फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 29th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को कर छूट का दर्जा; तिरुपति के पास निर्माणाधीन इमारत से गिरकर तीन की मौत

Tue, 29 Apr 2025 10:06 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 29 Apr 2025 10:06 AM IST
विज्ञापन
News Updates 29th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
आयकर विभाग और प्रत्यक्ष कर प्रशासन के लिए निर्णय लेने वाली संस्था सीबीडीटी की एक अधिसूचना के अनुसार वित्त मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को कर छूट का दर्जा दे दिया है। अधिसूचना में कहा गया है कि सरकार के प्रमुख नमामि गंगे कार्यक्रम का कार्यान्वयन करने वाला राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) अब पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के तहत गठित एक प्राधिकरण है। पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के तहत गठित प्राधिकरण एनएमसीजी को आकलन वर्ष 2024-25 से आयकर छूट मिलेगी। यह छूट इस शर्त के अधीन है कि एनएमसीजी आयकर अधिनियम के खंड (46ए) के उप-खंड (ए) में उल्लिखित एक या अधिक उद्देश्यों के साथ पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम के तहत एक प्राधिकरण के रूप में काम करना जारी रखेगा।
विज्ञापन


इस बीच मंगलवार को तिरुपति के निकट मंगलम इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरकर तीन राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बी श्रीनिवासुलु, के श्रीनिवासुलु और वसंत के रूप में हुई है। एक अन्य मजदूर माधव बाल-बाल बच गया। पुलिस उपाधीक्षक बी प्रसाद ने शुरुआती जांच का हवाला देते हुए पीटीआई को बताया, 'मचान को सुरक्षित रखने वाली रस्सियां ठीक से बंधी नहीं थीं। तीन लोगों के उस पर खड़े होने के कारण वह टूट गई और वे गिर गए।' एक सेवानिवृत्त शिक्षक इमारत का निर्माण करा रहे थे। मजदूर श्रीकालहस्ती से आए थे और पिछले कुछ दिनों से साइट पर थे।
विज्ञापन


मणिपुर में दो उग्रवादी पकड़े
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पश्चिम और जिरीबाम जिलों से दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। प्रतिबंधित संगठन पीआरईपीएके (प्रो) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में सोमवार को इंफाल पश्चिम जिले के लंगथबल इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई है, जिसमें 7.65 एमएम की दो गोलियां भरी हुई हैं। पुलिस ने बताया कि जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक उग्रवादी को सोमवार को असम के कछार जिले की सीमा से लगे जिरीबाम जिले के जिरीबाम बाजार से गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


आज राष्ट्रीय समर स्मारक जाएंगे पद्म पुरस्कार विजेता
पद्म पुरस्कार विजेता आज राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वे राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री संग्रहालय भी जाएंगे। इससे पहले सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक सम्मान समारोह के पहले चरण में सम्मानित विभूतियों को विशिष्ट बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, 'आज नागरिक अलंकरण समारोह के पहले चरण में शामिल हुआ, जहां पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी क्षेत्रों के उत्कृष्ट व्यक्तियों को उनकी सेवाओं और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।'

पाकिस्तान का समर्थन करने पर असम में 24 गिरफ्तार  
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान का समर्थन करने के आरोप में असम में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा है कि जरूरत पड़ने पर आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा, अब तक 24 देशद्रोही गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों में विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम भी शामिल हैं। उन पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।

8वीं एससीओ बैठक में स्वास्थ्य ढांचे के विकास पर जोर
भारत की केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला सलीला श्रीवास्तव ने चीन के शियान प्रांत में हुई 8वीं एससीओ स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लिया। इसमें उन्होंने भारत की सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के प्रति प्रतिबद्धता, डिजिटल स्वास्थ्य ढांचे के विकास और पारंपरिक व आधुनिक चिकित्सा के एकीकरण पर जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की। बैठक में 2025–2027 के लिए स्वास्थ्य सहयोग की कार्य योजना को मंजूरी दी गई।

फिल्म निर्माता शाजी एन करुन का 73 की उम्र में निधन
दिग्गज मलयालम फिल्म निर्माता और सिनेमेटोग्राफर शाजी एन करुन (73) का सोमवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और कई बीमारियों से जूझ रहे थे। केरल सरकार ने करुण को मलयालम सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान को मान्यता देते हुए जेसी डेनियल पुरस्कार से नवाजा था। उनकी पहली फिल्म पिरवी (1988) को लगभग 70 अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित किया गया, जबकि उनकी दूसरी फिल्म स्वाहम (1994) को कान फिल्म समारोह में नामांकित किया गया।

आतंकी हमले के बाद सलमान  खान ने ब्रिटेन दौरा स्थगित किया
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद ब्रिटेन का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने कश्मीर में हाल ही में हुई दुखद घटनाओं के मद्देनजर 4 और 5 मई को मैनचेस्टर और लंदन में शो को टाल दिया। इस दौरे में उनके साथ माधुरी दीक्षित, टाइगर श्रॉफ, वरुण धवन, कृति सेनन, सारा अली और दिशा पाटनी भी जा रही थीं।

आईपीएस अधिकारी सुनील का निलंबन चार महीने बढ़ाया
आंध्र प्रदेश की टीडीपी सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पीवी सुनील कुमार के निलंबन को चार महीने आगे बढ़ा दिया है। हाल ही में सरकार ने कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का फैसला लिया था। उन पर वाईएसआरसीपी सरकार में बिना अनुमति कई विदेश यात्राओं का आरोप है। आरोप के चलते कुमार को 2 मार्च को सस्पेंड कर दिया गया था। 

तीन पाकिस्तानी नागरिकों को जारी नोटिस केरल पुलिस ने वापस लिए
केरल में कोझिकोड पुलिस ने कहा कि तीन पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए नोटिस वापस ले लिए हैं। कोझीकोड ग्रामीण पुलिस ने बताया, उन्हें जानकारी मिली है कि इन लोगों ने दीर्घकालिक वीजा के लिए आवेदन किया था। एक पुरुष और दो महिलाओं सहित तीन व्यक्ति लंबे समय से कोझिकोड में रह रहे हैं। 79 वर्षीय पुथनपुरवलप्पिल हम्सा, खमरुन्निसा और उनकी बहन अस्मा तीन पाकिस्तानी नागरिक हैं जिन्हें पिछले सप्ताह पुलिस से नोटिस मिले थे। हम्सा का जन्म केरल में हुआ था और वह 1965 में एक एजेंट के माध्यम से कलकत्ता से पूर्वी पाकिस्तान (वर्तमान बांग्लादेश) पहुंचे थे। बाद में वह कराची पहुंचे और वहां अपने भाई के साथ रहने लगे। वह 2007 में केरल लौटे और भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया। बता दें कि अल्पकालिक वीजा वाले पांच पाकिस्तानी नागरिक पहले ही राज्य छोड़ चुके हैं।

भारत से हज के लिए पहला विमान रवाना, रिजिजू ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार हज यात्रा को सभी के लिए सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रिजिजू का यह बयान तब आया, जब इस साल के पहले हज यात्रियों को लेकर विमान सऊदी अरब के लिए रवाना हुए। आज रवाना हुए विमानों में लखनऊ से 288 और हैदराबाद से 262 हज यात्री शामिल थे।

रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, हज की पवित्र यात्रा पर जा रहे 1,22,518 यात्रियों को दिल से शुभकामनाएं। लखनऊ से 288 और हैदराबाद से 262 यात्रियों के साथ आज पहला विमान रवाना हुआ। उन्होंने आगे कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि सभी के लिए हज यात्रा सुगम, व्यवस्थित और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध हो। सभी की सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए प्रार्थनाएं।

एनएससीएन की तीन सदस्य मुठभेड़ में मारे गए: पुलिस 
असम में मुठभेड़ में एनएससीएन के तीन संदिग्ध सदस्य मारे गए हैं। उनसे हथियार और गोला-बारूद बराम दिया किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

नागपुर में जम्मू-कश्मीर के छात्र की पिटाई; एसोसिएशन ने फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की
नागपुर के फार्मेसी कॉलेज में पढ़ने वाले जम्मू-कश्मीर के छात्र की स्थानीय निवासियों के एक समूह ने पिटाई कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना क्यों हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को शहर के कामटी इलाके में हुई, लेकिन अभी तक पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना के बारे में उन्होंने कहा कि डोडा शहर और जम्मू के रहने वाले दो छात्र अपने छात्रावास लौट रहे थे, तभी उनमें से एक शौच के लिए चला गया, जबकि दूसरा सड़क किनारे उसका इंतजार कर रहा था। दोनों फार्मेसी स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र हैं। अधिकारी ने बताया कि उसी समय स्थानीय लोगों का एक समूह वहां आया और सड़क किनारे खड़े छात्र से पूछताछ करने लगा कि वह कहां से आया है। जब वह उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाया तो लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

दूसरे छात्र ने वापस आकर स्थानीय लोगों को बताया कि दोनों एक स्थानीय कॉलेज के छात्र हैं। इसके बाद लोगों ने उन्हें जाने दिया। बाद में छात्रों में से एक ने इस घटना के बारे में ‘जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन’ के पदाधिकारी नासिर खुहामी को बताया, जिन्होंने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर इस बारे में पोस्ट किया और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

पीएम मोदी दो मई को अमरावती पुनर्निर्माण परियोजना का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो मई को आंध्र प्रदेश में अमरावती पुनर्निर्माण परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इसपर 43,000 करोड़ रुपये की लागत आएगी। आंध्र प्रदेश के नगर निकाय मंत्री पी नारायण ने मंगलवार को प्रधानमंत्री के दौरे के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने विश्वास जताया कि ‘ग्रीनफील्ड’ राजधानी शहर का निर्माण तीन वर्षों में कर लिया जाएगा।

नारायण के अनुसार प्रधानमंत्री के दो मई को दोपहर करीब 3.25 बजे यहां पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे की 90 प्रतिशत तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और बाकी काम बुधवार तक पूरी हो जाएगा। मंत्री ने कहा कि अमरावती के मास्टरप्लान में 365 किलोमीटर की मुख्य सड़कों और 1,500 किलोमीटर की छोटी सड़कों का निर्माण शामिल है।

नारायण ने कहा कि मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को अमरावती के 29 गांवों के किसानों के साथ दो घंटे तक बातचीत की और उन्हें ‘ग्रीनफील्ड’ राजधानी कार्य पुन: आरंभ समारोह के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed