Updates: राष्ट्रपति की अपील- डॉक्टरों के साथ नहीं करना चाहिए दुर्व्यवहार; उदयनिधि के बरसे अन्नामलाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, डॉक्टर हमेशा मरीजों की जान बचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन मरीज के परिजनों को डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार नहीं करना चाहिए। चिकित्सा विज्ञान की कुछ सीमाएं हैं। डॉक्टरों के लिए जीवन और मृत्यु को समझना कभी-कभी मुश्किल होता है, मरीजों के इलाज के दौरान कभी-कभी डॉक्टरों को कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे मरीजों के लिए गंभीर नहीं हैं। हमने कोविड-19 महामारी के दौरान देखा है कि डॉक्टरों ने कैसे मरीजों की मदद की और उनका इलाज किया, हम इसे नहीं भूल सकते, लोगों को क्षणिक आवेश में स्वास्थ्य पेशेवरों के साथ दुर्व्यवहार नहीं करना चाहिए।
#WATCH | Delhi: President Droupadi Murmu says, "Doctors always try to save the lives of patients but patient's families shouldn't misbehave with doctors...There are certain limitations of Medical Sciences. Life and death are sometimes difficult for doctors to understand, during… pic.twitter.com/cO3Gv3kgnl
— ANI (@ANI) September 30, 2024विज्ञापन
प्रयागराज कुंभ मेले के लिए चलेंगी 992 विशेष ट्रेनें
प्रयागराज में अगले साल जनवरी में होने वाले कुंभ मेले के लिए रेल मंत्रालय 992 विशेष रेलगाड़ियां चलाएगा। विशेष रेलगाड़ियाें के अलावा मंत्रालय ने यात्रियों के लिए बुनियादी ढांचे, सुविधाओं के निर्माण और उन्नयन के लिए 933 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। साथ ही, प्रयागराज मंडल और आसपास के क्षेत्रों में ट्रेनों की सुचारु आवाजाही के लिए 3,700 करोड़ रुपये से पटरियों का तेजी से दोहरीकरण किया जा रहा है।
इस बार कुंभ में 30 से 50 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इसलिए रेल मंत्रालय ने प्रयागराज के लिए विभिन्न शहरों से 6,580 नियमित ट्रेनों के अलावा एक हजार विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद नियमित तौर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। वैष्णव ने शनिवार को भी रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू व वी सोमन्ना के साथ समीक्षा बैठकें कीं।
एडीजी डॉनी माइकल बने विशाखापत्तनम में पूर्वी समुद्री तट के तटरक्षक कमांडर
तटरक्षक क्षेत्रीय कमांडर पूर्व महानिरीक्षक डॉनी माइकल को अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर पदोन्नत दी गई है। इसके बाद वे फ्लैग ऑफिसर विशाखापत्तनम में पूर्वी समुद्र तट के तटरक्षक कमांडर के रूप में कमान संभालेंगे। आईजी डॉनी माइकल ने नवंबर 2023 में भारतीय तटरक्षक क्षेत्र पूर्व की कमान संभाली थी। वे जुलाई 1990 से भारतीय तटरक्षक बल में सेवाएं दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में एक साल से भी कम समय में, भारतीय तटरक्षक के पूर्वी क्षेत्र ने कई ऑपरेशन किए हैं, जिनमें सबसे उल्लेखनीय चेन्नई और तूतीकोरिन में व्यापक बाढ़ के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, दिसंबर 2023 में एन्नोर में तेल रिसाव की प्रतिक्रिया का तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ समन्वय और भारत-श्रीलंका समुद्री सीमा के पास अवैध आव्रजन की सफल रोकथाम शामिल है। इसके अलावा उनके नेतृत्व में नशीले पदार्थों समेत प्रतिबंधित वस्तुओं की जब्ती भी शामिल है।
श्रीलंका ने फिर गिरफ्तार किए 17 भारतीय मछुआरे दो नावें भी कीं जब्त
श्रीलंकाई नौसेना ने एक बार फिर 17 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी दो नावों को जब्त कर लिया। तमिलनाडु के इन मछुआरों की गिरफ्तारी रविवार तड़के रामेश्वर तट के पास हुई। इन सभी पर जलीय सीमा का उल्लंघन कर मछलियां पकड़ने का आरोप है। सभी को पूछताछ के लिए मन्नार बंदरगाह ले जाया गया है।
रामेश्वरम मछुआरा संघ के अनुसार, मछुआरे विभाग से मंजूरी के बाद 309 नावों में सवार होकर नेदुनथिवु के पास पाक खाड़ी क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे। तभी श्रीलंकाई गश्ती दल ने उनकी दो नावों को पकड़ लिया और अन्य को भगा दिया। सूत्रों ने बताया कि थंगाचिमादम के सेल्वम और उयिरथराज की दो नावों पर कुल 17 मछुआरे सवार थे। ये सभी रामनाथपुरम जिले के निवासी हैं। इससे पहले 19 भारतीय मछुआरे पकड़े गए थे, जिन्हें इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका ने रिहा कर दिया था।
मलयालम अभिनेता को बदनाम करने पर यूट्यूबर्स पर केस दर्ज
अभिनेता और फिल्म निर्माता बालचंद्र मेनन पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में कुछ यूट्यूब चैनलों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 और 67 ए के तहत मामला दर्ज किया गया। इसे लेकर मेनन ने शनिवार को शहर के पुलिस आयुक्त को शिकायत दी थी। इन यूट्यूबर्स ने अपने चैनलों पर फिल्म के निर्देशक के खिलाफ अपमानजनक बयान देने वाली अभिनेत्री का इंटरव्यू चलाया था और जानबूझकर वीडियो का प्रचार किया था।
आईटी कंपनी के ऑफिस में कर्मचारी की हृदयाघात से मौत
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी के एक कर्मचारी की उनके ऑफिस में हृदयाघात से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि नितिन एडविन माइकल (40) एचसीएल टेक्नोलॉजीस के वरिष्ठ विश्लेषक थे। पुलिस ने बताया कि माइकल को मिहान इलाके में स्थित कंपनी के दफ्तर के शौचालय में शुक्रवार की शाम 7 बजे के करीब बेहोश पाया गया। सोनेगांव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि नितिन के सहकर्मी उन्हें एम्स नागपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम से पता चला है कि उनकी मौत हृदयाघात से हुई। सोनेगांव पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। माइकल के परिवार में पत्नी और छह साल बेटा है।
काम के दबाव में गई थी सीए की जान
हाल ही में पुणे में एक मामला सामने आया था। इसमें ईवाई कंपनी में काम करने वाली 26 साल की एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की जान चल गई थी। युवती की मां ने कंपनी के बॉस को लंबा पत्र लिखा था जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसमें युवती की मांग ने आरोप लगाया था कि कंपनी उससे ज्यादा काम करवाती थी। ज्यादा काम के बोझ के चलते उनकी बेटी की जान चली गई।
मलप्पुरम में कार के एयरबैग से दम घुटने से बच्ची की मौत
केरल के मलप्पुरम जिले में कार में एयरबैग से दम घुटने से दो साल की बच्ची की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को हुई। पुलिस ने बताया कि बच्ची के साथ उसके माता-पिता और परिवार के सदस्य कार से कोट्टक्कल-पदपरांबू क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान कार एक टैंकर से टकरा गई। हादसे के बाद कार के एयरबैग खुल गए। अगली सीट पर बच्ची अपनी मां की गोद में बैठी थी। एयरबैग सीधे उसके चेहरे पर आकर चिपक गया और उसके दबाव से बच्ची का दम घुट गया जिससे उसकी मौत हो गई। बच्ची की मां समेत कार में बैठे अन्य सभी चार सदस्यों को मामूली चोट आई और सभी सुरक्षित बच गए।
आज से धरती के चक्कर लगाएंगे दो-दो चंद्रमा
अगले दो महीने तक हमें धरती से दो-दो चांद दिखेंगे। दरअसल, एक क्षुद्रग्रह भटककर पृथ्वी की कक्षा में आ रहा है। यह चंद्रमा की तरह ही पृथ्वी का चक्कर लगाएगा और सूर्य की रोशनी से चमकेगा। वैज्ञानिकों ने इसे 2024 पीटी5 नाम दिया है। इसे टेलिस्कोप के माध्यस से ही देखा जा सकेगा। इस क्षुद्रग्रह को पिछले महीने ही खोजा गया था। यह लंबे समय से पृथ्वी का पीछा कर रहा था और अब इतना करीब आ गया है कि धरती का गुरुत्वाकर्षण उसे अपनी कक्षा में खींच लेगा।
विधायक अनवर ने वाममोर्चा और केरल सीएम पर फिर बोला हमला
निर्दलीय विधायक पीवी अनवर ने रविवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, सत्तारूढ़ वाम मोर्चा और केरल पुलिस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान करने के बजाय उन्हें सांप्रदायिक करार दिया जा रहा है। अपने निर्वाचन क्षेत्र नीलांबुर में एक सभा को संबोधित करते हुए, अनवर ने दावा किया कि केरल में 25 प्रतिशत पुलिस बल को अपराधी बना दिया गया है और तस्करी के सोने की जब्ती के संबंध में अपने आरोपों को दोहराया। उन्होंने कहा कि न तो सरकार और न ही वामपंथी दल ने सोना तस्करी रैकेट के खिलाफ उनके द्वारा सौंपे गए सबूतों पर विचार करने के लिए कोई पहल की। अनवर ने दावा किया कि वामपंथी पार्टी और राज्य के लोगों के लिए अपनी लड़ाई के कारण उन्होंने अपना पैसा और व्यवसाय खो दिया है। अनवर ने कहा, 'मैंने एक विधायक के रूप में पिछले आठ वर्षों में वाम सरकार के खिलाफ लगाए गए सभी अनावश्यक आरोपों का विरोध किया है। मैंने सब कुछ खो दिया है, मेरे व्यवसायों को निशाना बनाया गया है। मैंने इस पार्टी के लिए कई दुश्मन बनाए हैं।'
त्रिपुरा में बेटों ने मां को पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया
पश्चिम त्रिपुरा में दो बेटों ने अपनी 62 वर्षीय मां को पेड़ से बांधकर जिंदा जला दिया। पुलिस का संदेह है कि पारिवारिक विवाद के कारण यह वीभत्स हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि घटना शनिवार रात चंपकनगर थाना क्षेत्र के खमारबारी में हुई। करीब डेढ़ साल पहले अपने पति को खोने के बाद महिला अपने दो बेटों के साथ रहती थी। उनका दूसरा बेटा अगरतला में रहता था।
जिरानिया कमल के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी कृष्णा कोलोई ने बताया कि एक महिला को आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और जला हुआ शव एक पेड़ से बंधा हुआ मिला। हम शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले गए। हमने मामले में कथित संलिप्तता के लिए उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद हो सकता है। जांच चल रही है।
ओडिशा सरकार ने बड़ा फेरबदल करते हुए 21 जिलों के पुलिस अधीक्षकों सहित 55 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। 1988 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ए के रे को महानिदेशक (कारागार एवं सुधार सेवाएं) जबकि 1993 बैच के विनय मिश्रा को एडीजी (अपराध शाखा) बनाया गया है। रविवार को जारी एक अधिसूचना के अनुसार, आरपी कोचे को खुफिया निदेशक बनाया गया, अरुण बोथरा को एडीजी (रेलवे और तटीय सुरक्षा) नियुक्त किया गया और सौम्येंद्र कुमार प्रियदर्शी को नया एडीजी (आधुनिकीकरण) चुना गया।
भुवनेश्वर-कटक के पुलिस आयुक्त संजीव पांडा को एडीजी (प्रशिक्षण) और बीजू पटनायक राज्य पुलिस अकादमी (बीपीएसपीए) का निदेशक बनाया गया है। पांडा की जगह सुरेश देव दत्ता सिंह को भुवनेश्वर-कटक का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
अनूप कुमार साहू को बीपीएसपीए में आईजीपी (प्रशिक्षण) के रूप में तैनात किया गया था, जबकि एस शायनी को आईजीपी (महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध) के रूप में नियुक्त किया गया था। संजय कुमार कौशल को सतर्कता संगठन, दीपक कुमार को आईजी (फायर सर्विस एंड होम गार्ड्स) और जेएन पंकज को आईजी (ऑपरेशन) बनाया गया है।
एक अन्य अधिसूचना में सरकार ने कहा कि पिनाक मिश्रा को भुवनेश्वर का नया डीसीपी नियुक्त किया गया है। वह प्रतीक सिंह की जगह लेंगे, जिन्हें कटक (ग्रामीण) का एसपी बनाया गया है। गंजम के एसपी जगमोहन मेना को कटक का डीसीपी बनाया गया है, जबकि लोगनयगी दिव्या वी को विजिलेंस का एसपी बनाया गया है।
तमिलनाडु में भूस्खलन में एक महिला की मौत
दमकल एवं बचाव सेवा के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यहां बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 42 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान आर जयलक्ष्मी के रूप में हुई है। यह घटना रविवार देर रात जिले के कुन्नूर के पास हुई। अधिकारियों ने बताया कि जयलक्ष्मी ने देखा कि बारिश का पानी घर में घुस रहा है तो उन्होंने घर का दरवाजा खोल दिया। इससे अचानक भूस्खलन हुआ और वह कीचड़ के टीले के नीचे दब गईं। इससे मौके पर ही मौत हो गई और दो घंटे की मशक्कत के बाद उनका शव निकाला गया।
चाय बागान श्रमिकों का प्रतिनिधित्व करने वाले ट्रेड यूनियन द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है क्योंकि उन्होंने चाय बागान श्रमिकों के लिए 20 फीसदी बोनस की मांग करते हुए 12 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है।
#WATCH | Darjeeling, West Bengal: National Highway has been blocked by the Trade Union representing the tea garden workers as they have called for a 12-hour strike demanding a 20% bonus for tea garden workers. pic.twitter.com/jg1NtXi1YM
— ANI (@ANI) September 30, 2024
ट्रेड यूनियन के नेता सुमन तमांग ने कहा, 'यह मुद्दा नया नहीं है, यह बहुत पुराना है। कल श्रमिक भवन में चौथे दौर की बैठक हुई लेकिन बैठक से कोई समाधान नहीं निकला। सभी ट्रेड यूनियनों ने 12 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है। सभी राजनीतिक दल हमारा समर्थन कर रहे हैं।'
सीएनएमसी डॉक्टर से मारपीट मामले में दो गिरफ्तार
कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (सीएनएमसी) में डॉक्टरों और नर्सों पर कथित रूप से हमला करने और उन्हें धमकाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के हुई जब एक मरीज अपने परिवारजनों के साथ हाथ में चोट के साथ अस्पताल पहुंचा था। परेशानी तब शुरू हुई जब अस्पताल की आपातकालीन इकाई में इंटर्न ने तत्काल सर्जरी की सलाह दी, मगर मरीज ने मना कर दिया और अन्य उपायों पर दबाव डाला।
अधिकारी ने कहा, 'डॉक्टरों के साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया और फिर उनके साथ मारपीट की गई क्योंकि वे किसी अन्य तरीके से मरीज का इलाज नहीं करना चाहते थे। मामले को लेकर बेनियापुकुर पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और इस पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
झारखंड के सरायकेला जिले में एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई और पूरा रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी वजह से तीन ट्रेनें रद्द करनी पड़ी। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के चक्रधरपुर रेल डिवीजन में हुए इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है, लेकिन इससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। अन्य ट्रेनों की आवाजाही के लिए संबंधित लाइनें बाधित हो गई हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के कारण टाटानगर-हतिया एक्सप्रेस, टाटानगर-बरकाकाना पैसेंजर और बरकाकाना-टाटानगर पैसेंजर को रद्द कर दिया गया है, जबकि टाटानगर-धनबाद एक्सप्रेस के समय को पुनर्निर्धारित किया गया है। वहीं संतरागाछी-आनंद विहार एक्सप्रेस का मार्ग बदल दिया गया है।
बंगलूरू ग्रामीण के एसपी सीके बाबा ने कहा, 'एक मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है। उनके पास फर्जी भारतीय पासपोर्ट हैं। हम सभी विवरणों की पुष्टि कर रहे हैं।'
साइबर अपराधियों का भांडा फोड़ने के लिए CBI ने कई शहरों में ली तलाशी
सीबीआई ने धोखाधड़ी करने वाले एक साइबर अपराध नेटवर्क को निशाना बनाकर कई शहरों में अभियान चलाया, जो वैश्विक स्तर पर पीड़ितों को निशाना बनाता है। अबतक 26 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के एक अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने 26 सितंबर की देर शाम से पुणे, हैदराबाद, अहमदाबाद और विशाखापट्टनम में 32 अलग-अलग जगहों पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान, सीबीआई चार कॉल सेंटरों में चल रही ऑनलाइन आपराधिक गतिविधियों में लिप्त 170 लोगों को पकड़ने में सफल रही। सीबीआई ने अब तक 26 मुख्य आरोपियों (पुणे से 10, हैदराबाद से पांच और विशाखापट्टनम से 11) को गिरफ्तार किया है, जबकि इन अवैध कॉल सेंटरों में काम करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की जांच और पूछताछ जारी है।
तमिलनाडु के मदुरै जिले में केंद्रीय विद्यालय समेत कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद दहशत के कारण स्कूल प्रबंधन को बच्चों को जल्दी घर भेजने पर मजबूर होना पड़ा। इसके बाद बम तलाशी एवं निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) समेत पुलिस की टीमें अलग-अलग स्कूलों में पहुंचीं और गहन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कहीं कुछ नहीं मिला। एक अधिकारी ने बताया कि ईमेल के जरिये स्कूलों को दी गई धमकी एक अफवाह दिख रही है। इसे भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
गुजरात के भावनगर जिले में बिजली की बाड़ के संपर्क में आने से एक शेर की मौत हो गई। यह बाड़ बोरडी गांव में एक खेत के चारों ओर लगाई गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि इसके मालिक को हिरासत में ले लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। अक्सर किसान जंगली जानवरों से अपने खेतों को बचाने के लिए इस तरह की अवैध बाड़ लगाते हैं। माना जा रहा है कि यह घटना भी ऐसी ही लापरवाही का नतीजा है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि शीघ्र और समय पर न्याय न मिलना कानून के शासन के लिए विनाशकारी हो सकता है। शीर्ष अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि बिना किसी वैध औचित्य के कार्यवाही में देरी करने के किसी भी प्रयास को शुरू में ही रोक देना चाहिए। न्याय का प्रशासन नागरिकों के विश्वास पर आधारित है और ऐसा कुछ भी नहीं किया जाना चाहिए जिससे उस विश्वास और भरोसे को थोड़ी भी ठेस पहुंचे।
जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने कहा कि पीड़ित, आरोपी और समाज को यह वैध उम्मीद है कि उचित समय के भीतर पक्षों को न्याय मिलेगा। इसमें कोई संदेह नहीं कि शीघ्र एवं समय पर न्याय, कानून के शासन का एक महत्वपूर्ण पहलू है। पीठ ने मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ के अप्रैल 2021 के आदेश को खारिज कर दिया, जिसमें एक मामले में आगे की जांच का आदेश दिया गया था, जिसमें मार्च 2013 में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी
भारत और अमेरिका इस हफ्ते महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग के लिए एक प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ही देश राजनयिक बाधाओं के बावजूद व्यापार संबंधों को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की वाशिंगटन यात्रा के दौरान उनके महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में साझेदारी और सहयोग के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर करने की उम्मीद है। अमेरिका की वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो के आमंत्रण पर गोयल वहां की यात्रा पर रहेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने रविवार को बयान में कहा कि गोयल और रायमोंडो भारत और अमेरिका के बीच महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति शृंखलाओं के विस्तार और विविधता लाने के कदमों पर भी चर्चा करेंगे। बता दें कि, कोबाल्ट, तांबा, लिथियम, निकल और रेयर अर्थ जैसे महत्वपूर्ण खनिज, पवन टर्बाइन से लेकर इलेक्ट्रिक कारों तक स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इलेक्ट्रिक कारों के लिए बैटरी के उत्पादन के लिए इनकी विशेष रूप से मांग है।