फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 31th Oct North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: राहुल गांधी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को किया याद, तमिलनाडु में पटरी से उतरा एक्सप्रेस ट्रेन का पहिया

Thu, 31 Oct 2024 03:09 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 31 Oct 2024 03:09 PM IST
विज्ञापन
News Updates 31th Oct North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी दादी को उनकी पुण्यतिथि पर इंदिरा गांधी स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वल्लभ भाई पटेल को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश को एकता और अखंडता के सूत्र में बांधने वाले 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। भारत जोड़ने और देश में प्रेम एवं भाईचारा स्थापित करने वाले उनके पदचिह्न सदैव हमारा मार्गदर्शन करते हैं।
विज्ञापन

 
कलाकार सुदर्शन पटनायक ने बनाई पटेल की कलाकृति
रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देने के लिए ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर एक रेत कलाकृति बनाई। कलाकृति को देखने के लिए कई लोग आए। 
विज्ञापन

 

463 कर्मियों को ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’
गृह मंत्रालय ने बताया कि इस साल के लिए विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी)/केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ)/केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ) के 463 कर्मियों को ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ प्रदान किया गया है। यह पदक उत्कृष्ट कार्य को मान्यता देने, उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने और संबंधित अधिकारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए दिया जाता है

 

मणिपुर में विस्थापितों के लिए पांच करोड़ मंजूर
मणिपुर सरकार ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) को एक-एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के    लिए पांच करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि मंजूर की है। एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि आंतरिक रूप से विस्थापितों को रोजमर्रा की वस्तुएं भी इस राशि से उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। सिंह ने पूर्व में कहा था कि यह राशि दिवाली और निंगोल चाकोबा त्योहार से पहले वितरित की जाएगी। निंगोल चाकोबा मैतेई समुदाय का त्योहार है, जिसमें बेटियों को भोजन का निमंत्रण दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता दिवस की पूर्व संध्या पर रन फॉर यूनिटी मैराथन को भी हरी झंडी दिखाई।

जमानत के छह महीने बाद कोर्ट बॉन्ड भरने को नहीं कह सकता
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अदालतें जमानत आदेश के छह महीने बाद आरोपी पर बेल बॉन्ड जमा करने की शर्त नहीं लगा सकतीं। जस्टिस बेला एम त्रिवेदी व जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने कहा कि अगर अदालत मामले के गुण-दोष से संतुष्ट है तो उसे या तो जमानत दे देनी चाहिए या फिर उसे खारिज कर देना चाहिए। पीठ ने पटना हाइकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। पीठ ने कहा, यह पिछले कुछ दिनों में हाईकोर्ट की ओर से पारित कुछ आदेशों में से एक है, जिसमें मामले के गुण-दोष के आधार पर निर्णय लिए बिना हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को जमानत दे दी है। वह भी इस शर्त पर कि आरोपी आदेश के छह महीने बाद जमानत बांड पेश करेगा। पीठ ने हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया। 

देश का पहला IGBC प्रमाणित चिड़ियाघर हिमाचल में बनेगा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बनखंडी में ‘दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान’ बनने वाला है। यह भारत का ऐसा पहला चिड़ियाघर होगा, जिसे पर्यावरण अनुकूल नवाचार के लिए इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) से प्रमाणन मिलेगा। इस परियोजना को आधिकारिक तौर पर आईजीबीसी के साथ पंजीकृत किया गया है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि उद्यान में पर्यावरणीय मानकों की अनुपालना करते हुए भवन और परिदृष्य प्रमाणन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


मदुरै जंक्शन पर LSLRD कोच का पहिया पटरी से उतरा
तमिलनाडु में आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया।आज सुबह 7:36 बजे, ट्रेन नंबर 20601 चेन्नई सेंट्रल - बोडिनायक्कनूर एक्सप्रेस के इंजन के बगल में स्थित द्वितीय श्रेणी सामान, गार्ड सह शारीरिक रूप से विकलांग (LSLRD) कोच का एक पहिया शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गया, जब ट्रेन मदुरै जंक्शन प्लेटफ़ॉर्म नंबर पांच से बोडिनायक्कनूर की ओर रवाना हो रही थी। कोई भी यात्री प्रभावित नहीं हुआ और मदुरै जंक्शन पर अन्य सभी ट्रेन परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा। 

झारखंड के पलामू में 11 साल की बच्ची से रेप, 72 साल के आरोपी ने चॉकलेट का लालच देकर की वारदात

झारखंड के पलामू जिले में 11 साल की बच्ची के साथ बलात्कार करने के आरोप में 72 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। यह वारदात बुधवार शाम को टाउन पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई। इस बारे में गुरुवार को जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी चॉकलेट देने का लालच देकर बच्ची को अपने साथ ले गया था।

मेदिनीनगर के उप-मंडल पुलिस अधिकारी मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि पीड़िता के माता- पिता ने थाने आकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उसी इलाके में रहने वाले बुजुर्ग ने बच्ची को चॉकलेट का लालच दिया और अपने घर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। वारदात के बाद बच्ची ने घर आकर परिजनों को इस बारे में बताया, जिसके बाद इस मामले का पता चला। फिर परिजनों ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।

पुलिस अधिकारी ने बताया, 'बच्ची को गुरुवार को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।' एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पहले भी पीड़िता को लालच देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था, लेकिन बच्ची तब डर के मारे चुप रही थी और घरवालों को बता नहीं पाई थी।

तमिलनाडु में पटरी से उतरा एक्सप्रेस ट्रेन का पहिया, कोई हताहत नहीं
तमिलनाडु ने दक्षिण रेलवे में बताया कि बोदिनायक्कानूर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का एक पहिया बृहस्पतिवार को पटरी से उतर गया। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। यह घटना बृहस्पतिवार सुबह 7:36 बजे हुई। ट्रेन 89 मिनट की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची। थेनी जिले में बोदिनायक्कानूर राज्य की राजधानी चेन्नई से लगभग 550 किलोमीटर दूर स्थित है। रेलवे की ओर से जारी बयान के मुताबिक किसी भी यात्री को कोई परेशानी नहीं हुई तथा मदुरै जंक्शन पर अन्य सभी रेलगाड़ियां सामान्य रूप से चलती रहीं।

दिवाली पर भारत-चीन के सैनिकों ने बांटी मिठाइयां
दिवाली क खास मौके पर लद्दाक के अलग-अलग इलाकों में भारतीय और चीनी सेना के जवानों आपस में मिठाइयां बांटकर त्योहार मनाया। लद्दाख के कराकोरम पास, दौलत बैग ओल्डी और कोंगका ला जैसे स्थानों पर दोनों देशों के सैनिक मिले और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर शुभकामनाएं दीं। मिठाइयों के आदान-प्रदान को दोनों देशों की दोस्ती और शांति का प्रतीक माना जा रहा है। सेना के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कदम सीमा पर भरोसे और सद्भाव को बढ़ाने में मदद करते हैं। 

नौसेना प्रमुख ने पोरबंदर में परिचालन तैयारियों और विकास परियोजनाओं का लिया जायजा
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को गुजरात के पोरबंदर का दौरा किया। उन्होंने परिचालन तैयारियों और बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं
का जायजा लिया। उन्होंने नौसेना कर्मियों से मुख्य कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। नौसेना ने एक बयान में कहा कि अपने दौरे के दौरान एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि गुजरात न केवल देश के समृद्ध समुद्री अतीत और जीवंत वर्तमान में एक विशेष स्थान रखता है, बल्कि एक शानदार भविष्य की संभावना में भी इसका विशेष स्थान है। एडमिरल त्रिपाठी ने गुजरात में पोरबंदर, दमन और दीव में अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया। उन्हें परिचालन तत्परता और क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। अग्रिम क्षेत्र में तैनात नौसेना, रक्षा नागरिक और डीएससी कर्मियों को संबोधित करते हुए एडमिरल ने दिवाली की शुभकामनाएं दीं और भारत की समुद्री सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा में उनके अटूट समर्पण और प्रयासों की सराहना की।

ठाणे: पुलिस ने छात्र, शिक्षण संस्थान और वित्त कंपनी के खिलाफ दायर किया मुकदमा
ठाणे शहर पुलिसक ने एक छात्र (19 वर्षीय) से कथित तौर पर 88 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सात लोगों, एक शैक्षणिक संस्थान और एक वित्त कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एक छात्रा का आरोप है कि इस साल मई से अक्तूबर के बीच उसके पैसे डूब गए हैं। छात्रा का आरोप है कि इस साल मई से अक्टूबर के बीच उसके पैसे डूब गए। 

कार्यकारी : एच. लालेंगमाविया को मिजोरम का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया
मिजोमर सरकार ने एच. लालेंगमाविया को कार्यकारी मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया है। बुधवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि मौजूदा मुख्य सचिव रेणु शर्मा के सेवानिवृत्त होने से एक दिन पहले लालेंगमाविया आज से कार्यकारी मुख्य सचिव का कार्यभार संभालेंगे। उन्हें यह जिम्मेदारी उनके सामान्य कार्यों के साथ-साथ दी गई है और इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा। 

महाराष्ट्र: पिंपरी-चिंचवाड़ मं खुदाई में मिलीं तीन बम जैसी वस्तुएं
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि पुणे जिले क पिंपरी-चिंचवाड़ इलाके में खुदाई के दौरान तीन बम जैसी वस्तुएं मिलीं। इन वस्तुओं को बाद में जांच और आगे की कार्रवाई के लिए पिंपरी-चिंचवाड़ पुलिस के बम निरोधक स्क्वॉड को सौप दिया। एक अधिकारी ने बताया कि चिंचवाड़ में एक लीक पाइपलाइन को ठीक करने के लिए की गई खुदाई के दौरान तीन बम जैसी वस्तुएं मिलीं। वस्तुओं को आगे की जांच के लिए बीबीडीएस को सौंप दिया गया। 

मुंबई: 10 करोड़ रुपये की रगंदारी मांगने के आरोप में छोटा राजन गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
एक रियल एस्टेट डेवलपर और उसके साथी से दस करोड़ रुपये की जबरन उगाही करने की कोशिश के आरोप में छोटा राजन गिरोह के पांच सदस्यों को मुंबई के बांद्रा से गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने कहा कि मुंबई अपराध शाखा की जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ को रियल एस्टेट डेवलपर और उनके सहयोगियों से शिकायत मिली, जिसके बाद ये गिरफ्तारियां गईं। उन्होंने कहा, आरोपी ने दस करोड़ रुपये की मांग करते हुए लगातार फोन कॉल किए और धमकियां भी दीं। 

केरल: हत्या के प्रयास में ऑटो-रिक्शा चालक गिरफ्तार
कोच्चि में एक ऑटो-रिक्शा चालक को एक दिन पहले अपने नियोक्ता महिला की हत्या के प्रयास के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।  पुलिस ने बताया कि मुलावुकाडु का रहने वाला आरोपी दीपू बुधवार शाम को हुई घटना के बाद से फरार था। कोच्चि के एलूर पुलिस थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। 

पश्चिम: सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आठ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक महिला (19 वर्षीय) से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार आठ लोगों को एक अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आठों आरोपियों को महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। घटना के समय बुधवार को महिला अपने पति के साथ रेल की पटरियों पर चल रही थी। इसके कुछ घंटों के बाद दंपति ने कल्याणी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इन आठ में से चार आरोपियों को बुधवार को कल्याणी अदालत में पेश किया गया था, जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जबकि चार अन्य को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया और उन्हें इसी तरह न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

असम में मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, रेल यातायात प्रभावित
असम में बृहस्पतिवार की शाम एक मालगाड़ी के एक डिब्बे के पटरी से उतर जाने के कारण पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग-बदरपुर पर्वतीय खंड पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।

बुलेटिन के अनुसार मूपा के निकट एक सुरंग के अंदर एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इसमें कहा गया है कि इसके कारण सात रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं, जबकि एक अन्य रेलगाड़ी को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। बुलेटिन में कहा गया है कि जल्द ही मरम्मत का काम किया जायेगा और सेवाओं को बहाल किया जायेगा।

ओडिशा: खानाबदोश समूहों के बीच झड़प के मामले में तेरह लोग गिरफ्तार 
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दो खानाबदोश समूहों के बीच झड़प के मामले में गुरुवार को 13 लोगों को हिरासत में लिया गया। झड़प में पांच लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस के मुताबिक, सुंदरगढ़ थाना क्षेत्र के करमाडीही गांव में मंगलवार देर रात झड़प हुई। जिसमें तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों का सुंदरगढ़  जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि हिंसा के पीछे विवाहेतर संबंध होने का संदेह है। घटना के बाद पुलिस ने दो टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed