैं, तो उन्होंने इससे असहमति जताई। उन्होंने कहा कि मैं खेल में राजनीति मिलाने का समर्थन नहीं करता। केकेआर दुनिया भर से खिलाड़ी चुनती है, तो अगर उसने बांग्लादेशी खिलाड़ी चुना है, तो इसमें क्या गलत है? सौगत रॉय ने आगे कहा कि बांग्लादेश की राजनीतिक स्थिति को राजनीतिक तरीके से ही सुलझाया जाना चाहिए और क्रिकेट को इसमें नहीं घसीटना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि खेल और राजनीति को अलग रखना ही सही है।

गांधीनगर में टाइफाइड का प्रकोप शाह का अधिकारियों को आदेश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में टाइफाइड के 100 से अधिक संदिग्ध मामले मिलने के बाद अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने एक विज्ञप्ति में बताया कि कुछ दिन पहले गांधीनगर शहर के सेक्टर 24, 28 और आदिवाड़ा इलाके में पानी की पाइपलाइन में रिसाव के कारण टाइफाइड के संदिग्ध मामले सामने आए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए हैं। अब तक टाइफाइड के 113 संदिग्ध मामले पाए गए हैं। इनमें से इलाज के बाद 19 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 94 का गांधीनगर सिविल अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज चल रहा है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि गांधीनगर से लोकसभा सांसद शाह, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, जिला कलेक्टर और नगर आयुक्त के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

आकाशवाणी गंगटोक और सीआरसी सिक्किम ने विश्व ब्रेल दिवस मनाया
नेपाली में विशेष ब्रेल समाचार बुलेटिन के प्रसारण के साथ आकाशवाणी के गंगटोक केंद्र और सिक्किम स्थित कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तीकरण क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी, सिक्किम) ने रविवार को विश्व ब्रेल दिवस मनाया। सीआरसी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन आता है। ब्रेल समाचार पश्चिम सिक्किम के ग्यालशिंग की दृष्टिबाधित दिव्यांगजन सोनम दिकी भूटिया ने पढ़ा। विश्व ब्रेल दिवस आविष्कारक लुई ब्रेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। सोनम दिकी भूटिया वर्तमान में सिक्किम सरकार के अधीन जेएनएमआई नामची में कार्यरत हैं। यह पहल एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है क्योंकि दिव्यांगजनों की भावना का सम्मान करते हुए आकाशवाणी गंगटोक में इस तरह का प्रसारण पहली बार किया जा रहा है।

बल्लारी शहर हिंसा मामले में 26 आरोपी गिरफ्तार
बल्लारी शहर में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्रूसपेट पुलिस स्टेशन में कुल 6 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनकी जांच चल रही है। जांच के दौरान मिले सबूतों और वीडियो फुटेज के आधार पर अब तक 26 आरोपियों की पहचान की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन मामलों की जांच अभी जारी है।

ईडी की गिरफ्तारी के बाद IAS अधिकारी निलंबित
गुजरात सरकार ने IAS अधिकारी राजेंद्रकुमार पटेल को निलंबित कर दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें 2 जनवरी को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद राज्य सरकार ने यह कार्रवाई की है।

गंगासागर मेला के लिए प्रशासन ने बनाया कंट्रोल रूम
पश्चिम बंगाल के गंगासागर में लगने वाले गंगासागर मेले को लेकर प्रशासन सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम के जरिए मेले से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

कर्नाटक : डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए टर्म इंश्योरेंस अनिवार्य
कर्नाटक सरकार ने चिकित्सा शिक्षा और कौशल विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी डॉक्टरों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए टर्म इंश्योरेंस अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। चिकित्सा शिक्षा के प्रभारी और मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने रविवार को बताया कि यह फैसला पिछले महीने एक सड़क दुर्घटना में आईएएस अधिकारी महंतेश बिलागी के निधन के बाद लिया गया है। बिलागी के मामले में पदोन्नति के बाद सर्विस स्टेटस अपडेट न होने के कारण उनके परिवार को हकदार राशि से लगभग 50 लाख रुपये कम मिले थे। पाटिल ने भविष्य में ऐसी वित्तीय क्षति रोकने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव को सर्कुलर जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को उनके वर्तमान वेतन और पद के अनुसार बीमा योजना में शामिल होना होगा।

पीएम मोदी 15 को राष्ट्रमंडल देशों के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जनवरी को राष्ट्रमंडल देशों के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन का उद्घाटन कर सकते हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 14 से 17 जनवरी तक संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में होने वाले चार दिवसीय सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। यह सम्मेलन राष्ट्रमंडल देशों की संसदों के स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों का सम्मेलन (सीएसपीओसी) है। पिछले वर्ष यूरोपीय देश ग्वेर्नसे में हुए सम्मेलन में ओम बिरला ने कहा था कि भारत में होने वाले सम्मेलन का मुख्य फोकस संसद के कामकाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सोशल मीडिया के उपयोग पर रहेगा।

सम्मेलन में एआई के उपयोग, सोशल मीडिया के प्रभाव, सांसदों और संसदीय कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण जैसे विषयों पर सत्र होंगे। लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाए रखने में स्पीकर की भूमिका पर विशेष चर्चा भी होगी। यह मंच संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बनाया गया है।

त्रिपुरा में 100 करोड़ रुपये मूल्य के गांजा पौधे नष्ट
त्रिपुरा के सेपाहिजाला जिले में पुलिस ने करीब 19 लाख कच्चे गांजा के पौधों को नष्ट किया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 100 करोड़ है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार को राज्य पुलिस, बीएसएफ और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) की संयुक्त टीम ने की। गुप्त सूचना के आधार पर करीब 600 जवानों की टीम ने उत्तर कलामचौरा, दक्षिण कलामचौरा, आनंदपुर और घाटीगढ़ क्षेत्रों में फैली लगभग 650 एकड़ वन भूमि में अभियान चलाया।

सेपाहिजाला जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव सूत्रधार ने बताया कि घने जंगलों में गांजा की खेती की पहचान के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि यह त्रिपुरा में एक दिन में नष्ट की गई गांजा पौधों की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, तैयार गांजा बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में तस्करी कर ऊंचे दामों पर बेचा जाता है।

मनरेगा बचाओ संग्राम के लिए कांग्रेस ने गठित की समन्वय समिति
कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम के लिए कमर कस ली है। 10 जनवरी से शुरू होने वाले 45 दिवसीय आंदोलन के लिए समन्वय समिति गठित की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को बताया कि पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन समिति के संयोजक होंगे जबकि वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, प्रियांक खरगे, संदीप दीक्षित व उदित राज सदस्य होंगे। उन्होंने बताया कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने चार नेताओं को समिति के लिए नामित भी किया है, जिनमें डी अनुसूया सीताक्का, दीपिका पांडे सिंह, सुनील पंवार और मनीष शर्मा शामिल हैं। एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस के सभी शीर्ष संगठनों के प्रमुख समिति के सदस्य होंगे।

केरल में सतीशन के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश
केरल के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडडी सतीशन के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीबीआई जांच की सिफारिश एक पुनर्वास प्रोजेक्ट के सिलसिले में विदेश से फंड इकट्ठा करने में कथित अनियमितता मामले में की गई है। सूत्रों ने बताया कि वीएसीबी की सिफारिश वाली रिपोर्ट मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को सौंप दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, सतर्कता विभाग ने विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के कथित उल्लंघन का हवाला देते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।

गुजरात में आईएएस अधिकारी ने कलेक्टर रहते तय की रिश्वत की दर...लेते थे 50 फीसदी हिस्सा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि आईएएस अधिकारी और गुजरात के सुरेंद्रनगर के पूर्व कलेक्टर राजेंद्रकुमार पटेल जमीन के इस्तेमाल में बदलाव (सीएलयू) के आवेदनों को मंजूरी देने के लिए 5 से 10 रुपये प्रति वर्ग मीटर तक रिश्वत की दरें तय की थीं। अदालत ने पटेल को 7 जनवरी तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। ईडी पटेल के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही है। ईडी ने 2 जनवरी को अहमदाबाद में एक विशेष पीएमएलए अदालत में पेश की गई रिमांड आवेदन में बताया कि सीएलयू आवेदन को जल्दी आगे बढ़ाने के लिए स्पीड मनी के तौर पर सुनियोजित तरीके से रिश्वत मांगी और वसूली गई। कुल रिश्वत में से कथित तौर पर 50 प्रतिशत पटेल को मिला, 10 प्रतिशत एक बिचौलिए ने रखा और बाकी रकम कलेक्टर कार्यालय के दूसरे अधिकारियों में बांटी गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed