महाराष्ट्र: इन्फ्लुएंसर के चेहरे पर पोती कालिख, फिर कराई उठक-बैठक; किस बात पर भड़के मनसे कार्यकर्ता?
पुणे में एमएनएस कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महेश मोटे को पकड़ कर उनके चेहरे पर कालिख पोती गई और सिर पर चप्पल रखकर माफी मंगवाई गई। घटना के बाद महेश मोटे का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
विस्तार
महाराष्ट्र में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे के बारे में विवादित टिप्पणी करने वाले एक इन्फ्लुएंसर का चेहरा काला कर दिया गया। महेश मोटे एक लोकप्रिय मराठी सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर और रील स्टार बताए जाते हैं। वे महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और अपने कई वायरल वीडियो और विवादों के कारण चर्चा में रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक रील में महेश मोटे ने राज ठाकरे के बारे में एक बयान दिया, जिससे कार्यकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने उन्हें पकड़ा और उनके चेहरे पर काला पेंट पोत दिया। उन्हें एमएनएस शाखा में राज ठाकरे की तस्वीर के सामने झुककर माफी मांगने और सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया गया।
विज्ञापन विज्ञापन
महेश मोटे ने माफी मांगी
इस घटना के बाद, महेश मोटे का माफी मांगते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। महेश ने कहा कि केरल में रहते हुए उन्होंने बहुत आपत्तिजनक वीडियो बनाए थे। वीडियो में महेश ने कहा, 'दोस्तों, मैं सच कह रहा हूं। महाराष्ट्र में रहते हुए राज ठाकरे या हमारी एमएनएस पार्टी के बारे में कभी भी कुछ भी बुरा न कहें।'इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि एमएनएस कार्यकर्ताओं ने उनके साथ कोई गुंडागर्दी या बदमाशी नहीं की, बल्कि 'पागल व्यक्ति' की तरह बकवास करके उन्होंने खुद ही एक बड़ी गलती की थी।
एमएनएस कार्यकर्ताओं ने इन्फ्लुएंसर के साथ क्या किया?
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, एमएनएस कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ महेश मोटे को पकड़ा और उनके चेहरे पर काली स्याही पोती, बल्कि उनसे माफी की मांग करते हुए राज ठाकरे की तस्वीर के सामने लेटने और सिर पर चप्पल रखने के लिए भी मजबूर किया। माफी मांगते समय महेश मोटे को जोर-जोर से रोते हुए देखा गया।
एमएनएस सब-डिविजन प्रेसिडेंट ने क्या बताया?
एमएनएस के हडपसर विधानसभा क्षेत्र के सब-डिविजन प्रेसिडेंट शुभम जगदाले ने बताया कि इन्फ्लुएंसर महेश मोटे ने लगभग 15 दिन पहले एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे के बारे में एक वीडियो में बहुत अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
इस टिप्पणी के बाद, वह लगभग 15-20 दिनों के लिए केरल चले गए थे। कल रात, जैसे ही एमएनएस कार्यकर्ताओं को उनके पुणे लौटने और कात्रज इलाके में होने की खबर मिली, वे तुरंत वहां पहुंच गए। उन्हें कात्रज के एक पार्क से पकड़ा गया और एमएनएस के जनसंपर्क कार्यालय लाया गया।
शुभम जगदाले ने कहा, 'महेश को एमएनएस के खास अंदाज में ऑफिस में 'महाप्रसाद' दिया गया।' जगदाले ने चेतावनी दी, 'अगर कोई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष, राज साहब ठाकरे पर ऐसी टिप्पणी करता है, तो एमएनएस निश्चित रूप से उसे उसी अंदाज में जवाब देगी।'