फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 31 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi

News Updates: CRPF के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह हुए रिटायर; 38.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी, 22 साल बाद 18 को सजा

Tue, 31 Dec 2024 09:54 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 31 Dec 2024 09:54 PM IST
विज्ञापन
News Updates 31 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

सीआरपीएफ के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह मंगलवार को अपने पद से सेवानिवृत्त हो गए। इसके बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वितुल कुमार को नेतृत्व सौंप दिया गया। वे स्थायी नियुक्ति होने तक कार्यवाहक प्रमुख के रूप में काम करेंगे। दयाल सिंह मणिपुर कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनके नेतृत्व में सीआरपीएफ ने वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) से प्रभावित क्षेत्रों में तीन दर्जन से अधिक फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस स्थापित किए और चार नई बटालियनें शुरू कीं। इसमें छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए समर्पित 4,000 से अधिक कर्मियों को शामिल किया गया। वितुल कुमार उत्तर प्रदेश के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

विज्ञापन

नए साल के जश्न में शामिल नहीं होंगे ओडिशा सीएम माझी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री प्रावती परिदा ने नए साल के जश्न में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। इसका कारण पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को बताया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'मुख्यमंत्री माझी नए साल के मौके पर किसी भी जश्न या बधाई कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने सभी शुभचिंतकों और समर्थकों से अनुरोध किया है कि नए साल पर कोई फूल, डायरी या अन्य उपहार न लाएं।' इसी तरह, उपमुख्यमंत्री परिदा के कार्यालय ने भी यह पुष्टि की है कि वह भी नए साल का जश्न नहीं मनाएंगी। 

केरल के त्रिशूर में रिश्तेदार ने की महिला की हत्या
केरल के त्रिशूर जिले के कुन्नमकुलम में सोमवार शाम 55 वर्षीय एक महिला की उसके रिश्तेदार ने कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सिंधु के रूप में हुई है। वह अपने घर के पास आटा चक्की चलाती थी। हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने कन्नन नाम के एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। हालांकि, हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चला है। पुलिस संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। उसके पास से मृतका के सोने के गहने बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या तब हुई जब सिंधु का पति घर पर नहीं था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

कांग्रेस विधायक उमा की हालत स्थिर, सुरक्षा चूक के लिए आयोजकों पर केस
त्रिक्काकरा की कांग्रेस विधायक उमा थॉमस की हालत अभी स्थिर बनी हुई है, लेकिन फेफड़ों की चोट थोड़ी बढ गई है। यह जानकारी थॉमस का इलाज कर रहे निजी अस्पताल ने सोमवार को दी। थॉमस को रविवार शाम जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गैलरी से गिरने की वजह से सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, कोच्चि शहर पुलिस ने सोमवार को आयोजकों के खिलाफ सुरक्षा चूक का मामला दर्ज किया है। 
 

विज्ञापन

असम : कोकराझार हथियार बरामदगी मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सोमवार को कोकराझार जिले में हथियार बरामदगी मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। इसकी पहचान जिले के भोदेयागुरी इलाके में रहने वाले गाजी रहमान के तौर पर की गई। एसटीएफ के आईजीपी पार्थ सारथी महंत ने बताया कि फरार आरोपी 25 दिसंबर को बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामदगी में नामपारा इलाके से पकड़े गए दो संदिग्ध सदस्यों के समूह का हिस्सा था। असम पुलिस ने 17-18 दिसंबर की मध्य रात्रि को समन्वित अंतर-राज्यीय अभियान में एक बांग्लादेशी समेत आठ कट्टरपंथियों को गिरफ्तार किया था। 

हाईकोर्ट में जजों के रिश्तेदारों की नियुक्ति के खिलाफ प्रस्ताव पर विचार करेगा कॉलेजिय
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम हाईकोर्ट में जजों के करीबी रिश्तेदारों की नियुक्ति के खिलाफ एक प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि यह प्रस्ताव एक वरिष्ठ जज की ओर से रखा गया था और अगर इस पर अमल किया जाता है, तो इस तरह की नियुक्तियों में अधिक समावेशिता आ सकती है और न्यायिक नियुक्तियों में योग्यता से अधिक वंश की धारणा खत्म हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम हाईकोर्ट के कॉलेजियम को ऐसे उम्मीदवारों की सिफारिश न करने का निर्देश देने पर विचार कर सकता है, जिनके माता-पिता या करीबी रिश्तेदार सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के वर्तमान या पूर्व जज रहे हों। हालांकि, यह प्रस्ताव कुछ योग्य उम्मीदवारों को अयोग्य ठहरा सकता है, लेकिन एक जज का मानना है कि इससे पहली पीढ़ी के वकीलों के लिए अवसर खुलेंगे। हालांकि, एक जज ने कहा कि इससे योग्य लोगों को न्यायाधीश पद से सिर्फ इसलिए वंचित किया जा सकता है, क्योंकि वे उच्च न्यायपालिका के वर्तमान या पूर्व जजों के रिश्तेदार हैं।

पीएम के प्रधान सचिव की बेटी व दामाद बनकर ठगी करने वाला दंपती गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा की बेटी और दामाद बनकर लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में दंपती को गिरफ्तार किया है। एक खदान मालिक की शिकायत के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि दंपती की पहचान हंसिता अभिलिप्सा (38) और उसके साथी अनिल कुमार मोहंती के रूप में हुई। दोनों पर प्रभावशाली संबंधों का झांसा देकर लोगों को ठगने का आरोप है।

भुवनेश्वर में जोन 6 के अतिरिक्त डीसीपी स्वराज देबता ने बताया कि दंपती के घर से कई तस्वीरें बरामद की हैं, जिनमें वे मुख्य सचिव समेत कई हाई-प्रोफाइल लोगों के साथ दिख रहे हैं। दोनों ने भुवनेश्वर में अमीर कारोबारियों, बिल्डरों, खनन संचालकों और अन्य प्रभावशाली लोगों से ठगी की। पुलिस ने बताया, दंपती ने अपने आप को प्रभावशाली लोगों के साथ दिखाने के लिए इन तस्वीरों में डिजिटल माध्यम से हेरफेर किया। दंपती इन तस्वीरों का इस्तेमाल पीड़ितों को अपने जाल में फंसाने के लिए करता था और उन्हें टेंडर पास कराने में मदद करने का लालच देता था। हंसिता कंधमाल जिले की निवासी है, जबकि मोहंती एक छोटा कारोबारी है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर फर्म चलाता है।

कोरियन पॉप बैंड से मिलना था...तीन बच्चियों ने किया अपहरण का ड्रामा
दक्षिण कोरिया के बेहद मशहूर बीटीएस पॉप बैंड के सदस्यों से मिलने कोरिया जाने की चाहत में तीन नाबालिग लड़कियों ने खुद के ही अपहरण का ड्रामा किया। धाराशिव जिले की रहने वाली 11 से 13 साल की इन लड़कियों ने 27 दिसंबर को पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर सूचना दी कि जिले के ओमरगा तालुका से तीन लड़कियों को एक स्कूल वैन में जबरन ले जाया गया है। पुलिस ने जांच में पाया कि फोन किसी महिला के नंबर से किया गया था। जब सिम ट्रेस किया गया तो यह नंबर पुणे जा रही राज्य परिवहन बस में चलता मिला।

पुलिस ने संपर्क किया तो बस सोलापुर जिले के मोहोल क्षेत्र से गुजर रही थी। तुरंत क्षेत्र की पुलिस से संपर्क साधने के साथ ही वहां के बस स्टैंड पर दुकान चलाने वाली एक महिला से भी संपर्क किया। महिला ने बस ड्राइवर को इस बारे में बताया और बस को रोके रखा। इस बीच पुलिस पुलिस वहां पहुंची  चेकिंग में पाया कि जिस नंबर से पुलिस को सूचना दी गई थी वह तीनों लड़कियों में से एक के पास था। तीनों को बस से उतारने के बाद स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। अगले दिन पुलिस ने तीनों लड़कियों से पूछताछ की। तब लड़कियों ने अपना मकसद बताया। 

TMC उन लोगों के खिलाफ खड़ी होगी जो हमें बांटना और वंचित करना चाहते हैं- अभिषेक बनर्जी
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2024 में पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी के राजनीतिक मोर्चे पर चुनौतियों से निपटने के धैर्य का परीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी उन लोगों के खिलाफ खड़ी होगी जो लोगों को बांटना और वंचित करना चाहते हैं। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पार्टी ने 2024 में लोगों की निस्वार्थ सेवा करने के लिए सभी बाधाओं और प्रतिकूलताओं का सामना किया। उन्होंने एक्स पर किसी पार्टी या संगठन का नाम लिए बिना एक पोस्ट में कहा, 'नए साल में कदम रखते हुए, मैं 2024 में हमारे द्वारा साझा की गई यात्रा पर विचार करने के लिए एक पल लेता हूं। इस साल ने हमारी सहनशक्ति की परीक्षा ली है, हमें हर चुनौती का डटकर सामना करने और मजबूत होकर उभरने के लिए प्रेरित किया है। हम उन लोगों के खिलाफ खड़े होने की अपनी प्रतिबद्धता में अडिग हैं जो हमें बांटना और वंचित करना चाहते हैं।'

युवा टीएमसी सांसद, जो पार्टी पदानुक्रम में दूसरे नंबर पर हैं, भाजपा के कथित 'चुनावी लाभ के लिए विभाजनकारी राजनीति' के खिलाफ मुखर रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर मनरेगा, पीएम आवास योजना और अन्य केंद्रीय परियोजनाओं के तहत ममता बनर्जी सरकार को धन रोकने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना की थी। अभिषेक बनर्जी ने कहा, '2024 गहन व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास का वर्ष रहा है, एक ऐसा समय जब हमने लोगों की निस्वार्थ सेवा करने के लिए सभी बाधाओं और प्रतिकूलताओं का सामना किया। जो वास्तव में सामने आया है वह है गोनोदेबोटा का प्यार और आशीर्वाद। उनकी कृपा के बिना, हम अधूरे होते। मैं इस वर्ष को यादगार बनाने के लिए आप सभी का बहुत आभारी हूं।'

बिजली गुल होने से कई सरकारी वेबसाइट बाधित, कुछ समय बाद बहाल हुईं
 
राजधानी दिल्ली में आर्थिक मामलों के विभाग, वाणिज्य मंत्रालय और दूरसंचार विभाग समेत कई सरकारी वेबसाइट मंगलवार को डेटा सेंटर में बिजली गुल होने की वजह से कुछ समय के लिए बाधित रहने के बाद बहाल कर दी गईं। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र सेवा इंक (एनआईसीएसआई) के शास्त्री पार्क स्थित डेटा सेंटर में बिजली गुल होने के कारण कई सरकारी विभागों की वेबसाइट का कामकाज ठप हो गया। एनआईसीएसआई के पास अधिकांश सरकारी वेबसाइट की देखरेख एवं प्रबंधन का जिम्मा है।

एक सूत्र ने कहा, 'एनआईसीएसआई के डेटा सेंटर में बिजली गुल होने के कारण कुछ सरकारी वेबसाइट बाधित हो गईं। इन साइटों को बहाल किया जा रहा है और जल्द ही इन्हें चालू कर दिया जाएगा।' कुछ समय बाद ये वेबसाइट चालू हालत में पाई गईं। इस तरह सरकारी वेबसाइट का कामकाज सामान्य हो गया। हालांकि इस संबंध में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को भेजे गए ईमेल का तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

मणिपुर में हथियार और गोला-बारूद बरामद
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। यह बरामदगी जिले के सागाइशाबी रोआ इलाके से की गई। जब्त की गई वस्तुओं में पिस्तौल, बंदूकें, राइफलें, कार्बाइन और हथगोले शामिल हैं। मामले की जांच चल रही है। 

शराब के नशे में हुआ झगड़ा, पर्यटक की हत्या
गोवा के उत्तरी गोवा जिले के कलंगुट इलाके में समुद्र तट पर एक ढाबे में शराब के नशे में हुए झगड़े में आंध्र प्रदेश के एक पर्यटक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि नशे में धुत पर्यटकों के एक समूह ने ढाबे पर खाना मांगा। जबकि ढाबा के मालिक ने उन्हें बताया था कि रसोईघर बंद है। इसके बाद पर्यटक ने यहां काम कर रही एक महिला के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया और हाथापाई होने लगी। ढाबे में काम करने वाले एक व्यक्ति ने पर्यटक रवि तेजा के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार किया। तेजा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नेपाल निवासी कमल सोनार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि ढाबा के मालिक समेत दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

धोखाधड़ी के 22 साल पुराने केस में ब्रांच मैनेजर समेत 18 को सजा
सीबीआई की एक विशेष अदालत ने एक सरकारी बैंक से 38.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के 22 साल पुराने मामले में इसके पूर्व शाखा प्रबंधक और 18 अन्य को तीन से पांच साल तक के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोषियों पर 15.35 लाख रुपये का सामूहिक जुर्माना भी लगाया।

एक बयान में कहा गया कि अदालत ने 18 जुलाई, 2002 के एक मामले में अहमदाबाद में स्टेट बैंक ऑफ सौराष्ट्र की नरोदा रोड शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक बेचारभाई जाला और 18 अन्य को सजा सुनाई। हालांकि, जाला की सजा की अवधि का उल्लेख नहीं किया गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, जाला ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करके सार्वजनिक आवास योजना में बैंक को धोखा देने के लिए अन्य लोगों के साथ साजिश रची।

जनवरी से डीए में की जाएगी 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी: मणिपुर के मुख्यमंत्री

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने मंगलवार को घोषणा की कि सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) जनवरी 2025 से सात प्रतिशत बढ़ाकर 39 प्रतिशत कर दिया जाएगा।

गुजरात: नहर से सड़ा-गला शव बरामद, कचरा गाड़ी में अस्पताल ले जाया गया; वीडियो वायरल
गुजरात के मेहसाणा जिले में एक नगरपालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी की तरफ से शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। जिस पर लोगों की तरफ से कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद, नगरपालिका के अधिकारियों ने कहा कि शव को ले जाने के लिए कचरा गाड़ी भेजने का निर्णय निचले स्तर के कर्मचारियों की तरफ से लिया गया था, क्योंकि नगरपालिका के पास वर्तमान में कोई शवगृह गाड़ी नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह घटना 29 दिसंबर को हुई, जब शहर की सीमा के बाहर एक नहर से शव बरामद किया गया था और चूंकि यह बहुत सड़ चुका था, इसलिए कोई भी इसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं था। रात में एक अन्य वाहन में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति की तरफ से शूट किए गए संक्षिप्त वीडियो में, कडी नगरपालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी को नर्मदा नहर के पास एक स्थान से कडी शहर के पास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक शव को ले जाते हुए देखा जा सकता है।

कडी नगर पालिका के मुख्य अधिकारी संदीप पटेल ने बताया कि घटना रविवार रात नगर निगम की सीमा के बाहर हुई। जब पुलिस अधिकारियों ने हमारे कर्मचारियों से शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी तक भेजने में मदद के लिए शव वाहन भेजने को कहा, तो हमारे कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि आरटीओ नियमों के कारण हाल ही में वैन को कबाड़ में डाल दिया गया है। उन्होंने बताया, 'लेकिन चूंकि शव बुरी तरह सड़ चुका था, इसलिए किसी अन्य वाहन मालिक ने काम करने की इच्छा नहीं जताई। इसलिए, पुलिस की तरफ से बार-बार किसी अन्य वाहन की व्यवस्था करने के अनुरोध के बाद, हमारे निचले स्तर के कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से पूछे बिना ही कचरा उठाने वाली गाड़ी भेज दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed