फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 28th August North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: भारत-चीन के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे, चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग ने राष्ट्रपति मुर्मू को दी बधाई

Thu, 28 Aug 2025 09:31 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 28 Aug 2025 09:31 PM IST
विज्ञापन
News Updates 28th August North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चीन और भारत के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरा होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया। शी ने कहा कि भारत और चीन दोनों प्राचीन सभ्यताएं, प्रमुख विकासशील देश और वैश्विक दक्षिण के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। भारत में चीन के राजदूत जू फीहोंग ने कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ काम करने की इच्छा जताई ताकि रणनीतिक आपसी विश्वास को बढ़ावा दिया जा सके, विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग को मजबूत किया जा सके, प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मामलों पर संचार और समन्वय को गहरा किया जा सके, चीन-भारत सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त रूप से शांति और सौहार्द की रक्षा की जा सके, चीन-भारत संबंधों को सुदृढ़ और स्थिर विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सके, ताकि विश्व शांति और समृद्धि में योगदान दिया जा सके। 

विज्ञापन


वहीं शी जिनपिंग के संदेश का जवाब देते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत और चीन दो बड़े पड़ोसी हैं जो मानवता के एक तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। स्थिर, पूर्वानुमानित और सौहार्दपूर्ण द्विपक्षीय संबंध हम दोनों, साथ ही वास्तव में पूरी दुनिया के लिए बड़े लाभ लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि आइए हम राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के अवसर का उपयोग भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों के स्वस्थ और स्थिर विकास की दिशा में काम करने के लिए करें।
विज्ञापन


गुजरात के वडोदरा में शोभायात्रा के दौरान तनाव
गुजरात के वडोदरा शहर में भगवान गणेश की शोभायात्रा के दौरान कुछ लोगों ने अंडे फेंके। इससे इलाके में तनाव फैल गया। एक अधिकारी ने बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। अधिकारी ने बताया कि बुधवार को भगवान की मूर्ति को पंडाल में स्थापना के लिए ले जाने के दौरान घटना हुई। उन्होंने बताया कि एक नाबालिग और दो पुरुषों ने पानीगेट इलाके में मूर्ति पर अंडे फेंके। मूर्ति के एक हिस्से पर अंडा गिरने के बाद श्रद्धालुओं में रोष फैल गया और इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। लोगों ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूफियान मंसूरी (20) और शाहनवाज कुरैशी (29) के रूप में हुई है। नाबालिग को घटना के कुछ घंटों बाद हिरासत में लिया गया। उन पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


केरल हाईकोर्ट ने हिरासत में मौत के मामले में चार पूर्व पुलिस अधिकारियों को बरी किया
केरल हाईकोर्ट ने चार पूर्व पुलिस अधिकारियों को बरी कर दिया है, जिन्हें एक 28 साल के युवक की 2005 में हिरासत में हुई मौत के मामले में 2018 में सत्र अदालत ने दोषी ठहराया था। जस्टिस राजा विजयराघवन वी और के वी जयकुमार की खंडपीठ ने इन चारों अधिकारियों की सजा को रद्द कर दिया। इनमें से एक को सत्र अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने कहा कि सीबीआई की खामी और पक्षपाती जांच के कारण अभियोजन पक्ष अपना पक्ष साबित करने में नाकाम रहा।

ब्रिटिश इतिहासकार ने सहेजीं गणेश प्रतिमाएं, भारत में प्रदर्शनी
एक ब्रिटिश इतिहासकार ने भगवान गणेश की प्रतिमाएं सहेजीं हैं। इनके संग्रह से कुछ प्रतिमाओं को लेकर भारत में गणेशोत्सव के मौके पर प्रदर्शनी लगाई गई। राजधानी दिल्ली में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) में संस्कृति मंत्रालय ने इस प्रदर्शनी का आयोजन किया। मंत्रालय ने बताया, गणेश चतुर्थी के अवसर पर ब्रिटिश कला इतिहासकार लांस डेन के संग्रह की प्रदर्शनी लगाई गई। संग्रह में 12वीं शताब्दी से लेकर 20वीं शताब्दी तक की प्रतिमाएं हैं। ब्रिटिश कला इतिहासकार और संग्रहकर्ता डेन ने अपना जीवन कला के शाश्वत मूल्यों के लिए समर्पित कर दिया। आगामी 5 सितंबर तक दर्शनम गैलरी में चलने वाली इस प्रदर्शनी में भगवान शिव और देवी पार्वती के पुत्र और भगवान कार्तिकेय के भाई, भगवान गणेश के विभिन्न रूपों को देखा जा सकता है। IGNCA ने प्रदर्शनी को 'विघ्नेश्वर कुटुम्ब: गणेश और उनका परिवार' नाम दिया है।

भारतीय स्टार्टअप्स के साथ साझेदारी चाहते हैं जर्मनी के लोग
जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से उत्तराखंड पहुंचे एक शिष्टमंडल ने देश में तकनीकी सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल बुधवार को आईआईटी रुड़की पहुंचा। यहां उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों व शिक्षाविदों के साथ बातचीत के दौरान इंजीनियरिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, उभरती तकनीकें और नवाचार आधारित उद्यम जैसे विषयों पर चर्चा की गई। आईआईटी रुड़की निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने सेमीकंडक्टर, स्पेस साइंस, डाटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर जोर देते हुए इसे पलायन रोकने में मददगार बताया। जर्मन प्रतिनिधि स्टीफन विटेकिंड ने भारतीय स्टार्टअप्स के साथ साझेदारी में रुचि दिखाई। दोनों पक्षों ने निवेश, तकनीकी हस्तांतरण और नवाचार में सहयोग बढ़ने की उम्मीद जताई।

शिवकुमार को दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की दी चेतावनी: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के आरएसएस गान गाए जाने को उनकी माफी के बाद बंद अध्याय करार दिया। खरगे ने बंगलूरू में कहा कि वह बंद मामले को फिर से नहीं खोलेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, माफी मांगने के बाद मामला खत्म हो गया है। आपको (मीडिया को) इसे तूल नहीं देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा कह दिया। अब उन्होंने माफी मांग ली है। मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। मेरा मतलब है कि मैं किसी बंद पड़े मामले को दोबारा नहीं खोलूंगा। गौरतलब है कि कर्नाटक कांग्रेस में तूफान तब आया, जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार ने राज्य विधानसभा में स्टेडियम में मची भगदड़ पर चर्चा के दौरान आरएसएस की प्रार्थनागाई थी।

ओडिशा की अधिकारी 25 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
ओडिशा वित्त सेवा (ओएफएस) की एक अधिकारी को 25,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सतर्कता विभाग ने मंगलवार को भुवनेश्वर की राज्य कर सहायक आयुक्त सरिता बारिक को पकड़ा। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बारिक ने एक खाद्य उत्पाद कंपनी के संचालक से 2020-21 के कर अवधि की इनपुट टैक्स क्रेडिट वापसी और जुर्मानासे छूट के लिए रिश्वत मांगी थी।

2.98 करोड़ रुपये की ठगी में सीआईडी ने दो को किया गिरफ्तार
झारखंड सीआईडी ने गुजरात से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मामला 2.98 करोड़ रुपये के ऑनलाइन वित्तीय फर्जीवाड़े से जुड़ा है। सीआईडी की ओर से बुधवार को यह जानकारी दी गई। मामले की शिकायत 28 जुलाई को साइबर क्राइम पुलिस थाने में दर्ज की गई थी। पीड़ित को ऑनलाइन विज्ञापन के जरिये शिकागो बोर्ड ऑफ ऑप्शन्स एक्सचेंज (सीबो) के नाम से बने फर्जी प्लेटफॉर्म में निवेश करने के लिए फंसाया गया था। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर नकली प्रोफाइल बनाकर ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया था। 

श्री जगन्नाथ मंदिर में जासूसी कैमरे के साथ पकड़ा गया आगंतुक
पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर में एक 31 वर्षीय व्यक्ति को बुधवार को जासूसी कैमरे लगे चश्मे के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि यह चौथा मामला है जब हाल के महीनों में किसी को छिपे कैमरे के साथ पकड़ा गया हो। आरोपी की पहचान कोलकाता निवासी अरुप रॉय के तौर पर हुई। पुलिस ने कहा कि मंदिर पुलिस ने उसे तब पकड़ा जब वह मुख्य मंदिर में बार-बार चश्मा हिला रहा था।

सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले की धमकी का आरोपी गिरफ्तार
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले की धमकी देने के आरोप में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के एक व्यक्ति को हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि डोमकल निवासी सरिजुल शेख ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया था कि बनर्जी पर 10 दिनों में हमला होगा। 

राज्यपाल ने भ्रष्टाचार के आरोप में गौर बंग विवि के कुलपति को हटाया
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बुधवार को कर्तव्यहीनता और भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण गौर बंग विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पवित्र चट्टोपाध्याय को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। राज्यपाल का यह निर्देश कॉलेज निरीक्षक की ओर से कुलपति पर कानूनी खर्चों के लिए पैसे मांगने का आरोप लगान के बाद आया है। 

हाथापाई के आरोप में अभिनेता विजय और बाउंसरों पर केस दर्ज
अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई पार्टी की राज्य स्तरीय बैठक में पार्टी कार्यकर्ता पर हुई कथित हाथापाई की शिकायत के बाद हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 22 अगस्त को मदुरै में हुए सम्मेलन ने मारपीट की गई थी।

कटक रेलवे स्टेशन पर गिरी छत, ट्रेनें प्रभावित
कटक रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के दौरान बुधवार को छत का एक हिस्सा गिर गया। इससे रेल सेवाएं बाधित हो गईं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। डीसीपी हिलारी ऋषिकेश ज्ञानदेव ने बताया कि एहतियात के तौर पर मेडिकल टीमों को मौके पर तैनात किया है। मरम्मत कार्य चल रहा और स्थिति नियंत्रण में है। रेल मार्गों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है।

असम : अंतर-धार्मिक भूमि हस्तांतरण एसओपी को मंजूरी
असम सरकार ने राज्य में विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच भूमि हस्तांतरण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को मंजूरी दे दी है। एसओपी के तहत इस तरह के भूमि हस्तांतरण के सभी आवेदन सरकार को प्रस्तुत किए जाएंगे। सरकार हर मामले की जांच करेगी। जिला आयुक्त प्रस्ताव को राजस्व विभाग को भेजेंगे। यह निर्णय गुवाहाटी के लोक सेवा भवन में असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। असम के मुख्यमंत्री ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, कैबिनेट ने अंतर-धार्मिक अचल संपत्ति हस्तांतरण के मामलों में अनुमति देने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने को मंजूरी दे दी है। इसका उद्देश्य ऐसे प्रस्तावों का कुशलता से शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करना है। 

ब्राइट स्टार सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेंगे सशस्त्र बलों के 700 जवान
भारतीय सशस्त्र बलों के 700 से अधिक जवान 28 अगस्त से 10 सितंबर तक एक बहुपक्षीय अभ्यास ब्राइट स्टार में हिस्सा लेंगे। इसमें सैन्य गतिविधियों का एक व्यापक दायरा शामिल होगा। अधिकारियों ने बताया कि ब्राइट स्टार में भारतीय सशस्त्र बलों की भागीदारी, मित्र देशों के मिल कर काम करने, सैन्य गतिविधियों के संचाल और सहयोग को बढ़ाते हुए क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत गढ़ रहा कीर्तिमान : आठवले
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। पीएम मोदी के कामों, कुशल कूटनीति और शासन ने भारत को विश्व पटल पर शक्तिशाली और सम्मानित देशों की श्रेणी में ला खड़ा किया है। केंद्रीय मंत्री दुबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित इंडो अरब अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फिल्म अभिनेता प्रभुदेवा, निर्माता अरबाज खान समेत कई गणमान्य हस्तियों को इंडो अरब इंटरनेशनल एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किए। आठवले ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का प्रभावी व्यक्तित्व पूरे विश्व में स्वीकार्य है। उन्होंने पिछले 11 वर्षों में जिस तरह से भारत की छवि को विश्व में प्रस्तुत किया है, उसने विश्व के शीर्ष नेतृत्व को प्रधानमंत्री मोदी का प्रशंसक बना दिया है। नतीजन यूएई और भारत के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध और सशक्त हुए हैं। आठवले ने कहा कि उनको सामाजिक सरोकार से जुड़े भिन्न भिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने पर विशेष हर्ष का अनुभव हो रहा है।

महिलाओं को परेशान करने के आरोप में विधायक पर केस
केरल पुलिस ने पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ बुधवार को सोशल मीडिया पर महिलाओं को परेशान करने समेत विभिन्न अपराधों के लिए मामला दर्ज किया है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की ओर से तिरुवनंतपुरम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयान के कुछ घंटों बाद एफआईआर दर्ज की गई।

सीएम ने कहा था कि ममकूटाथिल के खिलाफ आरोपों के संबंध में हरसंभव कानूनी कदम उठाए जाएंगे। राज्य पुलिस मीडिया सेंटर ने कहा कि डीजीपी रवादा ए चंद्रशेखर के निर्देश पर पुलिस की अपराध शाखा ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(2) (पीछा करना) और 351 (आपराधिक धमकी) और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120 (ओ) (किसी भी संचार माध्यम से किसी व्यक्ति को बार-बार या अवांछित या गुमनाम कॉल, पत्र, लेखन, संदेश, ईमेल या संदेशवाहक के माध्यम से परेशान करना) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

लंबा खिंचा मुकदमा भी आरोपी के लिए मानसिक कैद की तरह
वर्षों तक चलने वाले मुकदमों पर सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। शीर्ष अदालत ने कहा कि किसी आपराधिक मामले का लंबे समय तक खिंचना भी आरोपी के लिए मानसिक कैद जैसा होता है।
जस्टिस एनवी अंजारिया और जस्टिस एएस चंदुरकर की पीठ ने यह टिप्पणी करते हुए भ्रष्टाचार मामले में एक महिला की सजा को घटाकर उसे पहले से भुगती गई अवधि तक सीमित कर दिया। यह मामला सितंबर 2002 का है। तब महिला सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर थी और उस पर 300 रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा था।

ट्रायल कोर्ट ने उसे एक साल की जेल की सजा सुनाई थी, जिसे 2010 में मद्रास हाईकोर्ट ने बरकरार रखा। इसके खिलाफ महिला ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। अब 75 वर्षीय महिला विधवा है और 31 दिन जेल में रह चुकी है। ब्यूरो

न्याय प्रणाली में देरी बड़ी चुनौती
पीठ ने कहा, मुकदमे का लंबा खिंचना ही मानसिक पीड़ा है। हर दिन फैसला इंतजार करना व्यक्ति के लिए दुखदायी होता है। न्याय प्रणाली में देरी आज एक बड़ी चुनौती है। हालांकि, अदालत ने जुर्माने की राशि 25,000 रुपये बढ़ा दी और 10 सितंबर तक जमा कराने का आदेश दिया। तय समय तक भुगतान न करने पर मूल सजा लागू हो जाएगी और महिला को दोबारा जेल जाना पड़ेगा।

बंगलूरू में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी, सरकार अब कर रही सुधार- डीके शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गुरुवार को कहा कि बंगलूरू में हमेशा से प्रतिभा, अच्छा मौसम और उत्साह रहा है, लेकिन बुनियादी ढांचे के मुद्दे को सुलझाने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी रही है, और कांग्रेस सरकार अब इसे सुधार रही है। शिवकुमार, जो बंगलूरू विकास के प्रभारी मंत्री भी हैं, बायोकॉन प्रमुख किरण मजूमदार-शॉ के इस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि शहर में बेहतरीन प्रतिभा और मौसम है, लेकिन बुनियादी ढांचा सबसे खराब है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की कि शहर का बुनियादी ढाँचा और शासन विकास के लिए उत्प्रेरक का काम करे।

किरण मजूमदार-शॉ ने एक्स पर पोस्ट किया- 'नम्मा बंगलूरू में सबसे अच्छी प्रतिभा और सबसे अच्छा मौसम है, लेकिन सबसे खराब बुनियादी ढंचा है - अगर हम कूड़े-कचरे और सड़कों को ठीक कर दें, तो हम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक हो सकते हैं। जीबीए (ग्रेटर बंगलूरू अथॉरिटी) के पास ऐसा करने का एक शानदार अवसर है। आइए, सामूहिक इच्छाशक्ति का उपयोग करके ऐसा करें।' उन्हें जवाब देते हुए, डीके शिवकुमार ने कहा, 'किरण मजूमदार-शॉ, मैं आपसे सहमत हूं। बंगलूरू में हमेशा से प्रतिभा, मौसम और उत्साह रहा है। इसमें राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी थी। अब हम इसी को ठीक कर रहे हैं।'

असम में CBI की रेड, तीन को किया गिरफ्तार
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने असम के कछार जिले में पांच स्थानों पर छापेमारी की और ऑपरेशन चक्र के तहत एक दूरसंचार कंपनी के क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। सीबीआई के अनुसार, इस जांच के दौरान यह पता चला है कि असम के सिलचर स्थित उक्त दूरसंचार कंपनी के क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक ने बिचौलियों, वितरकों और प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) एजेंटों के साथ मिलकर उन लोगों की जानकारी के बिना अनधिकृत सिम कार्ड जारी किए जिनके नाम पर आधिकारिक तौर पर सिम कार्ड जारी किए गए थे।

मणिपुर के कांगपोकपी में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
मणिपुर के कांगपोकपी जिले से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, बुधवार को माओहिंग और चांगोउबंग गांव के बीच के जंगल में एक अभियान चलाया गया। इसमें एक अमेरिकी एम16 राइफल (10 राउंड वाली मैगजीन के साथ), एक .303 राइफल, दो कॉल्ट मशीन गन (सीएमजी), तीन पिस्तौल, एक .22 राइफल, छह बोल्ट एक्शन राइफल, दो शॉर्ट बैरल राइफल, तीन देसी रॉकेट लॉन्चर, दो हैंड ग्रेनेड और चार रेडियो सेट बरामद हुए। एक अन्य अभियान में कोटजिम गांव के पास के इलाके में सुरक्षा बलों ने एक कार्बाइन, एक सिंगल बैरल राइफल, तीन देसी मोर्टार, दो हैंड ग्रेनेड और तीन पुल-मेकैनिज्म राइफल जब्त कीं।

इस बीच, टेंगनोपाल जिले के सीमा नगर मोरेह से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वह कथित रूप से ट्रक चालकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से वसूली, तस्करी और उग्रवादियों को हथियार आपूर्ति करने में शामिल था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान वी. शिवा उर्फ ईश्वर पांडे (36 वर्षीय) के रूप में हुई है। उसे वार्ड नंबर चार से पकड़ा गया।

पिछले 24 घंटों में दो उग्रवादियों को भी राज्य से गिरफ्तार किया गया। सरंगथेम इबोमचा मैतेई (22 वर्षीय) को इंफाल पूर्व जिले के इथम वांगमा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। वह प्रतिबंधित संगठन 'कांगलेई याओल कन्ना लुप' का सदस्य था। वहीं, सूरज ओइनाम (23 वर्षीय) को इंफाल पश्चिम जिले के लामशांग से गिरफ्तार किया गया। वह प्रतिबंधित 'कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी)' का सक्रिय सदस्य था।
 

सेवानिवृत्ति से पहले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी का निधन, केरल के सीएम ने जताया दुख  
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी का बीमारी के चलते निधन हो गया। वह इस महीने के अंत में अपनी वर्षों पुरानी सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले थे। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। 
 
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महिपाल यादव का बुधवार को राजस्थान में निधन हो गया। उसी दिन राज्य पुलिस की ओर से उनके लिए विदाई समारोह आयोजित होना था। वह राज्य में आबकारी आयुक्त पद पर कार्यरत थे। यादव कुछ समय से राजस्थान में अपनी बीमारी का उपचार करा रहे थे। उनकी आधिकारिक सेवानिवृत्ति की तारीख 30 अगस्त थी। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनकी विदाई वाले दिन ही उनका निधन होना 'बेहद पीड़ादायक' है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में विजयन ने कहा कि यादव एक ऐसे अधिकारी थे जिन्होंने अपने शानदार करियर में हमेशा ईमानदारी और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखी। उन्होंने कहा, वह राज्य सरकार की नीतियों और कार्यों को बिना किसी समझौते के लागू करने में सक्षम थे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह अधिकारी हमेशा अपनी सच्चाई और नेतृत्व क्षमता के कारण एक प्रेरणास्रोत बने रहे। बुधवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक विशेष बैठक में डीजीपी रवदा ए. चंद्रशेखर के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यादव को श्रद्धांजलि दी।

मिजोरम में भिक्षावृत्ति रोकने को कानून, विधानसभा में विधेयक पारित
पूर्वोत्तर भारतीय राज्य मिजोरम में सरकार ने भिक्षावृत्ति रोकने के लिए कानून बनाने की पहल की है। विधानसभा में बुधवार को विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद सत्ताधारी खेमे ने 'मिजोरम प्रोहिबिशन ऑफ बेगरी बिल, 2025' पारित करा लिया। इस विषय में सामाजिक कल्याण मंत्री लालरिनपुई ने बताया, प्रस्तावित कानून का मकसद केवल भीख मांगने पर रोक लगाना ही नहीं बल्कि भिखारियों का पुनर्वास और उन्हें स्थायी आजीविका उपलब्ध कराना भी है। सरकार ने कहा, ऐसी आशंका है कि सैरांग-सिह्हमुई रेलमार्ग शुरू होने के बाद राज्य के बाहर से आने वाले भिखारियों की संख्या बढ़ सकती है। इसे देखते हुए सरकार ने कानून बनाने का फैसला लिया है। इसके तहत राज्य स्तरीय 'रिलीफ बोर्ड' गठित कर अस्थायी रिसीविंग सेंटर स्थापित करने का फैसला लिया गया है। कानून बनने के बाद भिखारियों को सरकार 24 घंटे के भीतर उनके गृह राज्य वापस भेजेगी। सरकार ने कहा, एक सर्वे के अनुसार, आइजोल में फिलहाल 30 से अधिक भिखारी हैं, जिनमें गैर-स्थानीय भी शामिल हैं। विधेयक का विरोध करने वाले विपक्षी खेमे के विधायकों ने इसे ईसाई आस्था के खिलाफ बताया। इन्होंने सरकार को सामुदायिक भागीदारी से समस्या समाधान करने का सुझाव दिया। इस पर मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कहा कि सरकार, चर्च और एनजीओ मिलकर भिखारियों को सहायता व पुनर्वास सुनिश्चित करेंगे, ताकि राज्य को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाया जा सके।

जेसीडीसी की सातवीं बैठक दिल्ली में आयोजित
भारत-सऊदी अरब संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेसीडीसी) की सातवीं बैठक 28 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली में हुई। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और पिछली जेसीडीसी बैठक में लिए गए अधिकांश महत्वपूर्ण निर्णयों के क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। रक्षा संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने के उद्देश्य से, दोनों देशों ने प्रशिक्षण सहयोग, औद्योगिक साझेदारी, समुद्री सहयोग और सैन्य अभ्यास जैसे क्षेत्रों में चर्चा की। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी प्रशिक्षण क्षमताओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की। भारत ने सऊदी सशस्त्र बलों को प्रशिक्षण प्रदान करने की पेशकश की और साइबर, आईटी, आपदा प्रबंधन और सामरिक संचार में सहयोग पर चर्चा की।
 

जम्मू में फंसे यात्रियों के लिए चलाई गईं दो विशेष ट्रेनें
जम्मू रेल डिवीजन ने गुरुवार को जिला प्रशासन और जीआरपी के साथ मिलकर दो विशेष ट्रेनें चलाईं। इसका मकसद फंसे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाना था। प्रेस नोट के अनुसार, पहली ट्रेन संख्या 02238 दोपहर 3:45 बजे जम्मू से बनारस रवाना हुई। इसमें लगभग 1,200-1,400 यात्री सवार थे। दूसरी ट्रेन शाम 5 बजे जम्मू से दिल्ली गई, जिसमें करीब 1,200 यात्री बैठे। बीते दो दिन की भारी बारिश और कटरा में भूस्खलन से यात्री फंसे थे। इसमें 34 लोगों की मौत हुई। जम्मू में साल 1910 के बाद से सबसे ज्यादा 380 मिमी बारिश दर्ज हुई। कटरा में 24 घंटे में 284 मिमी बारिश हुई। उत्तरी रेलवे ने 58 ट्रेनें रद्द कीं और 64 को गंतव्य से पहले रोका।

गुजरात में शिपिंग कंटेनर से तीन लोगों की कुचलकर मौत
गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार को एक दोपहिया वाहन पर एक शिपिंग कंटेनर गिरने से एक किशोर समेत तीन लोगों की कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना अंजार शहर के पास मुंद्रा-अंजार राजमार्ग पर खेडोई गाँव के पास दोपहर में हुई। अंजार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, 'एक ट्रेलर द्वारा ले जाया जा रहा एक शिपिंग कंटेनर उनके दोपहिया वाहन पर गिर गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर राजमार्ग पर पूरी गति से चल रहा था, जिसके कारण उसका नियंत्रण खो गया और उस पर लदा कंटेनर गिर गया।' उन्होंने बताया कि बचाव दल ने कंटेनर को हटाने और पीड़ितों के शव निकालने के लिए एक क्रेन तैनात की। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की पहचान अभिषेक पाटिल, दिव्या पांड्या और भौतिक गिरी  के रूप में हुई है।
 

कर्नाटकः सौजन्या की मां ने दर्ज कराई नई शिकायत, चिन्नैया का नार्को-टेस्ट कराने की मांग
कर्नाटक के धर्मस्थल में एक दशक से अधिक समय पहले दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुई सौजन्या की मां कुसुमावती ने गुरुवार को एसआईटी के समक्ष नई शिकायत दर्ज कराई। इसमें चिन्नैया की बहन रत्ना के बयानों का हवाला दिया, जिन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को बताया था कि प्रभावशाली व्यक्तियों ने सौजन्या की मौत की जानकारी होने पर 2014 में चिन्नैया को धमकाया था। फिर उन्हें धर्मस्थल छोड़ना पड़ा। शिकायत में मीडिया रिपोर्टों का भी हवाला दिया है, जिनमें आरोप लगाया गया है कि रवि पुजारी ने चिन्नैया को अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम बताए थे और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इन दावों की पुष्टि के लिए चिन्नैया का नार्को-टेस्ट कराने की मांग की है। साथ ही सरकार और एसआईटी से अपनी बेटी को न्याय दिलाने का आग्रह किया। गौरतलब है कि 17 वर्षीय कॉलेज छात्रा सौजन्या का 9 अक्तूबर, 2012 को धर्मस्थल में दुष्कर्म और हत्या कर दी गई थी। मामला एक दशक से अधिक समय बाद भी अनसुलझा है। सीबीआई जांच और सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बावजूद असली अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई।

टीएमसी विधायक जीवन कृष्ण साहा की चाची से ईडी ने सात घंटे पूछताछ 
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीवन कृष्ण साहा को गिरफ्तार करने के बाद स्कूल भर्तियों में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में गुरुवार को उनकी चाची से सात घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी बीरभूम जिले के सैंथिया नगर पालिका की टीएमसी पार्षद माया साहा और उनके पति से केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने भर्ती घोटाले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए पूछताछ की। प्रवर्तन विभाग (ईडी) के अधिकारियों ने सोमवार को बीरभूम में साहा की मौसी के आवास पर छापा मारा। कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में प्रवेश करते समय माया ने भ्रष्टाचार में अपनी संलिप्तता के आरोपों को खारिज कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed