फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5th Dec North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: GE एयरोस्पेस ने HAL को सौंपा F404-IN20 जेट इंजन, बंगलूरू में मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदा शख्स

Fri, 05 Dec 2025 01:45 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 05 Dec 2025 01:45 AM IST
विज्ञापन
News Updates 5th Dec North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
रूस की सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटॉम ने राष्ट्रपति पुतिन के आगमन के साथ ही तमिलनाडु के कुडनकुलम परमाणु संयंत्र के तीसरे रिएक्टर के लिए ईंधन की पहली खेप भेज दी है। एक बयान में कहा गया है कि रोसाटॉम के परमाणु ईंधन प्रभाग ने एक मालवाहक उड़ान के जरिये ईंधन की आपूर्ति की। पूरे रिएक्टर कोर और कुछ आरक्षित ईंधन की आपूर्ति के लिए रूस से कुल सात उड़ानों की योजना है। ये शिपमेंट 2024 में हस्ताक्षरित एक अनुबंध के तहत प्रदान किए जा रहे हैं, जिसमें प्रारंभिक लोडिंग से शुरू होकर, पूरे समय के लिए कुडनकुलम संयंत्र के तीसरे और चौथे वीवीईआर-1000 रिएक्टरों के लिए ईंधन की आपूर्ति शामिल है। कुडनकुलम संयंत्र में छह वीवीईआर-1000 रिएक्टर होंगे जिनकी कुल क्षमता 6,000 मेगावाट होगी। कुडनकुलम के पहले दो रिएक्टर 2013 और 2016 में भारत के पावर ग्रिड से जुड़े थे। चार अन्य रिएक्टर निर्माणाधीन हैं।
विज्ञापन


कर्नाटक: मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के सामने कूदा व्यक्ति, मौत
बंगलूरू में केंगेरी मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार को एक व्यक्ति कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूद गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना के कारण पर्पल लाइन की सेवाओं में थोड़ी देर के लिए बाधा आई। मृतक की पहचान की जा रही है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह सवा आठ बजे हुई। पुलिस और पैरामेडिकल टीम ने तुरंत शव को ट्रैक से हटाया। इस घटना के बाद पर्पल लाइन की सेवाओं में कुछ समय के लिए रुकावट आई और मैसूर रोड से चाल्लाघट्टा तक की सेवा रोक दी गई। बाद में सेवाएं फिर से शुरू कर दी गईं।
विज्ञापन


जीई एयरोस्पेस ने एचएएल को सौंपा पांचवां एफ404-आईएन20 जेट इंजन
जीई एयरोस्पेस ने शुक्रवार को भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को पांचवां एफ404-आईएन20 जेट इंजन सौंपा। यह इंजन स्वदेशी एलसीए मार्क 1ए फाइटर जेट प्रोजेक्ट के लिए है। जीई एयरोस्पेस के प्रवक्ता ने कहा, जीई एयरोस्पेस ने 2021 के ऑर्डर के अनुसार पांचवां ए404-आईएन20 इंजन एचएएल को सौंपा है। जीई एयरोस्पेस और एचएएल उत्पादन शेड्यूल सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


विदेशों से वापस आईं 655 प्राचीन वस्तुएं: संस्कृति मंत्री शेखावत
साल 1976 से अब तक विदेशी धरती से कुल 655 प्राचीन वस्तुएं सफलतापूर्वक वापस लाई गई हैं। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा में यह भी स्पष्ट किया कि विरासत स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए कोई विशेष परियोजना शुरू नहीं की गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) देशभर में 3,685 राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों और स्थलों का नियमित रखरखाव करता है। मंत्री ने बताया कि सरकार ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विरासत संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 1996 में राष्ट्रीय संस्कृति कोष (एनसीएफ) की स्थापना की थी।

झारखंड पोंजी केस: गाजियाबाद, नोएडा व मेरठ में ईडी छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड की एक पोंजी स्कीम से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत बृहस्पतिवार को नोएडा सहित उत्तर प्रदेश के तीन शहरों में 20 ठिकानों पर छापे मारे। इस योजना के तहत जमाकर्ताओं से 300 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। मैक्सीजोन पोंजी योजना से जुड़े मामले में नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में 20 परिसरों की तलाशी ली जा रही है। छापों में जब्त सबूतों के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां,  की जा सकती है। चंद्र भूषण सिंह और प्रियंका सिंह पर यह पोंजी स्कीम चलाने का आरोप है। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। दोनों को कुछ महीने पहले झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया था। ईडी इस पोंजी स्कीम के वित्तीय ऑपरेशन से जुड़े कई लोगों के बयान रिकॉर्ड कर सकती है।

ममता का आरोप-एसआईआर के जरिये बंगाल में राष्ट्रपति शासन की जमीन तैयार कर रही सरकार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एसआईआर का इस्तेमाल पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन की जमीन तैयार करने के लिए किया। उन्होंने दावा किया कि अगर उनकी सरकार ने इस प्रक्रिया को रोका होता, तो केंद्र राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा देता। मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए, ममता ने यह भी कहा कि राज्य जाल में फंसने के लिए इतना मूर्ख नहीं है। उन्होंने लोगों से गणना प्रक्रिया से न डरने और बस अपने दस्तावेज दाखिल करने का आग्रह किया। ममता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि देशभर में एसआईआर से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों में आधे से अधिक हिंदू थे। ममता ने भाजपा को उसी डाल को काटने के खिलाफ चेतावनी दी जिस पर वह बैठी है। ममता ने कहा, जल्दबाजी में किए गए संशोधन से दहशत फैल गई है और भाजपा ने अपनी कब्र खुद खोद ली है।

अलफुरकान ट्रस्ट का संस्थापक सादिक खान मनी लॉन्ड्रिंग में गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजस्थान के बीकानेर स्थित अलफुरकान एजुकेशनल ट्रस्ट के संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद सदीक उर्फ सादिक खान को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। सादिक पर दान की राशि का गलत तरीके से इस्तेमाल, संदिग्ध विदेशी संपर्कों और कट्टर सोच फैलाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप है। ईडी ने सादिक को बुधवार को धन शोधन निरोधक कानून के तहत गिरफ्तार किया। बृहस्पतिवार को उसे विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने तीन दिन की हिरासत भेज दिया। ईडी की जांच दो प्राथमिकी पर शुरू हुई, जिनमें आरोप था कि सादिक कट्टर सोच फैलाने, जबरन धर्म परिवर्तन, विदेशी कट्टर संगठनों से संपर्क और करोड़ों के संदिग्ध लेनदेन में शामिल था।

मेघालय में पहली बार ईडी के छापे, गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद घोटाले में कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत बृहस्पतिवार को कई जगहों पर छापे मारे। यह कार्रवाई गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) में विकास फंड के कथित घोटाले से जुड़े मामले में की गई। शिलांग स्थित संघीय जांच एजेंसी के उप-कार्यालय की यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम गारो हिल्स जिले के तुरा क्षेत्र में कम से कम पांच ठिकानों पर कार्रवाई की गई। मामला असनांग क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़ा है। आरोप है कि जिन कामों के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए थे, वे जमीन पर पूरे नहीं हुए और राशि का बड़ा हिस्सा गलत तरीके से इस्तेमाल हुआ। कुल 28.66 करोड़ रुपये में से समिति के कुछ सदस्यों ने ठेकेदारों के साथ मिलकर राशि को नियमों के खिलाफ इस्तेमाल किया। जांच में सामने आया कि कुबोन संगमा और निक्सेंग संगमा नाम के दो ठेकेदारों को मंजूर राशि का लगभग 60 प्रतिशत एडवांस दिया गया, जबकि नियम इसकी इजाजत नहीं देते। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पैसे किन-किन लोगों तक पहुंचे और विकास कार्य क्यों पूरे नहीं हुए।

कैमरून में फंसे 5 प्रवासी श्रमिक सुरक्षित घर लौटे
मध्य अफ्रीका के कैमरून में फंसे झारखंड के पांच प्रवासी श्रमिक बृहस्पतिवार को अपने गृह जिलों में लौट आए। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें कई महीनों से वेतन नहीं मिला था। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की टीम लीडर शिखा लाखरा ने बताया कि श्रमिक मंगलवार को मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे और बुधवार को मुंबई-हावड़ा मेल से अपने जिले गिरिडीह और हजारीबाग पहुंचे।

कांग्रेस ने दुष्कर्म के आरोपी विधायक राहुल को पार्टी से निकाला
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को पार्टी से निलंबित विधायक राहुल ममकूटथिल की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता रद्द करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी ने ममकूटथिल के खिलाफ यह कदम कई गंभीर शिकायतें और यौन उत्पीड़न का केस दर्ज होने के बाद उठाया। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि पार्टी ने आरोपों की समीक्षा की है और फैसला किया कि ममकूटथिल को अब संगठन में नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा कि विधायक पहले ही निलंबित किये जा चुके हैं।

भारत-इंडोनेशिया का गरुड़ शक्ति युद्धाभ्यास शुरू, सर्जिकल स्ट्राइक का करेंगे अभ्यास
भारत और इंडोनेशिया की सेना की स्पेशल फोर्सेज (विशेष बलों) के बीच हिमाचल प्रदेश के बकलोह में गरुड़ शक्ति युद्धाभ्यास शुरू हो गया है। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में भारतीय दल की नुमाइंदगी पैराशूट रेजिमेंट के जवान कर रहे हैं, जबकि इंडोनेशियाई सेना की ओर से वहां के विशेष बल का दस्ता शामिल है। दोनों देशों के विशेष बलों के बीच रणनीतिक सहयोग बढ़ाने के लिए गरुड़ शक्ति युद्धाभ्यास का यह 10वां संस्करण है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस युद्धाभ्यास के तहत दोनों देश आतंकरोधी ऑपरेशन, हथियार विहीन युद्ध तकनीकों, स्नाइपर प्रशिक्षण और हेलिबॉर्न ऑपरेशन का अभ्यास करेंगे। साथ ही ड्रोन व मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) रोधी तकनीकों के उपयोग और सर्जिकल स्ट्राइक का साझा अभ्यास भी किया जाएगा। सेना के मुताबिक इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों की विशेष बल इकाइयों के बीच अंतरसंचालन और आपसी समझ बढ़ाना है। सेना ने बताया कि यह अभ्यास शारीरिक फिटनेस और उच्च-तीव्रता वाले युद्ध प्रशिक्षण पर जोर देने के लिए बनाया गया है। 

मोबाइल फोन आयात 0.02% तक सिमटा, घरेलू उत्पादन छह गुना बढ़ा
मोबाइल फोन आयात में भारी गिरावट दर्ज की गई है और 2024-25 में यह घरेलू मांग का सिर्फ 0.02% रह गया है, जबकि 2014-15 में यह 75% था। यह जानकारी राज्यसभा में इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने लिखित जवाब में दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की पहलों के कारण इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन 2014-15 के 1.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 11.3 लाख करोड़ रुपये हो गया। मोबाइल फोन उत्पादन भी 28 गुना बढ़कर 5.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि निर्यात 127 गुना बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये हुआ। सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के लिए पीएलआई योजना, आईटी हार्डवेयर के लिए पीएलआई, SPECS के तहत 25% पूंजी सब्सिडी और MSIPS योजना शामिल हैं। इन सभी उपायों ने घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।

भारत-यूके व्यापार समझौते में डेटा लोकलाइजेशन पर सतर्क रुख: केंद्र
भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते में डेटा लोकलाइजेशन और क्रॉस-बॉर्डर डेटा फ्लो से जुड़े प्रावधानों पर सरकार ने सतर्क दृष्टिकोण अपनाया है। यह जानकारी वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने राज्यसभा में दी। उन्होंने बताया कि समझौते में यह व्यवस्था की गई है कि डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन रूल्स 2025 की आवश्यकताओं के अनुरूप इन प्रावधानों की समीक्षा की जा सकेगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्ष व्यवसाय करने की शर्त के रूप में किसी भी कंपनी से सॉफ्टवेयर का सोर्स कोड उपलब्ध कराने की मांग नहीं करेंगे। हालांकि, सरकारी खरीद, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और नियामकीय जरूरतों के लिए कुछ छूट दी गई है। सरकार का कहना है कि डिजिटल सुरक्षा और डेटा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ही इस पहल को आगे बढ़ाया गया है, ताकि घरेलू हितों की रक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार सहयोग भी मजबूत हो सके।

इंटरपोल रेड नोटिस पर वांछित वन्यजीव तस्कर सिक्किम से दबोची गई
मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) ने संयुक्त कार्रवाई में इंटरपोल रेड नोटिस पर वांछित एक अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव अपराधी को पकड़ा है। आरोपी यांगचेन लाचुंगपा (44) को 2 दिसंबर को उत्तरी सिक्किम के लाचुंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। लाचुंगपा पर 2015 से बाघ के अंगों और पैंगोलिन के पैमानों की अवैध तस्करी का आरोप है। जांच के अनुसार, वह नेपाल, तिब्बत, भूटान सहित कई भारतीय शहरों में फैला व्यापक नेटवर्क चलाती थी। WCCB ने 2 अक्तूबर को उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया था, जिसके बाद लगातार निगरानी और तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर उसकी लोकेशन की पुष्टि की गई। अधिकारियों के अनुसार, यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी सिंडिकेट के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे आगे कई और सुराग मिलने की उम्मीद है।

एनडीए जनवरी के मध्य तक असम विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारा तय करेगा: हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन राज्य में अगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीट साझा करने का फैसला जनवरी के मध्य तक पूरा कर लेगा। उन्होंने बताया कि माघ बिहू से पहले सहयोगी दलों के साथ सभी चर्चाएं पूरी कर ली जाएंगी। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि भाजपा की अगली बैठक असम गण परिषद (एजीपी) के साथ होगी, जिसमें गठबंधन और सीटों पर अंतिम चर्चा की जाएगी। इसी तरह, राभा हासोंग संयुक्त संग्राम समिति (आरएचजेएसएस) और जनशक्ति पार्टी (जेपी) के साथ भी माघ बिहू से पहले बातचीत पूरी होने की उम्मीद है। सरमा ने आगे कहा कि मेरा लक्ष्य है कि 15 जनवरी तक सभी सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर सहमति पूरी हो जाए। असम में मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। 126 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल भाजपा के 64 विधायक, एजीपी के नौ, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26, एआईयूडीएफ के 15 और माकपा के एक विधायक के साथ एक निर्दलीय सदस्य भी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed