फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 2nd Nov North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: असम CM ने रेल मंत्री से नई ट्रेनें और कनेक्टिविटी मांगी; बांग्लादेश भाग रहे 48 अवैध अप्रवासी गिरफ्तार

Sun, 02 Nov 2025 07:50 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 02 Nov 2025 07:50 PM IST
विज्ञापन
News Updates 2nd Nov North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य में रेल नेटवर्क विस्तार की मांग की। उन्होंने असम के लिए तीन नई अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत का अनुरोध किया। सरमा ने उमरंगसो से लंका तक नई रेल लाइन और कोकराझार-गेलेफू (भूटान) रेल परियोजना को तेजी से पूरा करने की मांग की। उन्होंने प्रमुख ट्रेनों के और ठहराव बढ़ाने का भी सुझाव दिया ताकि स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिले। रेल मंत्री ने प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया।

विज्ञापन


केरल में एक स्टेशन पर अभिनेत्री से छेड़छाड़
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के कोच्चुवेली रेलवे स्टेशन पर एक अभिनेत्री से छेड़छाड़ के मामले में एक कुली को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान कोच्चुवेली निवासी अरुण के रूप में हुई है। घटना गुरुवार को उस वक्त हुई जब अभिनेत्री ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मदद के बहाने अभिनेत्री को दूसरे प्लेटफॉर्म तक ले जाने का प्रस्ताव दिया और रास्ते में चलती ट्रेन के पास उसने गलत तरीके से छुआ। अभिनेत्री ने विरोध कर तुरंत शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद शुक्रवार को अरुण को गिरफ्तार कर लिया गया। रेलवे ने उसे निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


तेज रफ्तार एंबुलेंस ने छीनी दो जिंदगियां, बंगलूरू में दंपती की मौत 
बंगलूरू में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ट्रैफिक सिग्नल पर कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक दंपती की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 11 बजे शांति नगर बस स्टैंड के पास केएच जंक्शन पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस ने नियंत्रण खो दिया और एक बाइक को कई मीटर तक घसीटते हुए सिग्नल पोल से टकरा गई। गुस्साई भीड़ ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था और गाड़ी को पलट दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


गृह मंत्रालय बोला- नेपाली नागरिक को यात्रा से रोकने में भारत की भूमिका नहीं
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय आव्रजन अधिकारियों की किसी नेपाली नागरिक को यात्रा से रोकने में कोई भूमिका नहीं थी। मंत्रालय के अनुसार, यात्री काठमांडू से एयर इंडिया की उड़ान से दिल्ली पहुंची और जर्मनी जाने के लिए कतर एयरवेज की फ्लाइट में ट्रांजिट कर रही थी। एयरलाइंस ने उसके वीजा की वैधता को देखते हुए आगे की यात्रा की अनुमति नहीं दी और उसे काठमांडू वापस भेज दिया। यह निर्णय गंतव्य देश के नियमों के अनुसार लिया गया था। बाद में यात्री ने अपनी यात्रा पुनर्निर्धारित की और दूसरे मार्ग से जर्मनी गई। भारतीय आव्रजन की इसमें कोई भूमिका नहीं थी।

पश्चिम बंगाल में SIR पर रार, तृणमूल नेता बना रहे मतदाताओं की सूची
चुनाव आयोग बिहार के बाद अब बंगाल समेत 12 राज्यों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कराने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। इस पर बंगाल में विवाद जैसी स्थिति है। राज्य सरकार में मंत्री और मेयर फिरहाद हाकिम ने कहा, 'वर्ष 2002 की जो सूची अपलोड की गई है, उसमें बहुत से परिवारों के नाम नहीं हैं... हम एक सूची तैयार करके अभिषेक बनर्जी को सौंपेंगे। पार्टी आगे की कार्रवाई करेगी। यह तृणमूल कांग्रेस है... बंगाल में कोई भी गड़बड़ी नहीं चलेगी।'

दिल्ली दौरे पर जाएंगे केरल शिक्षा मंत्री, फंड जारी होने की उम्मीद
केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा कि एसएसके फंड मिलने की संभावना है और वह 10 नवंबर को दिल्ली जाकर केंद्र से चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय शिक्षा सचिव के साथ बैठक सकारात्मक रही और फंड जल्द जारी होने की उम्मीद है। उसी दिन श्रम मंत्रियों की बैठक में भी उनकी भागीदारी होगी। पीएम श्री योजना को लेकर उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई कैबिनेट उप-समिति से चर्चा के बाद ही तय होगी। उन्होंने ‘फंड नहीं मिलेगा’ जैसे दावों को प्रचार बताया और कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर केंद्र को पत्र भेजने पर चर्चा करेंगे।

असम में घुसे 16 बांग्लादेशी अवैध प्रवासी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि श्रीभूमि जिले से पकड़े गए 16 बांग्लादेशी अवैध प्रवासियों को वापस भेज दिया गया है। सरमा ने कहा कि मियाभाई की डेरिंग असम में नहीं चलेगी, राज्य में घुसे हर अवैध प्रवासी को पकड़कर बाहर किया जाएगा। सीएम ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि असम-बांग्लादेश सीमा पर सख्त निगरानी जारी रहेगी। राज्य के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सालमारा-मनकाचर जिले 267.5 किमी सीमा साझा करते हैं, जहां एकीकृत जांच चौकी से निगरानी बढ़ाई गई है।
 

पीएम की जन्मस्थली वडनगर में बनेगा देश का पहला वृंदावन गौचर पार्क
गुजरात सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर में अनंत अनादि वडनगर पहल के तहत देश का पहला वृंदावन गौचर पार्क विकसित करने जा रही है। 15 करोड़ की इस परियोजना का मकसद गायों पर आधारित ग्रामीण विकास का वैश्विक मॉडल तैयार करना है। इसका उद्देश्य आवारा मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान और आधुनिक ग्रामीण नवाचार को बढ़ावा देना है। गुजरात शहरी विकास कंपनी इसके लिए नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगी। यह गौरीकुंड के पास अमरथोल इलाके में विकसित होगा। इसमें समर्पित चारागाह, पशु चिकित्सालय, दूध प्रसंस्करण संयंत्र व सीसीटीवी निगरानी होगी।

व्हाट्सएप के जरिये नोटिस तामील करने की अनुमति देने से सुप्रीम इन्कार
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नोटिस व्हाट्सएप या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से नहीं दिया जाना चाहिए। अग्रिम जमानत के एक मामले की सुनवाई में शीर्ष अदालत ने मौखिक तौर पर यह टिप्पणी की। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ एक ऐसे मामले की सुनवाई कर रही थी जिसमें व्यक्ति पर भारतीय दंड संहिता की धारा 64(2)(एफ), 351(2), 296 और 3(5) के तहत दंडनीय अपराध करने का आरोप है। जब न्यायालय ने पूछा कि क्या याचिकाकर्ता के वकील ने शिकायतकर्ता-पीड़िता को नोटिस दिया है, तो उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से संपर्क नहीं हो पा रहा है और इसलिए उन्होंने व्हाट्सएप पर नोटिस दिया। इस पर जस्टिस कुमार ने मौखिक रूप से टिप्पणी की, नहीं... व्हाट्सएप या ट्विटर नहीं। जाकर नोटिस दें। न्यायालय ने संबंधित पुलिस को दो सप्ताह के भीतर पीड़िता को नोटिस तामील करने का निर्देश दिया। 

वोटर लिस्ट की जांच के डर से बांग्लादेश भाग रहे 48 अवैध अप्रवासी गिरफ्तार
उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट सीमा इलाकों से बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रहे कम से कम 48 अवैध बांग्लादेशी अप्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि ये लोग पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के एलान के बाद गिरफ्तारी या डिपोर्टेशन के डर से भारत छोड़ रहे थे। रविवार को बीएसएफ ने 33 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया और शनिवार रात 15 अन्य लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए ये लोग पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में नौकर और श्रमिक के रूप में काम करते थे। पिछले तीन दिनों में बांग्लादेश से लगी इसी सीमा से कुल 89 अवैध बांग्लादेशी अप्रवासियों को हिरासत में लिया गया है।

कन्नूर तट पर समुद्र में डूबे तीन मेडिकल छात्र, मौत
केरल के उत्तरी कन्नूर जिले में पय्यम्बलम तट पर रविवार को समुद्र में नहाते समय तीन मेडिकल छात्र डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक कर्नाटक के निवासी थे और बंगलूरू के मेडिकल कॉलेज में पढ़ते थे। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अफनान, रहानुद्दीन और अफरास के रूप में हुई है। यह हादसा सुबह 11 बजे के करीब हुआ जब आठ छात्रों का एक समूह समुद्र में नहाने गया था। तीन छात्र तेज लहरों में फंस गए। हालांकि, उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
 

केरल सरकार ने मंजूर किए सबरीमला तीर्थयात्रा मार्गों की मरम्मत के लिए 377.8 करोड़ रुपये
केरल में कुछ ही दिनों में सबरीमाला में वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्राशुरू होने वाली है। राज्य के वित्त मंत्री केएन बालगोपाल ने रविवार को बताया कि इससे पहले सरकार ने अयप्पा भक्तों की सहूलियत के लिए उनके इस्तेमाल की जाने वाली अलग-अलग सड़कों के नवीनीकरण के लिए 377.8 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। बालगोपाल ने रविवार को बताया कि यह राशि 10 जिलों में 82 सड़कों के लिए आवंटित की गई है।

उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में 14 सड़कों के लिए 68.90 करोड़ रुपये और कोल्लम में 15 सड़कों के नवीनीकरण के लिए 54.20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जबकि पठानमथिट्टा, जहां पहाड़ी मंदिर है, वहां की छह सड़कों की मरम्मत के लिए 40.20 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। मंत्री के मुताबिक, अलप्पुझा में नौ सड़कों के लिए 36 करोड़ रुपये, कोट्टायम में आठ सड़कों के लिए 35.20 करोड़ रुपये, इडुक्की में पांच सड़कों के लिए 35.10 करोड़ रुपये, एर्नाकुलम में आठ सड़कों के लिए 32.42 करोड़ रुपये, त्रिशूर में 11 सड़कों के लिए 44 करोड़ रुपये, पलक्कड़ में पांच सड़कों के लिए 27.30 करोड़ रुपये और मलप्पुरम में एक सड़क के लिए 4.50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सबरीमला मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत के लिए राज्य सरकार की मंजूरी ऐसे वक्त में मिली है जब दो महीने तक चलने वाले सालाना तीर्थयात्रा सत्र से पहले इस पहाड़ी मंदिर में बहु-स्तरीय तैयारियां और व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस साल 16 नवंबर से शुरू होने वाली तीर्थयात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के सबरीमला आने की उम्मीद है। एजेंसी

तेलंगाना में व्यक्ति ने पत्नी, बेटी, साली की हत्या कर आत्महत्या की
तेलंगाना के विकाराबाद जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, बेटी और साली की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना कुलकचेरला मंडल में देर रात हुई। पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय व्यक्ति ने परिवार पर दरांती से हमला किया। उसकी बड़ी बेटी घायल होकर बच गई और अस्पताल में भर्ती है। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला अपनी बहन को घर बुला लाई थी। रात में आरोपी ने पहले साली, फिर पत्नी और बेटियों पर हमला किया। छोटी बेटी की मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी किसी तरह भाग निकली। बाद में व्यक्ति ने घर में फांसी लगा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
 

आंध्र प्रदेश में तीन छात्रों की समुद्र में डूबकर मौत
नेल्लोर जिले में रविवार को तीन इंटरमीडिएट छात्रों की समुद्र में डूबकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब साढ़े एक बजे की है जब छात्र चेतावनी के बावजूद बंगाल की खाड़ी में नहाने चले गए। अचानक तेज लहरों में बह जाने से तीनों की जान चली गई। स्थानीय मछुआरों और पुलिस ने खोजबीन कर शवों को किनारे लाया। मृतक एक जूनियर कॉलेज में पढ़ते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

कोलकाता के पास नाबालिग से दुष्कर्म, तीन युवक गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के डुम डुम इलाके में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम लड़की ट्यूशन से लौट रही थी, तभी एक आरोपी उसे पार्क में ले गया, जहां दो अन्य साथी भी पहुंचे। बाद में तीनों ने उसे जबरन एक झोपड़ी में ले जाकर दुष्कर्म किया और धमकाकर छोड़ दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
 

कोस्ट गार्ड ने बीमार यूक्रेनी नाविक को कोच्चि तट लाकर बचाया
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के मैरीटाइम रेस्क्यू सब-सेंटर (एमआरएससी) ने रविवार को कोच्चि तट के पास एक टैंकर जहाज से यूक्रेनी कर्मीदल के सदस्य को चिकित्सा आपातकाल के दौरान बाहर निकाला। एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि एमआरएससी को माल्टा के झंडे वाले जहाज एमटी मिनर्वा वेरा के मास्टर से रात 1:42 बजे कॉल मिली। उन्होंने बताया कि जहाज फुजैरा (यूएई) जा रहा था। 58 साल के मिलिशचुक रोमन तेज पेट दर्द से पीड़ित थे। कोस्ट गार्ड ने तत्काल समन्वय कर उन्हें कोच्चि तट लाया। एमआरएससी के एक चिकित्सा सहायक के साथ टग ओशन एलीट के जरिये रोगी को तट पर लाया गया। रोमन को आगे के इलाज के लिए लूर्डेस अस्पताल में भर्ती किया गया है।

केरल : वायनाड में बस यात्री से 1.2 करोड़ बरामद, हवाला नेटवर्क की आशंका
केरल के वायनाड में एक बस यात्री से 1.2 करोड़ रुपये नकद बरामद हुआ है। आबकारी विभाग का मानना है कि यह रकम हवाला नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। यात्री की पहचान अम्मथुर अब्दुल रज्जाक, निवासी मलप्पुरम के रूप में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई रविवार को मेनांगडी इलाके में की गई, जब आबकारी टीम ने नियमित एंटी-नारकोटिक्स अभियान के दौरान एक कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस की तलाशी ली। बस बंगलूरू से कोझिकोड जा रही थी। जांच में रज्जाक ने बताया कि यह बैग उसे एक अज्ञात व्यक्ति ने दिया था और उसे यह कोझिकोड में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था। उसने दोनों की पहचान से अनजान होने का दावा किया। अधिकारियों को संदेह है कि रज्जाक केरल और कर्नाटक के बीच सक्रिय हवाला नेटवर्क का कुरियर हो सकता है। फिलहाल, आबकारी विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मिजोरम उपचुनाव: चुनाव आयोग को भेजी जाएगी सीएम और सलाहकार की शिकायत
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा और उनके सलाहकार एवं विधायक डॉ. लोरेन लालपेकलियाना चिनजाह के खिलाफ डम्पा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के कथित उल्लंघन की शिकायतें चुनाव आयोग को भेजी जाएंगी, एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने मुख्य चुनाव अधिकारी से शिकायत की है कि लालदुहोमा और चिनजाह ने हाल ही में कई परियोजनाओं का वादा किया और लोगों को मुफ्त दवाइयां वितरित कीं, जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ। संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी एथेल रोथांगपुई ने कहा कि शिकायत के बाद मुख्यमंत्री और उनके सलाहकार को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बाद सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) से मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय को स्पष्टीकरण मिल गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए शिकायत ममित जिले के जिला चुनाव अधिकारी (डीईओ) और डम्पा विधानसभा सीट के निर्वाचन अधिकारी (आरओ) को भेज दी गई है। जेडपीएम के स्पष्टीकरण और डीईओ की रिपोर्ट का सीईओ कार्यालय द्वारा विश्लेषण किया गया है और इसे सोमवार को होने वाले अंतिम निर्णय के लिए चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। एमएनएफ की ओर से वकील जोथानसांगी हमार ने सीईओ कार्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई जिसमें लालदुहोमा पर 21 अक्तूबर को यह घोषणा करने का आरोप लगाया गया कि रीएक और अन्य 14 गांवों को पानी की आपूर्ति के लिए 700 करोड़ रुपये की जलापूर्ति परियोजना शुरू की जाएगी और किसानों को हल्दी प्रसंस्करण मशीनें उपलब्ध कराने का भी वादा किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed