फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 27th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: रंगदारी मांगने के आरोप में महिला समेत छह उग्रवादी गिरफ्तार; पर्यटकों से भरी बस पलटी, एक की मौत

Mon, 27 Oct 2025 12:07 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Mon, 27 Oct 2025 12:07 PM IST
विज्ञापन
News Updates 27th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कोलकाता के मणिकतला इलाके में रविवार शाम एक प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें 56 वर्षीय व्यक्ति झुलस गया। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान विजय दलपति के रूप में हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन


पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग शाम करीब 7 बजकर 40 मिनट पर कबीराज बागान स्थित फैक्ट्री के मीटर रूम में सबसे पहले देखी गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री के पास एक इलेक्ट्रिकल उपकरणों की दुकान थी, जिसे बचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई।

विज्ञापन

कोलकाता में लोहे की रॉड से युवक की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार
वहीं, दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके में शनिवार रात शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद एक युवक की लोहे की रॉड से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना चेतला बस स्टैंड के पास हुई, जहां नशे में धुत लोगों के एक समूह में झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने दूसरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वह करीब 100 मीटर दूर जाकर गिर पड़ा। जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अशोक पासवान के रूप में हुई है, वह वहीं एक कार वॉश में काम करता था। कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों की हत्या में सीधी संलिप्तता पाई गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त जारी है और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
 
विज्ञापन

केरल के इडुक्की में भूस्खलन एक की मौत, 8 मकान जमींदोज

केरल के पहाड़ी जिले इडुक्की में भूस्खलन ने तबाही मचा दी। हादसे में लक्षमवीडु उन्नाथी के बीजू (48) की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी संध्या गंभीर रूप से घायल हो गई।  उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना अदिमाली के मन्नमकंदम इलाके में शनिवार रात हुई, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-85) के चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ की मिट्टी ढह गई और कम से कम आठ घर जमींदोज हो गए। पुलिस के अनुसार, कॉलोनी में कुल 22 घर थे। भूस्खलन का खतरा देखते हुए सभी परिवारों को राहत शिविरों में शिफ्ट कर दिया गया था। हालांकि, बीजू और संध्या रात में घर लौट आए ताकि कुछ जरूरी सामान और खाना तैयार कर सकें। अदिमाली ब्लॉक पंचायत सदस्य कृष्णमूर्ति ने बताया कि जब वे घर के अंदर थे, तभी रात करीब 10.30 बजे पहाड़ की मिट्टी खिसक गई और आठ घर पूरी तरह दब गए।
विज्ञापन

11 दिन से समुद्र में फंसे 31 मछुआरों को बचाया

भारतीय तटरक्षक बल ने अरब सागर में 11 दिनों से फंसे 31 मछुआरों को बचा लिया। नौका खराब होने से ये मछुआरे भटक गए थे। गोवा की यह नौका मंगलुरु से समुद्री 100 मील दूर लापता हुई थी। बल ने नाव का पता लगाने के लिए कोच्चि से गश्ती पोत आईसीजीएस कस्तूरबा गांधी और डोर्नियर विमान तैनात किया था। शनिवार को नाव का पता लगने पर मरम्मत व सहायता उपलब्ध कराई गई। फिर आईएफबी संत एंटोन-वन नाव को होंनवर मछली बंदरगाह तक पहुंचाया गया।

रंगदारी मांगने के आरोप में महिला समेत छह उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के अलग-अलग जिलों में रंगदारी मांगने और अधिकारियों को धमकाने के आरोप में पुलिस ने महिला समेत छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोग अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं। पुलिस ने बताया कि PREPAK के दो सक्रिय उग्रवादी घाटी इलाके में सरकारी अधिकारियों, डॉक्टरों और आम लोगों से रंगदारी मांगने और उन्हें धमकाने में शामिल थे, उन्हें रविवार को इंफाल पश्चिम जिले के थोंगखोंग लक्ष्मी बाजार से गिरफ्तार किया गया।

सुरक्षा बलों ने रविवार को थौबल जिले के वांगजिंग इलाके से कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (PWG) की एक महिला कैडर को गिरफ्तार किया, जो जिले में रंगदारी मांगने में शामिल थी। पुलिस ने रविवार को ही काकचिंग जिले के हियांगलाम तेरापिशक सेकमाइजिन इलाके से कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (MFL) के दो कैडरों को गिरफ्तार किया, जो रंगदारी मांगने में शामिल थे। प्रतिबंधित पीपल्स लिबरेशन आर्मी के एक कैडर को थौबल जिले के खंगारोक से गिरफ्तार किया गया।
 

केरल में पर्यटकों की बस पलटी; एक की मौत, 49 घायल 

सोमवार तड़के केरल के कोट्टायम में एक पर्यटकों से भरी बस बेकाबू होकर पलट गई, जिसमें एक महिला यात्री की मौत हो गई और 49 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि चींकाल्लेल इलाके में हादसा हुआ। मृतक महिला की पहचान कन्नूर जिले के इरिट्टी के पेरावूर की रहने वाली सिंधु के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी यात्री इरिट्टी के रहने वाले थे और कन्याकुमारी और तिरुवनंतपुरम घूमने के बाद घर लौट रहे थे। यह हादसा रात करीब 1 बजे हुआ, जब बस चींकल्लेल चर्च के पास MC रोड पर एक मोड़ पर मुड़ रही थी, तभी वह बेकाबू होकर पलट गई और एक पेड़ से टकरा गई। बस में सवार सभी 49 यात्रियों को मोनिपल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल और कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। सिंधु को मोनिपल्ली ले जाया गया था, जहां उसने चोटों के कारण दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि करीब 18 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर है।

बंगलूरू के पास ग्राम पंचायत सदस्य पर बाइक सवार हमलावरों ने चलाई गोली

बंगलूरू के पास दो बाइकों पर सवार छह हमलावरों ने कथित तौर पर एक ग्राम पंचायत सदस्य पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने बताया यह घटना रविवार शाम को नेलमंगला तालुक के इस्लामपुरा इलाके में हुई, जो बंगलूरू ग्रामीण के अधिकार क्षेत्र में आता है। पुलिस ने बताया कि सलीम पाशा (50) खतरे से बाहर हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हमले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। वे उसी गांव के हैं और शक है कि यह घटना आपसी दुश्मनी का नतीजा है।

बंगलूरू ग्रामीण के एडिश्नल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के.एस. नागराज के अनुसार, रविवार को शाम करीब 6.30 बजे इस्लामपुरा में, जब पाशा कुछ लोगों के साथ बात कर रहे थे, तभी दो बाइकों पर छह लोग आए और उनमें से एक ने देसी पिस्तौल से उन पर गोली चला दी, जो सलीम के कंधे में लगी। घटना के बाद सलीम पाशा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि पाशा पर पहले भी एक दूसरे मामले में हमला हुआ था, और वह मामला अभी भी कोर्ट में चल रहा है।

दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान 'तकनीकी समस्या' के बाद चेन्नई डायवर्ट
मदुरै से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान को सोमवार को तकनीकी समस्या के बाद यहां डायवर्ट कर दिया गया। हवाई अड्डे के सूत्रों और एयरलाइन ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि समस्या का पता हवा में ही लग गया और 160 यात्रियों को लेकर उड़ान यहां हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गई। स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने कहा, '27 अक्तूबर, 2025 को मदुरै से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG 23 को तकनीकी समस्या के कारण चेन्नई डायवर्ट कर दिया गया था। विमान की सामान्य लैंडिंग हुई, आपातकालीन लैंडिंग नहीं। यात्रियों को सामान्य रूप से विमान से उतार लिया गया।'

बंगलूरू: ब्राजीलियाई मॉडल से दुष्कर्म का प्रयास, डिलीवरी एजेंट गिरफ्तार
बंगलूरू में सोमवार को 21 साल के एक डिलीवरी एजेंट को एक ब्राजीलियाई मॉडल से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम कुमार है और वह एक निजी कॉलेज में डिप्लोमा छात्र है। पुलिस ने बताया कि यह घटना 17 अक्तूबर को हुई थी, जब मॉडल ने एक डिलीवरी एप के जरिये किराने का सामान ऑर्डर किया था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि डिलीवरी एजेंट ने उसे घर पर अकेला पाकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। हालांकि, मॉडल ने चिल्लाकर और दरवाजा बंद करके खुद को बचा लिया। पुलिस ने आर टी नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले का पता चलते ही डिलीवरी पोर्टल ने आरोपी को नौकरी से निकाल दिया है।

यूएई के थल सेना कमांडर पहुंचे भारत
संयुक्त अरब अमीरात थल सेना के कमांडर मेजर जनरल यूसुफ मायुफ सईद अल हल्लामी द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने और विशेष रूप से प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन के क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशने के उद्देश्य से सोमवार को भारत पहुंचे।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनका औपचारिक स्वागत कर उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। संयुक्त अरब अमीरात थल सेना के कमांडर दो दिवसीय भारत की यात्रा पर हैं। मंत्रालय ने कहा, यह उच्चस्तरीय यात्रा दोनों देशों की ओर से अपनी दीर्घकालिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत और गहरा करने के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है। यात्रा के दौरान उन्हें महानिदेशक, सूचना प्रणाली और सेना डिजाइन ब्यूरो की ओर से भारत की रक्षा क्षमताओं और भारतीय सेना के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता रोडमैप के बारे में भी जानकारी दी गई। मंगलवार को सैन्य नेता राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। फिर वह डीआरडीओ का दौरा कर स्वदेशी हथियार और उपकरण प्लेटफार्मों की जानकारी प्राप्त करेंगे। वह रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष समीर वी कामत से भी बातचीत करेंगे।
 

भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ऑस्ट्राहिंद 2025 पर्थ में पूरा
भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई सेनाओं का संयुक्त सैन्य अभ्यास ऑस्ट्राहिंद 2025 पर्थ के इरविन बैरक में समापन समारोह के साथ पूरा हुआ। रविवार को हुए इस समारोह में ऑस्ट्रेलियाई डिवीजन के कमांडर मेजर जनरल मैट बर समेत दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और भारतीय प्रवासी मौजूद थे। यह अभ्यास 13 से 26 अक्तूबर तक चला, जिसमें भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स की एक बटालियन समेत 120 जवानों के दल ने भाग लिया था। भारतीय सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह अभ्यास दोनों देशों के बीच बढ़े हुए अंतर संचालन और भारत-ऑस्ट्रेलिया की स्थाई दोस्ती का प्रतीक है। अभ्यास का मकसद रक्षा सहयोग को मजबूत करना और बड़े व मझले शहरों में पारंपरिक युद्ध रणनीतियों का आदान-प्रदान करना था। ऑस्ट्राहिंद 2025 ने मुक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता की फिर पुष्टि की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed