फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 27th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi

News Updates: अगले महीने यूक्रेन जा सकते हैं पीएम मोदी; उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक इसी साल हो जाएगा पूरा

Sat, 27 Jul 2024 05:03 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 27 Jul 2024 05:03 AM IST
विज्ञापन
News Updates 27th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने यूक्रेन की यात्रा पर जा सकते हैं। 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध छिड़ने के बाद से पीएम मोदी की कीव की यह पहली यात्रा होगी। पीएम मोदी हाल ही में रूस की यात्रा कर लौटे हैं।

विज्ञापन

सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी की यूक्रेन यात्रा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अगस्त के तीसरे हफ्ते में कभी भी उनकी यात्रा हो सकती है। सूत्रों ने कहा कि संभवत: पीएम मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन की यात्रा करें। इस साल के शुरू में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पीएम मोदी से टेलीफोन पर बात की थी और उन्हें अपने देश आने का न्योता दिया था। पिछले महीने इटली में जी7 शिखर बैठक के इतर दोनों नेताओं की मुलाकात भी हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच यूक्रेन के ताजा हालात पर चर्चा हुई थी। पीएम मोदी ने बातचीत के जरिये मसले सुलझाने पर जोर दिया था। इस हफ्ते दोनों देशों के बीच उच्च स्तर पर बातचीत हुई है।

विज्ञापन

उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक इसी साल हो जाएगा पूरा  
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना इस वर्ष पूरी होने की संभावना है। रेल मंत्री ने कहा कि 272 किलोमीटर लंबे रेल लिंक में से 255 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। कटरा-रियासी सेक्शन के 17 किलोमीटर लंबे हिस्से पर काम शुरू हो चुका है। परियोजना की अनुमानित लागत 41,000 करोड़ रुपये है, जिसके मुकाबले मार्च 2024 तक परियोजना पर 38,931 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। रेल मंत्री ने कहा कि चिनाब पुल पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों के साथ ट्रायल रन सफलतापूर्वक किए गए हैं और रियासी से संगलदान (46 किमी) तक का एक खंड भी चालू कर दिया गया है।

अशोक चव्हाण ने यूएसबीआरएल की वर्तमान स्थिति, निर्माण पर अब तक हुए कुल खर्च और निकट भविष्य में होने वाले संभावित खर्च के बारे में सवाल पूछा था। यह भी पूछा कि क्या चिनाब नदी पर बने रेलवे पुल पर इलेक्ट्रिक इंजन का कोई ट्रायल रन किया है।

विज्ञापन

दो निजी विधेयक पेश
लोकसभा में 10 सीटें 35 वर्ष से कम आयुवालों के आरक्षित करने की मांग
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लोकसभा में 35 वर्ष से कम आयु वालों के लिए 10 सीटें आरक्षित करने की मांग करने वाला एक निजी विधेयक शुक्रवार को सदन में पेश किया। उन्होंने विधेयक में कहा कि यह युवा सदस्य संसद में स्पष्ट रूप से अल्पसंख्यक हैं। थरूर की ओर से पेश किए गए विधेयक के लिए संविधान के अनुच्छेद 81 में संशोधन की आवश्यकता होगी, जो संसद के निचले सदन की संरचना को परिभाषित करता है। वर्तमान में 543 सदस्यीय सदन की औसत आयु 55 वर्ष है। 

सरकारी नौकरियों में आबादी के अनुपात में मिले आरक्षण
राज्यसभा में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के सदस्य जावेद अली खान ने एक निजी विधेयक पेश करते हुए मांग की कि पिछड़ी जातियों को उनकी आबादी के अनुपात में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के लिए संविधान में संशोधन किए जाने चाहिए। खान ने उच्च सदन में अपना निजी विधेयक संविधान (संशोधन) विधेयक, 2022 (अनुच्छेद 16 का संशोधन) चर्चा के लिए रखते हुए कहा कि अनुच्छेद 16 में उन पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिनका सरकारी नौकरियों में प्रतिनिधित्व नहीं है। 

विज्ञापन

राहुल के नए घर का पता होगा...बंगला नंबर 5, सुनहरी बाग रोड
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को एक नया आवास मिलने वाला है। सूत्रों ने बताया कि हाउस कमेटी ने उन्हें बंगला नंबर 5, सुनहरी बाग रोड की पेशकश की है। प्रियंका गांधी वाड्रा के बंगला का दौरा करने के बाद चर्चाएं जोरों पर हैं।

संसद से जुड़े सूत्रों ने कहा कि राहुल की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। राहुल के सांसद बनने के बाद से उनका निवास स्थान 12, तुगलक लेन था। हालांकि, मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद पिछले साल लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के बाद उन्होंने वह घर खाली कर दिया था।

बेंगलुरु: रेलवे स्टेशन पर मांस की खेप उतारने पर तनाव
बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात को उस समय तनाव पैदा हो गया जब जयपुर से यहां पहुंची एक ट्रेन से करीब 150 डिब्बों में लदे लगभग तीन टन मांस की खेप आई। रेलवे सूत्रों ने यह जानकारी दी।

गौरक्षक पुनीत केरेहल्ली, जो पहले हत्या के आरोप में जेल गए थे, ने दावा किया कि यह कुत्ते का मांस है। हालांकि मांस का ऑर्डर देने वाले मांस विक्रेता अब्दुल रज्जाक ने आरोप को खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस खेप का ऑर्डर वैध तरीके से दिया गया था और यह कुत्ते का मांस नहीं बल्कि भेड़ का मांस है।’’ मांस व्यापारी ने कहा कि उनके पास इसे साबित करने के लिए कानूनी दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी उस जानवर की पूंछ देख सकता है जिसका वध किया गया था। यह भेड़ है, कुत्ता नहीं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि केरहल्ली झूठे आरोप लगाकर पैसा ऐठना चाहते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed