फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: बंगाल में कानून का राज नहीं- धर्मेंद्र प्रधान; मणिपुर पुलिस ने लूटे गए हथियार बरामद किए

Sat, 05 Oct 2024 09:18 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 05 Oct 2024 09:18 PM IST
विज्ञापन
News Updates 5 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

कर्नाटक के उडुपी जिले के उप्पुंडा में एक स्थानीय ओवरहेड टैंक से आपूर्ति किए गए दूषित पानी पीने से 500 से अधिक लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों की स्थिति गंभीर है। आपूर्ति किए गए पानी में जल-जनित रोगजनक साल्मोनेला बेसिलरी स्ट्रेन पाए गए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 30 सितंबर को जांच के लिए एक टीम भेजी गई थी, जिसमें 56 मामलों में इन जीवाणु उपभेदों का पता चला था।

विज्ञापन

 

तेलंगाना में जादू-टोना के शक में महिला को जलाकर मार डाला
तेलंगाना के मेडक जिले के कटरियाल गांव में एक महिला को जादू-टोना करने के शक में कुछ लोगों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। घटना के दौरान डर के कारण पीड़ित महिला का बेटा और बहू अपनी जान बचाने के के लिए घर से भाग गए। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे और आग बुझाई। अस्पताल ले जाने समय उसकी मौत हो गई। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित के बेटे ने बताया कि आरोपी का एक रिश्तेदार बीमार हो गया था। इसके बाद आरोपी कई बार उसकी मां पर काला जादू करने का आरोप लगाने लगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

मस्कट जा रहा विमान धुआं उठने पर तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट लौटा
एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शुक्रवार को केरल से मस्कट के लिए उड़ान भरने के कुछ देर बाद धुआं नजर आने की वजह से तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर लौट आया। एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि घटना सुबह 10:30 बजे की है। विमान में 142 यात्री सवार थे। विमान की जांच के लिए उन्हें उतारा गया और बाद में उनकी यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि संदिग्ध धुआं नजर आने का कारण क्या था। 

विज्ञापन

मणिपुर पुलिस-असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने जब्त किया हथियार

मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले के खेंगमोल हिल पर तलाशी अभियान चलाकर हथियार और विस्फोटक जब्त किए। संयुक्त टीम ने शुक्रवार को आंसू गैस बंदूक, मैगजीन, 9 मिमी पिस्तौल, पांच 12 बोर सिंगल बैरल बंदूकें, गोला बारूद 3 तात्कालिक मोर्टार गोले और पांच तात्कालिक भारी मोर्टार जब्त किया। पुलिस ने तामेंगलोंगपिछले सप्ताह पांच एकड़ में लगे पोस्ता दाने के पौधों को भी नष्ट किया। 

फिल्म की शूटिंग के दौरान घबरा गया हाथी

केरल में एक तेलुगु फिल्म की शूटिंग के लिए लाया गया हाथी उस समय घबरा गया जब एक दिन पहले अन्य हाथी ने उसे पीछे से टक्कर मार दी और कोठामंगलम के पास जंगल में भाग गया। 12 घंटे बाद जंगल से हाथी को निकाला गया। 57 वर्षीय हाथी शुक्रवार से ही लापता था, जिसके बाद उसे ढूंढने के लिए खोज अभियान चलाया गया। 12 घंटे के बाद उसे जंगल में पाया गया। उसे पहले खाना खिलाया गया और फिर जंगल से बाहर निकाला गया। 

मंगलूरू के अवैध खनन रेत पर छापा

कर्नाटक के मंगलूरू में खनन अधिकारियों ने एक अवैध खनन रेत पर छापा मारा और खनन के लिए इस्तेमाल की गई रेत और नौकाएं जब्त की। इनकी कीमत 46 लाख रुपये बताई जा रही है। मंगलुरु तालुक के सहायक आयुक्त हर्षवर्द्धन ने बताया कि नाव के मालिकों के पास वैध दस्तावेज नहीं थे। इलाके में रहने वाले लोगों ने वलाचिल, मारिपल्ला और पुडु पर नेत्रावती नदी में संसाधनों के अत्यधिक दोहन की शिकायत की थी।
 

महाराष्ट्र में नाव पटलने से दो मछुआरों की मौत

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग तट के पास अरब सागर में नाव पलटने से दो मछुआरों की मौत हो गई। यह घटना सिंधुदुर्ग के निवाती समुद्र तट पर देर रात करीब दो बजे घटी। मृतक मछुआरों की पहचान रघुनाथ धर्मजी येराजी और आनंद पुंडलिक पराडकर के तौर पर की गई है। ये दोनों ही वेंगुर्ला तालुका के रहने वाले हैं। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

ओडिशा में गांजा तस्कर की मौत मामले में सीआईडी करेगी जांच

ओडिशा के डीजीपी वाईबी खुरानिया ने एक गांजा तस्कर की संदिग्ध मौत की सीआईडी अधिकारियों से जांच के आदेश दिए। कंधमाल जिले में पुलिस ने गांजा तस्कर की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि सीआईडी ने मामले की जांच अपने पास ले ली है। डीएसपी रजत कुमार रे इस मामले की अध्यक्षता करेंगे। कंधमाल के एसपी शुभेंदु कुमार पात्रा ने दो अक्तूबर को अक्टूबर को दो पुलिसकर्मियों को निलंबित और तीन होम गार्ड्स को ड्यूटी से हटा दिया था। 

सौर ऊर्जा से बीमारियों का इलाज खोजेगा ICMR

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने विभिन्न बीमारियों के इलाज की खोज में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल करने का फैसला लिया है, जिसके लिए एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम के साथ समझौता किया है। इसके तहत आईसीएमआर के 15 संस्थानों की छतों पर कुल 4,559 किलोवाट की संयुक्त क्षमता वाले सोलर पैनल स्थापित होंगे। आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य देशभर में आईसीएमआर संस्थानों के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग करना है। 

केरल में धान के खेत में दो भाई-बहनों की करंट लगने से मौत

केरल की त्रिशूर पुलिस ने बताया कि शनिवार को जिले के वरवूर में धान के खेत में मछली पकड़ते समय दो भाई-बहनों की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने स्थानीय निवासी अरविंदाक्षन (65) और रवींद्रन (63) को खेत में बेसुध पड़े हुए पाया। पुलिस ने बताया कि संदेह है कि खेत में पानी में मछली पकड़ते समय जंगली सूअरों को मारने के लिए बिछाए गए तार के संपर्क में आने से भाई-बहनों की करंट लगने से मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, मृतकों का घर खेत से कुछ मीटर की दूरी पर था। जंगली सूअर अक्सर इस इलाके में घूमते रहते थे। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

केरल: बेकाबू एंबुलेंस घर में घुसी, मरीज की मौत

केरल के तिरुवनंतपुरम में शनिवार तड़के कोट्टायम जिले के कंजिरापल्ली में एक बेकाबू एंबुलेंस घर में घुस गई, जिससे गंभीर रूप से बीमार एक मरीज की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बताया कि ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और इसी कारण ये हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक पल्लपरा के रहने वाले पीके राजू नाम के मरीज को एक अस्पताल में ले जाया जा रहा था, जिसकी इस हादसे में मौत हो गई। पोनकुन्नम पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। इस हादसे के कारण घर की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें एंबुलेंस चालक और एक अन्य कर्मचारी को मामूली चोटें आईं। हालांकि घर में रहने वाले लोग चमत्कारिक रूप से बच गए।

'दुर्गा पूजा से बढ़कर है, ये हमारी पहचान की धड़कन है'- ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि बंगालियों के लिए दुर्गा पूजा एक त्योहार से कहीं बढ़कर है और यह समुदाय की पहचान, कला और विरासत की धड़कन है। इस दौरान उन्होंने श्लोकों के उच्चारण, ढाक की थाप और शंखनाद के बीच दक्षिण कोलकाता में 10 दुर्गा पूजा का उद्घाटन किया। वहीं एक्स पर एक पोस्ट में सीएम ममता ने कहा, हमारे लिए दुर्गा पूजा सिर्फ एक त्यौहार से कहीं बढ़कर है, यह हमारी पहचान, हमारी कला और हमारी विरासत की धड़कन है... पंडाल समुदाय की भावना को दर्शाते हैं जो सभी क्षेत्रों के लोगों को दिव्य उत्सव मनाने और एकजुटता के आनंद को गले लगाने के लिए एक साथ लाता है।

बंगाल में कानून का राज नहीं- धर्मेंद्र प्रधान

पश्चिम बंगाल में आरजी कर बलात्कार-हत्या की घटना को लेकर डॉक्टरों के चल रहे विरोध के बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कानून का राज नहीं है और जनता विद्रोह के मूड में हैं। भुवनेश्वर में एक समारोह को संबोधित करते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, यह बहुत चिंता की बात है कि पश्चिम बंगाल में कानून और व्यवस्था नहीं है। लोग विद्रोह के मूड में हैं और उस राज्य में स्थिति ठीक नहीं है।

बीजद अध्यक्ष और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक के इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कि भाजपा ओडिशा में झूठ बोलकर सत्ता में आई है, प्रधान ने कहा, जीतना और हारना राजनीति का हिस्सा है और परिणाम को लेकर बहुत अधिक उत्साहित या हतोत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है।

असम: मां की हत्या करने के आरोप में बेटा गिरफ्तार

असम के डिब्रूगढ़ शहर में एक व्यक्ति को अपनी मां की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में डिब्रूगढ़ के पुलिस अधीक्षक राकेश रेड्डी ने बताया कि वारदात शुक्रवार रात शहर के बानीपुर इलाके में उनके घर पर हुई। उन्होंने कहा, हमें अपराध के बारे में सूचना मिली और हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ने कहा, अपराध के पीछे की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है, इसकी जांच जारी है।

अंडमान: 8 अक्तूबर को राज निवास तक मार्च निकालेंगे भाजपा सांसद

अंडमान और निकोबार के भाजपा सांसद बिष्णु पद रे ने शनिवार को घोषणा की कि वह उपराज्यपाल डीके जोशी को हटाने की मांग को लेकर 8 अक्टूबर को राज निवास तक मार्च का नेतृत्व करेंगे। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि डीके जोशी को 2017 में एलजी नियुक्त किए जाने के बाद से केंद्र शासित प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। सांसद ने कहा, आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद हमने एलजी के खिलाफ 8 अक्टूबर को विरोध रैली आयोजित करने का फैसला किया है क्योंकि वह 'शहंशाह' की तरह काम कर रहे हैं, अंडमान और निकोबार के लोगों को परेशान कर रहे हैं और विकास कार्यों को रोक रहे हैं। उन्होंने कहा, विरोध रैली सुबह 8 बजे शुरू होगी और अगर पुलिस हमें राज निवास में एलजी से मिलने से रोकने की कोशिश करती है, तो हम 'चक्का जाम' करेंगे।

फिनटेक क्षेत्र में भूटान को और मजबूत बनाएगा भारत- वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि फिनटेक क्षेत्र में भूटान को भारत और मजबूत बनाएगा, क्योंकि पड़ोसी देश में यूपीआई और रुपे कार्ड का चलन बढ़ रहा है। नई दिल्ली में अपने भूटानी समकक्ष ल्योनपो लेके दोरजी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने समर्थन और स्थायी साझेदारी के लिए भूटान के राजा, शाही परिवार के सदस्यों और भूटान के लोगों को शुभकामनाएं दीं। कहा, दोनों देश आपसी हितों और आर्थिक रणनीतिक साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं।

एनआईए ने असम से 10 लोगों को किया गिरफ्तार- हिमंत

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि जैश से जुड़े मामले में एनआईए ने शनिवार को असम से 10 लोगों को गिरफ्तार किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी असम को कोई खतरा होता है, विपक्षी पार्टी ‘इस पारिस्थितिकी तंत्र’ की रक्षा करते हुए सरकार का विरोध करती है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनआईए और असम पुलिस के चलाए गए संयुक्त अभियान में ग्वालपाड़ा से नौ और होजई जिले से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। ये सभी एनआईए की हिरासत में हैं। जांच और कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

आकाशवाणी के पूर्व समाचार वाचक रामचंद्रन का 89 वर्ष की उम्र में निधन
 
ऑल इंडिया रेडियो के पूर्व समाचार एंकर एम रामचंद्रन का शनिवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन समेत तमाम लोगों ने रामचंद्रन के निधन पर शोक व्यक्त किया। विजयन ने कहा, रामचंद्रन के पास कई समाचारों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने और श्रोताओं को प्रभावित करने का अनुकरणीय कौशल था। अपनी अनूठी आवाज और प्रस्तुति की एक विशेष शैली के लिए जाने जाने वाले रामचंद्रन 1980 और 1990 के दशक के दौरान मलयाली लोगों के बीच एक जाना-माना नाम थे। यह रेडियो प्रसारण का गौरवशाली युग था। केरल राज्य विद्युत बोर्ड में सेवा देने के बाद वे अपने नौकरी के शुरुआती दिनों में आकाशवाणी की नई दिल्ली इकाई में शामिल हो गए थे। बाद में क्षेत्रीय इकाई में स्थानांतरित हो गए थे। नियमित समाचार बुलेटिनों के अलावा उन्होंने एक विशेष बुलेटिन कौथुका वार्ताकाल प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम ने दुनिया भर श्रोताओं ने ध्यान अपनी ओर खींचा। रामचन्द्र की प्रस्तुति शैली ने उन्हें श्रोताओं के बीच खासा लोकप्रिय बना दिया।

ओडिशा: बंद पड़ी फैक्ट्री से गैस लीक होने से चंदका में दहशत

ओडिशा के भुवनेश्वर में शनिवार को बंद पड़ी केमिकल फैक्ट्री से गैस लीक होने से चंदका इलाके में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि गैस लीक होने से किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है। मामले में डीजी (फायर सर्विस) डॉ. सुधांशु सारंगी ने बताया, सोडियम हाइपोक्लोराइट, जिसे आमतौर पर ब्लीच के नाम से जाना जाता है, एक सिलेंडर से लीक हो रहा था। सिलेंडर को एक अलग जगह पर ले जाया गया है और इसे बेअसर किया जाएगा। सारंगी ने बताया कि एहतियात के तौर पर पानी में मिलाए गए न्यूट्रलाइजिंग कंपाउंड चूना पत्थर का छिड़काव किया गया है। उन्होंने एक बयान में बताया कि गैस डिटेक्टर मशीन मानव जीवन के लिए कोई चिंता नहीं दिखाती है क्योंकि हवा का मानक सामान्य और सुरक्षित क्षेत्र में बना हुआ है।

पुलिस थाने से लूटे गए 16 हथियार मणिपुर पुलिस ने बरामद किए
मणिपुर के उखरुल पुलिस थाने से भीड़ द्वारा लूटे गए 16 हथियार बरामद किए गए हैं। महानिरीक्षक (ऑपरेशन) आईके मुइवा ने कहा कि 2 अक्टूबर को दो गांवों के बीच झड़प के दौरान उग्र भीड़ ने थाने में घुसकर 20 हथियार लूट लिए थे। उन्होंने कहा, "सुरक्षा बलों, नागरिक समाज संगठनों और सामुदायिक नेताओं के सहयोग से अब 80 प्रतिशत हथियार बरामद कर लिए गए हैं।  उन्होंने कहा कि शेष हथियारों को बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
 
उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों में 9 एमएम पिस्तौल, इंसास राइफल और एके-47 राइफल शामिल हैं। मुइवा ने कहा कि जिले में स्थिति नियंत्रण में है और मणिपुर राइफल्स, असम राइफल्स और बीएसएफ सहित सुरक्षा बल दोनों गांवों के नेताओं के सहयोग से कड़ी निगरानी रख रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed